Home Blog Page 455

चिंतन शिविर का दूसरा दिन, पीएम मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कर रहे है संबोधित

हरियाणा के सूरजकुंड फरीदाबाद जिले में चल रहे सभी राज्यों के गृह मंत्रियों के चिंतन शिविर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए संबोधित कर रहे हैं। दो दिवसीय चिंतन शिविर का आज अंतिम दिन हैं।

सूरजकुंड में चर रहे चिंतन शिविर में करीब 8 राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भाग लिया हैं। इसके अलावा 16 राज्यों से डिप्टी सीएम और गृह मंत्री भी इसका हिस्सा बने हैं। इसकी अध्यक्षता गृह मंत्री अमित शाह कर रहे हैं।

पीएम ने कहा कि, आजकल देश में उत्सव का माहौल है ओणम, दुर्गा पूजा, दशहरा और दीपावली सहित अनेक उत्सवों को देशवासियों ने सौहार्द से मनाया हैं। और अभी छठ पूजा सहित कई अन्य त्योहार भी हैं। विभिन्न चुनौतियों के बीच इन त्योहारों में देश की एकता का सशक्त होना आपकी तैयारियों का भी प्रतिबिंब हैं।

उन्होंने आगे कहा कि, कानून और व्यवस्था राज्यों की जिम्मेदारी है, लेकिन यह राष्ट्र की एकता और अखंडता से भी जुड़े हुए हैं। राज्य एक-दूसरे से सीख सकते है, एक-दूसरे से प्रेरणा ले सकते हैं और देश की बेहतरी के लिए एक साथ मिलकर काम कर सकते हैं। यह संविधान की भावना है और हमारे नागरिकों के प्रति हमारा कर्तव्य हैं।

पीएम ने कहा कि, आजादी का अमृतकाल हमारे सामने हैं। और आने वाले 25 वर्ष देश में एक अमृत पीढ़ी के निर्माण के हैं। और यह अमृत पीढ़ी पंच प्राणों के संकल्पों को धारण करके निर्मित होगी। विकसित भारत का निर्माण, गुलामी की हर सोच से मुक्ति, विरासत पर गर्व, एकता और एकजुटता, और नागरिक कर्तव्य इन पंच प्राणों का महत्व आप सभी जानते हैं, समझते हैं। ये एक विराट संकल्प है, जिसको सिर्फ और सिर्फ सबके प्रयासों से ही सिद्ध किया जा सकता हैं।

राज्य सरकार से केंद्रीय जांच एजेंसियों का सहयोग करने की भी अपील की है और कहा कि कई बार केंद्रीय एजेंसियों को कई राज्यों में एक साथ जांच करनी पड़ती है, दूसरे देशों में भी जाना पड़ता है। इसलिए हर राज्य का दायित्व है कि चाहे राज्य की एजेंसी हो या केंद्र की एजेंसी हो सभी एजेंसियों को एक-दूसरे को पूरा सहयोग देना चाहिए।

आपको बता दे, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 27 अक्टूबर को चिंतन शिविर को संबोधित किया था। और उन्होंने बड़ी घोषणा करते हुए कहा था कि वर्ष 2024 तक हर राज्य में एनआईए का ऑफिस होगा। हमारे संविधान में कानून-व्यवस्था को संभालने का जिम्मा राज्य को दिया गया है, लेकिन अब तकनीक के बढ़ावे के साथ कई ऐसे कानून भी अस्तित्व में आए हैं जिनकी कोई भी सीमा नहीं हैं। और सीमा रहित अपराधों का मुकाबला करने के लिए सभी राज्यों को इस पर रणनीति बनानी होगी।

ट्विटर के मालिक बने एलन मस्क, आते ही चार शीर्ष अधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखाया

आखिर काफी लंबी जद्दोजहद के बाद एलन मस्क ने सोशल मीडिया कंपनी ट्विटर का जिम्मा संभाल लिया। ट्विटर का नया मालिक बनते ही मस्क ने कंपनी के चार शीर्ष कार्यकारी अधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। इनमें सीईओ पराग अग्रवाल, कानूनी मामलों के कार्यकारी अधिकारी विजय गड्डे, मुख्य वित्तीय अधिकारी नेड सहगल और जनरल काउंसल सियान एजेंट हैं।

अमेरिकी मीडिया के मुताबिक पिछले साल ट्विटर के सीईओ नियुक्त किए गए अग्रवाल की मस्क के साथ सार्वजनिक और निजी रूप से कहासुनी हो गई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक शेयरधारकों को प्रति शेयर 54.20 डॉलर का भुगतान किया जाएगा, और ट्विटर अब एक निजी कंपनी के रूप में काम करेगा।

बता दें कि अमेरिका की डेलावेयर कोर्ट ने एलन मस्क और ट्विटर की कानूनी लड़ाई पर कुछ समय के लिए विराम लगाते हुए ट्विटर खरीद की डील को पूरा करने के लिए एलन मस्क को 28 अक्टूबर, 2022 शाम पांच बजे तक का समय दिया था। इसे उन्होंने अब पूरा कर लिया है।

ट्विटर का मालिक बनते ही मस्क ने चार बड़े अधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया। सियान एजेट को इमारत से बाहर निकाला गया जो साल 2012 से कंपनी से जुड़े हुए थे। इसी तरह अग्रवाल पिछले साल नवंबर में कंपनी के सह-संस्थापक जैक डोर्सी के इस्तीफे के बाद ट्विटर का सीईओ नियुक्त किया गया था।

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), बॉम्बे और स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़ाई कर चुके अग्रवाल ने एक दशक से अधिक समय पहले ट्विटर में नौकरी शुरू की थी. उस समय कंपनी में 1,000 से भी कम कर्मचारी हुआ करते थे।

बढ़ती महंगाई के बीच आरबीआई ने तीन नवंबर को बुलाई एमपीसी की विशेष बैठक

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने अपनी तीन नवंबर को शीर्ष मौद्रिक संस्था (एमपीसी) की एक विशेष बैठक बुलाई हैं। यह बैठक देश में बढ़ती महंगाई के चलते बुलाई जा रही हैं।

एक रिलीज में भारतीय रिजर्व बैंक की तरफ से कहा गया है कि मौद्रिक नीति समिति की यह विशेष अतिरिक्त बैठक आरबीआई एक्ट के सेक्शन 45ZN के तहत बुलाई गई हैं। इस कानूनी प्रावधान के तहत आरबीआई अगर महंगाई दर को 6% से नीचे नहीं रख पाती है, तो उसे सरकार को एक रिपोर्ट देनी होगी कि क्यों वो टारगेट को पूरा नहीं कर सकी। और इसे पूरा करने के लिए वो क्या जरूरी कदम उठाने वाली है और कब तक यह टारगेट पूरा कर सकेगी?

बता दें सरकार ने मुद्रास्फीति को 4% (दो प्रतिशत कम या अधिक) पर सीमित रखने का लक्ष्य केंद्रीय बैंक को दिया हुआ है लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद आरबीआई मुद्रास्फीति को 6% के भीतर सीमित रखने में नाकाम रहा है।

आपको बता दें, इस वर्ष की शुरुआत से ही मुद्रास्फीति लगातार 6% के ऊपर बनी हुई है और इस प्रकार आरबीआई लगातार तीन तिमाहियों से अपने मुद्रास्फीति लक्ष्य को पूरा करने में नाकाम रहा है, लिहाजा वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप उसे सरकार को इस पर रिपोर्ट देनी होगी।

आरबीआई ने मौद्रिक नीति के बारे में फैसला लेने वाली एमपीसी की यह विशेष बैठक इसी रिपोर्ट को तैयार करने के मकसद  से बुलाई है। एमपीसी की अनुशंसाओं के अनुरूप गत मई से अब तक नीतिगत रेपो दर में 1.90% की कुल वृद्धि की जा चुकी है इस तरह अब रेपो दर 5.90% पर पहुंच चुकी हैं।

इस वर्ष जनवरी 2022 के बाद 3 तिमाही से लगातार महंगाई दर 6% के सहिष्णुता बैंड से ऊपर रही है। सरकार और आरबीआई की कोशिशों के बावजूद सितंबर 2022 में सीपीआई इन्फ्लेशन रेट बढ़कर 7.41% तक पहुंच गई। अगस्त में सीबीआई इन्फ्लेशन रेट 7% रही थी।

तेलंगना के घोषणा पत्र में किसानों पर ख़ास फोकस करेगी कांग्रेस, राहुल गांधी ने कहा

कांग्रेस तेलंगना विधानसभा चुनाव में किसानों से जुड़े मुद्दों पर खास जोर देगी। पार्टी के नेता और भारत जोड़ो यात्रा का नेतृत्व कर रहे राहुल गांधी ने यह बात यात्रा के तेलंगना पहुंचने पर कही। उन्होंने तीन दिन के दिवाली अवकाश के बाद यात्रा फिर शुरू होने पर उसमें शामिल होने के बाद यह बात कही।

गांधी ने कहा कि तेलंगना विधानसभा के अगले साल होने वाले चुनाव के लिए कांग्रेस के घोषणापत्र में कृषि संबंधित मुद्दों पर फोकस रहेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी सभी तजुर्बेकार लोगों से बात करके इसे तैयार करेगी। राहुल गांधी ने इसके अलावा राज्य के विभिन्न हिस्सों से आये किसानों और किसान प्रतिनिधियों से बातचीत भी की।

राहुल गांधी ने उन विधवाओं से भी मुलाकात की जो एक महिला किसान के रूप में जीवन यापन करने के लिए संघर्ष कर रही हैं। वर्ष 2020 की खरीफ की फसल से तेलंगाना में कोई फसल बीमा योजना नहीं है और न ही इसने आपदा पर वर्ष 2005 के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन (एनडीएमए) कानून के तहत कोई मुआवजा दिया।

कांग्रेस नेता ने कहा इससे लाखों किसान फसल बर्बाद होने के बावजूद मुआवजे से वंचित हो गये। तेलंगाना सरकार की बहु प्रचारित ‘रायथु बंधु’ निवेश समर्थन योजना किसानों के लिए है, लेकिन इससे जोतदारों और बटाईदार किसानों को कोई फायदा नहीं हुआ।

राहुल गांधी ने भरोसा दिलाया कि बटाईदार किसान और भूमि जोतने वालों को निश्चित रूप से पंजीकृत करके सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ दिया जाएगा जिसमें बैंक से कर्ज, प्रत्यक्ष आय हस्तांतरण और फसल बीमा शामिल है। तेलंगाना में ‘धरणी’ योजना को लेकर किसानों के विरोध का संज्ञान लेते हुए कहा कि यह एक अपराध है कि भूमि रिकॉर्ड के आधुनिकीकरण के लिए लाई गई योजना हजारों दलितों, जनजातियों और अन्य पिछड़ी जाति के लोगों को उनकी खुद की भूमि से वंचित कर रही है।

राहुल की यात्रा तेलंगाना के नारायणपेट जिले के मकथल से गुरुवार को फिर शुरू हुई। राहुल के साथ कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष ए रेवंत रेड्डी, सांसद उत्तम कुमार रेड्डी, कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता भट्टी विक्रमार्क और कई अन्य पार्टी नेता शामिल हुए।

पाक पीएम शरीफ नवंबर के पहले हफ्ते चीन की यात्रा करेंगे; जिनपिंग, केकियांग से मिलेंगे

शी जिनपिंग के लगातार तीसरे कार्यकाल के लिए चीन का राष्ट्रपति चुने जाने के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ उनके देश का दौरे वाले संभवत पहले विदेशी राष्ट्राध्यक्ष होंगे। शरीफ के साथ विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो भी होंगे।

शरीफ इस यात्रा के दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से भेंट करेंगे। वे प्रधानमंत्री ली के साथ भी प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। शरीफ और भुट्टो के साथ पाकिस्तान का उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी होगा। इमरान खान के सत्ता से हटने के बाद पाकिस्तान का पीएम बनने के बाद शरीफ की यह पहली चीन यात्रा होगी।

वैसे सितंबर में उज्बेकिस्तान में शी के साथ शहबाज मिल चुके हैं। शरीफ 1-2 नवंबर तक चीन के दौरे पर रहेंगे। पाक विदेश मंत्रालय के बयान के मुताबिक पीएम शहबाज शरीफ चीनी पीएम ली केकियांग के निमंत्रण पर यह यात्रा कर रहे हैं।

शरीफ की शी जिनपिंग और बाद में पीएम केकियांग के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के दौरान दोनों पक्ष ऑल वेदर स्ट्रेटेजिक कोऑपरेशन पार्टनरशिप की समीक्षा करेंगे और क्षेत्रीय-वैश्विक विकास पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

पाक विदेश मंत्रालय के बयान के मुताबिक दोनों पक्ष रणनीतिक सहयोग साझेदारी की समीक्षा करेंगे और क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रम पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। यात्रा के समापन के साथ व्यापक द्विपक्षीय सहयोग एजेंडा को आगे बढ़ाने और सीपीईसी संयुक्त सहयोग समिति की 11वीं बैठक के तहत सीपीईसी सहयोग की गति को मजबूत करने की भी संभावना है।

कांग्रेस की भारत यात्रा फिर शुरू; राहुल गांधी फिर जुड़े, खड़गे ने यात्रा को लाभकारी बताया

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा तीन दिन के अवकाश के बाद गुरूवार को फिर शुरू हो गयी। यात्रा का आज 50 वां दिन है और यात्रा का नेतृत्व करने राहुल गांधी तेलंगना पहुँच रहे हैं। वे मल्लिकार्जुन खड़गे के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के कार्यक्रम के लिए एक दिन के लिए दिल्ली गए थे।

आज यात्रा मखतल से शुरू हुई जो प्रदेश (अविभाजित आंध्र प्रदेश) के पहले मुख्यमंत्री बुरगुला रामकृष्ण राव का गृह क्षेत्र है। महबुलनगर पहुंचने से पहले यात्री 14 किलोमीटर तक चलेंगे। सुबह 5.25 बजे यात्रा झंडा फहराने के साथ शुरू हुई।

इस बीच कांग्रेस के नए अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की खुलकर तारीफ की है। उन्होंने कहा – ‘राहुल गांधी समझ गए थे कि मतदाता कांग्रेस से नाराज हैं। इसलिए उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा करने का फैसला किया। भारत जोड़ो यात्रा हमारी पार्टी की एक बड़ी उपलब्धि है। यह कांग्रेस और खासकर मेरे लिए एक बड़ा उपहार है।’

खड़गे ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से लाखों लोगों को कांग्रेस से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने पार्टी सदस्यों से भारत जोड़ो यात्रा के संदेश को देश के कोने-कोने तक पहुंचाने के लिए एक साथ आने का आग्रह किया। खड़गे ने कहा कि वे जानते हैं कि यह मुश्किल समय है। कांग्रेस द्वारा स्थापित लोकतंत्र को बदलने के प्रयास किए जा रहे हैं।

छठ पूजा के लिए देश भर से 250 विशेष ट्रेन; 1.4 लाख बर्थ उपलब्ध होने, पूजा कल से शुरू

रेलवे ने कल से शुरू हो रही छठ पूजा के लिए देश भर से 250 विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है। इस साल छठ पूजा 28 से 31 अक्टूबर को है।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह घोषणा करते हुए कहा कि छठ पूजा के लिए 250 से अधिक विशेष ट्रेनें शुरू की हैं जिसमें करीब 1.4 लाख बर्थ उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यह ट्रेन शुरू कर दी गयी हैं।

रेल मंत्रालय के मुताबिक दरभंगा, आजमगढ़, सहरसा, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, फिरोजपुर, पटना, कटिहार और अमृतसर जैसे रेलवे मार्गों पर विशेष ट्रेन चलाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पहले ही केंद्र सरकार से छठ पूजा के मौके पर विशेष ट्रेन उपलब्ध कराने की मांग कर दी थी।

छठ पूजा में बिहार और यूपी जाने वाली ट्रेनों में टिकट दो महीने पहले ही बुक कर लिया जाता है। यात्रियों की काफी संख्या रहती है। लिहाजा विशेष ट्रेन चलने से लोगों को सुविधा मिलेगी।

सदी के अंत तक वैश्विक तापमान वृद्धि 1.5 डिग्री सेल्सियस तक सीमित करना मुश्किल : रिपोर्ट

दुनिया में तमाम कोशिशों के बावजूद सदी के अंत तक वैश्विक तापमान वृद्धि को 1.5 डिग्री सेल्सियस तक सीमित करना संभव नहीं हो सकता है। यह बात संयुक्त राष्ट्र की एक नई रिपोर्ट में कही गयी है। इस बीच संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन ‘सीओपी 27′ छह से 18 नवंबर के बीच मिस्र के शर्म अल-शेख में आयोजित किया जाएगा।

इस रिपोर्ट में कहा गया है कि कई देश वैश्विक ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में कटौती के प्रयास कर रहे हैं, हालांकि, ये प्रयास सदी के अंत तक वैश्विक तापमान वृद्धि को 1.5 डिग्री सेल्सियस तक सीमित करने के लिए काफी नहीं हैं।

यूएन एनडीसी सिंथेसिस 2022 के यह रिपोर्ट पिछले कल जारी की गई। रिपोर्ट के अनुसार, पेरिस समझौते के तहत 193 देशों का संयुक्त जलवायु संकल्प सदी के अंत तक वैश्विक तापमान में करीब 2.5 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के लिए दुनिया को पटरी पर ला सकता है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि मौजूदा प्रतिबद्धताओं से 2010 के स्तर की अपेक्षा 2030 तक उत्सर्जन में 10.6 प्रतिशत की वृद्धि होगी। यह पिछले साल के उस आकलन के लिहाज से सुधार है, जिसमें पाया गया था कि विभिन्न देश 2010 के स्तर की अपेक्षा 2030 तक उत्सर्जन में 13.7 प्रतिशत की वृद्धि करने की दिशा में अग्रसर थे।

विश्लेषण से जाहिर होता है कि अनुमानित उत्सर्जन 2030 से आगे भी बढ़ता रहेगा। हालांकि, इस साल के विश्लेषण से पता चलता है कि 2030 के बाद उत्सर्जन में वृद्धि नहीं होगी लेकिन उनमें तेजी से नीचे की ओर आने का रुझान नहीं दिख रहा है।

प्रयागराज में सड़क हादसे में चार महिलाओं समेत पांच लोगों की मौत, पांच अन्य घायल

प्रयागराज में हंडिया टोल प्लाजा के पास एक बड़े हादसे में पांच लोगों की मौत हो गयी है। यह हादसा तब हुआ जब एक कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई।

जानकारी के मुताबिक हादसे में 4 महिलाओं और एक बच्चे सहित पांच लोगों की जान चली गयी। हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है।

हादसा तब हुआ जब टवेरा कार कानपुर से वाराणसी जा रही रही थी। अचानक चालक ने कार पर से नियंत्रण खो दिया और वह बिजली के एक खंभे से जा टकराई। घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है।

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँच गयी। घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है। इनमें से कुछ की हालत नाजुक बताई गयी है।

पालघर जिले के रासायनिक कारखाने में हुए विस्फोट में मरने वालों की संख्या तीन हुई

एक हादसे में महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक रासायनिक कारखाने में हुए विस्फोट में अब मरने वालों की संख्या तीन हो गई है। इस हादसे में 12 अन्य घायल हुए हैं।

यह हादसा पालघर जिले के बोईसर कस्बे के तारापुर एमआईडीसी में स्थित रासायनिक कारखाने में बुधवार को हुआ था। अधिकारियों के मुताबिक घटना कपड़ा उद्योग में इस्तेमाल होने वाले गामा एसिड का उत्पादन करने वाली इकाई में हुई।

यह विस्फोट इतना भीषण था कि संयंत्र की छत फट गई। रासायनिक कारखाने में रिएक्टर पोत में विस्फोट के कारण, तीन श्रमिकों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। पीड़ितों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया, जबकि घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सूचना मिलते ही बोईसर पुलिस थाने और स्थानीय दमकल विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे। विस्फोट के समय कारखाने में कुल 18 कर्मचारी काम कर रहे थे। प्रारंभिक जांच में संयंत्र प्रभारी ने पुष्टि की कि विस्फोट रिएक्टर पोत में दबाव के कारण हुआ।