Home Blog Page 312

यूएई के दौरे पर पीएम मोदी, ऊर्जा, खाद्य सुरक्षा और रक्षा क्षेत्रों पर कर सकते है बातचीत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस की दो दिवसीय यात्रा पूरी करने के बाद 15 जुलाई को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के लिए रवाना हो गए हैं।

विदेश मंत्रालय प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट कर कहा कि, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक सफल यात्रा के बाद फ्रांस से विदाई ली। इस यात्रा ने भारत-फ्रांस संबंधों में एक नए अध्याय की शुरुआत की है। प्रधानमंत्री अब अगली यात्रा के लिए विमान से अबू धाबी के लिए रवाना हो गए हैं।“

पीएम मोदी संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की यात्रा के दौरान ऊर्जा, खाद्य सुरक्षा और रक्षा क्षेत्रों के मुद्दे पर बातचीत कर सकते हैं। साथ ही दोनों रणनीतिक साझेदार देश पर ऐतिहासिक व्यापार समझौते को लेकर हुर्इ प्रगति की समीक्षा करेंगे।

यूएई में भारत के राजदूत संजय सुधीर ने कहा कि, “इस रिश्ते की खूबसूरती यह है कि हमारे नेता नियमित रूप से संपर्क में रहे हैं, यहां तक कि कोविड के दौरान भी वे वर्चुअली मिल रहे थे। ऐतिहासिक व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) जिससे दोनों देशों के बीच आर्थिक जुड़ाव को एक नया बल दिया, पर भी कोविड-19 महामारी के दौरान हस्ताक्षर किए गए थे।”

यूएई के राष्ट्रपति और अबू धाबी के शासक शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से पीएम मोदी बातचीत करेंगे। पीएम मोदी ने दौरे से ट्वीट कर कहा कि, “मैं अपने मित्र महामहिम शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मिलने के लिए उत्सुक हूं। हमारे दोनों देश व्यापार, निवेश, ऊर्जा, खाद्य सुरक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, शिक्षा, फिनटेक, रक्षा जैसे कर्इ क्षेत्रों में जुड़े हुए हैं।”

चंद्रयान-3 की सफल उड़ान, 40 दिन बाद करेगा चंद्र की सतह पर लैंड

ISRO ने भारत के चंद्र मिशन चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से सफलतापूर्वक कर लिया हैं। चंद्रयान-3 के इस तीसरे मिशन में भी वैज्ञानिकों का लक्ष्य चंद्रमा की सतह पर लैंडर की सॉफ्ट लैंडिंग का है।

यदि चंद्रयान-3 सॉफ्ट लैंडिंग करने में सफल रहा तो भारत ऐसी उपलब्धि हासिल कर चुके अमेरिका, चीन और पूर्व सोवियत संघ के देशों की सूची में शामिल हो जाएगा।

चंद्रयान-3 करीब 40 दिनों में 3.80 लाख किमी का सफर तय कर चांद पर पहुंचेगा। इस मिशन में इसरो के एक हजार से ज्यादा वैज्ञानिकों ने काम किया है।

इस चंद्रयान-3 मिशन का लक्ष्य चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग कराने का है। इस मिशन की मदद से चांद से जुड़ी कई अहम जानकारियां इकट्ठा करने की कोशिश में जुटा है।

चंद्रयान-3 का पूरा मिशन 45 से 50 दिन का होगा। इसरो प्रमुख ने कहा कि अगर मिशन प्लान के मुताबिक चला तो 23-24 अगस्त को लैंडर और रोवर को चांद की सतह पर उतारने की कोशिश की जाएगी। और यदि किसी भी कारम लैंडिंग में दिक्कत आई तो सितम्बर महीने में फिर से लैंड कराने की कोशिश की जाएगी।

पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि, “जहां तक भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र का सवाल है, 14 जुलाई 2023 हमेशा सुनहरे अक्षरों में अंकित रहेगा। चंद्रयान-3, हमारा तीसरा चंद्र मिशन, अपनी यात्रा पर निकलेगा। यह उल्लेखनीय मिशन हमारे राष्ट्र की आशाओं और सपनों को आगे बढ़ाएगा।“

दिल्ली शराब घोटाला मामला: सिसोदिया की जमानत याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई और ईडी को नोटिस किया जारी

दिल्ली शराब घोटाला मामले में दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की पत्नी की बीमारी के कारण अंतरिम जमानत याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को नोटिस जारी किया हैं।

मनीष सिसोदिया की अंतरिम जमानत पर अब 28 जुलाई को सुनवाई होगी। जस्टिस संजीव खन्ना, जस्टिस बेला त्रिवेदी और जस्टिस उज्जवल मुइयां की बेंच ने इस मामले की सुनवाई की है।

आम आदमी पार्टी (आप) नेता मनीष सिसोदिया ने दिल्ली हाईकोर्ट के दो आदेशो को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। दिल्ली हाईकोर्ट ने सिसोदिया पर लगे आरोपों को गंभीर मानते हुए जमानत याचिकाएं खारिज कर दी थीं।

सर्वोच्च न्यायालय ने 30 मई के अपने आदेश में कहा था कि कथित घोटाले के समय सिसोदिया उच्च पद पर आसीन थे तो वह यह नहीं कह सकते कि इसमें उनकी कोई भूमिका नहीं थी। 3 जुलाई को आबकारी नीति से जुड़े कथित घोटाले से संबंधित धन शोधन के मामले में सिसोदिया की जमानत याचिका को खारिज कर दिया था।

दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के पास आबकारी विभाग था। सीबीआई ने उन्हें घोटाले में उनकी कथित भूमिका के लिए 26 फरवरी को गिरफ्तार किया था। और तभी से वे हिरासत में हैं। सिसोदिया ने 28 फरवरी को दिल्ली मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया था।

पीएम मोदी को मिला फ्रांस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘लीजन ऑफ ऑनर’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान लीजन ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया है। इस सम्मान को पाने वाले पीएम मोदी पहले प्रधानमंत्री हैं।

यह सम्मान पाने वाले लोगों में संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव बुट्रोस- घाली, दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला, वेल्स के तत्कालीन राजकुमार किंग चार्ल्स और जर्मनी की पूर्व चांसलर एंजेला मर्केल शामिल हैं।

पीएम नरेंद्र मोदी के सम्मान में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने अपने आधिकारिक आवास एलिसी पैलेस में निजी रात्रिभोज का आयोजन किया है।

बता दें, पीएम मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के खास आमंत्रण पर वहां गए हैं। साथ ही वे आज फ्रांस के बैस्टिल डे परेड में बतौर अतिथि हिस्सा लेंगे। फ्रांस में बैस्टिल डे किसी त्योहार से कम नहीं माना जाता। यह हर साल 14 जुलाई को मनाया जाता है। यह दिवस फ्रेंच रिवॉल्यूशन यानी फ्रांसीसी क्रांति की एक प्रमुख घटना की याद में मनाया जाता है। 

श्रीहरिकोटा से ISRO आज चंद्रयान-3 करेगा लॉन्च

ISRO आज दोपहर 2.35 मिनट पर श्रीहरिकोटा से चंद्रयान-3 को लॉन्च करने जा रहा है। भारत चौथा ऐसा देश होगा जो कि चंद्रयान-3 को चांद की सतह पहुंचाने में सक्षम होगा।

चंद्रयान-3 को लॉन्च करने से पहले चंद्रमा लैंडर विक्रम को जीएसएलवी मार्क 3 हेवी लिफ्ट लॉन्च वाहन पर रखा जाएगा। और चंद्रयान-3 लॉन्चिंग के 40 दिन बान यानी 23 अगस्त को चांद की सतह पर उतरेगा। इसे लॉन्च व्हीकल मार्क 3 नाम दिया गया है। जीएसएलवी 43.5 मीटर ऊंचा है।

ISRO के पूर्व प्रमुख के सिवन ने कहा कि, “हमें इस बात का पता चल चुका है कि पिछले मिशन में क्या दिक्कत हुई हैं। हमने इस बार किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं छोड़ी हैं। हमें उम्मीद है कि हम तय समय पर चंद्रयान-3 को चांद की सतह पर उतार पाने में जरूर सफल होंगे।“

इस मिशन के तहत वैज्ञानिकों को चंद्रमा की मिट्टी का विश्लेषण करने, चंद्रमा की सतह के चारों ओर घूमने, चंद्रमा से जुड़ी कुछ जानकारियों का पता लगाने की उम्मीद हैं। भारत का चंद्रयान के दक्षिणी ध्रुव पर उतरेगा। यहां पानी के अंश भी पाए गए है।

आपको बता दें, भारत का चंद्रमा के लिए पहला मिशन चंद्रयान-1 था। इसे अक्टूबर 2008 में लॉन्च किया गया और यह अगस्त 2009 तक चालू भी रहा था।

वहीं चंद्रयान-2 का लैंडर नियोजित प्रक्षेपक से भटक गया और उसे हैंड लैंडिंग का सामना करना पड़ा। हालांकि ऑर्बिटर अभी भी चंद्रमा के चक्कर लगा कर डेटा भेज रहा है। किंतु किसी तकनीकी गड़बड़ी के कारण चंद्रयान-2 चांद की सतह पर उतरने में विफल रहा।

अजित पवार ने की अमित शाह से मुलाकात, मिल सकता है वित्त मंत्रालय!

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता अजित पवार और प्रफुल्ल पटेल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की है। एनसीपी नेता बुधवार की शाम दिल्ली पहुंचे थे। प्रफुल्ल पटेल और अजित पवार के अलावा एनसीपी के वरिष्ठ नेता हसन मुश्रीफ भी दिल्ली पहुंचे हैं।

सूत्रों के अनुसार महाराष्ट्र के नवनियुक्त डिप्टी सीएम अजित पवार खेमे को वित्त मंत्रालय दिया जा सकता है। और अब केवल औपचारिक घोषणा का इंतजार है। हालांकि पवार ने राजस्व, ग्रामीण विकास, सिंचार्इ, सामाजिक न्याय, महिला एवं विकास और आबकारी विभागों में भी अपनी दिलचस्पी जताई है।

एनसीपी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ भाजपा शिवसेना एनसीपी गठबंधन में दरार की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि, सभी विभागों के आवंटन के मुद्दे को सुलझा लिया गया है और एक-दिन में राज्य मंत्रिमंडल विस्तार हो जायेगा।

अजित पवार की अमित शाह से मुलाकात पर प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि यह केवल भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से एक शिष्टाचार मुलाकात है और मेरी व अजित दादा की कोई औपचारिक भेंट नहीं हुर्इ है।

पटेल ने कहा कि मुश्रीफ अपने कुछ निजी काम से यहां आए हैं और वे भाजपा नेताओं के साथ अजित पवार और उनके साथ होने वाली बैठक में हिस्सा नहीं लेंगे। 18 जुलाई को पीएम मोदी से मुलाकात करेंगे अजित पवार।

दिल्ली यमुना नदी का जलस्तर बढ़ा, सीएम केजरीवाल ने दिए स्कूल बंद के निर्देश

दिल्ली में लगातार बारिश और हथिनी कुंड बैराज से पानी छोडने की वजह से यमुना नदी का जलस्तर बढ़ गया है और बाढ़ जैसी स्थिति बन गर्इ है। इस स्थिति के चलते दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के सिविल लाइंस क्षेत्र के निचले इलाकों में स्थित 10 और शाहदरा क्षेत्र में सात स्कूल को बृहस्पतिवार को बंद रहेंगे। स्कूलों में छात्रों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं आयोजित की जाएंगी।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यमुना में बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से तुरंत जगह खाली करने की अपील की है। नदी के पास बसे घरों और बाजारों में पानी भरने से हजारों लोगों को सुरक्षित क्षेत्रों में स्थानांतरित किया गया है।

यमुना नदी का जलस्तर देर रात 208.05 मीटर दर्ज किया गया है। दिल्ली के साथ ही हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी बारिश के कारण हालात लगातार गंभीर बने हुए है।

उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते बुधवार को केदारनाथ यात्रा को रोक दिया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रद्धालुओं को सलाह दी है कि वे मौसम साफ होने के बाद ही आएं। साथ ही उत्तराखंड सरकार ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है।

पीएम मोदी फ्रांस के लिए हुए रवाना, राष्ट्रीय दिवस पर होंगे मुख्य अतिथि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार सुबह फ्रांस के दो दिवसीय दौरे पर रवाना हो गए। विदेश दौरे से पहले पीएम ने कहा कि वह लंबे समय से चली आ रही साझेदारी को आगे बढ़ाने पर फ्रांसीसी राष्ट्रपति के साथ व्यापक चर्चा करेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री की यह यात्रा सामरिक, वैज्ञानिक, अकादमिक और आर्थिक सहयोग जैसे विविध क्षेत्रों में भविष्य के सहयोग का रास्ता तलाशने का अवसर प्रदान करेगी।

पीएम ने सोशल मीडिया पर अपने बयान में कहा – ‘मैं अपने दोस्त फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के निमंत्रण पर 13-14 जुलाई तक फ्रांस की आधिकारिक यात्रा कर रहा हूं। ये यात्रा विशेष है, क्योंकि मैं फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस या बैस्टिल डे समारोह में विशिष्ट अतिथि के तौर पर राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ शामिल होऊंगा।’  

पीएम मोदी ने एक बयान में कहा, ”हम क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी मिलकर काम करते हैं। यह साल हमारी रणनीतिक साझेदारी की 25वीं वर्षगांठ है। गहरे विश्वास और प्रतिबद्धता में निहित, दोनों देश रक्षा, अंतरिक्ष, नागरिक परमाणु, अर्थव्यवस्था, व्यापार, निवेश, शिक्षा, संस्कृति और लोगों से लोगों के संबंधों सहित विभिन्न क्षेत्रों में निकटता से सहयोग करते हैं।’

मोदी की यह यात्रा फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के निमंत्रण पर हो रही है। पीएम 14 जुलाई को फ्रांस में बैस्टिल दिवस समारोह में विशिष्ट अतिथि होंगे जिसमें भारतीय सेना के तीनों अंगों की एक टुकड़ी भी हिस्सा ले रही है।

भारत के विदेश मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रपति मैक्रों, प्रधानमंत्री के सम्मान में एक राजकीय भोज की मेजबानी करेंगे और एक निजी रात्रि भोज भी देंगे। दोनों नेताओं के बीच विविध विषयों पर व्यापक चर्चा होगी। मंत्रालय ने कहा – ‘प्रधानमंत्री मोदी का फ्रांस के प्रधानमंत्री और वहां की सीनेट और नेशनल असेंबली के अध्यक्षों से मुलाकात का भी कार्यक्रम है। मोदी फ्रांस में भारतीय समुदाय के लोगों, भारतीय और फ्रांसीसी कंपनियों के सीईओ और फ्रांस के गणमान्य लोगों से भी संवाद करेंगे’।

विपक्षी दलों की पटना के बाद दूसरी बैठक बेंगलुरु में 24 दल होंगे शामिल

बेंगलुरु में विपक्षी दलों की बैठक 17-18 जुलाई को होने जा रही हैं। इस बैठक में 24 दलो के शामिल होने जा रहे है। इससे पहले पटना में हुई विपक्षी दलों की बैठक में कुल 15 दल शामिल हुए थे।

इस बैठक में आरएलडी के जयंत चौधरी, टीएमसी, डीएमके, आप, जेडीयू, आरजेडी, सीपीएम, सीपीआई, एनसीपी, शिवसेना, समाजवादी पार्टी, नेशनल कॉन्फ्रेंस, पीडीपी, सीपीआई एमएल, जेएमएम, आरएसपी, आईयूएमएल, केरल कांग्रेस एम, वीसीके, एमडीएमके, केरल कांग्रेस (जे), फॉरर्वड ब्लॉक शामिल हैं।

सूत्रों के अनुसार विपक्षी दलों की बेंगलुरु में होने वाली दूसरी बैठक में सोनिया गांधी के भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। सोनिया गांधी ने सभी पार्टियों को डिनर पर भी बुलाया है इसमें आप को भी न्योता दिया गया है। डिनर का आयोजन 18 जुलाई को होने वाली बैठक से एक दिन पहले किया जा सकता है।

बता दें, बेंगलुरु की बैठक में तीन वर्किंग ग्रुप बनाए जाएंगे। इसमें कॉमन एजेंडा तैयार करना और सामान मुद्दों को तलाशना जिस पर समूचा विपक्ष इकट्ठा होकर चुनाव लड़ सके।

दूसरा वर्किंग ग्रुप राज्यों में गठबंधन की रूपरेखा तैयार करेगा। इसमें पहले से तय होगा कि क्षेत्रीय दलों के साथ यह गठबंधन सिर्फ लोकसभा चुनाव के लिए हैं। इसमें बीजेपी के खिलाफ एक उम्मीदवार कैसे उतारे इस पर चर्चा होगी। तीसरे वर्किंग ग्रुप में विपक्ष की साझा रैलियों की तारीखों पर काम करना है।

दिल्ली के गीता कॉलोनी के पास फ्लाईओवर के पास टुकड़ों में लड़की का शव हुआबरामद

दिल्ली के गीता कॉलोनी के पास यमुना के किनारे जंगल में एक महिला का कर्इ टुकड़ों में कटा हुआ शव बरामद हुआ है। इसकी सूचना एक बच्चे ने सुबह दिल्ली पुलिस को दी।

पुलिस को एक काली रंग की पॉलीथिन में महिला के शव 4-5 टुकड़े रखे मिले है। जिन्हें कुत्तों ने बुरी तरह से नोंचा हुआ था। बाकी शव की अन्य टुकड़ों की पुलिस तलाश चल रही हैं।

पिछले वर्ष श्रद्धा वालकर हत्याकांड हुआ था जिसमें 27 वर्षीय कॉल सेंटर कर्मचारी श्रद्धा वालकर की उसके लिव-इन पार्टनर आफताब पूनावाला ने गला घोंटकर हत्या की फिर उसके शरीर को 35 टुकड़ों में काट दिया व फ्रिज में रखा और 18 दिनों तक जंगल में टुकड़े फेंकता रहा।