Home Blog Page 444

मिजोरम में खदान धंसी; 8 शव मिले, भीतर फंसे थे 12 मजदूरों, बचाव का काम जारी

मिजोरम में पिछले कल पत्थर की खदान धंसने की घटना में वहां फंसे सभी मजदूरों की मौत होने की आशंका है। घटना के समय सुरंग के भीतर 12 लोग फंस गए थे। इनमें से आठ के शव जबकि तीन लोगों के शरीर के कुछ अंग मिले हैं।

जानकारी के मुताबिक हनाठियाल जिले में सुरंग में हादसे का शिकार सभी लोग बिहार के निवासी थे। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ के अलावा असम राइफल्स की टीमें घटनास्थल पर  राहत और बचाव कार्यों में जुटी हैं। आशंका है कि इस घटना में भीतर फंसे सभी लोगों की जान चली गयी है। शवों की पहचान का काम जारी है।

हादसा तब हुआ जब पत्थर की इस वृहद खदान में खनन कार्य चल रहा कि अचानक हादसा हो गया। भीतर 12 मजदूर फंस गए। हादसा इतना अचानक हुआ कि मजदूरों को जान बचाने का मौका ही नहीं मिला। खदान का काम एबीसीआई इंफ़्रास्ट्रक्चर प्रा.  लि. पिछले ढाई साल से कर रही है जिसकी तरफ से हादसे को लेकर कोई जानकारी नहीं आई है।

घटना की जानकारी मिलते ही नजदीकी गाँवों के लोग वहां पहुंचे और फंसे लोगों को निकालने की कोशिश शुरू की। एसडीआरटीफ और एनडीआरएफ के साथ ही असम राइफल्स की टीमें राहत और बचाव कार्यों में जुट गईं। भीतर फंसे लोगों की जान बचानी के कोशिशें अभी भी जारी हैं।

समय की मांग है कि हम विश्व में शांति, सद्भाव और सुरक्षा का ठोस संकल्प दिखाएं : मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया में शुरू हुए जी-20 शिखर सम्मेलन में मंगलवार को कहा कि उन्होंने हमेशा कहा है कि यूक्रेन मे संघर्ष-विराम और डिप्लोमसी की राह पर लौटने का रास्ता खोजना होगा। उन्होंने कहा कि यह समय की मांग है कि हम विश्व में शांति, सद्भाव और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस और सामूहिक संकल्प दिखाएं।

मोदी ने कहा – ‘पिछली शताब्दी में, दूसरे विश्व युद्ध ने विश्व ने कहर ढाया था। उसके बाद, उस समय के नेताओं ने शांति की राह पकड़ने का गंभीर प्रयत्न किया। अब हमारी बारी है। पोस्ट-कोविड काल के लिए एक नए वर्ल्ड ऑर्डर की रचना करने का जिम्मा हमारे कंधों पर है।’

भारत के प्रधानमंत्री ने मुश्किल वैश्विक वातावरण में जी-20 को प्रभावी नेतृत्व देने के लिए राष्ट्रपति जोको विडोडो का अभिनंदन किया और कहा कि कोविड महामारी, जलवायु परिवर्तन, यूक्रेन घटनाक्रम और इससे जुड़ी वैश्विक समस्याओं ने विश्व में तबाही मचा दी है। उन्होंने कहा – ‘ग्लोबल सप्लाई चेन बिखर सी गयी है। पूरी दुनिया मे जीवन-जरूरी चीजों की सप्लाई का संकट पैदा हो गया है। हर देश के गरीब नागरिकों के लिए चुनौती और गंभीर है।’

मोदी ने कहा कि गरीब लोग पहले से ही रोजमर्रा के जीवन से जूझ रहे थे। उनके पास दोहरी मार से जूझने की आर्थिक सामर्थ्य नहीं है। पीएम ने कहा – ‘हमें इस बात को स्वीकार करने से भी संकोच नहीं करना चाहिए कि यूएन जैसी मल्टीलेटरल संस्थाएं, इन मुद्दों पर निष्फल रही हैं और हम सभी इनमें उपयुक्त परिवर्तन करने मे भी असफल रहे हैं। इसलिए आज जी-20 से विश्व को अधिक अपेक्षाएं हैं, हमारे समूह की प्रासंगिकता और बढ़ी है।’

उन्होंने यूक्रेन युद्ध को लेकर कहा – ‘मुझे विश्वास है कि अगले वर्ष जब जी-20 बुद्ध और गांधी की पवित्र भूमि में होगा, तो हम सभी सहमत होकर विश्व को एक मजबूत शांति-संदेश देंगे।’ प्रधानमंत्री ने कहा कि महामारी के दौरान, भारत ने अपने 1.3 बिलियन नागरिकों की फूड सिक्युरिटी सुनिश्चित की। साथ ही अनेक जरूरतमंद देशों को भी खाद्यान्न की आपूर्ति की।

मोदी ने कहा कि प्राकृतिक खेती के प्रति भरोसा बढ़ रहा है और मिलेट्स जैसे पौष्टिक और पारंपरिक खाद्य पदार्थ को फिर से लोकप्रिय बना रहे हैं। मिलेट्स से वैश्विक मैल्नूट्रिशन और भूख का भी समाधान हो सकता है ,हम सभी को अगले वर्ष अंतर्राष्ट्रीय मिलेट्स वर्ष जोर-शोर से मनाना चाहिए।’

पीएम मोदी इस सम्मलेन के दौरान विश्व के कई नेताओं से मुलाकात करेंगे। इन मौकों पर विभिन्न विषयों पर बातचीत होने की संभावना है।

मुलायम की खाली हुई सीट से बहु डिंपल ने भरा पर्चा, हो सकता है अपर्णा से मुकाबला

समाजवादी पार्टी नेता मुलायम सिंह यादव के निधन से खाली हुई उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट से पार्टी उम्मीदवार डिंपल यादव ने सोमवार को नामांकन दाखिल कर दिया। चर्चा है कि भाजपा उनके मुकाबले मुलायम सिंह की दूसरी बहु अपर्णा यादव को उतार सकती है।

डिंपल के नामांकन दाखिल करने के बाद उनके पति पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि पिता के आशीर्वाद से सपा बड़े बहुमत से जीत दर्ज करेगी। अखिलेश ने कहा – ‘नेता जी की यादें हमेशा रहेंगी…लोग नेता जी की चर्चा करते हैं… उनके न रहने पर ही ये चुनाव होने जा रहा है। नेता जी ने जैसा विकास यहाँ किया वह हम जारी रखेंगे।’

नामांकन के समय सपा ने कोई तामझाम नहीं किया और डिंपल ने सादगी से पर्चा भरा। अखिलेश ने कहा भी कि ‘हम नहीं चाहते यह संकेत जाए कि हम बहुत खुश होकर नामांकन दाखिल कर रहे हैं। पूरा परिवार साथ है और हम मिलकर प्रचार करेंगे।’ याद रहे इससे पहले 2019 के आम चुनाव में डिंपल कन्नौज से मैदान में उत्तरी थीं लेकिन भाजपा के सुब्रत पाठक से पराजित हो गयी थीं।

अखिलेश ने कहा कि वे खुद इस उपचुनाव में प्रचार करेंगे। यह एक ऐतिहासिक जीत होगी। रामपुर में भाजपा बहुत अन्याय कर रही है और वहां लोगों को वोट नहीं डालने दिया गया था।

बता दें नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 17 नवंबर, जबकि मतदान 5 को है और नतीजा 8 दिसंबर को आएगा। भाजपा मुलायम सिंह यादव की दूसरी बहू अपर्णा यादव को अपना उम्मीदवार बना सकती है। बसपा पहले ही उम्मीदवार नहीं उतारने की बात कह चुकी है।

आईसीसी की ‘टीम आफ द टूर्नामेंट’ में विराट सहित तीन भारतीय, पांड्या बने 12वें खिलाड़ी

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने हाल में ख़त्म हुए टी-20 विश्व कप में प्रदर्शन के आधार पर अपनी ‘टीम आफ द टूर्नामेंट’ का ऐलान सोमवार को किया है। इसमें भारत से तीन खिलाड़ियों को शामिल किया गया है जिनमें विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव एकादश में शामिल हैं जबकि हार्दिक पांड्या को 12वां खिलाड़ी बनाया गया है। टीम की कप्तानी इंग्लैंड के जोस बटलर को बनाया गया है।

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2022 की बेस्ट टीम के कुल 12 खिलाड़ियों 4 खिलाड़ी इंग्लैंड, भारत के 3, पाकिस्तान के 2 और न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे के 1-1 खिलाड़ी को टीम में जगह मिली है।

टीम में ओपनर के रूप में जोस बटलर और एलेक्स हेल्स की जोड़ी होनी गयी है जबकि वन डाउन (तीसरे नंबर पर) भारत के सुपर स्टार विराट कोहली को रखा गया है। कोहली ने इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 296 रन (4 अर्धशतक सहित) बनाए थे।

इसके बाद भारत के ही सूर्यकुमार यादव हैं जिन्होंने कुछ मैचों में आतिशी पारियां खेलकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया था। पांचवें नंबर पर न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स हैं जिन्होंने एक शतक सहित 201 रन बनाए। जिंबाब्वे के ऑलराउंडर सिकंदर रजा भी टीम में हैं। उनके हरफनमौला खेल ने सभी का दिल जीत लिया था।

सातवें नंबर पर पाकिस्तान के आल राउंडर शादाब खान हैं, जिन्होंने गेंद के साथ-साथ बल्ले से अच्छा प्रदर्शन किया था। आठवें नंबर पर इंग्लैंड के गेंदबाजी ऑलराउंडर सैम कुरेन (प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट), 9वें नंबर पर दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिक नोर्त्जे, 10वें नंबर पर इंग्लैंड के मार्क वुड और 11वें नंबर पर शाहीन शाह अफरीदी हैं। हार्दिक पांड्या को 12वां खिलाड़ी बनाया गया है।

टीम ऑफ द टूर्नामेंट : जोस बटलर (कप्तान, इंग्लैंड), एलेक्स हेल्स (इंग्लैंड), विराट कोहली (भारत), सूर्यकुमार यादव (भारत), ग्लेन फिलिप्स (न्यूजीलैंड), सिकंदर रजा (जिम्बाब्वे), शादाब खान (पाकिस्तान), सैम करन (इंग्लैंड), एनरिक नोर्त्जे (दक्षिण  अफ्रीका), मार्क वुड (इंग्लैंड), शाहीन अफरीदी (पाकिस्तान) और हार्दिक पांड्या (12 वें खिलाड़ी, भारत)।

दिल्ली नगर निगम चुनाव में नामांकन का आज है आखिरी दिन; 4 दिसंबर को मतदान, 7 को नतीजे

केंद्र सरकार के तीनों निगमों को मिलाकर एक एमसीडी बनाने और वार्डों की संख्या 272 से घटाकर 250 करने के बाद, दिल्ली नगर निगम के लिए हो रहे चुनाव में नामांकन का आज आखिरी दिन है। तीनों बड़े दलों आप, कांग्रेस और भाजपा के प्रमुख उम्मीदवारों  के आज नामांकन दाखिल करने की संभावना है।

दक्षिण दिल्ली में नामांकन भरने वाले स्थानों पर पुलिस ने खास इंतजाम किए हैं। चूँकि, उम्मीदवारों की लिस्ट पार्टियों ने देरी से जारी की है, लिहाजा नामांकन के लिए ज्यादा उम्मीदवार आ रहे हैं। एक अनुमान के मुताबिक आज करीब 3 हजार उम्मीदवार नामांकन दाखिल करने पहुंचे हैं।

एमसीडी चुनाव के लिए मतदान 4 दिसंबर को होना है। मतगणना तीन दिन बाद 7 दिसंबर को होगी। इस समय एमसीडी पर भाजपा का शासन है। इसी साल केंद्र ने  तीनों निगमों को मिलाकर एक एमसीडी बना दी थी और वार्डों की संख्या भी घटाकर 250 कर दी थी। विपक्षी आप और कांग्रेस का आरोप था ऐसा भाजपा ने अपने फायदे के लिए किया है।

तीनों प्रमुख दल कांग्रेस, भाजपा, आप प्रत्याशियों की घोषणा कर चुके हैं। आप का एक नेता टिकट नहीं मिलने पर टावर पर चढ़ गया जिसे पुलिस बहुत समझाकर नीचे लाई। उसने आप के बड़े नेताओं पर टिकट के बदले पैसे लेने का आरोप लगाया है।

दिल्ली एमसीडी पर भाजपा 2007 से काबिज है। हालांकि, इस बार लोगों में उसके प्रति एंटी इंकम्बेंसी दिख रही है। कांग्रेस और आप इसका फायदा उठाने की कोशिश में हैं। पिछले चुनाव में भाजपा पहले, कांग्रेस दूसरे और आप तीसरे नंबर पर रहे थे।

दिल्ली शराब नीति मामला: ईडी ने विजय नायर और अभिषेक बोइनपल्ली को किया गिरफ्तार

दिल्ली शराब नीति मामले में आम आदमी पार्टी (आप) की बढ़ती मुसीबतों के बीच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आप के विजय नायर, व्यवसायी अभिषेक बोइनपल्ली को गिरफ्तार किया हैं।

ईडी ने आप के नेता विजय नायर और कारोबारी अभिषेक बोइनपल्ली को दिल्ली आबकारी मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के तहत गिरफ्तार किया हैं।

प्रवर्तन निदेशालय से पहले दोनों को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने गिरफ्तार किया था और दोनों ही न्यायिक हिरासत में थे। हालांकि विजय नायर की जमानत पर सुनवाई होनी थी और ठीक उससे पहले उन्हें ईडी ने गिरफ्तार कर लिया हैं।

दिल्ली में BS-4 डीजल और BS-3 पेट्रोल वाहन पर से हटा प्रतिबंध, आज से चल सकेगी गाड़ियां

प्रदूषण के चलते दिल्ली में BS-4 डीजल और BS-3 पेट्रोल गाड़ियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया था किंतु रविवार रात से इन दोनों ही गाड़ियों पर से प्रतिबंध को हटा दिया गया हैं।

दिल्ली सरकार के परिवहन विभाग ने प्रदूषण स्तर में बढ़ोतरी के मद्देनजर CAQM के निर्देश पर दिल्ली में BS-4 डीजल और  BS-3 पेट्रोल गाड़ियों पर रोक लगाई थी।

बता दें दिल्ली में 13 नवंबर तक BS-4 डीजल और  BS-3 पेट्रोल गाड़ियों पर प्रतिबंध का आदेश लागू किया था किंतु इसे आगे जारी रखने का कोई आदेश जारी नहीं हुआ।

वहीं BS-4 डीजल और BS-3 पेट्रोल गाड़ियों पर प्रतिबंध का आदेश 13 नवंबर की रात में समाप्त हो गया और सोमवार की सुबह से दिल्ली में यह वाहन पूर्ववत चल सकेंगे।

आपको बता दें, दिल्ली सरकार के परिवहन विभाग के एक अधिकारी ने रविवार को कहा कि, “बीते कुछ दिनों से AQI लेवल स्थिर है, बैन को लेकर नया आदेश जारी नहीं हुआ हैं। ऐसे में कल से यह प्रभावी नहीं रहेगा। हम सिचुएशन को मॉनिटर कर रहे हैं, यदि आने वाले दिनों में AQI में बढ़ोतरी होती है तो हम सिचुएशन को रिव्यू करेंगे।”

राजस्थान के उदयपुर में रेलवे ट्रैक उड़ाने की साजिश नाकाम

राजस्थान के उदयपुर में जी-20 शिखर सम्मेलन से पहले रेलवे ट्रैक ब्लास्ट करने का मामला सामने आया है हालांकि यह बड़ी साजिश नाकाम रही। ग्रामीणों ने धमाके की आवाज सुनते ही तुरंत सूचना उच्च अधिकारियों को दी जिसके बाद से इस साजिश को नाकाम किया गया।

यह घटना उदयपुर सलूंबर मेघा हाइवे पर ओडा पुल के पास रेलवे ट्रैक की है बताया जा रहा है कि रेलवे ट्रैक से कर्इ नट-बोल्ट भी गायब है साथ ही पटरी के बीच लगी लोहे की प्लेट भी उखड़ी हुई मिली है।

बता दें जानकारी के अनुसार ग्रामीणों के मुताबिक उन्होंने देर रात पुल पर धमाके की आवाज सुनी थी और धमाके के ठीक 4 घंटे पहले ही यहां से एक ट्रेन गुजरी थी। ग्रामीणों द्वारा प्राप्त सूचना के मुताबिक उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और अहमदाबाद से उदयपुर आ रही ट्रेन को डूंगरपुर में ही रोका गया। फिलहाल इस लाइन पर चलने वाली ट्रेनों को रोका गया है।

आपको बता दें, यह घटना शनिवार देर रात सलूंबर मार्ग केवड़े की नाल में आढो रेलवे पुल की है। स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक से हुई छेड़छाड़ की खबर को पुलिस तक पहुंचा कर एक बड़ा हादसा टालने में कामयाब रहे। उदयपुर अहमदाबाद ट्रेन की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 31 अक्टूबर 2022 को असारवा स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर की थी

गुजरात : कांग्रेस घोषणा पत्र में 10 लाख नौकरियां, 300 यूनिट मुफ्त बिजली, महिला नौकरी आरक्षण

दस लाख नौकरियां, अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम का नाम बदलकर फिर सरदार पटेल स्टेडियम करना, 300 यूनिट तक बिजली मुफ्त और सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण। कांग्रेस ने यह वाडे गुजरात चुनाव के लिए आज जारी अपने घोषणा पत्र में किये हैं।

कांग्रेस के गुजरात चुनाव के लिए विशेष प्रभारी और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज पार्टी के घोषणा पत्र जारी करते हुए यह बात बताई। गहलोत ने घोषणा की कि यदि पार्टी की सरकार बनती है तो कांग्रेस पहली केबिनेट बैठक में ही चुनाव घोषणा पत्र को आधिकारिक दस्तावेज के रूप में अपना लेगी।

कांग्रेस ने घोषणा पत्र में गुजरात वासियों के लिए राज्य में 10 लाख नौकरियां सृजित करने का वादा करते हुए, कहा कि वह सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करेगी और राज्य में प्रत्येक अकेली महिला, विधवा और बुजुर्ग महिला को 2,000 रुपये का मासिक अनुदान देगी।

पार्टी ने यह भी कहा कि सरकार 3000 अंग्रेजी माध्यम के स्कूल खोलेगी और राज्य में लड़कियों को उनके स्नातकोत्तर तक मुफ्त शिक्षा दी जाएगी। तीन लाख रुपये तक की कृषि ऋण माफी, 300 यूनिट मुफ्त बिजली, प्रत्येक बेरोजगार युवा को 3000 रुपये का मासिक अनुदान और 500 रुपये का घरेलू गैस सिलेंडर कांग्रेस के घोषणापत्र में दिए गए कुछ अन्य वादे हैं।

इसके अलावा गुजरात वासियों को अधिकतम 10 लाख रुपये तक मुफ्त चिकित्सा उपचार और 5 लाख रुपये तक मुफ्त स्वास्थ्य जांच और दवाएं देने की पेशकश करते हुए, कांग्रेस ने राज्य में 4 लाख रुपये का कोविड-19 मुआवजा देने का भी वादा किया है।

गहलोत ने गुजरात में मौजूदा भाजपा नीत सरकार को बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कहा – ‘अगर कांग्रेस सत्ता में आती है, तो पिछले 27 सालों में भ्रष्टाचार की सभी शिकायतों की जांच के आदेश दिए जाएंगे और दोषियों को पकड़ा जाएगा।’

हिमाचल में मतदान जारी; दोपहर 3 बजे तक 55 फीसदी वोट पड़े, कोई भी अप्रिय घटना नहीं

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। शुरुआती रुझानों के मुताबिक पहाड़ी प्रदेश में 3 बजे तक करीब 55 फीसदी मतदान हुआ था। किसी अप्रिय घटना की कोई खबर नहीं है और मतदान शांतिपूर्ण तरीके। मतदान के साथ ही आज मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री सहित कई दिग्गजों का भविष्य ईवीएम में कैद हो जाएगा। प्रदेश में मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच है जबकि आम आदमी पार्टी भी मैदान में है।

प्रदेश में 55 लाख से अधिक मतदाता अपने अधिकार का प्रयोग करेंगे। साल 1982 के बाद आज तक प्रदेश में कभी सरकार रिपीट नहीं हुई है। विपक्षी कांग्रेस ओल्ड पेंशन स्कीम सहित अपने ’10 गारंटी’ वादों पर भरोसा कर रही है जबकि सत्तारूढ़ भाजपा पीएम मोदी के करिश्मे के भरोसे है।

पिछले चुनाव में 68 सीटों में से भाजपा को 44 और कांग्रेस को 21 सीटों पर जीत मिली थी। उस समय प्रेम कुमार धूमल पार्टी के मुख्यमंत्री पद का चेहरा थे जबकि इस बार पार्टी ने धूमल को टिकट ही नहीं दिया है।

प्रदेश में जिन बड़े नेताओं का भविष्य इस चुनाव में दांव पर लगा है, उनमें मुख्यमंत्री और वरिष्ठ हाजपा नेता जयराम ठाकुर और नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुकेश अग्निहोत्री शामिल हैं। जयराम ठाकुर सराज से फिर मैदान में हैं। कांग्रेस ने उनके खिलाफ चेतराम ठाकुर को उतारा है।

हरोली विधानसभा क्षेत्र को नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री का गढ़ माना जाता है। वे पिछली चार बार से विधायक हैं। भाजपा ने उनके खिलाफ राम कुमार को उतारा है। कांग्रेस में वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आशा कुमारी डलहौजी से मैदान में हैं। भाजपा के लिए वहां से डीएस ठाकुर मैदान में हैं। द्रंग से कांग्रेस ने आठ बार के विधायक वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर को उतारा है। उनका वहां भाजपा के पूरन चंद ठाकुर से मुकाबला है। इन तीनों नेताओं को कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद का दावेदार माना जाता है।

नादौन से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू नाके खिलाफ भाजपा के विजय अग्निहोत्री, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह शिमला ग्रामीण से भाजपा के रवि मेहता के खिलाफ, सुजानपुर में कांग्रेस के राजेंद्र राणा लका मुकाबला भाजपा के रंजीत सिंह, ठियोग में पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर का मुकाबला माकपा के राकेश सिंघा और भाजपा के अजय श्याम, विधानसभा अध्यक्ष भाजपा उम्मीदवार विपिन परमार का सुलह में कांग्रेस के जगदीश सपहिया जबकि फतेहपुर में प्रदेश में आप के संयोजक राजन सुशांत का मुकाबला भाजपा के राकेश पठानिया और कांग्रेस के भवानी पठानिया जबकि भरमौर में भाजपा के जनक राज कांग्रेस के ठाकुर सिंह भरमौरी से भिड़ रहे हैं।

चुनाव में भाजपा के लिए पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री युवा तुर्क अनुराग ठाकुर आदि ने प्रचार किया। उधर कांग्रेस के लिए पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी जिनका शिमला में घर है, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आदि ने किया।

चुनाव के लिए 7,881 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। निष्पक्ष चुनाव के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) की 67 कंपनियों, जिनमें 6,700 कर्मी और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 15 कंपनियों को लगाया गया है। इसके अलावा 50,000 आम सरकारी कर्मचारी और 25,000 पुलिसकर्मी/अधिकारी भी तैनात हैं।