Home Blog Page 415

चलती बस में चालक को दिल का दौरा, इससे हुए हादसे में गयी 9 की जान

एक भीषण हादसे में शनिवार सुबही को गुजरात के नवसारी जिले में 9 लोगों की जान चली गयी जबकि 25 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। हादसा तब हुआ जब चलती गाड़ी में बस के चालक को दिल का दौरा पड़ गया। इससे बस अनियंत्रित होकर एक एसयूवी से जा टकराई।

जानकारी के मुताबिक हादसा तब हुआ जब सूरत में चल रहे प्रमुख स्वामी महाराज शताब्दी महोत्सव समारोह से लोग एक बस में वापस लौट रहे थे। बता दें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 दिसंबर को अहमदाबाद में प्रमुख स्वामी महाराज शताब्दी महोत्सव के उद्घाटन समारोह को संबोधित किया था।

लोगों से भरी बस के चालक को अचानक दिल का दौरा पड़ा जिससे बस उसके नियंत्रण से बाहर हो गयी और उसने नवसारी राष्ट्रीय राजमार्ग (हाइवे) संख्या 48 पर एक टोयोटा फॉर्च्यूनर कार को टक्कर मार दी।

चालक को दिल का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई। कार में सवार 9 लोगों में से आठ की मौत हो गई, जबकि बस में सवार 28 लोग घायल हो गए। इनमें से 11 को निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है।

बस सूरत से वलसाड जा रही थी। पुलिस के मुताबिक हादसा वेसमा गांव के पास हुआ। एसयूवी विपरीत दिशा से आ रही थी जिसमें गुजरात के अंकलेश्वर के निवासी बैठे थे। वे वलसाड से अपने गृहनगर वापस जा रहे थे।

फुटबॉल के भगवान कहे जाने वाले पेले का निधन, दुनिया भर के लोगों ने जताया शोक

इसी साल फ़ुटबाल स्टार माराडोना की मौत के बाद गुरूवार देर रात ‘फ़ुटबाल के भगवान’ कहे जाने वाले महान पेले को भी खो दिया। ब्राजील के खेल मंत्री पेले (82) कैंसर से जूझ रहे थे और हाल के हफ़्तों में उनकी हालत खराब हो गयी थी। उनके निधन पर दुनिया भर के प्रेमियों ने शोक जताया है।

पेले की केली नेसिमेंटो ने अपने पिता के निधन की पुष्टि एक इंस्टाग्राम पोस्ट में की है। पेले कोलन कैंसर से जूझ रहे थे। उन्होंने कीमोथेरेपी ट्रीटमेंट का जवाब देना भी बंद कर दिया था। पेले को हाल ही में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पता चला कि उन्हें रेस्पिरेटरी इन्फेक्शन भी है।

पेले को फुटबॉल का सर्वकालिक महान खिलाड़ी कहा जाता था। तीन बार के विश्व कप विजेता रह चुके हैं। बेटी केली नेसिमेंटो ने इंस्टाग्राम पर लिखा – ‘हम जो कुछ भी हैं, आप ही की बदौलत हैं। हम आपसे बहुत प्यार करते हैं। रेस्ट इन पीस।’

मिनस गेरैस राज्य में जन्मे दिग्गज फुटबॉलर पेले आज तक सेलेकाओ (ब्राजील) के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 92 मैचों में 77 गोल किए। एक पेशेवर फुटबॉलर के रूप में पेले ने कुल तीन बार फीफा विश्व कप (1958, 1962, 1970) जीता जो अभी भी एक व्यक्तिगत फुटबॉलर के लिए एक रिकॉर्ड है।

उनका असली नाम एडसन अरांटिस डो नासिमेंटो था, लेकिन वह पेले के नाम से मशहूर हुए। उनका जन्म 23 अक्टूबर, 1940 को ब्राजील के ट्रेस कोराकोएस में हुआ था। फीफा ने उन्हें ‘द ग्रेटेस्ट’ का शीर्षक भी दिया था। पेले ने तीन शादियां कीं। उनके कुल सात बच्चे हैं।

काफी समय से उनकी कीमोथेरेपी भी चल रही थी। उन्हें 29 नवंबर को सांस लेने में तकलीफ होने पर साओ पोलो के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, उन्होंने कीमोथेरेपी का जवाब देना बंद कर दिया। पेले को पिछले साल सितंबर में उनके कोलन से ट्यूमर हटा दिया गया था और तब से वे नियमित रूप से अस्पताल में इलाज करवा रहे थे।

पेले ने अपने करियर में (1956-1974) काफी समय तक ब्राजीलियाई क्लब सांतोस का प्रतिनिधित्व किया। इस क्लब के लिए उन्होंने 659 मैचों में 643 गोल किए। अपने फुटबॉल करियर के अंतिम दो वर्षों में पेले ने यूएसए में न्यूयॉर्क कॉसमॉस के लिए खेला।

उन्होंने छह मौकों (1961, 1962 1963, 1964, 1965 और 1968) में ब्राजीलियाई लीग खिताब (कैम्पियोनाटो ब्रासीलेरो सेरी ए) जीता और 1962 और 1963 में दो बार कोपा लिबर्टाडोरेस खिताब जीता। वह सैंटोस के ‘गोल्डन एरा’ (1959-1974) के प्रमुख खिलाड़ियों में से एक रहे और उन्हें 1962 और 1963 में दो इंटरकॉन्टिनेंटल कप खिताब तक पहुंचाया। दोनों मौकों पर फाइनल में सैंटोस ने पुर्तगाली क्लब बेनफिका को हराया।

इसी साल जब महान फुटबॉलर माराडोना का निधन हुआ था तब पेले ने एक ट्वीट में कहा था – ‘एक दिन, मैं उम्मीद करता हूँ, हम आसमान में साथ फ़ुटबाल खेलेंगे’। उन्होंने हाल में अर्जेंटाइना के फीफा विश्व कप जीतने पर टीम को बधाई संदेश भी भेजा था।

स्टार क्रिकेटर ऋषभ पंत हादसे में घायल, जलती कार से शीशा तोड़कर बचाई जान

भारत के स्टार क्रिकेटर शुक्रवार सुबह एक कार हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों ने हालांकि, उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है। पंत अपनी बहादुरी से ही इस हादसे में बचे क्योंकि हादसे के बाद उनकी मर्सडीज कार में आग लग गयी और पंत कार का शीशा तोड़कर बाहर निकले। देश भर में उनके कार हादसे में घायल होने के बाद उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है। हादसे के समय पंत कार में अकेले ही थे।

पंत (25) का शुक्रवार सुबह 5.30 बजे रुड़की के पास एक्सीडेंट हुआ। उनकी हालत अभी स्थिर बताई गयी है। दुबई से दिल्ली लौटने के बाद वह कार से अपने घर उत्तराखंड जा रहे थे। रुड़की के नारसन बॉर्डर पर हम्मदपुर झाल के मोड़ पर उनकी मर्सडीज अनियंत्रित होकर रेलिंग से जा टकराई, जिसके बाद कार में आग लग गई और वह पलट गई।

उत्तराखंड के पुलिस प्रमुख अशोक कुमार ने मीडिया के लोगों को बताया कि पंत को गाड़ी चलाते समय झपकी आ गई। इससे पंत ने कार पर से नियंत्रण खो दिया। ऐसे होते ही कार डिवाइडर से जा टकराई। पंत कार में अकेले ही थे। हादसा होने के बावजूद पंत ने हिम्मत नहीं हारी और जलती कार का शीशा तोड़कर बाहर निकले।

डॉक्टरों के मुताबिक पंत को सिर, पीठ और पैर में चोटें आई हैं। उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। उनके सिर की चोट कितनी गंभीर है इसकी जांच की गयी है। हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें खतरे से बाहर बताया है। डॉक्टर के मुताबिक यदि पंत ने सीट बेल्ट पहनी होती तो वह कार में झुलस सकते थे। पंत ने घर पर अपने आने को लेकर जानकारी नहीं दी थी क्योंकि वे अपनी माता को सरप्राइज देना चाहते थे।

पंत को हादसे के बाद एंबुलेंस से पहले इलाज के लिए रुड़की के सक्षम अस्पताल ले जाया गया। सक्षम अस्पताल के चेयरमैन और ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉक्टर सुशील नागर ने बताया कि एमआरई के बाद ही पता चलेगा कि उनके घुटने में कौन सी हड्डी टूटी है। इसके बाद पंत को ऑपरेशन की जरूरत पड़ सकती है।

देश भर में पंत के कार हादसे में घायल होने के बाद सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने के कामना वाले संदेशों की बढ़ आ गयी है। लोग उनके सही सलामत बच जाने पर ईश्वर का शुक्रिया कर रहे हैं और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। बता दें पंत को श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के लिए भारतीय टीम में नहीं चुना गया है।

पीएम मोदी की माता हीराबेन का 100 साल की उम्र में निधन, देश भर से शोक संदेश

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की माता हीराबेन का शुक्रवार तड़के निधन हो गया। वे 100 साल की थीं। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी, गृह मंत्री अमित शाह सहित तमाम दलों के नेताओं और विदेशी नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया है।

हीराबेन को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के चलते बुधवार सुबह अहमदाबाद के यूएन मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर में भर्ती कराया गया था। पीएम मोदी सुबह 7 बजे अहमदाबाद पहुंच गए। हीराबेन का अंतिम संस्कार अहमदाबाद के शवदाह गृह में किया गया है।

हीराबेन की मृत्यु पर देश भर से शोक सन्देश मिले हैं। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, अमित शाह, राहुल गांधी जैसे बड़े नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। इन नेताओं ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में वे पीएम के साथ हैं।

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने लिखा – ‘प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन का सौ वर्षों का संघर्षपूर्ण जीवन भारतीय आदर्शों का प्रतीक है। श्री मोदी ने ‘#मातृदेवोभव’ की भावना और हीराबा के मूल्यों को अपने जीवन में ढाला। मैं पुण्यात्मा की शांति के लिए प्रार्थना करती हूं। परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं !’
 
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने ट्वीट किया’- ‘माननीय प्रधानमंत्री जी की माता जी हीराबेन मोदी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करता हूँ। उन्होंने मातृत्व के गुण को दर्शाते हुए सादगी और उदारता का उदाहरण दिया। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को चिर शांति प्रदान करें। ॐ शांति ॐ”

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पीएम की माता के निधन पर दुख प्रकट करते हुए लिखा
– ‘प्रधानमंत्री नरेंद मोदी जी की माताजी, श्रीमती हीरा बा के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। इस मुश्किल समय में, मैं उन्हें और उनके परिजनों को अपनी गहरी संवेदनाएं और प्यार व्यक्त करता हूं।’

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा – ‘प्रधानमंत्री @narendramodi जी की पूज्य माताजी हीरा बा के स्वर्गवास की सूचना अत्यंत दुःखद है। माँ एक व्यक्ति के जीवन की पहली मित्र और गुरु होती है जिसे खोने का दुःख निःसंदेह संसार का सबसे बड़ा दुःख है।’

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi) ने ट्वीटमें लिखा – ‘प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की माता जी के निधन का दुखद समाचार मिला। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान दें और श्री नरेंद्र मोदी जी और उनके परिवार के समस्त सदस्यों को पीड़ा के इन क्षणों में साहस दें।’ 

कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट कर लिखा श्रीमती हीराबेन मोदी के निधन के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ। श्री नरेंद्र मोदी जी को मेरी हार्दिक संवेदना. दुख की इस घड़ी में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पूरे परिवार के साथ हैं।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए लिखा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की माता जी आदरणीय श्रीमती हीराबेन मोदी जी का निधन, अत्यंत दुःखद। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं। भावभीनी श्रद्धांजलि !

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने लिखा प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी जी की माताजी हीराबेन के देहांत की खबर बेहद दुखद है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा – ‘प्रधानमंत्री श्री @narendramodi की माताश्री, हीरा बा के निधन से मुझे गहरी वेदना हुई है। एक माँ का निधन किसी भी व्यक्ति के जीवन में ऐसी शून्यता लाता है, जिसकी भरपाई असंभव है। दुख की इस घड़ी में प्रधानमंत्रीजी और उनके पूरे परिवार के प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूँ। ॐ शांति !’

पीएम मोदी का ट्वीट – @narendramodi शानदार शताब्दी का ईश्वर चरणों में विराम…मां में मैंने हमेशा उस त्रिमूर्ति की अनुभूति की है, जिसमें एक तपस्वी की यात्रा, निष्काम कर्मयोगी का प्रतीक और मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध जीवन समाहित रहा है।

संसद में मोदी सरकार किसानों की आय पर जारी करे श्वेत पत्र – कांग्रेस

कांग्रेस ने किसानों की आय पर मोदी सरकार से श्वेत पत्र की मांग की है। भारतीय किसान कांग्रेस अध्यक्ष एस सुखपाल सिंह खैरा ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि, “पीएम मोदी सरकार ने फरवरी 2016 में किसानों की आमदनी को दोगुना करने की बात कही थी, किंतु इस वर्ष किसानों की आमदनी में कमी हुई हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि, मोदी सरकार ने देश में किसानों, गरीब आदमी, फार्म लेबरर्स की आय को 6 सालों में डबल करने की बात कही थी और एक कमेटी का भी गठन किया था- ‘डब्लिंग ऑफ फार्मर्स इनकम कमेटी’। और अब 2016 से लेकर 2022 तक पूरे 6 साल का समय बीत गया है किंतु किसानों की आय बढ़ने की बजाय घटी है।

खैरा ने कहा कि, यूपीए की सरकार में ट्रेंड सेट किया था डॉ मनमोहन सिहं जी की सरकार ने, उसको इन्होंने तोड़ा और फार्मर्स की इनकम को रिड्यूस किया है और ये उसको इन्होंने तोड़ा और फार्मर की इनकम को रिड्यूस किया है और ये मेरे कहने से नहीं फर्क पड़ेगा, ये फिगर्स बताते हैं कि पिछले 6-7 साल में जो एग्रीकल्चर सेक्टर है, उसके क्या हालात हुए और किसानों का और खेत मजदूरों का कर्जा बढ़ते-बढ़ते इतना बढ़ गया है कि एनसीआरबी की जो अपनी फ़िगर हैं, गवर्मेंट ऑफ इंडिया की, उसके मुताबिक 4 लाख किसानों ने देशभर में आत्महत्या की है।“

किसान कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि, वर्ष 2004 में जब डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार थी तब गेहूं का एमएसपी 640 रुपये प्रति क्विंटल था जो कि 2011-12 में बढ़कर 1,285 रुपये प्रति क्विंटल हो गया और बाद में वह 1,400 रुपये प्रति क्विंटल हो गया। इसी प्रकार वर्ष 2004 में धान का एमएसपी 560 रुपये प्रति क्विंटल था जो कि 2013-14 में 1,310 रुपये प्रति क्विंटल हो गया। किंतु भाजपा सरकार के कार्यकाल में अब तक धान और गेहूं के एमएसपी में केवल 50 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि नहीं हुई है। और आजादी के बाद यह पहली सरकार है जिसने कीटनाशकों, उर्वरकों और कृषि उपकरणों पर जीएसटी लगाया है।

किसान कांग्रेस के अध्यक्ष ने कहा कि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट के बावजूद डीजल की कीमतें करीब 61 फीसदी तक बढ़ गई है। और किसानों को डीजल जैसे इनपुट लागत में वृद्धि के मामले में दोहरी मार का सामना करना पड़ा है। मई 2014 में डीजल की कीमते 55.48 रुपये प्रति लीटर थी। और बात करे वर्ष 2022 की तो यह दिसंबर में 89.62 रुपये प्रति लीटर हैं। जो की अभी तक 61 फीसदी बढ़ी है।

किसान नेता ने कांग्रेस की तरफ से मांग करते हुए कहा कि किसानों की आय को आने वाले समय में डबल करने वाली अपनी बात पर आप पार्लियामेंट में एक व्हाइट पेपर जारी करें और सारे देश को बताएं कि आपने किसानों की आय को बढ़ाने के लिए क्या प्रयास किए हैं और कितनी कीमतें हैं, 2004 से 2022 तक एक पूरा व्हाइट पेपर जारी करें।

चंद्रबाबू नायडू की रैली में भगदड़ मचने से 8 की मौत अन्य कई घायल: आंध्र प्रदेश

आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) नेता एन चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को एक जनसभा संबोधित किया किंतु उस शाम उनकी जनसभा में भगदड़ मचने से टीडीपी के 8 कार्यकर्ताओं की मौत हो गई और कई घायल हुए हैं।

सूत्रों के अनुसार चंद्रबाबू नायडू की यह जनसभा नेल्लोर जिले के कंदुकुरू में आयोजित हुई थी। पुलिस का कहना है कि सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया हैं।

बता दें कंदुकुरू में आयोजित इस जनसभा में भारी संख्या में भीड़ एकत्रित हुई थी इसी बीच धक्का-मुक्की हो गई और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। वहीं भगदड़ मचने के बाद चंद्रबाबू नायडू ने जनसभा को तत्काल ही रद्द कर दिया।

गौरतलब है कि नायडू के रोड शो के दौरान समर्थकों में आपस में धक्का-मुक्की होने के बाद भगदड़ मची और इसी दौरान नहर में गिरने से एक महिला समेत सात लोगों की मौत हो गई जबकि अन्य आठ जख्मीयों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कयास यह भी लगाए जा रहे है कि मरने वालों की संख्या और भी हो सकती हैं।

वहीं नायडू ने भगदड़ में जान गंवाने वालों के परिजनों को 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। साथ ही उन्होंने पार्टी नेताओं से घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने को कहा है।

कांग्रेस ने गृहमंत्री अमित शाह को लिखी चिट्ठी, भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी की सुरक्षा को खतरा !

भारत जोड़ो यात्रा की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस संगठन के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने गृह मंत्री को चिट्ठी लिखी है। प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस ने भीड़ में सुरक्षा व्यवस्था के ध्वस्त होने की वीडियो भी साझा की हैं और राहुल गांधी के साथ अन्य यात्रियों की सुरक्षा को बढ़ाने की मांग की हैं।

केसी वेणुगोपाल द्वारा लिखी गई चिट्ठी में कुछ उदाहरण दिए गए है जिसमें फरीदाबाद में कंटेनरों में गैरकानूनी रूप से घुसे आईबी के एजेंट्स और दिल्ली के लाल किला का दिया गया है जिसमें भीड़ में पुलिस व्यवस्था के ध्वस्त होने का कहा गया है।

वहीं कांग्रेस पार्टी का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) यात्रा में खलल डालने की कोशिश रही है और तमाम षडयंत्र रच रही हैं। कांग्रेस के प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि, “राहुल गांधी जी को जेड कैटेगरी की सुरक्षा मिलने के बावजूद उनकी सुरक्षा में इस तरह की खामी चिंताजनक हैं। और भारत सरकार को आगाह करना जरूरी है क्योंकि यात्रा अब अति संवेदनशील इलाकों- पंजाब और जम्मू-कश्मीर में जा रही है।”

उन्होंने आगे कहा कि, हमने अपने दो-दो प्रधानमंत्री गवाए हैं और छत्तीसगढ़ में पूरा नेतृत्व आतंकी हमले में गवाया हैं। हमने गृह मंत्री जी से आग्रह किया है कि हमें चिंता भारत यात्रियों की है क्योंकि अब यात्रा पंजाब और जम्मू-कश्मीर अतिसंवेदनशील राज्य की तरफ बढ़ रही हैं। और भारत जोड़ो यात्रा को रोकने, बदनाम करने की कोशिशें व तमाम षडयंत्र किए जा रहे है किंतु हम चेतावनी दे रहे हैं कि भारत जोड़ो यात्रा को तोड़ने के प्रयास विफल होंगे और यह तपस्या हर हाल में पूरी होकर रहेगी।“

आपको बता दें, देश की सबसे पुरानी पार्टी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का आज (यानी 28 दिसंबर) स्थापना दिवस भी है। कांग्रेस की स्थापना को आज 137 वर्ष पूरे हो गए हैं। दिल्ली में 24 अकबर रोड पर कांग्रेस के मुख्यालय में कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने झंडा भी फहराया और इस दौरान सोनिया गांधी, राहुल गांधी व अन्य नेता भी मौजूद रहे। मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस कार्यक्रम में अपने दिए गए बयान में केंद्र सरकार को घेरा और कहा कि महंगाई और बेरोजगारी बढ़ती ही जा रही हैं। वहीं दूसरी तरफ उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए संजीवनी का काम किया हैं।

कांग्रेस ने देश को जोड़ा, आज तोड़ा जा रहा है, स्थापना दिवस पर बोले अध्यक्ष खड़गे

देश की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस आज अपना स्थापना दिवस मना रही है। इसके लिए आयोजित समारोह में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार कहा कि कांग्रेस की लोकतंत्र में आस्था की वजह से भारत में विकास हुआ और देश आगे बढ़ा। लेकिन आज देश की मूल भावना से खिलवाड़ हो रहा है और नफरत के खिलाफ सबको साथ लेकर चलना होगा। खड़गे ने यह भी कहा कि राहुल गांधी की यात्रा से कांग्रेस को संजीवनी मिली है।

खड़गे ने कहा – ‘आज़ादी के बाद कांग्रेस का सफ़र आज़ादी का इतिहास कहता है।  भारत की आजादी के आसपास कई और देश आजाद हुए थे, लेकिन वहां तानाशाही ने जगह ले ली। कांग्रेस की लोकतंत्र में आस्था की वजह से भारत विकसित हुआ क्योंकि कांग्रेस ने आजादी का संकल्प जन-जन तक पहुंचाया। नेहरू जी की पहली केबिनेट में 5 गैर कांग्रेसी नेता थे जो यह जाहिर करता है कि हमने सबको साथ लेकर चलने का काम किया।’

उन्होंने कहा कि देश में नफरत बढ़ती जा रही है। महंगाई और बेरोजगारी बढ़ती जा रही है, लेकिन सरकार को कोई चिंता नहीं है। खड़गे ने कहा कि यही कारण है कि राहुल गांधी की यात्रा ने दिखा दिया है कि देश में कांग्रेस की विचारधारा को स्वीकार्यता मिल रही है, इसीलिए भाजपा के लोग घबराए हुए हैं।

कांग्रेस के स्थापना दिवस समारोह में सोनिया गांधी और राहुल भी उपस्थित रहे। उनके अलावा पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता पार्टी मुख्यालय पहुंचे हैं।

इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष ने आज सुबह एक ट्वीट में कहा – ‘भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने हमेशा भारत के लोगों की भलाई और प्रगति के लिए काम किया है। हम भारत के संविधान में निहित राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक अधिकारों में गारंटीकृत अवसर की समानता में दृढ़ता से विश्वास करते हैं।’ ट्वीट में उन्होंने एक वीडियो भी टैग किया है जिसमें  कांग्रेस की स्थापना के बाद से वर्तमान में चल रही भारत जोड़ो यात्रा तक के कांग्रेस के इतिहास के लेकर वर्तमान तक की यात्रा को दिखाया गया है।

याद रहे राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का पहला चरण दो दिन पहले दिल्ली में पूरा हो गया। अभी तक के जनता के सहयोग को देखते हुए कांग्रेस उत्साहित दिख रही है।

भड़काऊ भाषण देने पर भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गयी

भड़काऊ भाषण देने के लिए भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर के खिलाफ  शिकायत दर्ज करवाई गयी है। यह शिकायत टीएमसी नेता और एक अन्य व्यक्ति की की तरफ से की गयी है। भाजपा सांसद ने हिंदुओं को अपने घरों में धारदार चाकू रखने और  उनकी गरिमा पर हमला करने वालों को जवाब देने के अधिकार की वकालत की थी।

याद रहे शिवमोगा में हाल में एक हिंदू संगठन के सम्मेलन में प्रज्ञा ने विवादित बातें कही थीं जिनकी काफी निंदा हुई थी। इसके बाद अब उनके इस भड़काऊ भाषण को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। टीएमसी के प्रवक्ता साकेत गोखले और राजनीतिक विशेषज्ञ तहसीन पूनावाला ने शिवमोगा के सांसद जीके मिथुन कुमार सहित ठाकुर के खिलाफ शिकायत दर्ज की है।

इन सभी ने अपने-अपने ट्वीट में इसकी जानकारी दी है और लिखा है कि उन्होंने पुलिस से आग्रह किया है कि वह चाहते हैं कि पुलिस प्रज्ञा के खिलाफ तुरंत एक प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज करे।

गोखले ने ट्वीट में लिखा – ‘भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर के 25 दिसंबर को दिए गए सांप्रदायिक और भड़काऊ भाषण के संबंध में आज सुबह कर्नाटक पुलिस और शिवमोगा के पुलिस अधीक्षक के पास शिकायत दर्ज कराई। हम चाहते थे कि पुलिस तुरंत एक प्राथमिकी दर्ज करे।

गोखले ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि ठाकुर की रविवार को कार्यक्रम में की गई टिप्पणियों को विभिन्न धार्मिक समुदायों के बीच सांप्रदायिक अशांति भड़काने और धर्म के आधार पर विभिन्न समुदायों के बीच दुर्भावना पैदा करने के लिए तैयार किया गया था। जबकि पूनावाला ने अपनी शिकायत में, ठाकुर पर कार्यक्रम में अल्पसंख्यक समुदाय के खिलाफ अत्यधिक निंदनीय और अपमानजनक भाषण देने का आरोप लगाया है।

श्रीलंका के खिलाफ हार्दिक टी-20 कप्तान; कोहली-रोहित को आराम, पंत की छुट्टी

श्रीलंका के खिलाफ टी-20 और एक दिवसिए के लिए घरेलू सीरीज में रेगुलर कप्तान रोहित शर्मा और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को आराम दिया गया है जबकि विकेटकीपर ऋषभ पंत को दोनों ही टीमों में नहीं चुना गया है। रोहित को एक दिवसीय का कप्तान जबकि हार्दिक पंडया उपकप्तान बनाया गया हैं। टी-20 में सूर्य कुमार यादव को उपकप्तान बनाया गया है।

चयनकर्ताओं ने मंगलवार देर रात जो टीम घोषित की उसमें शिवम मावी और मुकेश कुमार का भी चयन किया गया है। उधर सूर्यकुमार यादव, शुभमन गिल, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, उमरान मलिक, अर्शदीप सिंह और स्टार स्पिन्नर युजवेंद्र चहल ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें दोनों टीमों में चुना गया है।

श्रीलंका के यह सीरीज 3 जनवरी से शुरू हो रही हैं जिसमें तीन टी20 और तीन ही वनडे मैच खेले जाएंगे। टी20 में हार्दिक पांड्या को कप्तानी सौंपी गई है जिससे जाहिर होता है कि वे भविष्य में टी-20 के स्थायी कप्तान बनने जा रहे हैं। सूर्यकुमार यादव को उपकप्तान बनाया गया है।

वनडे सीरीज में रोहित शर्मा कप्तान रहेंगे जबकि किंग कोहली भी टीम में शामिल हैं। ऋषभ पंत को दोनों ही सीरीज के लिए नहीं चुना गया है। उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज शुरू होने से ठीक पहले टीम से रिलीज कर दिया गया था। वनडे सीरीज में बतौर विकेटकीपर इशान किशन और केएल राहुल का चयन हुआ है। टी20 में इशान किशन और संजू सैमसन का बतौर विकेटकीपर चयन हुआ है।

कामचलाऊ कप्तान शिखर धवन की भी वनडे टीम से छुट्टी हो गयी है जिससे उनके करियर को लेकर सवालिया निशान लग गया है। रोहित, कोहली और श्रेयस अय्यर को टी20 सीरीज से आराम दिया गया है। भुवनेश्वर कुमार भी नहीं चुने गए हैं जिससे उनके लिए भी आगे का समय टीम में वापसी के लिए कठिन हो सकता है।

ऋतुराज गायकवाड़, राहुल त्रिपाठी और दीपक हुड्डा टी20 के लिए चयन हुआ है। कुलदीप यादव वनडे जबकि हर्षल पटेल टी20 टीम में शामिल किये गए हैं।

टी-20 टीम : हार्दिक पांड्या, सूर्यकुमार यादव, इशान किशन, ऋतुराज गायकवाड़, शुभमन गिल, दीपक हुड्डा, राहुल त्रिपाठी, संजू सैमसन, वाशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, हर्षल पटेल, उमरान मलिक, शिवम मावी और मुकेश कुमार।

वनडे टीम : रोहित शर्मा, हार्दिक पांड्या, शुभमन गिल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, इशान किशन, वाशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमरान मलिक और अर्शदीप सिंह।