Home Blog Page 349

इमरान की कोर्ट में पेशी नहीं होगी, हिरासत में जहां रखा गया वहीं से होगी सुनवाई

पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी और उनसे हुए व्यवहार के बाद पाकिस्तान में तूफ़ान मच गया है। वहां हालत बहुत खराब हो गए हैं और कई जगह सेना अधिकारियों के घर पर हमले हुए हैं। खान की आज कोर्ट में पेशी नहीं होगी। कयास लगाए जा रहे है कि दोपहर 3 बजे सुनवाई हो सकती है।

बवाल और उबलते हालात को देखते हुए राजधानी इस्लामाबाद पुलिस लाइन में एक विशेष अदालत लगाई जाएगी। इसमें तोशख़ाना मामले में भी इमरान पर आरोप तय हो सकते हैं। इस्लामाबाद से जो तस्वीरें सामने आई हैं, उनमें दिख रहा है कि इमरान खान एक कुर्सी पर बेहद चिंतित मुद्रा में बैठे हैं।

इमरान खान को मंगलवार को इस्लामाबाद हाईकोर्ट के परिसर से गिरफ्तार कर खींचकर गाड़ी में बिठाकर पाकिस्तानी रेंजर्स ले गए थे। हाईकोर्ट ने भी इमरान की गिरफ़्तारी को वैधानिक ठहराया जिसके बाद पीटीआई समर्थक सड़कों पर उतरकर हिंसा और आगज़नी करने लगे। लाहौर में पीटीआई समर्थकों ने पीएमएनएल के दफ़्तर को आग के हवाले कर दिया। लंदन में पूर्व प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ के घर के बाहर इमरान समर्थकों ने बड़ी संख्या में जमा होकर इमरान की गिरफ़्तारी पर विरोध-प्रदर्शन किया।

खान के समर्थकों ने रावलपिंडी में सेना के मुख्यालय और लाहौर में कोर कमांडर के आवास पर धावा बोल दिया। खान को गिरफ्तार किए जाने की खबर फैलते ही पाकिस्तान के कई शहरों में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। कई जगह प्रदर्शनकारी हिंसक हो गए हैं। उन्होंने पुलिस वाहनों को आग के हवाले कर दिया और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है।

लाहौर में, बड़ी संख्या में इमरान खान की पार्टी पीटीआई कार्यकर्ताओं ने कोर कमांडर के लाहौर आवास पर धावा बोल दिया और गेट और खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। ख़बरें हैं कि सेना के जवानों ने उग्र प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश नहीं की।  प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान सेना के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही छावनी इलाके में विरोध प्रदर्शन किया।  

इस बीच अमेरिका, ब्रिटेन और कनाडा ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक अशांति का हवाला देते हुए अपने नागरिकों के लिए नई ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है।

अमेरिकी दूतावास की एडवाइजरी में कहा गया है कि ‘अमेरिकी दूतावास इस्लामाबाद में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़पों की पहले की खबरों और छिटपुट प्रदर्शनों की निगरानी कर रहा है। ऐसे में पाकिस्तान की जगह कहीं और जाने की योजना बनाई जा सकती है।’

पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान इस्लामाबाद में गिरफ्तार किया गया

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। इमरान पहले से अपनी गिरफ्तारी की आशंका जता रहे थे। उन्हें आज इस्लामाबाद हाईकोर्ट के बाहर से गिरफ्तार किया गया।

इस्लामाबाद पुलिस ने अपने ट्विटर हैंडल पर पोस्ट करके लिखा – ‘इमरान खान को अल कादिर ट्रस्ट से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार किया गया है।’ उन्हें पाकिस्तानी रेंजर्स ने तब गिरफ्तार किया जब वह अपने खिलाफ दर्ज मामलों में जमानत लेने कोर्ट पहुंचे थे।

याद रहे सोमवार को ही पाकिस्तान के आईएसआई से जुड़े एक सेना अधिकारी मेजर जनरल फैसल नसीर पर उनकी हत्या की साजिश का आरोप लगाया था और सेना ने इन आरोपों की निंदा की थी।

सेना की मीडिया शाखा ‘इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस’ (आईएसपीआर) ने कड़े शब्दों वाले एक बयान में कहा कि इमरान खान के ‘मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण आरोप बेहद दुर्भाग्यपूर्ण, निंदनीय और अस्वीकार्य हैं’।

आईएसपीआर ने अपने बयान में कहा कि ‘पिछले एक साल से देखा जा रहा है कि सेना और खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों को राजनीतिक उद्देश्यों की पूर्ति के लिए निशाना बनाया जा रहा है और उनपर आक्षेप लगाए जा रहे हैं।’ यही नहीं पीएम शहबाज शरीफ ने भी इमरान खान की सेना और खुफिया एजेंसियों को ‘बदनाम करने और धमकाने’ के लिए निंदा की थी।

मणिपुर हिंसा में 60 लोगों की गई जान और 231 लोग हुए हैं घायल

इंफाल के हिंसा प्रभावित क्षेत्र में मंगलवार को जिन 11 जिलों में कर्फ्यू लगाया गया था वहां भी इसमें ढील दी गई है। यहां सुधार हो रहा है तथा किसी भी अप्रिय घटना की कोई ताजा खबर नहीं है। इस जातीय हिंसा में 60 लोगों की मौत हो गयी और 231 लोग घायल हुए हैं। इस दौरान मंदिरों तथा गिरजाघरों समेत 1,700 इमारत और मकान जला दिये गये। वहीं सुरक्षा बलों से लूटे गए 214 आर्म्स बरामद कर लिए गये हैं।


मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कहा कि पिछले कुछ दिन में पूर्वोत्तर राज्य में जातीय हिंसा में 60 लोगों की मौत हो गयी और 231 लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि इस हिंसा के दौरान मंदिरों तथा गिरजाघरों समेत 1,700 इमारत और मकान जला दिये गये। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पूरे राज्य में स्थिति में सुधार हो रहा है, पिछले 24 घंटों में हिंसा की कोई खबर नहीं है… इंफाल पश्चिम और इंफाल पूर्व में आज सुबह पांच बजे से चार घंटे के लिए कर्फ्यू में ढील दी गई है। अन्य नौ प्रभावित जिलों में भी इसी तरह की छूट दी जा रही है।


मणिपुर में बहुसंख्यक मेइती समुदाय द्वारा उसे अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा दिए जाने की मांग के विरोध में ह्यआॅल ट्राइबल स्टूडेंट यूनियन मणिपुरह्ण (एटीएसयूएम) की ओर से तीन मई को आयोजित ह्यआदिवासी एकजुटता मार्चह्ण के दौरान चुराचांदपुर जिले के तोरबंग क्षेत्र में हिंसा भड़क गई थी, जो रातोंरात पूरे राज्य में फैल गई थी। पूर्व में आरक्षित वन भूमि से कुकी ग्रामीणों को बेदखल करने पर उत्पन्न तनाव के चलते झड़पें हुईं, जिसके कारण कई छोटे-छोटे प्रदर्शन हुए।
मणिपुर की कुल आबादी में मेइती समुदाय की 53 प्रतिशत हिस्सेदारी होने का अनुमान है। इस समुदाय के लोग मुख्यत: इंफाल घाटी में रहते हैं। वहीं, नगा और कुकी सहित अन्य आदिवासी समुदायों की आबादी 40 प्रतिशत के करीब है तथा वे मुख्यत: इंफाल घाटी के आसपास स्थित पहाड़ी जिलों में रहते हैं।


मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने सोमवार शाम को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राज्य मंत्रिमंडल ने मृतकों के परिवार को पांच-पांच लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को दो-दो लाख रुपये तथा मामूली रूप से घायल लोगों को 25,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि ये बहुत-बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं हैं। मैं लोगों से जल्द से जल्द शांति का माहौल बनाने की अपील करता हूं।


सिंह ने बताया कि हिंसा के दौरान मंदिरों तथा गिरजाघरों समेत 1,700 इमारत और मकान जला दिये गये। उन्होंने कहा कि उन लोगों को दो-दो लाख रुपये दिए जाएंगे जिनके मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। सिंह ने कहा कि मणिपुर में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद राहत शिविरों में फंसे 20,000 से अधिक लोगों को अब सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया। 10,000 और लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जाएगा…। मानव जीवन अनमोल है और घरों और संपत्तियों को नष्ट करना अस्वीकार्य है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षाबल के कर्मियों से 1,041 बंदूक लूटी गयीं जिनमें से 214 बरामद कर ली गयी हैं।
सिंह ने कहा कि सरकार ने चुराचांदपुर, उखरुल, इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व और कांगपोकपी जिलों के फंसे लोगों को वापस लाने के लिए कई कदम उठाए हैं।

सिंह ने कहा कि पुलिस अधीक्षकों को संवेदनशील इलाकों की पहचान करने तथा मालिकों की अनुपस्थिति में भूमि और संपत्ति की चौबीसों घंटे सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। उन्हें लूट या ऐसी जमीन और संपत्ति पर कब्जा जमाने की कोशिश करने वाले लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार तत्काल कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया है।

द केरल स्टोरी: एमपी के बाद यूपी ने टैक्स फ्री की मूवी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी में ‘द केरल स्टोरी’ को टैक्स फ्री करने का ऐलान किया है। साथ ही सीएम योगी आदित्यनाथ पूरे मंत्रिमंडल के साथ शुक्रवार की शाम फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग में भी जा सकते है।

सीएम योगी ने ट्वीट कर कहा कि, “The Kerala Story उत्तर प्रदेश में टैक्स फ्री की जाएगी।” बता दें, इससे पहले मध्य प्रदेश सरकार ने द केरल स्टोरी को टैक्स फ्री करने का ऐलान किया था। राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर इसकी घोषणा की थी।

शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर कहा था कि, “द केरल स्टोरी एक ऐसी फिल्म है, जिसमें आतंकवाद के भयावह सच को उजागर किया है। मध्य प्रदेश में फिल्म को टैक्स फ्री करने का फैसला लिया गया है। ”

वहीं दूसरी तरफ बंगाल सरकार ने द केरल स्टोरी पर बैन लगाया है। राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चीफ सेक्रेटरी को आदेश दिए है कि द केरल स्टोरी फिल्म को सभी थिएटर से हटा दिया जाए। ममता बनर्जी ने भाजपा पर इल्जाम लगाया है कि गलत कहानी वाली बंगाल फाइल्स बनाने के लिए फिल्मकारों को पैसे दे रही है।

फिल्म के प्रोड्यूसर विपुल शाह ने बंगाल में फिल्म को बैन करने की निंदा की है। और कहा है कि बंगाल सरकार के खिलाफ वे कोर्ट जाएंगे।

एमपी के खरगोन में बस पुल से नीचे गिरी, 15 से ज्यादा की मौत

मध्य प्रदेश में मंगलवार सुबह एक बड़े हादसे में 15 से ज्यादा लोगों की लोगों की मौत हो जाने की आशंका है। यह हादसा खरगोन में हुआ जहाँ एक तेज रफ़्तार बस पुल से नीचे जा गिरी। घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। मरने वालों की संख्या ज्यादा हो सकती है।

जानकारी के अनुसार इंदौर जा रही तेज रफ्तार बस दसंगा गाँव के पास अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरी। बचाव कार्य जारी है। लोगों को बस से निकाला जा रहा है।

बस खरगोन के सेगांव से इंदौर जा रही थी। बस में 40 लोग सवार थे जिनमें से कई गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

मध्य प्रदेश सरकार ने बस दुर्घटना में मृतकों के परिवारजनों को 4 लाख रुपए की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। गंभीर रूप से घायलों को 50 हजार, कम और  साधारण घायलों को 25 हजार रुपये दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था मध्यप्रदेश सरकार कर रही है।

अमृतसर ब्लास्ट मामले में एनआईए ने शुरू की जांच, अभी सुराग नहीं

पंजाब के अमृतसर में हुए धमाके की जांच तेज कर दी गयी है। रविवार को यह ब्लास्ट हेरिटेज स्ट्रीट में हुए थे। अब जांच में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) भी जुड़ गयी है।

हेरिटेज स्ट्रीट में स्थित सारागढ़ी पार्किंग के बाहर धमाका करने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ कोतवाली थाने की पुलिस ने सोमवार को एफआईआर की थी। इसके बाद शाम को एनआईए की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गयी।  

एनआईए के अधिकारियों अमृतसर कमिश्नरेट के अधिकारियों से पुलिस लाइन में बैठक की। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक एनआईए ने फॉरेंसिक टीम के सदस्यों से भी इस बारे में पूछताछ की है।

घटना के जिम्मेदार लोगों का पता लगाने के लिए पुलिस सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही है। रविवार को हुए विस्फोट को लेकर पुलिस के कहा कि यह श्री हरिमंदिर साहिब  के पास हुआ था। इस घटना में एक व्यक्ति को हल्की चोटें आई थीं।

दिल्ली आर्मी बेस अस्पताल में आग की घटना, चिकित्सा उपकरण हुए स्वाहा

दिल्ली कैंट इलाके में स्थित आर्मी बेस अस्पताल में आग की घटना हुई है। इस घटना में चिकित्सा उपकरण स्वाह होने की खबर है। हालांकि किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है।  

जानकारी के मुताबिक यह आग मंगलवार तड़के करीब पौने चार बजे लगी। सूचना मिलते ही दमकल के वाहन वहां पहुँच गए। अधिकारियों के मुताबिक आग पर काबू पाने के लिए एक दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियों को सेवा में लगाया गया।

अभी आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा – ‘दिल्ली छावनी क्षेत्र के बेस अस्पताल में भीषण आग की घटना हुई है। आग में चिकित्सा उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए हैं।’

अधिकारियों ने बताया कि आग में चिकित्सा उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दमकल विभाग के अधिकारियों ने आग पर काबू पा लिया।

केरल नाव हादसे में अब तक 22 शव मिले, एक ही परिवार के 11 शामिल

केरल में मलप्पुरम इलाके में हुए नाव हादसे में अब तक 22 लोगों के शव मिल चुके हैं। इनमें ज्यातादर महिलाएं हैं। मरने वालों में एक ही परिवार के 11 लोग भी शामिल हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक यह डबल डेकर पर्यटक नाव रविवार देर रात मलप्पुरम जिले के तनूर में हादसे का शिकार हो गयी थी। काफी लोगों को बचा भी लिया गया है। अब तक 22 लोगों के शव मिल चुके हैं। इलाके के लोगों ने रात में भी नाव और आसपास जीवित बचे लोगों की तलाश की।

तनूर पुलिस के मुताबिक 22 शव बरामद हुए हैं, जिनमें 15 महिलाएं शामिल हैं। अभी  अस्पताल में भी कुछ लोग भर्ती हैं जबकि बचाव अभियान जारी रखा गया है। नाव में करीब 30 लोग सवार थे।

सरकार के मुताबिक पीड़ितों में ज्यादातर बच्चे स्कूल की छुट्टियों पर थे। माना जा रहा है कि घटना के वक्त जहाज पर 30 से ज्यादा लोग सवार थे। चार लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। सुरक्षित बचे यात्रियों ने मीडिया को बताया कि किसी ने भी लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी।

संप्रभुत्ता शब्द का इस्तेमाल करने पर सोनिया गांधी के खिलाफ भाजपा शिकायत करने पहुंची चुनाव आयोग

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को निर्वाचन आयोग से मुलाकात कर कांग्रेस पार्टी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और कड़ी कार्रवाई की मांग की हैं। आयोग से मिले भाजपा के प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, तरुण चुग, भाजपा के मीडिया इंचार्ज अनिल बलूनी और ओम पाठक शामिल रहे।

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने मीडिया कहा कि, “हमने चुनाव आयोग को गंभीर विषय पर ज्ञापन दिया है। सोनिया गांधी ने जानबूझकर संप्रभुता शब्द का इस्तेमाल किया हैं। कांग्रेस का घोषणा पत्र टुकड़े-टुकड़े गैंग का एजेंडा है। कांग्रेस झूठी बुनियाद पर प्रचार कर रही है और इसलिए वे इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल कर रहे है। हमारे विषय को चुनाव आयोग ने गंभीरता से लिया है और हमें उम्मीद है कि चुनाव आयोग इस राष्ट्र विरोधी कृत्य के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा।“

निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराने के बाद अनिल बलूनी एक सवाल के जवाब में कहा कि, “संविधान की बुनियादी संरचना और सेक्शन 29 (a) के तहत हर पार्टी पंजीकरण के समय एक अंडरटेकिंग देती है जिसमें वे भारत की संप्रभुता और अखंडता  की सौगंध लेते है और उन्होंने उसका सीधे-साधे उल्लंघन किया है तो कांग्रेस पार्टी का रजिस्ट्रेशन ही कैंसल होना चाहिए। निर्वाचन आयोग ने हमें आश्वासन दिया है कि वे इस बात पर विचार करेंगे। और हमारी मांग है कि संविधान के मुताबिक कमिशन जो तय करे उनके खिलाफ यह कार्रवाई होनी चाहिए।”

उन्होंने आगे कहा कि, “दूसरा हमने यह बोला है कि कमिशन ने करप्शन वाला सबूत लाने के लिए परसो (यानी 6 मई को) जो कांग्रेस को नोटिस दिया था और कल शाम 7 बजे तक का कांग्रेस पार्टी को उन्होंने समय दिया था। लेकिन कांग्रेस पार्टी ने सबूत नहीं दिया क्योंकि उनके पास सबूत है ही नहीं। हमने इसपर मांग की है कि वे माफी मांगे और बताए की वे जनता को झूठ बोल कर गुमराह कर रहे हैं व जो भी आरोप लगा रहे है वे सभी निराधार हैं।“

आपको बता दें, कर्नाटक में विधानसभा चुनाव प्रचार आज शाम थम जायेगा यानि की आज प्रचार का अंतिम दिन हैं। और भाजपा कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के एक बयान को लेकर चुनाव आयोग पहुंची हैं।

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने शुक्रवार को ट्वीट किया था जिसमें वे कर्नाटक में चुनाव प्रचार करती नजर आ रही हैं। इस ट्वीट में कांग्रेस ने कहा कि, “सोनिया गांधी 6.5 करोड़ कन्नड़ वासियों को स्पष्ट संदेश दिया। कांग्रेस किसी को भी कर्नाटक की प्रतिष्ठा, संप्रभुता या अखंडता के लिए खतरा पैदा करने की अनुमति नहीं देगी।”

राजस्थान के हनुमानगढ़ के पास मिग-21 क्रैश; दोनों पायलट सुरक्षित, 2 ग्रामीण की मौत

राजस्थान के हनुमानगढ़ (भारत-पाकिस्तान सीमा) के नजदीक वायुसेना का मिग-21 क्रैश हो गया है। विमान ने सूरतगढ़ एयरबेस से उड़ान भरी थी और तकनीकी खराबी के कारण उड़ान भरने के 15 मिनट बाद ही पायलट ने विमान पर नियंत्रण खो दिया।

बता दें, हादसे से पहले ही दोनों पायलट ने खुद को विमान से अलग कर लिया था, जबकि जिस इलाके में गिरा वहां इसकी चपेट में दो ग्रामीण की मौत की खबर सामने आ रही है। दोनों महिलाएं बताई गई हैं। हादसे की खबर मिलते ही सेना का हेलीकॉप्टर घटनास्थल पर पहुंची है ताकि राहत कार्य चलाया जा सके।

आपको बता दें, इससे पहले जनवरी में दो हादसे हुए थे इनमें से एक राजस्थान के भरतपुर में प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान भारतीय वायु सेना के दो लड़ाकू जेट एक सुखोई एसयू-30 और एक मिराज 2000 के दुर्घटनाग्रस्त होने से पायलट की जान चली गर्इ थी। वहीं दूसरा हादसा मध्य प्रदेश के मुरैना में हुआ था।

अप्रैल में कोच्चि में परीक्षण के दौरान एक तटरक्षक हेलीकॉप्टर ने क्रैश लैंडिंग की थी और जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में भी सेना का हेलीकॉप्टर क्रैश हुआ था। यदि बात करे पिछले साल की तो 5 अक्टूबर को अरुणाचल प्रदेश के तवांग क्षेत्र के पास एक चीता हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ था और इसमें भारतीय सेना के एक पायलट की मौत भी हुर्इ थी।