स्टार क्रिकेटर ऋषभ पंत हादसे में घायल, जलती कार से शीशा तोड़कर बचाई जान

भारत के स्टार क्रिकेटर शुक्रवार सुबह एक कार हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों ने हालांकि, उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है। पंत अपनी बहादुरी से ही इस हादसे में बचे क्योंकि हादसे के बाद उनकी मर्सडीज कार में आग लग गयी और पंत कार का शीशा तोड़कर बाहर निकले। देश भर में उनके कार हादसे में घायल होने के बाद उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है। हादसे के समय पंत कार में अकेले ही थे।

पंत (25) का शुक्रवार सुबह 5.30 बजे रुड़की के पास एक्सीडेंट हुआ। उनकी हालत अभी स्थिर बताई गयी है। दुबई से दिल्ली लौटने के बाद वह कार से अपने घर उत्तराखंड जा रहे थे। रुड़की के नारसन बॉर्डर पर हम्मदपुर झाल के मोड़ पर उनकी मर्सडीज अनियंत्रित होकर रेलिंग से जा टकराई, जिसके बाद कार में आग लग गई और वह पलट गई।

उत्तराखंड के पुलिस प्रमुख अशोक कुमार ने मीडिया के लोगों को बताया कि पंत को गाड़ी चलाते समय झपकी आ गई। इससे पंत ने कार पर से नियंत्रण खो दिया। ऐसे होते ही कार डिवाइडर से जा टकराई। पंत कार में अकेले ही थे। हादसा होने के बावजूद पंत ने हिम्मत नहीं हारी और जलती कार का शीशा तोड़कर बाहर निकले।

डॉक्टरों के मुताबिक पंत को सिर, पीठ और पैर में चोटें आई हैं। उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। उनके सिर की चोट कितनी गंभीर है इसकी जांच की गयी है। हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें खतरे से बाहर बताया है। डॉक्टर के मुताबिक यदि पंत ने सीट बेल्ट पहनी होती तो वह कार में झुलस सकते थे। पंत ने घर पर अपने आने को लेकर जानकारी नहीं दी थी क्योंकि वे अपनी माता को सरप्राइज देना चाहते थे।

पंत को हादसे के बाद एंबुलेंस से पहले इलाज के लिए रुड़की के सक्षम अस्पताल ले जाया गया। सक्षम अस्पताल के चेयरमैन और ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉक्टर सुशील नागर ने बताया कि एमआरई के बाद ही पता चलेगा कि उनके घुटने में कौन सी हड्डी टूटी है। इसके बाद पंत को ऑपरेशन की जरूरत पड़ सकती है।

देश भर में पंत के कार हादसे में घायल होने के बाद सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने के कामना वाले संदेशों की बढ़ आ गयी है। लोग उनके सही सलामत बच जाने पर ईश्वर का शुक्रिया कर रहे हैं और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। बता दें पंत को श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के लिए भारतीय टीम में नहीं चुना गया है।