Home Blog Page 456

सीडब्ल्यूसी, एआईसीसी महासचिवों के इस्तीफे, अब अपनी टीम बनाएंगे नए अध्यक्ष बने खड़गे

मल्लिकार्जुन खड़गे के कांग्रेस का नया अध्‍यक्ष बनते ही कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) के सभी सदस्यों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उदयपुर घोषणा के मुताबिक सीडब्ल्यूसी के नए सदस्य चुनने के लिए अब चुनाव हो सकता है। इसके अलावा अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी (एआईसीसी) के महासचिवों और प्रभारियों ने भी त्यागपत्र दे दिए हैं। खड़गे के लिए अब अपनी टीम बनाने का रास्ता साफ़ हो गया है।

खड़गे ने बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष पद का पदभार संभाला है। इसके बाद कांग्रेस के संगठन महासचिव सांसद केसी वेणुगोपाल ने जानकारी दी कि सभी सीडब्ल्यूसी सदस्यों, एआईसीसी महासचिवों और प्रभारी ने कांग्रेस अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष खड़गे नई कमेटी बनाएंगे।

यह देखना भी दिलचस्प होगा कि राजस्थान को लेकर खड़गे क्या कोई फैसला करते हैं ? संभावना है कि राजेश पायलट को राजस्थान कांग्रेस की कमान सौम्पी जा सकती है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की कुर्सी को लेकर भी चर्चा रही है, हालांकि, गहलोत को खड़गे के नजदीक माना जाता है, लिहाजा हो सकता है कि उन्हें चुनाव तक पद पर बनाए रखा जाए।

खड़गे राज्यों में नए अध्यक्षों की भी नियुक्ति करेंगे। कांग्रेस को सक्रिय करने के लिए खड़गे पहले दिन से ही एक्टिव मोड में दिखने लगे हैं। यह देखना भी दिलचस्प होगा कि क्या वह अपने मुकाबले चुनाव में उतरे शशि थरूर को क्या पद देते हैं। यह भी कहा जा रहा है कि वे कांग्रेस से बाहर गए नेताओं को पार्टी में वापस लाने की मुहिम शुरू कर सकते हैं।

सेना ने जम्मू कश्मीर में घुसपैठ की कोशिश नाकाम की; एक आतंकी ढेर, एक भाग गया

जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के तंगधार सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर सेना ने एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को बुधवार तड़के ढेर कर दिया है जबकि दूसरा वापस भाग गया। सेना ने घुसपैठ की कोशिश नाकाम करते हुए मारे गए आतंकी के पास से एक एके-47 राइफल और एक पिस्टल बरामद किया है।

सेना के मुताबिक मंगलवार-बुधवार रात दो बजे जब जवान एलओसी पर घात लगाकर बैठे थे तो उन्होंने पाया कि दो लोग पाकिस्तान की ओर से भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश कर रहे हैं। इसपर भारतीय जवानों ने उन्हें चुनौती दी।

इसके बाद आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सेना ने एक पाक घुसपैठिए को मार गिराया और दूसरा आतंकी वापस पाकिस्तान की ओर चला गया। मारे गए आतंकी के पास से एक एके-47 और एक पिस्टल बरामद किया है। इसके बाद सेना ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया।

पिछले एक महीने में कश्मीर घाटी में शोपियां और मुलु में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच दो मुठभेड़ों में चार आतंकी जबकि 26 सितंबर को जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बटपुरा में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद का एक आतंकवादी मारा गया था।

पीएम बनने के बाद आज पहली बार ब्रिटिश संसद का सामना करेंगे सुनक

प्रधानमंत्री बनने के बाद ऋषि सुनक आज (बुधवार) ब्रिटेन की संसद में विपक्षी सांसदों का सामना करेंगे। आर्थिक के अलावा मंदी सहित ब्रिटेन कई आर्थिक चुनौतियाँ झेल रहा है। सुनक ने देश को इस संकर से बाहर निकालने का संकल्प किया है। इस बीच सुनक ने यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की को फोन करके उनसे बात की है जबकि रूस ने सुनक के सत्ता संभालने पर कहा है कि ब्रिटेन में (रूस के साथ रिश्तों को लेकर) कुछ नहीं बदलेगा।

सुनक अपने मंत्रिमंडल में पिछली सरकार में कई मंत्रियों को शामिल कर काम शुरू कर चुके हैं। उन्होंने पूर्व वित्त मंत्री जेरेमी हंट को राजकोष के चांसलर के रूप में फिर से नियुक्त किया है जबकि ट्रस के समय विवादास्पद रूप से हटाई गईं गृह सचिव सुएला ब्रेवरमैन की भी वापसी हुई है।

माना जाता है कि सुनक यह संदेश देना चाहते हैं कि सत्ता में शीर्ष बदलाव के बावजूद सरकार में निरंतरता है। इस बीच पहले साप्ताहिक प्रधान मंत्री के प्रश्नों के लिए हाउस ऑफ कॉमन्स में जाने से पहले बड़े पैमाने पर समान दिखने वाली केबिनेट की आज बैठक हो सकती है। इसमें सुनक लेबर नेता कीर स्टारर और अन्य विपक्षी सांसदों का सामना करेंगे।

इस बीच सुनक ने यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की कप फोन करके उनसे बात की है है। उन्होंने कहा कि रूस के आक्रमण के बाद ब्रिटेन अपना दृढ़ समर्थन उनके साथ जारी रखेगा। सुनक ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन से भी बात की, जिन्होंने पहले ब्रिटिश-भारतीय प्रधान मंत्री की नियुक्ति को अभूतपूर्व करार दिया था। राष्ट्रपति बाइडेन ने कहा कि यूके अमेरिका का सबसे करीबी सहयोगी बना हुआ है।

खड़गे ने कांग्रेस अध्यक्ष का जिम्मा संभाला, जगजीवन राम के बाद दूसरे दलित अध्यक्ष

मल्लिकार्जुन खड़गे बुधवार को बाबू जगजीवन राम के बाद कांग्रेस के दूसरे दलित अध्यक्ष बन गए। कांग्रेस मुख्यालय में कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उन्हें एक कार्यक्रम में अब से कुछ देर पहले अध्यक्ष पद का जिम्मा सौंपा। इस दौरान चुनाव अधिकारी मधुसूदन मिस्त्री ने उन्हें जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। पद ग्रहण करने के बाद खड़गे ने कार्यकर्ताओं को पार्टी के आँख और कान बताया। खड़गे पद संभालने से पहले गांधीजी, नेहरू, शास्त्री, इंदिरा गांधी और जगजीवन राम की समाधि गए और उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा – ‘खड़गे को अध्यक्ष पद की कमान सौंपकर मैं राहत महसूस कर रही हूँ। मेरे सिर से बोझ उतर गया है और अब खड़गे यह जिम्मेदारी संभालेंगे।’ इससे पहले सोनिया और राहुल ने मंच पर खड़गे को गुलदस्ता सौंपकर उनका स्वागत किया।

कांग्रेस अध्यक्ष पद शपथ के लिए एआईसीसी मुख्यालय पहुंचने से पहले खड़गे ने राजघाट में गांधीजी को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे जवाहर लाल नेहरू, लालबहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी, जगजीवन राम और राजीव गांधी की समाधि पर गए। खड़गे ने पद संभालने से पहले गांधीजी के साथ कांग्रेस की तीन पीढ़ियों को नमन किया।

खड़गे ने मंगलवार शाम पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से भी मुलाकात की थी। याद रहे कांग्रेस अध्यक्ष पद चुनाव के नतीजों में मल्लिकार्जुन खड़गे ने शशि थरूर को 6825 वोट से हराया था। सोनिया गांधी के बाद अध्यक्ष पद के लिए सबसे बड़े अंतर से जीतने वाले खड़गे दूसरे नेता हैं। वे जगजीवन राम के बाद कांग्रेस अध्यक्ष बनने वाले दूसरे दलित नेता हैं। इसके अलावा वे कर्नाटक से इस पद को संभालने वाले दूसरे नेता भी हैं।

खड़गे ने इस मौके पर कार्यकर्ताओं को पार्टी की आँख और कान बताया और कहा कि कार्यकर्ताओं के बिना पार्टी कुछ नहीं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश और गुजरात के विधानसभा चुनाव का भी जिक्र किया और कहा कि पार्टी इन राज्यों में जीत के लिए पूरी ताकत झोंक देगी।

असम में आये तूफ़ान सितरंग से 326.501 हेक्टेयर फसल तबाह ; कई घरों को नुक्सान

चक्रवाती तूफान सितरंग ने असम में काफी नुक्सान पहुँचाया है। भारी बारिश और तूफ़ान के कारण आई बाढ़ से सैकड़ों घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं और 85 गांवों के करीब 1200 लोगों को सुरक्षित स्थानों को भेजा गया है। सितरंग ने 326.501 हेक्टेयर फसल को तबाह कर दिया है।

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक चक्रवाती तूफान से राज्य के नगांव जिले के विभिन्न हिस्सों में कई पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए हैं। यह तूफान सोमवार को आया था और अब इससे हुए नुकसान की जानकारी सामने आई है।

जानकारी के तूफान से मध्य असम जिले के कलियाबोर, बामुनि, सकमुथिया चाय बागान और बोरलीगांव क्षेत्रों में कई घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। तूफ़ान से क्षेत्र में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। कलियाबोर क्षेत्र में तूफान से कई घर क्षतिग्रस्त हो गए और कई पेड़ उखड़ गए हैं।

इस बीच, चक्रवात सितरंग अलर्ट के बीच पश्चिम बंगाल में दक्षिण 24 परगना में बक्खली समुद्र तट के तट पर ज्वार आ गया है। नागरिक सुरक्षा पर्यटकों और स्थानीय लोगों को समुद्र के पास उद्यम न करने की चेतावनी दे रही है।

दिवाली पर आतिशबाजी को लेकर वडोदरा में दो गुटों में हुआ जमकर बवाल, 19 लोग गिरफ्तार

दिवाली पर आतिशबाजी को लेकर गुजरात के वडोदरा में दो समुदायों के बीच संघर्ष हो गया। जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 19 लोगों को गिरफ्तार किया हैं। यह घटना सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील पानीगेट इलाके में सोमवार को देर रात करीब 12.45 बजे की है।

एक अधिकारी के अनुसार एक रॉकेट के गिरने से इलाके में खड़ी एक मोटरसाइकिल में आग लग गयी थी। और पटाखे चलाने और एक दूसरे पर रॉकेट बम फेंकने को लेकर पैदा विवाद के बाद दोनों पक्षों के लोगों ने एक दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया।

वडोदरा के पुलिस उपायुक्त यशपाल जगनिया ने बताया कि, हिरासत में लिए गए लोगों में एक व्यक्ति ऐसा भी शामिल है, जिसने कथित रूप से संघर्ष शुरू होने के बाद तीसरी मंजिल से एक बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से एक पुलिसकर्मी पर बम फेंका था।

उन्होंने आगे कहा कि, पटाखे चलाने और एक दूसरे पर रॉकेट बम फेंकने को लेकर पैदा विवाद के बाद दोनों पक्षों के लोगों ने एक दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। और घटना के बाद इलाके में सुरक्षाबलों को तैनात किया गया हैं। हालात काबू में है, दोनों समुदायों के संदिग्धों से पूछताछ की जा रही हैं।

कर्नाटक में प्रभावशाली लिंगायत समुदाय के महंत बसवलिंग स्वामी मठ में मृत पाए गए

कर्नाटक में प्रभावशाली लिंगायत समुदाय के एक महंत अपने मठ में मृत मिले हैं। सोमवार को उनका शव मिलने के बाद पुलिस हरकत में आ गयी है और मामले की छानबीन कर रही है। बता दें कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा भी इसी संप्रदाय से आते हैं। महंत के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है।

जानकारी के मुताबिक सुसाइड नोट में महंत ने उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस  ने कहा कि वह तफ्तीश कर रही है। पुलिस के मुताबिक लिंगायत संप्रदाय के 45 वर्षीय महंत बसवलिंग स्वामी सोमवार को कर्नाटक के रामनगर जिले के कंतुगल मठ में अपने कमरे की खिड़की की ग्रिल से लटके मिले।

रिपोर्ट्स के मुताबिक महंत बसवलिंग स्वामी कंतुगल मठ के प्रमुख महंत थे। पुलिस उनके आखिरी फोन कॉल्स के बारे में पता लगा रही है। संत ने दो पन्नों का एक सुसाइड नोट छोड़ा है जिसमें लिखा है कि कुछ लोग उनका उत्पीड़न कर रहे थे। उत्पीड़न करने वाले महंत को उनके पद से हटाना चाहते थे।

बसवलिंग स्वामी पिछले 25 सालों से कंतुगल मठ के प्रमुख महंत थे। कुदुर थाने में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है। इससे पहले, चित्रदुर्ग के प्रभावशाली लिंगायत मुरुगा मठ के प्रमुख महंत शिवमूर्ति को पहली सितंबर की रात दो नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।  इस मामले में आरोपी गर्ल्स हॉस्टल की वार्डन को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

खड़गे के ताजपोशी समारोह के लिए दिल्ली पहुंचे राहुल गांधी, यात्रा अब 27 अक्टूबर से

कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ अब 27 अक्टूबर को शुरू होगी। दिवाली और उसके राहुल गांधी के 26 अक्टूबर को दिल्ली में मल्लिकार्जुन खड़गे के कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में पद ग्रहण करने के समय उपस्थित होने के कारण यात्रा में तीन दिन के लिए अवकाश रखा गया है।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश के मुताबिक यात्री दल के ज्यादातर सदस्य दीपावली के महापर्व पर अपने घरों को चले गए हैं। इसलिए यात्रा को दीपावली तक स्थगित रखने का निर्णय किया गया है।

उन्होंने बताया कि राहुल गांधी भी दीपावली पर दिल्ली गए हैं और साथ ही वह 26 अक्टूबर को पार्टी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे अध्यक्ष पद पर स्थापित होने के समारोह में उपस्थित रहेंगे। रमेश ने कहा कि 27 अक्टूबर को सारे पदयात्री फिर भारत जोड़ो यात्रा से जुड़ जाएंगे। राहुल गांधी भी 27 अक्टूबर को फिर भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हो जाएंगे।

याद रहे 7 सितंबर को शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को केरल, कर्नाटक और उसके बाद तमिलनाडु पहुँचने पर काफी अच्छा समर्थन मिला है और लाखों की संख्या में लोग यात्रा से जुड़ते देखे गए हैं। यात्रा 3500 किलोमीटर की है और इसमें से 1,000 किलोमीटर यात्रा पूरी हो चुकी है।

भारतीय मूल के ऋषि सुनक ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री बने, ऐसा करने वाले पहले नेता  

भारतीय मूल के ऋषि सुनक लिज़ ट्रस के इस्तीफा देने के बाद निर्विरोध ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री चुने गए हैं। पहले उनके मुकाबले खड़े पूर्व प्रधान मंत्री बोरिस जॉनसन और उसके बाद पेनी मोर्डंट खुद को पीएम दौड़ से अलग कर लिया जिसके बाद सुनक निर्विरोध कंजर्वेटिव पार्टी के नेता चुन लिए गए। ब्रिटेन के इतिहास में पहली बार कोई भारतीय मूल का व्यक्ति पीएम बनने जा रहा है। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन से लेकर पीएम मोदी तक ने सुनक को ब्रिटेन का पीएम बनने पर बधाई दी है।

पहले से ही लग रहा था कि बोरिस जॉनसन सुनक का विरोध करेंगे और हुआ भी ऐसी ही है। हालांकि, सदस्यों में अपने प्रति कम समर्थन देखते हुए जॉनसन ने रविवार को ही प्रधानमंत्री की दौड़ से ये कहते हुए हाथ खींच लिया कि उन्हें अगले चरण में आगे बढ़ने के लिए पर्याप्त सांसदों का समर्थन प्राप्त है, लेकिन पूर्व वित्त मंत्री ऋषि सुनक से वे काफी पीछे हैं।

इसके बाद मैदान में उनकी इकलौती प्रतिद्वंदी पेनी मोर्डंट भी मुकाबले से हट गईं। कमोवेश सभी सर्वे में सुनक की बढ़त दिखाई गयी थी। इसके बाद कंजर्वेटिव पार्टी ने सुनक को निर्विरोध अपना नेता चुना चुन लिया।

इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा – ‘यूनाइटेड किंगडम के प्रधानमंत्री के रूप में भारतीय मूल के ऋषि सुनक का चुनाव बहुत आश्चर्यजनक और ग्राउंड ब्रेकिंग माइलस्टोन है। रोशनी का त्योहार एक सीख है कि हम में से प्रत्येक के पास अंधेरे को दूर करने और दुनिया में प्रकाश लाने की शक्ति है।’

इस बीच ऋषि सुनक को भेजे बधाई संदेश में पीएम मोदी ने ‘2030 रोडमैप’ पर बात की है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच मैत्री का नया अध्याय लिखा जाएगा।

उधर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री चुने जाने के बाद ऋषि सुनक ने कहा – ‘मैं अपने साथी सांसदों का समर्थन पाने और नेता चुने जाने के बाद खुद को सम्मानित महसूस कर रहा हूँ। मैं इस जिम्मेदारी को विनम्रता से स्वीकार करता हूँ।’

इससे पहले पेनी मॉर्डंट के दौड़ से हटने की घोषणा के बाद सुनक को कंजरवेटिव पार्टी का निर्विरोध नेता चुन लिया गया। ब्रिटेन के वित्त मंत्री रहे सुनक (42) को कंजरवेटिव पार्टी के 357 में से आधे से अधिक सांसदों का समर्थन मिला जबकि उन्हें जीत के लिए कम से कम 100 सांसदों के समर्थन की जरूरत थी।

सांसदों की प्रभावशाली समिति 1922 के प्रमुख सर ग्राहम ब्रैडी ने नाम वापस लेने के आखिरी दिन स्थानीय समयानुसार दो बजे संसद परिसर में घोषणा की – ‘मुझे केवल एक नामांकन मिला है, लिहाजा सुनक नेता बनने की दौड़ में विजयी रहे हैं।’

दिल्ली में खतरनाक स्तर तक पहुंचा प्रदूषण, सुप्रीम कोर्ट की रोक के बावजूद चले पटाखे

दिवाली पर दिल्ली में बड़े पैमाने पर पठाखे चलने के बाद प्रदूषण का स्तर खतरनाक स्तर पर पहुँच गयी है। दिल्ली और पड़ोसी राज्यों में सुबह तक धुआं छाया हुआ था। वायु गुणवत्ता बहुत नीचे चले जाने के बाद लोगों ने गले में खराश और आंखों में जलन की शिकायत की है। यह सब तब हुआ जब दिल्ली सरकार ने पटाखों पर प्रतिबंध  लगाया था, हालांकि, पटाखे जमकर बिके भी और चले भी। पिछले हफ्ते सुप्रीम कोर्ट ने प्रदूषण का हवाला देते हुए दिल्ली में पटाखों पर प्रतिबंध हटाने से इनकार कर दिया था।

दिल्ली में एक्यूआई दिल्ली 326, गाजियाबाद (यूपी) में एक्यूआई 301, नोएडा में 303, ग्रेटर नोएडा में 270 रहा जबकि गुरुग्राम में 325 और फरीदाबाद में 256 दर्ज किया गया। दिल्ली एनसीआर में दिवाली की रात में पटाखे चलाने के बाद आज सुबह दिल्ली- एनसीआर के 10 बड़े शहरों की वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी पह पहुंच गई।

पर्यावरणीय चिंताओं और स्वास्थ्य कारणों के आधार पर दिल्ली सरकार ने  पटाखे के उत्पादन, भंडारण, बिक्री और फोड़ने पर प्रतिबंध लगाया था, हालांकि, यह ठुस साबित हुआ।

सरकार का कहना था कि प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा और छह महीने की जेल होगी। हालांकि, उसकी चेतावनी का कोई असर नहीं दिखा न कोई पुलिसवाला पठाखे चलने से लोगों को रोकता हुआ दिखा।

फिलहाल दिल्ली में मंगलवार को वातावरण में धुंआ भरा है और आँखों में जलन महसूस हो रही है। लोगों को गले में खराश और सिर दर्द की शिकायत करते हुए देखा जा सकता है।