Home Blog Page 292

चीन ने भारत की जमीन छीनी है लेकिन दुख की बात है कि विपक्ष की बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि जमीन नहीं छीनी- राहुल

कांग्रेस पार्टी नेता राहुल गांधी आज (शुक्रवार) लद्दाख में एक रैली को संबोधित किया। राहुल गांधी ने बीजेपी और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, “हमारी यात्रा का मकसद नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलना था। यात्रा के समय बर्फबारी की वजह से लद्दाख नहीं आ सका, मेरे दिल में लद्दाख में यात्रा निकालना था।”

राहुल गांधी ने आगे कहा कि, “लद्दाख एक रणनीतिक स्थान है। एक बात तो साफ है कि चीन ने भारत की जमीन छीनी है। लेकिन दुख की बात यह है कि विपक्ष की बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि लद्दाख का एक इंच भी चीन ने नहीं लिया है, यह एक झूठ है।”

कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि, “जब भी बॉर्डर पर युद्ध हुआ है आपकी जरूरत पडी है तो कारगिल के लोग एक आवाज पर देश के लिए खड़े हुए हैं। ये आपका इतिहास है, इसलिए मैं आपका दिल से धन्यवाद करना चाहता हूं।”

सुप्रीम कोर्ट ने मणिपुर हिंसा मामलों की सुनवाई को गुवाहाटी हाई कोर्ट में किया ट्रांसफर

मणिपुर हिंसा मामलों की सुनवाई गुवाहाटी हाई कोर्ट में की जाएगी। मणिपुर हिंसा के 27 मामलों को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपे गए थे जिन्हे शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने असम के कोर्ट को ट्रांसफर कर दिया है।

साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने मुख्य न्यायाधीश से मणिपुर हिंसा के 27 मामलों से निपटने के लिए गुवाहाटी में एक या अधिक न्यायिक मजिस्ट्रेट या सत्र न्यायाधीशों को नामित करने का अनुरोध भी किया है। सुप्रीम कोर्ट ने राज्य अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे उन जगहों पर इंटरनेट सेवा प्रदान करें जहां मणिपुर में नामित स्थानिय मजिस्ट्रेट स्थित हैं।

कोर्ट ने आगे कहा कि, पीड़ित और गवाह असम कोर्ट में भौतिक रूप से आने के बजाय मणिपुर में अपने घरों से इलेक्ट्रॉनिक रूप से गवाही दे सकेंगे। मणिपुर राज्य की तरफ से भारत के सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता के किए गए अनुरोध के बाद मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़, जेबी पारदीवाला और मनोज मिश्रा की पीठ ने निर्देश जारी किया।

दिल्ली सरकार ने अफसरों की ट्रांसफर पोस्टिंग मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में दी अर्जी, केंद्र सरकार को नोटिस जारी

दिल्ली सरकार अफसरों की ट्रांसफर पोस्टिंग मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एनसीटीडी (संशोधन) कानून, 2023 को चुनौती दी हैं। बता दें इस कानून को संसद के मानसून सत्र में दोनों सदनों द्वारा पारित किया गया है।

इस बिल को पारित करने के लिए 131 सांसदों ने इसके पक्ष में वोट किए जबकि इसके विरोध में 102 सांसदों ने वोट किया था। पक्ष में वोट होने के चलते इस बिल को राष्ट्रपति की सहमति मिल गई थी।

सुप्रीम कोर्ट नए सेवा कानून का परीक्षण करेगा और दिल्ली सरकार की अर्जी पर केंद्र सरकार को भी नोटिस भेजा गया है व चार हफ्तों के भीतर जवाब मांगा गया है। दिल्ली सरकार के अध्यादेश की याचिका में संशोधन कर कानून को चुनौती देने वाली याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने मंजूरी दी है।

आपको बता दें, इससे पहले दिल्ली सरकार ने 19 मई के अध्यादेश को चुनौती दी थी, जिस पर सुप्रीम कोर्ट सुनवाई कर रहा था। इसी बीच केंद्र सरकार ने बिल पेश किया और संसद के मानसून सत्र में इसे पास कर दिया।

डोनाल्ड ट्रंप ने एक्स पर नेवर सरेंडर लिखकर करीब ढाई साल बाद की वापसी

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चुनाव में धोखाधड़ी के मामले में अटलांटा की फुलटन काउंटी जेल में सरेंडर कर दिया है। उनके सरेंडर के बाद जेल के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए गए।

डोनाल्ड ट्रंप ने करीब ढाई साल के बाद एक्स पर वापसी कर ली है। उन्होंने अपना मगशॉट पोस्ट करके एक्स पर वापसी की। मगशॉट यानी जेल से जारी की गर्इ तस्वीर को एक्स किया है। मगशॉट कंधे से ऊपर तक एक शख्स का फोटो है जो आमतौर पर किसी आरोपी या सजा मिल चुके शख्स की गिरफ्तारी के बाद लिया जाता है।

एक्स (पूर्व ट्वीटर) के नये बॉस एलन मस्क ने एक्स कर एक पोल के जरिये लोगों से पूछा था कि क्या वे डोनाल्ड ट्रंप का एक्स अकाउंट रिस्टोर किया जाए? और इसके बाद इन्होंने ट्रंप का अकाउंट रिस्टोर करने का ऐलान किया था।

बंदर के साथ मारपीट करके कहते हैं कि कबूल करो तुम कुत्ते हो,  लेकिन हम छत्तीसगढ़ के लोग डरते नहीं हैं – भूपेश बघेल

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, “छ्त्तीसगढ़ सरकार को दबाने और बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। प्रजातांत्रिक तरीके से चुनाव नहीं लड़ना चाहती, बीजेपी ईडी और इनकम टैक्स का इस्तेमाल कर लोगों को धमका रही है। इसका केवल राजनीतिक उद्देश्य है और कुछ नही।”

दिल्ली स्थित कांग्रेस पार्टी मुख्यालय में गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि, “जुलाई 2020 में झारखंड चुनाव हारने के बाद बीजेपी ने इसकी शुरुआत की। ढाई साल से वे चुप थे, लेकिन चुनाव नजदीक आते ही फिर से एक्टिव हो गए हैं।”

सीएम भूपेश बघेल ने आगे कहा कि, “कल मेरे राजनैतिक सलाहकार विनोद वर्मा और ओएसडी के घर ईडी छापेमारी के लिए पहुच गई। इसका मतलब है कि मेरे विधानसभा क्षेत्र में अब बीजेपी नहीं बल्कि ईडी चुनाव लड़ेगी। ईडी वाले हमारे नेता, कार्यकर्ताओं और अधिकारियों के घर घुसते है और उन्हें पांच-छह दिन बंधक बनाकर रखा जाता है, उनके फ़ोन छीन लिए जाते है। आका ने संजय मिश्रा को टास्क दिया हुआ है। अभी उनका एक्सटेंशन हुआ है आका आगे भी कुछ करेंगे।” 

बघेल ने कहा कि, “विधानसभा चुनाव से पहले छत्तीसगढ़ जैसे छोटे राज्य में 200 छापे पढ़ चुके हैं और 200-250 इनकम टैक्स के अधिकारी अभी आने वाले है। ईडी जाती है तो आईटी आती है, आईटी जाती है तो ईडी आती है। बंदर के साथ मारपीट करके कहते हैं कि कबूल करो तुम कुत्ते हो। पूरे छत्तीसगढ़ में बस यही चल रहा है। लेकिन हम छत्तीसगढ़ के लोग हैं। हम मरने और जेल जाने से नहीं डरते हैं।” 

भूपेश बघेल ने आगे कहा कि, “बीजेपी को तकलीफ इस बात की है कि किसानों के 107 लाख मीट्रिक टन धान की बिलिंग कैसे हो गई? अभी तक होता ये था कि फसल बाहर पड़ी-पड़ी सड़ जाती थी। वो सारे नुकसान हमने बचाए हैं, उन्हें इसी बात की परेशानी है।” 

सीएम बघेल के जन्मदिन के दिन (यानी कल) उनके करीबियों के घर ईडी और आईटी ने छापेमारी के सवाल के जवाब में बघेल ने उत्तर देते हुए कहा कि, “बर्थडे के रिटर्न गिफ्ट में बीजेपी को छत्तीसगढ़ में नवम्बर में होने वाले विधानसभा चुनाव में हम 75+ सीट देंगे।” 

सफल लैंडिंग के बाद रोवर प्रज्ञान ने शुरू किया अपना काम, लैंडर विक्रम करेगा निगरानी

चंद्रयान-3 की दक्षिणी ध्रुव के पर सफल लैंडिंग करने के बाद भारत दुनिया का पहला मुल्क बन गया है। चंद्रमा पर लैंडिंग के बाद लैंडर ने चंद्रमा की पहली तस्वीरें साझा की है। सफल लैंडिंग के कुछ घंटों बाद रोवर प्रज्ञान लैंडर से बाहर निकला और लैंडर विक्रम ने पावर डिसेंट के दौरान चंद्रमा की सतह की कर्इ तस्वीरें खीची।

बता दें चंद्रयान-3 ने बुधवार शाम 6.04 पर चंद्रमा पर सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग कर ली है। और चंद्रमा की सतह पर उतरते ही लैंडर विक्रम और रोवर प्रज्ञान ने अपना-अपना काम शुरू कर दिया है। हालांकि 14 दिन तक लगातार काम करने के बाद सौर ऊर्जा से चलने वाले रोवर की गतिविधियां धीमी हो जाने की संभावना है। लैंडर विक्रम से संपर्क में रहेगा जो कि इसरो को डेटा भेजेगा क्योंकि इसरो का रोवर से सीधा संपर्क नहीं हैं।

बुधवार को विक्रम की लैंडिंग के बाद रोवर प्रज्ञान उससे बाहर निकलकर चांद की सतह पर पहुंच चुका है। अगले 14 दिनों तक छह पहियों पर चलने वाला रोवर चंद्रमा की सतह पर विभिन्न प्रयोग भी करेगा। लैंडर विक्रम और रोवर प्रज्ञान- दोनों की मिशन लाइफ 1 चंद्र दिवस की है, जो पृथ्वी के 14 दिन के बराबर होता हैं। लैंडर मॉडयूल चंद्रमा पर विशिष्ट कार्यों के लिए पांच पेलोड ले गया है।

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने एक्स कर कहा कि, “चंद्रयान-3 रोवर, मेड इन इंडिया, मेड फॉर मून…! चंद्रयान-3 का रोवर लैंडर से नीचे उतरा और भारत ने चंद्रमा पर सैर की…!”

यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग ने लिया बड़ा फैसला, भारतीय कुश्ती महासंघ की मान्यता को किया रद्द

यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग ने भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूएफआई) की सदस्यता को रद्द कर दिया है। चुनाव में हो रही देरी की वजह से यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग ने यह फैसला लिया है।

इससे पहले यूडब्ल्यूडब्ल्यू ने मई के अंत में चुनाव के बारे में जानकारी नहीं देने पर भारतीय कुश्ती महासंघ को निलंबित करने की भी धमकी दी थी।

बता दें, कुश्ती संघ का चुनाव 12 अगस्त को होना था किंतु इससे ठीक एक दिन पहले ही पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने इसपर रोक लगा दी थी।

यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग ने 30 मई को भारतीय कुश्ती संघ को पत्र लिखकर कहा था कि अगले 45 दिन भारतीय कुश्ती संघ का चुनाव नहीं होगा तो भारतीय कुश्ती महासंघ की सदस्यता को सस्पेंड कर दिया जाएगा।

मणिशंकर अय्यर ने अपनी किताब में कई प्रधानमंत्रियों का किया ज़िक्र, पाकिस्तान पर भी कही बात

कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर ने अपनी किताब ‘मेमोयर्स ऑफ अ मैवरिक- द फिफ्टी ईयर्स (1941-1991)’ में अय्यर ने दो प्रधानमंत्रियों पर कई खुलासे किए हैं।

जगरनॉट बुक्स द्वारा प्रकाशित अय्यर की किताब सोमवार को ही बाजार में आई है। अय्यर ने बुधवार को कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री पी वी नरसिंह राव साम्प्रदायिक सोच वाले व्यक्ति थे। अय्यर ने राव को देश में भाजपा का पहला प्रधानमंत्री भी बताया है।

अपनी किताब में उन्होंने पाकिस्तान के साथ वार्ता बहाल करने की पैरवी करते हुए कहा कि, “जब पड़ोसी देश की बात आती है तो हमारे पास उनके खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक करने का साहस होता है लेकिन हमारे पास उनके साथ बैठने तथा किसी पाकिस्तानी से बात करने की हिम्मत नहीं होती है।”

अय्यर ने अपनी किताब में उनके दून स्कूल से लेकर सेंट स्टीफंस कॉलेज और कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय तक तथा एक शीर्ष राजनयिक से लेकर तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी के करीबी सहयोगी तक के सफर को भी कलमबद्ध किया है।

दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल के बंगले के बाद उनके पीएस का बंगला विवाद

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सरकार से जुड़ा एक बंगला विवाद खड़ा हो गया है। विजिलेंस निदेशालय ने पीडब्ल्यूडी विभाग से हाउस अलॉटमेंट रूल्स का सही से पालन करने को कहा है और कहा है कि जो जिसका हकदार है उसे उसी श्रेणी का बंगला दिया जाए।

सीएम अरविंद केजरीवाल के प्राइवेट सेक्रेटरी बिभव कुमार को मौजूदा समय में टाइप-6 बंगले को रद्द करके टाइप-4 का बंगला आवंटित किया जाए। विभाग ने बुधवार को पीडब्ल्यूडी सचिव को भी इस पर लेटर लिखा गया है।

लेटर में कहा गया है कि बिभव कुमार को मिला टाइप-5 बंगला अलॉटमेंट रूल्स के रूल (20) डी के मुताबिक नहीं था। एलजी से पीडब्ल्यू के सचिव ने 18 अगस्त 2016 को बंगले आवंटित करने लिए मंजूरी मांगी थी।

बता दें मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बंगले को लेकर पहले ही चल रही है और भाजपा व कांग्रेस की ओर से आरोप लगाया गया है कि सीएम ने गलत तरीके से अपने सरकारी आवास करोड़ों रुपए खर्च किए गए है जबकि वे सत्ता में आने से पहले छोटे घर में रहने की बात किया करते थे।

हिमाचल के कुल्लू में भूस्खलन से ढह गई कई इमारतें, मलबे में कई लोगों के दबने की आशंका

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में भीषण भूस्खलन से कई इमारतें और मकानों के ढहने से मलबे में काफी लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। इस हादसे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।

इस वायरल वीडियो में यह साफ तौर पर दिखाई दे रहा है कि किस प्रकार पहाड़ के दरकने से घाटी में बसे हुए कई बहुमंजिला इमारतें ढह रही है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले दो दिनों के लिए हिमाचल प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी देते हुए रेड अलर्ट जारी कर दिया है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी साक्षी वर्मा ने बताया कि, “कुल्लू और मंडी को जोड़ने वाली सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। पंडोह के रास्ते एक वैकल्पिक मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो गया है। इसलिए यातायात की आवाजाही फिलहाल निलंबित है।“

वहीं राज्य में 113 भूस्खलन की सूचना व राज्य सरकार के आंकड़ों के अनुसार भारी बारिश के कारण करीब 2022 घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। साथ ही 9615 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं।