पीएम मोदी को मिला फ्रांस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘लीजन ऑफ ऑनर’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान लीजन ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया है। इस सम्मान को पाने वाले पीएम मोदी पहले प्रधानमंत्री हैं।

यह सम्मान पाने वाले लोगों में संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव बुट्रोस- घाली, दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला, वेल्स के तत्कालीन राजकुमार किंग चार्ल्स और जर्मनी की पूर्व चांसलर एंजेला मर्केल शामिल हैं।

पीएम नरेंद्र मोदी के सम्मान में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने अपने आधिकारिक आवास एलिसी पैलेस में निजी रात्रिभोज का आयोजन किया है।

बता दें, पीएम मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के खास आमंत्रण पर वहां गए हैं। साथ ही वे आज फ्रांस के बैस्टिल डे परेड में बतौर अतिथि हिस्सा लेंगे। फ्रांस में बैस्टिल डे किसी त्योहार से कम नहीं माना जाता। यह हर साल 14 जुलाई को मनाया जाता है। यह दिवस फ्रेंच रिवॉल्यूशन यानी फ्रांसीसी क्रांति की एक प्रमुख घटना की याद में मनाया जाता है।