दिल्ली यमुना नदी का जलस्तर बढ़ा, सीएम केजरीवाल ने दिए स्कूल बंद के निर्देश

दिल्ली में लगातार बारिश और हथिनी कुंड बैराज से पानी छोडने की वजह से यमुना नदी का जलस्तर बढ़ गया है और बाढ़ जैसी स्थिति बन गर्इ है। इस स्थिति के चलते दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के सिविल लाइंस क्षेत्र के निचले इलाकों में स्थित 10 और शाहदरा क्षेत्र में सात स्कूल को बृहस्पतिवार को बंद रहेंगे। स्कूलों में छात्रों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं आयोजित की जाएंगी।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यमुना में बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से तुरंत जगह खाली करने की अपील की है। नदी के पास बसे घरों और बाजारों में पानी भरने से हजारों लोगों को सुरक्षित क्षेत्रों में स्थानांतरित किया गया है।

यमुना नदी का जलस्तर देर रात 208.05 मीटर दर्ज किया गया है। दिल्ली के साथ ही हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी बारिश के कारण हालात लगातार गंभीर बने हुए है।

उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते बुधवार को केदारनाथ यात्रा को रोक दिया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रद्धालुओं को सलाह दी है कि वे मौसम साफ होने के बाद ही आएं। साथ ही उत्तराखंड सरकार ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है।