छह राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान शुरु, अभी तक मतदान शांतिपूर्ण

देश के कुछ राज्यों में सात विधानसभा सीटों के उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। यह उपचुनाव बिहार, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, हरियाणा, तेलंगाना, ओडिशा राज्यों में हो रहे हैं। इन उपचुनावों के नतीजे से पार्टियों की लोकप्रियता की भी कुछ झलक मिल जाएगी। अभी तक मतदान शांतिपूर्ण होने की खबर है।

यह उपचुनाव दो बड़े राज्यों गुजरात और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले हो रहे हैं। इन दोनों ही राज्यों में भाजपा की साख दांव पर लगी हुई है। हरियाणा में आदमपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा की इज्जत दांव पर लगी हुई है। वहां कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए कुलदीप बिश्नोई के बेटे को भाजपा ने टिकट दिया है। कांग्रेस उम्मीदवार की तरफ से उन्हें कड़ी टक्कर मिल रही है।

उधर बिहार में मोकामा और गोपालगंज सीट पर, महाराष्ट्र में मुंबई के अंधेरी ईस्ट, हरियाणा में आदमपुर, तेलंगाना के मुनुगोड, यूपी में गोला गोरखनाथ और ओडिशा की धामनगर सीट पर विधानसभा उपचुनाव के लिए भी वोट पड़ने शुरू हो गए हैं। इन तमाम सीटों पर उपचुनाव विधायक के निधन या इस्तीफ़े से हो रहा है।

उत्तर प्रदेश की गोला गोकर्णनाथ विधानसभा सीट भाजपा विधायक अरविंद गिरि को दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो जाने के कारण रिक्त हुई है। बसपा और कांग्रेस ने इस सीट पर उम्मीदवार उतारे ही नहीं हैं। वहां भाजपा और सपा में  मुकाबला है। यह सीट केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा (टेनी) के संसदीय निर्वाचन क्षेत्र खीरी में आती है। मिश्रा पिछले साल तिकुनिया क्षेत्र में हुई हिंसा में चार किसानों सहित आठ लोगों की मौत पर विपक्ष के निशाने पर रहे हैं क्योंकि उनके बेटे इस मामले में मुख्य आरोपी हैं।

उधर गोपालगंज सीट पर आरजेडी, भाजपा और बसपा के साथ-साथ ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रत्याशी मुख्य मुकाबले में हैं।

मोकामा (बिहार) सीट पर आरजेडी और भाजपा के अलावा चार और उम्मीदवार हैं। जेडीयू के साथ गठबंधन के बाद सत्ता में आई आरजेडी को कांग्रेस, जेडीयू सहित गठबंधन सहयोगियों का समर्थन है।