गुजरात विधानसभा के लिए चुनाव तारीखों की आज घोषणा करेगा आयोग, 12 बजे होगी प्रेस कांफ्रेंस  

चुनाव आयोग गुजरात विधानसभा चुनाव की तारीखों की आज घोषणा कर सकता है। संभावना है कि यह चुनाव दो चरणों में महीने के आखिर या अगले महीने के पहले हफ्ते होंगे। हिमाचल प्रदेश के चुनाव की घोषणा आयोग पहले ही कर चुका है जो 12 नवंबर को होंगे। दोनों ही राज्यों के नतीजे 8 दिसंबर को आएंगे। गुजरात में भाजपा,  कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में मुकाबला है।

आयोग ने दोपहर 12 बजे प्रेस कांफ्रेंस रखी है जिसमें चुनाव तारीखें घोषित की जाएंगी। यह प्रेस कांफ्रेंस आकाशवाणी भवन के रंग भवन ऑडिटोरियम में होगी। गुजरात में  2017 में दो चरण में मतदान हुआ था लिहाजा संभावना है कि इस बार भी ऐसा हो सकता है।

राज्य में चुनाव प्रचार पहले से ही उफान पर है। वहां सत्तारूढ़ भाजपा, विपक्षी कांग्रेस और पहले बार मैदान में उतर रही आम आदमी पार्टी में मुकाबला होगा। गुजरात में विधानसभा की 182 सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए 92 विधायक की जरूरत रहेगी।

पिछले चुनाव में 2017 में भाजपा ने 99 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी। उस चुनाव में कांग्रेस को 77 सीटें मिली थीं। अन्य को छह सीटें हासिल हुई थीं। कांग्रेस ने इस बार गुजरात में ज़मीनी अभियान चलाया है जिसमें फिलहाल क्षेत्रीय नेता जुटे हुए हैं। राष्ट्रीय नेताओं के 12 नवंबर के बाद प्रचार में आने की संभावना है।

उधर भाजपा के लिए पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत भाजपा के तमाम बड़े नेता लगातार प्रचार कर रहे हैं। आप के लिए राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल लगातार गुजरात के दौरे कर रहे हैं।

राज्य में हाल में मोरबी पुल ढहने से राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं। इस मामले में भाजपा सरकार की खुब्ब फ़ज़ीहत हुई है। इस हादसे में 134 लोगों की मौत हो गई थी। कांग्रेस ने इस हादसे के बाद भाजपा पर लगातार हमलावर रुख अपना रखा है। आप भी भाजपा को निशाने पर रख रही है। आरोप है कि भाजपा सरकार हादसे के असली जिम्मेदार लोगों को बचाने की कोशिश कर रही है।