Home Blog Page 282

एनआईटी सिलचर में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के एक छात्र ने की खुदकुशी, नाराज छात्र कर रहे है विरोध प्रदर्शन

असम के कछार जिले के सिलचर में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) के छात्रावास में एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। यह छात्र अरुणाचल प्रदेश का था।

इस घटना के बाद से ही एनआईटी सिलचर कैंपस में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। सूत्रों के अनुसार छात्रों द्वारा रजिस्ट्रार के आधिकारिक आवास पर घेराव किया गया है।

कॉलेज कैंपस में तनाव बढ़ने के बाद प्रदर्शनकारी छात्रों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा है।

पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

सूत्रों के अनुसार पुलिस का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है लेकिन तनाव बना हुआ है। क्योंकि आज और अधिक छात्र आंदोलन कर सकते है।

बताया जा रहा है कि छात्र इलेक्ट्रिकल विभाग के तीसरे सेमेस्टर का छात्र था। और वह बैक क्लियर नहीं कर पा रहा था। छात्र ने अधिकारियों से अगले सेमेस्टर के लिए पंजीकरण करने की अनुमति देने का अनुरोध किया था, लेकिन कथित तौर पर उसके अनुरोध को अस्वीकार कर दिया गया था।

ईडी ने महादेव सट्टा एप पर लिया एक्शन, बरामद किए दस्तावेज और सैकड़ो करोड़ रूपये

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ऑनलाइन सट्टेबाजी एप महादेव सट्टा पर कार्रवाई की है। ईडी ने इस एप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क के खिलाफ भोपाल, कोलकाता, मुंबई में छापेमारी की है।

ईडी द्वारा की गई इस कार्रवाई में करीब 417 करोड़ रुपये की अपराध आय को फ्रीज किया गया है। साथ ही इस छापेमारी में ईडी के हाथ कई आपत्तिजनक दस्तावेज भी लगे है।

अधिकारियों ने बताया कि, महादेव ऑनलाइन बुक एप यूएई से चलाया जाता है। लेकिन कंपनी के प्रमोटर छत्तीसगढ़ के भिलाई के रहने वाले हैं।

आपको बता दें, महादेव ऑनलाइन बुक बेटिंग एप्लिकेशन अवैध सट्टेबाजी वेबसाइटों को सक्षम करने के लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की व्यवस्था करने का एक प्रमुख सिंडिकेट हैं।

जम्मू-कश्मीर: पिछले 48 घंटों से जारी मुठभेड़ में सेना का एक जवान लापता, घने जंगलों में छिपे है आतंकी

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में आतंकवादियों के साथ सेना की 48 घंटे से मुठभेड़ चल रही है। इस मुठभेड़ में एक सैनिक लापता और दो अन्य घायल हैं।

सेना और पुलिस ने मंगलवार की देर रात आतंकियों की तलाश के लिए ज्वाइंट सर्च ऑपरेशन चलाया था। और यह भीषण मुठभेड़ बुधवार की सुबह शुरू हुर्इ।

जानकारी के अनुसार मुठभेड़ में घायल हुआ एक जवान लापता है और वहां अभी भी दो-तीन आतंकी छुपे हुए हैं। ये वही आतंकी है जिनके बारे में इंटेलिजेंस इनपुट मिलने पर मंगलवार देर रात को ऑपरेशन लॉन्च किया गया था।

हालांकि आतंकियों पर ड्रोन और हैरोन से भी नजर रखी जा रही है ताकि वे बच न पाएं। चिनार कोर के जनरल-ऑफिसर-कमांडिंग (जीओसी), लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घर्इ और विक्टर फोर्स के जीओसी, मेजर जनरल बलबीर सिंह ऑपरेशन की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि, आतंकवादियों को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि, इस एंटी टेरर ऑपरेशन को सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस को अंजाम दे रहे हैं। इस ऑपरेशन में आतंकवादियों को काबू करने के लिए नये जनरेशन के हथियार और तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। 40 घंटे से ज्यादा समय से चल रहे इस ऑपरेशन में हमला करने में सक्षम हेरॉन ड्रोन का भी प्रयोग किया जा रहा है।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के ड्रीम वैली प्रोजेक्ट में निर्माणाधीन साइट पर लिफ्ट टूटने से चार की मौत

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के ड्रीम वैली प्रोजेक्ट में निर्माणाधीन साइट पर शुक्रवार की सुबह एक लिफ्ट टूटने के हादसे में चार मजदूरों की मौत हो गई। लिफ्ट टूटने से लिफ्ट में फंसे चार मजदूरों को अस्पताल भेजा गया लेकिन इलाज के दौरान चारों की मौत हो गई।

सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। निर्माणाधीन साइट पर फिलहाल काम बंद कर दिया है पुलिस मृतकों की शिनाख्त कर रही है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा में हुए दर्दनाक हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। और जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित इलाज के निर्देश व दोषियों के खिलाफ जांच कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए है।

नूंह हिंसा: कांग्रेस नेता मामन खान को आज कोर्ट में किया जाएगा पेश, जिले में धारा 144 लागू

हरियाणा कांग्रेस विधायक मामन खान को पुलिस ने नूंह हिंसा मामले में गुरुवार को गिरफ्तार किया था। मामन खान की गिरफ्तारी के बाद नूंह में कड़ी सुरक्षा की गयी है।

मामन खान को कोर्ट में पेश करने से पहले नूंह डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और इलाके में धारा 144 लगाई गई है। साथ ही मुस्लिम समुदाय से जुमे की नमाज घरों पर ही पढ़ने की अपील की गई हैं।

बिलकिस बानो केस: सुप्रीम कोर्ट ने कहा- हर दोषी एक जैसा नहीं होता, कुछ दोषियों को मिल जाते हैं विशेषाधिकार

सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को बिलकिस बानो केस के दोषियों की रिहाई को लेकर कहा कि, हर दोषी एक जैसा नहीं होता है और कुछ लोग तो दूसरों के मुकाबले विशेषाधिकार जैसी स्थिति में होते हैं।

जस्टिस बीवी नागरत्ना और जस्टिस उज्ज्वल भुयान की बेंच में इस बात को लेकर सुनवाई चल रही है और सुनवाई के दौरान बेंच ने कहा कि, बिलकिस बानो केस के दोषी उन लोगों के साथ अपनी तुलना नहीं कर सकते, जो अपनी सजा के दौरान कभी पैरोल पर जेल से बाहर ही नहीं गए।

सीनियर एडवोकेट सिद्धार्थ लूथरा ने एक दोषी का पक्ष रखते हुए कहा कि, इन लोगों में बहुत सुधार आया था। जेल के अंदर इनका व्यवहार काफी अच्छा रहा है। ऐसे में सुधार का मौका देने के सिद्धांत के तहत उनकी रिहाई गलत नहीं थी।

लूथरा ने आगे कहा कि, जेल के अंदर पूरी जिंदगी गुजारना कठिन होता है। ये लोग बीते 15 सालों से जेल में बंद थे और इनका परिवार बाहर इंतजार कर रहा था। इन लोगों का इंतजार था कि ये जेल से बाहर आएं और सुधरे हुए इंसान के तौर पर जिंदगी बिताएं। सुधार ही तो न्याय की अहम कड़ी है।

सीनियर वकील सिद्धार्थ लूथरा की बातों से अदालत संतुष्ट नहीं दिखी। बेंच ने लूथरा के तर्क के जवाब में कहा कि, लेकिन इस मामले में ये लोग कई बार जेल से बाहर आए। कुछ कैदी ऐसे होते हैं, जिन्हें दूसरों के मुकाबले ज्यादा अधिकार मिलते है। यह अहम बिंदु है, जिस पर हम बात करना चाहते हैं।

बता दें सुप्रीम कोर्ट बिलकिस बानो गैंगरेप और उसके परिवार के सदस्यों की हत्या करने का आरोप के दोषियों पर उम्रकैद की सजा पाए 11 दोषियों की रिहाई के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई कर रही है। 

संसद के विशेष सत्र में लाने वाले चार बिलों की केंद्र सरकार ने दी जानकारी

केंद्र सरकार ने 18 सितंबर से 22 सितंबर तक संसद का विशेष सत्र बुलाया है। केंद्र सरकार ने बुधवार को यह साफ कर दिया कि इस विशेष सत्र में किन मुद्दों पर चर्चा होगी।

सरकार ने बताया कि, वह देश की आजादी के बाद संविधान सभा के गठन से लेकर 75 सालों तक की देश की यात्रा, उसकी उपलब्धियों, अनुभवों और सीख पर चर्चा करेगी। साथ ही चार बिलों पर लोकसभा में चर्चा करके पारित कराना रहेगा।

इन चार बिलों में एडवोकेट संशोधन, प्रेस एंड रजिस्ट्रेशन ऑफ पिरियोडिकल्स बिल, पोस्ट ऑफिस बिल और मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्त नियुक्ति सेवा शर्त बिल पेश किए जाएंगे।

वहीं एडवोकेट संशोधन विधेयक 2023, प्रेस और आवधिक पंजीकरण विधेयक 2023 को राज्यसभा से पास कराया जा चुका है। साथ ही डाकघर विधेयक 2023 और मुख्य निर्वाचन आयुक्त बिल राज्यसभा में चर्चा के लिए पेश किए जाने हैं।

स्कूल के बच्चों से भरी नाव बीच भंवर में डूबी, 18 बच्चे सुरक्षित और दर्जन भर लापता: बिहार

बिहार के मुजफ्फरपुर में एक बड़ा नाव हादसा हुआ जिसमें 32 स्कूल जाने वाले बच्चे डूब गए है। इनमें से 18 बच्चों को बचा लिया गया है और कई अभी भी लापता है।

यह हादसा गायघाट थाना इलाके के बेनीबाद ओपी स्कूल में जाने वाले बच्चो का है। हादसा गुरुवार को मधुरपट्टी घाट पर हुआ।

बताया जा रहा है कि पास के गांव के करीब 32 बच्चे स्कूल जाने के लिए नाव में सवार हुए थे और नाव के नदी में समाने के बाद सभी पानी में डूबने लगे।

हालांकि नाविक और स्थानीय लोगों ने 18 बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया है लेकिन अभी भी दर्जन भर बच्चे लापता है और स्थानीय गोताखोर उनकी तलाश में जुटे हैं।

बता दें, गायघाट और बेननीबाद ओपी पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है लेकिन बच्चों के माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल है। स्थानीय निवासी राकेश कुमार का कहना है कि नाव पर क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया गया था जिस कारण नदी के बीच में नाव के पहुंचने पर वो डगमगाने लगी और अनियंत्रित होकर पलट गई।

मध्य प्रदेश में पीएम मोदी ने 50 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं का किया शिलान्यास

चुनावी राज्य मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के लोगों को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देने वाले है। पीएम मोदी आज सुबह एमपी के बीना पहुंचे जहां उन्होंने 50,700 करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं का शिलान्यास किया।

मध्य प्रदेश की विकास परियोजनाओं में बीना रिफाइनरी में पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स और राज्य भर में 10 नयी औद्योगिक परियोजनाएं शामिल है।

पीएम मोदी दोपहर करीब 2 बजे वायुसेना के विशेष विमान से छत्तीसगढ़ के रायगढ़ पहुंचकर जनसभा को संबोधित करने के साथ ही लगभग 6,350 करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।

जम्मू-कश्मीर: एनकाउंटर में शहीद हुए सेना के तीन जवान, अचानक हुआ था हमला

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में मंगलवार की शाम को आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में दो सेना के अधिकारी और एक डीएसपी शहीद हो गए हैं। इनमें मोहाली के कर्नल मनप्रीत सिंह (41), मेजर आशीष धोनैक और उपाधीक्षक हुमायूँ भट शामिल है जिन्होंने देश के लिए अपनी जान न्योछावर कर दी।

बता दें सुरक्षाबलों को कोकेरनाग इलाके जवानों पर हमले के साजिशकर्ता आतंकवादियों के छिपे होने की प्राप्त हुई थी। जिसके बाद एक टीम ने मौके पर पहुंच कर घेरा बंदी की और दोनों तरफ से ताबड़तोड़ फायरिंग होने के बाद हमारे तीन जांबाज बहादुरों ने जान गवा दी।

सूत्रों के अनुसार सेना को आतंकवादियों के मूवमेंट की जानकारी प्राप्त हुई थी और उसकी जानकारी के आधार पर घेराबंदी की गई थी। जैसे ही सेना की टीम ने ऊंचाई वाली जगह पर चढ़ाई की तो पहले से ही छिपे आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी।