खड़गे के ताजपोशी समारोह के लिए दिल्ली पहुंचे राहुल गांधी, यात्रा अब 27 अक्टूबर से

कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ अब 27 अक्टूबर को शुरू होगी। दिवाली और उसके राहुल गांधी के 26 अक्टूबर को दिल्ली में मल्लिकार्जुन खड़गे के कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में पद ग्रहण करने के समय उपस्थित होने के कारण यात्रा में तीन दिन के लिए अवकाश रखा गया है।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश के मुताबिक यात्री दल के ज्यादातर सदस्य दीपावली के महापर्व पर अपने घरों को चले गए हैं। इसलिए यात्रा को दीपावली तक स्थगित रखने का निर्णय किया गया है।

उन्होंने बताया कि राहुल गांधी भी दीपावली पर दिल्ली गए हैं और साथ ही वह 26 अक्टूबर को पार्टी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे अध्यक्ष पद पर स्थापित होने के समारोह में उपस्थित रहेंगे। रमेश ने कहा कि 27 अक्टूबर को सारे पदयात्री फिर भारत जोड़ो यात्रा से जुड़ जाएंगे। राहुल गांधी भी 27 अक्टूबर को फिर भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हो जाएंगे।

याद रहे 7 सितंबर को शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को केरल, कर्नाटक और उसके बाद तमिलनाडु पहुँचने पर काफी अच्छा समर्थन मिला है और लाखों की संख्या में लोग यात्रा से जुड़ते देखे गए हैं। यात्रा 3500 किलोमीटर की है और इसमें से 1,000 किलोमीटर यात्रा पूरी हो चुकी है।