कर्नाटक में प्रभावशाली लिंगायत समुदाय के महंत बसवलिंग स्वामी मठ में मृत पाए गए

कर्नाटक में प्रभावशाली लिंगायत समुदाय के एक महंत अपने मठ में मृत मिले हैं। सोमवार को उनका शव मिलने के बाद पुलिस हरकत में आ गयी है और मामले की छानबीन कर रही है। बता दें कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा भी इसी संप्रदाय से आते हैं। महंत के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है।

जानकारी के मुताबिक सुसाइड नोट में महंत ने उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस  ने कहा कि वह तफ्तीश कर रही है। पुलिस के मुताबिक लिंगायत संप्रदाय के 45 वर्षीय महंत बसवलिंग स्वामी सोमवार को कर्नाटक के रामनगर जिले के कंतुगल मठ में अपने कमरे की खिड़की की ग्रिल से लटके मिले।

रिपोर्ट्स के मुताबिक महंत बसवलिंग स्वामी कंतुगल मठ के प्रमुख महंत थे। पुलिस उनके आखिरी फोन कॉल्स के बारे में पता लगा रही है। संत ने दो पन्नों का एक सुसाइड नोट छोड़ा है जिसमें लिखा है कि कुछ लोग उनका उत्पीड़न कर रहे थे। उत्पीड़न करने वाले महंत को उनके पद से हटाना चाहते थे।

बसवलिंग स्वामी पिछले 25 सालों से कंतुगल मठ के प्रमुख महंत थे। कुदुर थाने में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है। इससे पहले, चित्रदुर्ग के प्रभावशाली लिंगायत मुरुगा मठ के प्रमुख महंत शिवमूर्ति को पहली सितंबर की रात दो नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।  इस मामले में आरोपी गर्ल्स हॉस्टल की वार्डन को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।