Home Blog Page 1316

केजरीवाल ने फाड़ी एलजी कमेटी की रिपोर्ट; कहा सीसीटीवी फाइल करेंगे पास

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपराज्यपाल अनिल बैजल के बीच तकरार अभी भी जारी है।

ये बात एक बार फिर तब साबित हुई जब केजरीवाल ने एक कार्यक्रम में दिल्ली में सीसीटीवी प्रोजेक्ट से जुड़ी उपराज्यपाल कमेटी की रिपोर्ट को सरेआम यह कहकर फाड़ दिया कि जनता यही चाहती है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने उपराज्यपाल द्वारा गठित कमेटी की रिपोर्ट फाड़ते हुए यह भी दावा किया कि सोमवार को सबसे पहले वह 1.40 लाख सीसीटीवी कैमरे लगाने की फाइल पास करेंगे।

केजरीवाल ने कहा इसके बाद सीसीटीवी लगाने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

“जनता की मर्जी है कि भई इस रिपोर्ट को फाड़ दो। जनता जनार्दन है इस जनतंत्र में…” यह कहते हुए उन्होंने सीसीटीवी प्रोजेक्ट से जुड़ी उपराज्यपाल कमेटी की रिपोर्ट के चार टुकड़े कर दिए।

असल में सीसीटीवी प्रोजेक्ट पर उपराज्यपाल कमेटी की रिपोर्ट में ये कहा गया है कि यदि कोई व्यक्ति सुरक्षा की दृष्टि से खुद के खर्चे पर सीसीटीवी कैमरे लगवाना चाहता है तो उसे पुलिस से लाइसेंस लेना होगा।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि घर, दुकान, कंपनी, मार्केट आदि में सीसीटीवी लगाने के लिए दिल्ली पुलिस उपायुक्त (लाइसेंसिंग) से अनुमति लेनी होगी।

इस रिपोर्ट को ग़लत बताते हुए केजरीवाल ने कहा कि इस तरह के फरमान से यही साबित होता है कि थानों के भीतर पैसा चढ़ाओ और लाइसेंस ले जाओ।

उन्होंने कहा कि पुलिस से हथियारों के लाइसेंस देने का काम तो ठीक तरह से हो नहीं रहा है। एलजी साहब! उन्हें सीसीटीवी लगवाने का काम और देना चाहते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस कमेटी में पुलिस अधिकारी शामिल हैं, जिसकी वजह से थानों से लाइसेंस लेने की बाध्यता डाली जा रही है।

केजरीवाल ने उपराज्यपाल बैजल पर हमला बोलते हुए कहा, ‘एलजी की केमेटी की रिपोर्ट जिसके सदस्य पुलिसकर्मी हैं, कहते हैं कि अगर कोई दिल्ली में सीसीटीवी कैमरा लगाएगा, चाहे वे अपने पैसे से ही लगाए, उन्हें पुलिस से लाइसेंस लेना होगा। लाइसेंस का मतलब है पैसा चढ़ाओ, लाइसेंस ले जाओ।’

जबकि उपराज्यपाल अनिल बैजल का कहना है कि हमारा उद्देश्य महज सीसीटीवी लगाना नहीं बल्कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

बारिश के कारण दिल्ली के कई इलाक़ों में आ सकती है बाढ़

लगातार हो रही बारिश के कारण दिल्ली और इसके आसपास के इलाक़ों पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है।

असल में हरयाणा के हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में अतिरिक्त पानी छोड़ा गया है जो कि भारी वर्षा की वजह से इकठ्ठा हो गया था।

इसकी वजह से दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर शनिवार सुबह 10 बजे 204.83 मीटर के निशान तक पहुंच गया था।

सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक़ ‘पानी का स्तर और बढ़ेगा’ लेकिन अभी ‘कोई खतरा’ नहीं है’।

मगर आने वाले खतरे को देखते हुए निचले इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है।

राहत बचाव कार्य दल का गठन किया गया है, जो इन क्षेत्रों का दौरा करके लोगों को संभावित खतरे से जागरूक कर रही हैं।

सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर सुबह 10 बजे 204.83 मीटर के निशान तक पहुंच गया। अधिकारी ने कहा कि ‘पानी का स्तर और बढ़ेगा’ लेकिन अभी ‘कोई खतरा’ नहीं है’।

सूत्रों के अनुसार शनिवार सुबह 9 बजे हरियाणा ने हथिनीकुंड बैराज से 2,11,874 क्यूसेक पानी छोड़ा – जिसका उपयोग दिल्ली में पीने के उद्देश्यों के लिए किया जाता है – और बाद में पानी अधिक जारी किया जाएगा। इसके बाद 11 बजे 3,11,190 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।

यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार करने के बाद दिल्ली सरकार ने शुक्रवार को एक अलर्ट जारी किया था।

दुनिया ने देखा इस सदी का सबसे लम्बा चंद्रग्रहण

इस सदी के सबसे लंबे चंद्रग्रहण को भारत समेत दुनिया के कई देशों में देखा गया। भारत में यह दिल्ली, पुणे, बेंगलुरु और मुंबई समेत सभी शहरों में देखा गया।

रात 11.54 मिनट पर शुरू होनेवाले चंद्र ग्रहण की कुल अवधि अपने विभिन्न चरणों के दौरान 3 घंटे 55 मिनट रही।

शुरू होने के बाद ये पहले काले और फिर धीरे-धीरे लाल रंग में तब्दील होता गया। चांद के इस रूप को ‘ब्लड मून’ भी कहा जाता है।

लोगों ने कई घंटों बड़े उत्साह के साथ चंद्र ग्रहण का इंतज़ार किया. भारत में चंद्र ग्रहण के दौरान कई लोगों ने गंगा स्नान भी किया।

नासा के वैज्ञानिकों के मुताबिक ये 21वीं सदी का सबसे लंबा चंद्र ग्रहण था।

खगोलशास्त्रियों का कहना है कि इस चंद्रग्रहण को देखने के लिए किसी उपकरण की जरूरत नहीं हुई। देश के अधिकांश हिस्सों में इसे बिना टेलीस्कोप से देखा जा सका।

हालांकि मौसम खराब होने की वजह से कई जगहों पर बादलों की वजह से लोग इस अद्भुत खगोलीय घटना को नहीं देख सके। कई चैनलों और वेबसाइट पर चंद्र ग्रहण की सीधी तस्वीरें दिखाई गईं।

सूर्य की परिक्रमा के दौरान पृथ्वी, चांद और सूर्य के बीच में इस तरह आ जाती है कि चांद धरती की छाया से छिप जाता है. यह तभी संभव है जब सूर्य, पृथ्वी और चंद्रमा अपनी कक्षा में एक दूसरे के बिल्कुल सीध में हों।

पूर्णिमा के दिन जब सूर्य और चंद्रमा के बीच पृथ्वी आ जाती है तो उसकी छाया चंद्रमा पर पड़ती है. इससे चंद्रमा के छाया वाला भाग अंधकारमय रहता है और इस स्थिति में जब हम धरती से चांद को देखते हैं तो वह भाग हमें काला दिखाई पड़ता है. इसी वजह से इसे चंद्र ग्रहण कहा जाता है।

ये चंद्र ग्रहण उत्तरी अमरीका को छोड़ कर पृथ्वी के अधिकांश भाग में दिखा लेकिन पूर्ण चंद्र ग्रहण यूरोप के अधिकांश भागों, मध्यपूर्व, मध्य एशिया और ऑस्ट्रेलिया में देखा गया।

अब 31 अगस्त तक भर सकते हैं आयकर रिटर्न

अगर आपने अभी तक अपना आयकर रिटर्न नहीं भरा है और इस बात को लेकर आप परेशान हैं तो आप ठंडी सांस ले सकते हैं।

सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्ट टैक्सेज (सीबीडीटी) ने इनकम टैक्स भरने की आखिरी तारीख 31 जुलाई से बढ़ा कर 31 अगस्त कर दिया है।

नए आयकर रिटर्न फॉर्म को अप्रैल के शुरू में अधिसूचित किया गया था. ऐसे करदाताओं जिनके खातों का ऑडिट नहीं होना है, उन्हें अपना ई-आयकर रिटर्न 31 जुलाई तक भरना था।

वित्त मंत्रालय ने कहा कि सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्ट टैक्सेज ने इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करने की ड्यू डेट आगे बढ़ा दी है. टैक्स पेयर्स की संबंध‍ित श्रेण‍ियों की खातिर इसे 31 जुलाई से बढ़ाकर 31 अगस्त कर दिया गया है.

वित्त मंत्री पीयूष गोयल ने भी ट्वीट कर नागरिकों से नई तारीख की खुशखबरी दी। उन्होंने कहा कि आयकर रिटर्न दाखिल करने की तारीख एक महीने बढ़ाई गई है. मैं करदाताओं से अपील करता हूं कि वे निर्धारित तारीख तक अपना आयकर जमा कराएं.

हर साल इनकम टैक्स रिटर्न भरने की आखिरी तारीख 31 जुलाई होती है। इस बार आयकर विभाग ने रिटर्न भरने के लिए आयकरदाताओं को और समय दिया है। इस बार तो पूरा एक महीने का अतिरिक्त समय इनकम टैक्सपेयर्स को दिया गया है।

आयकर रिटर्न ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों तरीकों से भर सकते हैं। आईटीआर भरने के लिए आपको अपनी आय से जुड़े सभी दस्तावेजों को तैयार करना होगा। इसमें आपकी कंपनी की तरफ से मिला फॉर्म 16, बैंक अकाउंट डिटेल, इंटरेस्ट सर्टिफ‍िकेट और लोन डिटेल भी शामिल है।

इस बार अगर किसी ने आईटीआर ड्यू डेट के बाद भरा तो आप पर भारी-भरकम जुर्माना लग सकता है। ड्यू डेट के तहत आईटीआर न भरने पर आप पर 5 हजार रुपये तक पेनल्टी लगाई जा सकती है।

इसके अलावा इनकम टैक्स एक्ट की अलग-अलग धाराओं के तहत नोटिस भी जारी किए जा सकते हैं। इसलिए आईटीआर भरने के दौरान अपनी आय से जुड़ी सारी जानकारी सही सही देना बेहतर होगा। वेतनभोगीयों को आईटीआर 1 अथवा सहज फॉर्म भरना होगा।

कश्मीर पर आप एक कदम बढ़ाओ हम दो बढ़ाएंगे : इमरान खान

भारत का नाम उन्होंने सबसे बाद में लिया। भारत के मीडिया पर खुद को विलेन के रूप में पेश करने के आरोप लगाया लेकिन यह भी कहा क्रिकेट के कारण वो भारत को बहुत ज्यादा जानते हैं। कश्मीर का राग अलापा लेकिन कहा वो दोस्ती का हाथ बढ़ाने के लिए तैयार हैं, व्यापार का रास्ता खुलना चाहिए और भारत भारत की लीडरशिप तैयार है तो हमें साथ बैठकर बात करनी चाहिए। इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-इ-इन्साफ (पीटीआई) पाकिस्तान के चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है और इमरान खान का प्रधानमंत्री बनना लगभग तय लग रहा है। इमरान ने आज शाम प्रेस कांफ्रेंस की और देश, दुनिया के सामने रखा कि प्रधानमंत्री बनने पर वे क्या करना चाहेंगे और उनकी क्या नीति होगी।

इमरान ने भारत का जिक्र अपनी प्रेस कांफ्रेंस में सबसे आखिर में किया। सबसे पहले कहा – ”मुझे अफसोस हुआ कि हिंदुस्तान की मीडिया ने मुझे किसी बॉलीवुड फिल्म के विलेन की तरह पेश किया। मैं वो पाकिस्तानी हूं जो हिंदुस्तान में सबसे ज्यादा घूमा हूं। मैं वो पाकिस्तानी हूं जो चाहता है कि दोनों देशों के बीच रिश्ते सुधरें।” इसके बाद उनहोंने कहा कि सबसे बेहतर यह होगा कि हम एक-दूसरे के साथ ट्रेड करें इसकी बहुत ज्यादा सम्भावना है।

कश्मीर पर इमरान ने कहा – ”बदकिस्मती से हमारा जो प्रमुख मसला है वह कश्मीर है। वहां ह्यूमन राईट वायलेशन हैं। आप सिटीज में लाकर आर्मी बैठा देंगे तो मसला हल नहीं होगा। आर्मी महीन भी दुनिया में मसला हल नहीं कर सकी है। कोशिश होनी चाहिए कि दोनों देश टेबल पर बैठकर मसला हल करें। इस खित्ते में भारत और पाकिस्तान दो अहम् मुल्क हैं। हमारे अपने बहुत मसले हैं। अगर एक दूसरे पर आरोप लगाते रहेंगे तो कोइ मसल नहीं होगा।”

इमरान ने जोर देकर कहा कि अगर हिंदुस्तान की लीडरशिप तैयार है तो हम भी तैयार हैं। ”आप एक कदम बढ़ेंगे तो हम दो कदम बढ़ाएंगे।” मैं पूरी कन्विक्शन से कह रहा हूं कि हम बात-चीत से मसले हल करें।

उन्होंने कहा सभी मतदाताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि 22 साल की मेहनत रंग लाई है। इमरान खान ने कहा कि उनका पूरा फोकस गरीब तबकों के जीवन स्तर को सुधारने, कानून व्यवस्था और अर्थव्यवस्था को सुधारने पर ध्यान देंगे। उन्होंने कहा कि रोजगार के मामले में चीन हमारे सामने एक बड़ी मिसाल है। उन्होंने हिंदुस्तान से साथ विवाद को बात-चीत से हल करने की वकालत की।

इमरान ने ऐलान किया कि वे महलनुमा पीएम हाउस में नहीं रहेंगे बल्कि छोटी एनेक्सी में रहेंगे। कहा हमें अपने खर्च कम करने हैं और उसके बाद आय बढ़ानी है। तभी रोजगार पैदा होंगे। हम सभी सरकारी महलों को आम लोगों के लिए इस्तेमाल करेंंगे। उन्होंने कहा कि टैक्स के पैसों का सही इस्तेमाल होगा। इसकी शुरुआत मैं करूंगा। हम टैक्स कल्चर ठीक करेंगे।

चुनाव में धांधली पर कहा की आगे आओ , मैं इसकी जांच के लिए तैयार हूँ। साथ ही कहा इलेक्शन कमीशन पिछली पार्टियों के वक्त बना लिहाजा मुझपर इल्जाम लगाना गलत। साफ़ सुथरे चुनाव हुए।

चीन में भारतीय दूतावास के नजदीक धमाका

आमतौर पर धमाके जैसे ख़बरों से दूर रहने वाले चीन के बीजिंग में भारतीय और अमेरिकी दूतावासों के सामने धमाके की खबर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक धमाके के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है। वहां धुंआ भरा हुआ है और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गयी है।

चीन में क्योंकि ज्यादातर मीडिया पर सरकारी नियंत्रण है, इससे जुडी ज्यादा जानकारी अभी बाहर नहीं आ पाई है। जिस जगह धमाका हुआ वहां बड़ी तादाद में चीनी नागरिक रोजाना वीजा अप्लाई करने के लिए आते हैं। धमाके के कारणों का भी पता नहीं चला है। यह धमाका रात के एक बजे हुआ है। कुछ स्थानीय लोगों ने धमाके की फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की हैं।

जिस जगह धमाका हुआ है उसके पास अमेरिकी दूतावास भी है जो २००८ में खोला गया था। वैसे इस जगह को एक बेहद सुरक्षित इलाका माना जाता रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक धमाका भारतीय दूतावास के पास हुआ है और अमेरिकी दूतावास भी इसके पास ही पड़ता है।

अभी तक इस विस्फोट में किसी के हताहत या घायल होने की खबर नहीं है। बताया गया है कि धमाका कम तीव्रता वाला था। भारतीय दूतावास या उसके किसी कर्मचारी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। यह दोनों ही दूतावास चाओयांग जिले के पास हैं। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि एक महिला को पकड़ा गया है।

झूठा आश्वासन बना महाराष्ट्र में ‘ठोक मोर्चा’ का कारण

मराठा क्रांति मोर्चा के संयोजकों ने मुंबई बंद वापस लेने की घोषणा करते हुए कहा है कि पिछले दो सालों से मराठा समाज को झूठे आश्वसन देकर बहलाया जा रहा था जिसके चलते मूक (मौन) मोर्चा के बदले ठोक मोर्चा का रास्ता अख्तियार करना पड़ा। आयोजकों ने  सहयोगी संगठनों का आभार जताया और शांति पूर्वक बनाए रखने की अपील की। मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई में बंद वापसी की घोषणा के बाद स्थिति नार्मल होने की ओर है।

मराठा क्रांति मोर्चा के वीरेंद्र पवार ने कहा, ‘हम मराठा हैं, हमारा मकसद किसी को नुकसान नहीं पहुंचाना नहीं था। हमारा बंद कामयाब रहा। बच्चों और महिलाओं के सड़कों पर होने और बढ़ती हिंसा की वजह से हमें अपना बंद वापस लेना पड़ा है। हम भी सामान्य नौकरी पेशा हैं , हमें विश्वास था कि किसी भी प्रकार की हिंसा नहीं होगी। हम पता लगाएंगे कि हिंसा कहां से शुरू हुई ? असामाजिक तत्वों का समावेश हो सकता है इस हिंसा में।’

हालांकि मराठा क्रांति मोर्चा ने महाराष्ट्र बंद के ऐलान के वक्त ही इसे हिंसक न होने  देने की ताकीद दी थी लेकिन सोमवार को काकासाहेब शिंदे नामक आंदोलनकारी के जलसमाधी की घटना के बाद इस आंदोलन ने हिंसक रूप ले लिया और वह राज्य भर में फैल गया।

पहली बार मराठा समाज का मोर्चा आक्रामक दिखाई दिया।हायवे जाम कर दिया गया। आटो रिक्शा, बस, गाड़ियों की तोड़ फोड़ की गई। आगजनी की घटनाएं हुईं। पुलिस  पर पथराव किया गया  आंदोलनकारी और पुलिस आमने-सामने आ गए। सबसे ज्यादा परेशानी स्टुडेंट्स को  हुई।  सुबह-सुबह छात्र  स्कूल कोलेज पहुंच गए नौ दस बजे से आंदोलनकारियों ने रोड़ जाम कर ना शुरू कर दिया था। शैक्षणिक संस्थानों पशौपेश में रहे और स्टुडेंटस के गार्जियंस को उन्हें वापस घर लाने में बड़ी दिक्कतें हुईं।

मतदान के दिन पाकिस्तान में विस्फोट, २८ की मौत

पाकिस्तान में आज नेशनल असेंबली के लिए मतदान हो रहा है लेकिन वहां हिंसा जारी है। आज क्वेटा के एक मतदान केंद्र के पास हुए धमाके में पांच पुलिस कर्मियों समेत कम से कम २८ लोग मारे गए हैं , इस विस्फोट में ४० लोग घायल हो गए हैं जिनमें से कुछ की हालत बहुत गंभीर है। पाकिस्तान के इस चुनाव में तीन प्रमुख पार्टियों में कड़ी टक्कर मानी जा रही है जिनमें इमरान खान, नवाज़ शरीफ और बिलावल भुट्टो की पार्टियां हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ११ बजे के करीब हुए इस विस्फोट में दो दर्जन से ज्यादा लोग मारे गये हैं। यह धमाका क्वेटा के भोसा मंडी इलाके में पूर्वी बाईपास पर बनाए गए मतदान केंद, के नजदीक हुआ। मरने वालों में दो बच्चे भी शामिल है। घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिल विस्फोट पुलिस महानिदेशक अब्दुल रज्जाक चीमा के काफिले को निशाना बनाकर किया गया जिसमें भोसा मंडी पुलिस स्टेशन के एसएचओ की मौत हो गई।

पाकिस्तान में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आम चुनाव हो रहा है। शाम छह बजे मतदान समाप्त होते ही मतगनणा शुरू हो जाएगी। नेशनल असेंबली की 272 और चार प्रांतीय विधान सभाओं की 577 सीटों के लिए चुनाव हो रहा है। साढ़े १० करोड़ मतदाता नई सरकार चुनने के लिए मतदान करेंगे।

उधर खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक मतदान केंद्र के बाहर दो प्रतिद्वंद्वी दलों के समर्थकों के बीच गोलियां चली, जिसमें पूर्व क्रिकेटर इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए- इंसाफ का एक कार्यकर्ता मारा गया और दो अन्य घायल हो गए। पाकिस्तान के लोग आज एक नई नेशनल एसेंबली और प्रांतीय विधानसभाओं को चुनने के लिए मतदान कर रहे हैं।

तोड़फोड़ मामले में हार्दिक पटेल को दो साल सजा

गुजरात के पाटीदार अनामत आंदोलन नेता हार्दिक पटेल, जिन्होंने कुछ महीने पहले गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का साथ दिया था, को बुधवार को एक अदालत ने दो साल की सजा सुनाई है। उन्हें यह सजा २०१५ में एक भाजपा विधायक के दफ्तर पर हमला करने के मामले में सुनाई गयी है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक अदालत ने हार्दिक और उनके दो साथियों को इस मामले में दोषी ठहराते हुए सभी को दो-दो साल की सजा सुनाई है। इसके अलावा उन्‍हें 50-50 हजार रुपये मुआवजा भी भरना होगा। गौरतलब है कि मेहसाणा के विसनगर में 23 जुलाई, २०१५ को भाजपा विधायक ऋषिकेश पटेल के दफ्तर में तोड़फोड़ की गयी थी। इससे पहले मेहसाणा की जिला अदालत ने 2015 में पटेल के दफ्तर पर हमले मामले में हार्दिक, एके पटेल और लालजी पटेल के खिलाफ गिरफ्तारी वॉरंट जारी किये थे। अब अदालत ने इन तीनों को दोषी करार दिया है।

इस मामले में अदालत ने आदेश में कहा कि शिकायतकर्ता पत्रकार को 10 हजार, दंगे के दौरान जिसकी कार जलाई गई उसे एक लाख रुपये और भाजपा विधायक को 40 हजार रुपये अदा किये जाएँ। हार्दिक जमानत की कोशिश कर रहे हैं और सम्भावना है कि उन्हें जमानत मिल जाए। मेहसाणा का विसनगर २०१५ में हुए पाटीदार आरक्षण आंदोलन का सबसे बड़ा गढ़ रहा था। फैसले के बाद अब इस पर राजनीति तेज हो सकती है।

यह भी दिलचस्प है कि हार्दिक पटेल पहले ही 25 अगस्‍त से सरकारी नौकरियों और शिक्षा में अपने समुदाय के सदस्यों को आरक्षण की मांग पर जोर देने के लिए बेमियादी अनशन शुरू करने का ऐलान कर चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि आमरण अनशन उनकी अंतिम जंग होगी।

मराठा क्रांति मोर्चा आंदोलन, मुंबई बंद

महाराष्ट्र में मराठा क्रांति मोर्चा की तरफ से मराठा समुदाय के लोगों को नौकरी और शिक्षा में आरक्षण की मांग को लेकर बुलाए गए बंद के पहले दिन बुधवार को ख़ासा असर दिखा। कई जगह हिंसा, आगजनी हुई और मोर्चा कार्यकर्ताओं की तरफ से विरोध मार्च आयोजित किये गए।

आंदोलनकारी अन्य पिछड़ा वर्ग के तहत मराठा समुदाय के लिए सरकारी नौकरियों और शिक्षा में 16% आरक्षण की मांग कर रहे हैं। यह मामला बॉम्बे हाईकोर्ट में लंबित है। याद रहे मराठा आरक्षण की मांग को लेकर औरंगाबाद में युवक की आत्महत्या के बाद मंगलवार को महाराष्ट्र के कई जिलों में हिंसक प्रदर्शन हुआ था। मुंबई पुलिस हाई अलर्ट पर: मुंबई पुलिस हाई अलर्ट पर है।

मोर्चा कार्यकर्ताओं ने कई जगह कई जगह प्रदर्शन मार्च निकाले और इसके कारण सड़क यातायात मुंबई के अलावा ठाणे, नवीं मुंबई और महाराष्ट्र में कई जगह बुधवार को बंद दिखे। बंद को देखते हुए सुरक्षा के जबरदस्त इंतजाम किये गए हैं। वैसे ट्रेन सेवा नियमित समय से चल रही है। सुरक्षा व्यवस्था और चाक-चौबंद की दी गई है। करीब 40 रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और गवर्नमेंट रेलवे पुलिस पर्सनल (आरपीपी) को दादर, सीएसएमटी और 20 को कुर्ला में तैनात किया गया है।

गौरतलब है कि मंगवार को मराठा प्रदर्शनकारियों ने भारी हिंसा और आगजनी की थी जिसके बाद नवीं मुंबई में दुकानें बंद रही थीं। आटो रिक्शा भी सड़कों पर नहीं दिखे। स्कूल और कॉलेजों को हालांकि बंद से बाहर रखे की बात की गयी थी लेकिन कई जगह स्कूल भी बंद दिखे।

मिली जानकारी के मुताबिक ठाणे, नवी मुंबई, घाटकोपर, मुलुंड में आंदोलनकारियों ने बाजार खुलने नहीं दिए। ठाणे, जोगेश्वरी में लोकल ट्रेनें भी रोकीं गयी हैं । नवी मुंबई के घंसोली में प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दो बसों पर पथराव किया, जिसके बाद ऐरोली से वाशी के बीच बेस्ट बस की सेवा रोक दी गई। इन सभी इलाकों में पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। परभणी, अहमदनगर में प्रदर्शनकारियों ने सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी की।औरंगाबाद में हिंसा के बाद इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई। मराठवाड़ा के 8 जिलों में ऐहतियातन ज्यादातर प्राइवेट स्कूल-कॉलेज बंद रखे गए।

कल्याण के स्कूलों में छुट्टी:कल्याण के कई निजी स्कूलों ने में बुधवार को छुट्टी घोषित कर दी। मुलुंड टोल नाका पर प्रदर्शनकारियों ने चक्का जाम किया। कांदिवली हनुमान नगर में बेस्ट बसों को रोका गया। पालघर और भोइसर में बस और निजी रिक्शा सेवा बंद रही। हालांकि, मराठा क्रांति मोर्चा की बैठक में फैसला किया गया कि बंद में स्कूल-कॉलेजों, मेडिकल स्टोरों, एंबुलेंस और मूलभूत सुविधाओं को शामिल नहीं किया गया है। औरंगाबाद में सांसद से हाथापाई : आत्महत्या करने वाले युवक का अंतिम संस्कार मंगलवार को किया गया। यहां शिवसेना सांसद चंद्रकांत खैरे पहुंचे। लोगों ने उनकी गाड़ी पर पथराव कर दिया और हाथापाई भी की। सरकार ने युवक के परिजनों को 10 लाख मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का ऐलान किया है।