Home Blog Page 449

मध्य प्रदेश में बस और टवेरा की भीषण टक्कर, हादसे में 11 मजदूरों की मौत, कई अन्य घायल  

एक बड़े हादसे में मध्य प्रदेश में 11 लोगों की मौत हो गयी है। हादसा तब हुआ जब एक बस और टवेरा में आमने सामने टक्कर हो गयी। हादसे में जान गंवाने वाले ज्यादातर लोग मजदूर बताये गए हैं। कुछ लोग घायल भी हुए हैं।

यह हादसा मध्य रात्रि 2 बजे किए करीब हुआ जब बैतूल-परतवाड़ा मार्ग पर झल्लार थाने के एक किलोमीटर गुदगांव के पास एक बस और टवेरा में जबरदस्त टक्कर हो गई। सभी मृतक टवेरा में सवार थे। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद टवेरा बुरी तरह पिचक गयी और शवों को वाहन काटकर निकलना पड़ा।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुँची और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी इसमें मदद की। कुछ शव तो टवेरा से आसानी से निकाल लिए गए लेकिन चार शव निकलने के लिए पिचकी हुई टवेरा को काटना पड़ा।

मृतकों की शिनाख्त के लिए उनके परिजनों से संपर्क किया गया है। कुछ की शिनाख्त होनी अभी बाकी है। मुख्यमंत्री सहित कई मंत्रियों और अन्य ने दुख जताया है। पुलिस के मुताबिक सभी मृतक मजदूर लग रहे हैं।

गुजरात में 1 और 5 दिसंबर को दो चरणों में होंगे विधानसभा चुनाव, 8 दिसंबर को परिणाम का होगा ऐलान

चुनाव आयोग ने गुरुवार को गुजरात विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर  दी है। यह चुनाव 182 सीटों पर दो चरणों में होंगे। पहले चरण के तहत 1 दिसंबर और दूसरे चरण के तहत 5 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। नतीजों का ऐलान हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के परिणाम के साथ ही 8 दिसंबर को किया जाएगा।

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार चुनाव आयोग से प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गुजरात में इस बार 4.9 करोड़ मतदाता मतदान करेंगे। चुनाव आयुक्त के मुताबिक इस बार 4.6 लाख नए मतदाता वोटिंग करेंगे। 51782 मतदान केंद्र पर मतदान होगा। 142 मॉडल मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। दिव्यांगों के लिए 182 विशेष पोलिंग स्टेशन बनाया जाएगा। महिलाओं के लिए 1274 पोलिंग स्टेशन होंगे।

कुमार ने बताया कि गुजरात विधानसभा चुनाव में 3,24,422 नए मतदाता इस बार पहली बार मतदान करेंगे। कुल मतदान केंद्र की संख्या 51,782 है। राज्य में स्थापित मतदान स्थलों में से कम से कम 50 प्रतिशत मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था होगी। चुनाव आयोग के मुताबिक, 142 मॉडल पोलिंग स्टेशन. 1274 पोलिंग स्टेशन ऐसे होंगे, जिनमें सिर्फ महिलाओं की तैनाती की जाएगी।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया – ‘इस बार 33 पोलिंग स्टेशन ऐसे होंगे जो युवा पोलिंग टीम द्वारा संचालित किए जाएंगे, ये युवाओं को मतदान के लिए प्रेरित करेगा। इस बार शिपिंग कंटेनर को भी पोलिंग स्टेशन बनाया गया है। पहली बार शिपिंग कंटेनर भी पोलिंग स्टेशन के रूप में काम करेगा। गिर फॉरेस्ट के लिए एक पोलिंग स्टेशन होगा जहां एक ही वोटर है। पोस्टल वोट के लिए चुनाव आयोग के प्रतिनिधि जाएंगे। गिर फॉरेस्ट के लिए एक पोलिंग स्टेशन होगा जहां एक ही वोटर है।’

सुप्रीम कोर्ट ने लाल किला ब्लास्ट दोषी पाकिस्तानी आतंकी अशफाक की मौत की सजा बरकरार रखी

सर्वोच्च न्यायालय ने लाल किले पर हमले के दोषी पाकिस्तानी नागरिक मोहम्मद आरिफ उर्फ़ अशफाक की फांसी की सजा को बरकरार रखते हुए उसकी इस मामले में पहले के सर्वोच्च अदालत के फैसले पर डाली पुनर्विचार याचिका को गुरुवार को खारिज कर दिया है।

सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में पुनर्विचार याचिका पर सुनवाई ख़त्म करते हुए यह फैसला सुनाया है। लाल किले पर हमले की यह घटना साल 2000 की है। अशफाक लाल किले में सेना की बैरक पर हमले का दोषी है। वह एलईटी का आतंकी है।

याद रहे 2019 में सर्वोच्च अदालत की पांच जजों की संवैधानिक पीठ ने पाकिस्तानी नागरिक आरिफ की उस याचिका को मंजूर कर लिया था जिसमें उसने ओपन कोर्ट में उसकी पुनर्विचार याचिका पर सुनवाई की मांग की थी।

इसे पहले साल 2013 में सुप्रीम कोर्ट ने आरिफ की फांसी की सजा को बरकरार रखा था। इसके बाद 2014 में सर्वोच्च अदालत ने अशफाक की क्यूरेटिव याचिका भी खारिज कर दी थी। अब उसकी पुनर्विचार याचिका को भी खारिज कर दिया गया है।

आईएस की महिला विंग की नेता अमेरिकी आतंकी एकरेन को सुनाई गयी 20 साल की कैद की सजा

एक अमेरिकी महिला आतंकी, जिस पर 100 से ज्यादा महिलाओं को आतंक की ट्रेनिंग देने का आरोप है, को 20 साल की कैद की सजा सुनाई गयी है। यह महिला इस्लामिक स्टेट (आईएस) की महिला बटालियन का नेतृत्व करती है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका के कंसास की रहने वाली एलिसन फ्लूक-एकरेन ने यह बात स्वीकार की है कि वह आठ साल तक इराक, सीरिया और लीबिया में आतंकवादी गतिविधियों में शामिल रही। एकरेन ने यह भी माना कि वह अब तक 100 से ज्यादा महिलाओं और लड़कियों को आतंक की ट्रेनिंग दे चुकी है, जिनमें कुछ तो 10 साल की ही थीं।

एकरेन को इसी साल जून में उसके कृत्यों के लिए अपराधी घोषित किया गया था।  सजा सुनाए जाने से पहले अभियोजन पक्ष ने कहा कि कानून की अधिकतम स्वीकार्य सजा भी उसे दंडित करने के लिए पर्याप्त नहीं होगी। एकरेन के वकीलों ने, हालांकि,   उसके लिए कम सजा की मांग की थी और कहा था कि वह युद्धग्रस्त सीरिया में मिले अनुभवों के चलते सदमे में थी।

एकरेन शिक्षक रही थी और बाद में आतंकी गतिविधियों में शामिल हो गयी। वह कट्टर आतंकी बन गयी और आईएस में महिला बटालियन की लीडर बनी। साल 2012 के आसपास वह सीरिया गयी और आईएस की सक्रिय सदस्य बन गयी। उसने अपने पति के मरने के बाद एक से ज्यादा लोगों से विवाह किया।

किसी सूरत में लागू नहीं होने देंगे सीएए, ममता बनर्जी ने भाजपा पर भी किया करारा हमला  

बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर बरसते हुए कहा है कि उनकी पार्टी किसी भी सूरत में देश में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) लागू करने के भाजपा में मंसूबों को पूरा नहीं होने देगी। टीएमसी प्रमुख ने कहा कि भाजपा को यह गंदी राजनीति बंद करनी चाहिए।

बता दें केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक ने कहा था कि ‘सीएए वंचित और उत्पीड़ित हिंदुओं और अन्य लोगों के लिए है। इसे न केवल गुजरात में बल्कि धीरे-धीरे पूरे भारत में लागू किया जाएगा।’ इसके अलावा मोदी सरकार ने सोमवार को अफगानिस्तान, बांग्लादेश और पाकिस्तान से आने वाले और वर्तमान में गुजरात के दो जिलों में रह रहे हिंदुओं, सिखों, बौद्ध, जैनियों, पारसियों और ईसाइयों को नागरिकता कानून, 1955 के तहत भारतीय नागरिकता देने का फैसला किया है।

हालांकि, ममता ने मीडिया के लोगों से कहा भाजपा को नसीहत देते हुए कहा – ‘ये सब राजनीति बंद करो। वे (भाजपा) वाले ऐसा कर रहे हैं क्योंकि गुजरात में चुनाव हैं। हम उन्हें इसे लागू नहीं करने देंगे। हमारे लिए, सभी नागरिक हैं। हम इसके खिलाफ हैं।’

ममता बनर्जी शुरु से हई सीएए के सख्त खिलाफ रही हैं और इसका जमकर विरोध करती रही हैं। ममता ने कहा – ‘मैं कहूंगी कि चुनाव इतना महत्वपूर्ण नहीं है, राजनीति इतनी महत्वपूर्ण नहीं है, लोगों का जीवन अधिक महत्वपूर्ण है’।

गुजरात विधानसभा के लिए चुनाव तारीखों की आज घोषणा करेगा आयोग, 12 बजे होगी प्रेस कांफ्रेंस  

चुनाव आयोग गुजरात विधानसभा चुनाव की तारीखों की आज घोषणा कर सकता है। संभावना है कि यह चुनाव दो चरणों में महीने के आखिर या अगले महीने के पहले हफ्ते होंगे। हिमाचल प्रदेश के चुनाव की घोषणा आयोग पहले ही कर चुका है जो 12 नवंबर को होंगे। दोनों ही राज्यों के नतीजे 8 दिसंबर को आएंगे। गुजरात में भाजपा,  कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में मुकाबला है।

आयोग ने दोपहर 12 बजे प्रेस कांफ्रेंस रखी है जिसमें चुनाव तारीखें घोषित की जाएंगी। यह प्रेस कांफ्रेंस आकाशवाणी भवन के रंग भवन ऑडिटोरियम में होगी। गुजरात में  2017 में दो चरण में मतदान हुआ था लिहाजा संभावना है कि इस बार भी ऐसा हो सकता है।

राज्य में चुनाव प्रचार पहले से ही उफान पर है। वहां सत्तारूढ़ भाजपा, विपक्षी कांग्रेस और पहले बार मैदान में उतर रही आम आदमी पार्टी में मुकाबला होगा। गुजरात में विधानसभा की 182 सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए 92 विधायक की जरूरत रहेगी।

पिछले चुनाव में 2017 में भाजपा ने 99 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी। उस चुनाव में कांग्रेस को 77 सीटें मिली थीं। अन्य को छह सीटें हासिल हुई थीं। कांग्रेस ने इस बार गुजरात में ज़मीनी अभियान चलाया है जिसमें फिलहाल क्षेत्रीय नेता जुटे हुए हैं। राष्ट्रीय नेताओं के 12 नवंबर के बाद प्रचार में आने की संभावना है।

उधर भाजपा के लिए पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत भाजपा के तमाम बड़े नेता लगातार प्रचार कर रहे हैं। आप के लिए राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल लगातार गुजरात के दौरे कर रहे हैं।

राज्य में हाल में मोरबी पुल ढहने से राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं। इस मामले में भाजपा सरकार की खुब्ब फ़ज़ीहत हुई है। इस हादसे में 134 लोगों की मौत हो गई थी। कांग्रेस ने इस हादसे के बाद भाजपा पर लगातार हमलावर रुख अपना रखा है। आप भी भाजपा को निशाने पर रख रही है। आरोप है कि भाजपा सरकार हादसे के असली जिम्मेदार लोगों को बचाने की कोशिश कर रही है।

छह राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान शुरु, अभी तक मतदान शांतिपूर्ण

देश के कुछ राज्यों में सात विधानसभा सीटों के उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। यह उपचुनाव बिहार, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, हरियाणा, तेलंगाना, ओडिशा राज्यों में हो रहे हैं। इन उपचुनावों के नतीजे से पार्टियों की लोकप्रियता की भी कुछ झलक मिल जाएगी। अभी तक मतदान शांतिपूर्ण होने की खबर है।

यह उपचुनाव दो बड़े राज्यों गुजरात और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले हो रहे हैं। इन दोनों ही राज्यों में भाजपा की साख दांव पर लगी हुई है। हरियाणा में आदमपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा की इज्जत दांव पर लगी हुई है। वहां कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए कुलदीप बिश्नोई के बेटे को भाजपा ने टिकट दिया है। कांग्रेस उम्मीदवार की तरफ से उन्हें कड़ी टक्कर मिल रही है।

उधर बिहार में मोकामा और गोपालगंज सीट पर, महाराष्ट्र में मुंबई के अंधेरी ईस्ट, हरियाणा में आदमपुर, तेलंगाना के मुनुगोड, यूपी में गोला गोरखनाथ और ओडिशा की धामनगर सीट पर विधानसभा उपचुनाव के लिए भी वोट पड़ने शुरू हो गए हैं। इन तमाम सीटों पर उपचुनाव विधायक के निधन या इस्तीफ़े से हो रहा है।

उत्तर प्रदेश की गोला गोकर्णनाथ विधानसभा सीट भाजपा विधायक अरविंद गिरि को दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो जाने के कारण रिक्त हुई है। बसपा और कांग्रेस ने इस सीट पर उम्मीदवार उतारे ही नहीं हैं। वहां भाजपा और सपा में  मुकाबला है। यह सीट केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा (टेनी) के संसदीय निर्वाचन क्षेत्र खीरी में आती है। मिश्रा पिछले साल तिकुनिया क्षेत्र में हुई हिंसा में चार किसानों सहित आठ लोगों की मौत पर विपक्ष के निशाने पर रहे हैं क्योंकि उनके बेटे इस मामले में मुख्य आरोपी हैं।

उधर गोपालगंज सीट पर आरजेडी, भाजपा और बसपा के साथ-साथ ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रत्याशी मुख्य मुकाबले में हैं।

मोकामा (बिहार) सीट पर आरजेडी और भाजपा के अलावा चार और उम्मीदवार हैं। जेडीयू के साथ गठबंधन के बाद सत्ता में आई आरजेडी को कांग्रेस, जेडीयू सहित गठबंधन सहयोगियों का समर्थन है।

मोरबी हादसे के बाद पुल रिपेयर करने वाली कंपनी का मालिक फरार, फार्म हाउस पर भी लगा है ताला

गुजरात के मोरबी में पुल के गिरने से 135 लोगों की मौत हो गई थी और इस घटना के तीन दिन बाद भी खराब मरम्मत के लिए जिम्मेदार ‘The Oreva’ कंपनी  का मालिक अभी तक लापता हैं।

इस कंपनी को मार्च महीने में पुल के रखरखाव के लिए 15 साल का कॉन्ट्रैक्ट दिया गया था किंतु पुल की मरम्मत करके सात महीने बाद जो कि तय समय से पहले ही पुल को जनता के लिए खोल दिया गया।

बता दें मोरबी नगर निकाय ने बिना बोली के इस कंपनी को यह कॉन्ट्रेक्ट दिया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि ओरेवा के एमडी जयसुखभाई पटेल इस हादसे के बाद से ही लापता हैं। साथ ही अहमदाबाद में कंपनी का फार्महाउस भी बंद हैं और वहां एक भी सुरक्षा गार्ड भी मौजूद नहीं हैं।

हादसे के बाद से लगातार विपक्ष और हादसे में बचे लोग लगातार पुलिस प्राथमिकी पर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि इसमें कंपनी के शीर्ष अधिकारी और नगर निकाय के अधिकारियों का नाम नहीं है, उन्होंने कई खामियों के बावजूद इस कॉन्ट्रैक्ट को साइन किया था।

पी चिदम्बरम् ने ट्वीट कर कहा कि, “मोरबी त्रासदी के 48 घंटे बाद भी गुजरात सरकार और भाजपा बुनियादी सवालों का जवाब क्यों नहीं दे रही हैं? और एफआईआर में ओरेवा कंपनी के मालिकों और नगरपालिका अधिकारियों का नाम क्यों नहीं लिया गया? ”

आपको बता दें, मंगलवार को कोर्ट में बताया गया कि, पुल की मरम्मत करने वाले ठेकेदार ऐसे काम के लिए योग्य नहीं थे फिर भी इन ठेकेदारों को वर्ष 2007 में और फिर वर्ष 2022 में पुल की मरम्मत का काम दिया गया था।

पुल का फर्श बदल दिया गया था लेकिन उसके पुराने केबल बदले नहीं गए थे। अभियोजन पक्ष ने एक फोरेंसिक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि केबल नए फर्श का वजन नहीं सहन कर पाए और टूट गए। फर्श में इस्तेमाल होने वाली चार-परत की एल्यूमीनियम शीट की वजह से पुल का वजन बढ़ गया था, और केबल इसे झेल नहीं पाई।

मध्य प्रदेश में चार साल की बच्ची के साथ रेप करने के बाद झाड़ियों में फेंका

मध्य प्रदेश के खंडवा में चार साल की बच्ची के साथ रेप कर उसे झाड़ियों में फेंक दिया गया। मासूम बच्ची 16 घंटे बाद घर से करीब 2 किलोमीटर झाड़ियों में तड़पती हुई मिली।

बता दें सोमवार को 4 साल की बच्ची अपने घर से गायब हो गई थी। ये बच्ची दीपावली के मौके पर अपने बुआ के घर आई हुई थी। बच्ची की बुआ का परिवार खेतों में कटाई का काम करता है और खेत में ही झोपड़ी बनाकर रहता है।

बच्ची की बुआ के घर के पास में ही एक ढाबा है और ढाबे पर काम करने वाला राजकुमार पिछले कई दिनों से बच्ची को रोजाना मोबाइल दिखाता था। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में कबूल किया है कि उसने बच्ची के साथ रेप किया और फिर उसे झाड़ियों में फेंक दिया।

बच्ची के लापता होने पर उसके परिजनों ने उसे ढूंढने की पूरी कोशिश की परंतु जब वह नहीं मिली तब उन्होंने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज करवाई थी। इसके बाद खंडवा एसपी विवेक सिंह ने 200 पुलिसकर्मियों की टीम बनाई और बच्ची को ढूंढने की पूरी कोशिश की गई। बच्ची के ना मिलने पर संदिग्ध आरोपी के मोबाइल लोकेशन को ट्रेस किया गया, फिर उसे रात में पकड़ लिया गया।

आरोपी ने पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में कबूल किया है कि उसने बच्ची के साथ रेप किया और उसे झाड़ियों में फेंक दिया। जब पुलिस वहां पहुंची तो बच्ची झाड़ियों में तड़प रही थी। साथ ही उसके प्राइवेट पार्ट्स में गंभीर चोट थी। इसके बाद बच्ची को इलाज के लिए इंदौर रेफर कर दिया गया।

इस मामले में राज्य के मुख्यमंत्री और गृह मंत्री ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है और पॉक्सो एक्ट के साथ-साथ धारा 376 के तहत मामला दर्ज किया गया हैं।

राहुल गांधी के साथ ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में तेलंगना में शामिल हुईं अभिनेत्री पूजा भट्ट

सोशल मीडिया पर अपने विचार रखने के लिए जाने जाने वालीं अभिनेत्री और फिल्म निर्माता पूजा भट्ट भी बुधवार को राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुईं। यात्रा में आम जनता के अलावा बड़ी संख्या में जाने माने लोग और बुद्धिजीवी भी जुड़ रहे हैं।

पदयात्रा में शामिल होने के बाद पूजा भट्ट को राहुल गांधी के साथ कुछ मुद्दों पर चर्चा करते देखा गया। कांग्रेस ने पूजा भट्ट के भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने की तस्वीरें ट्विट्टर पर साझा की हैं। सोशल मीडिया पर राहुल गांधी के साथ यात्रा की तस्वीरें पोस्ट करते हुए पार्टी ने कहा – ‘हर रोज देश में मोहब्बत चाहने वालों की तादाद बढ़ रही है।’

याद रहे पूजा भट्ट सोशल मीडिया पर विभिन्न मुद्दों पर मुखर रही हैं। उन्होंने 1989 में  फिल्म डैडी के साथ एक अभिनेत्री के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। वे जाने माने फिल्मकार महेश भट्ट की बेटी हैं।

इस बीच बुधवार को 56वें दिन भारत जोड़ो यात्रा तेलंगना के हैदराबाद सिटी की बालानगर मेन रोड पर शुरू हुई। शाम को यात्रा मुथंगी के पास हरि दोष में रुकेगी, जबकि रात में यात्री गणेश मंदिर रुद्रराम के सामने कौलमपेट के पास ठहरेंगे।