Home Blog Page 410

गहरी धुंध का ट्रेन और हवाई सेवाओं पर असर, दिल्ली में स्कूल 15 तक बंद रहेंगे

कड़ाके की ठंड से जहाँ लोग घरों में दुबके हुए हैं, वहीं घनी धुंध के कारण राजधानी दिल्ली में सरकार ने प्राइवेट स्कूल 15 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया है। उधर कई ट्रेन निर्धारित समय से डेरी से चल रही हैं और हवाई उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं।

उत्तर भारत के कई हिस्सों में घनी धुंध के चलते दिल्ली की ओर आने वाली 30 ट्रेनें  पांच घंटे तक की देरी से चल रही हैं। राजधानी में सर्दी के चलते दिल्ली सरकार की प्राइवेट स्कूलों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए 15 जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया है।

उधर रेलवे अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि दरभंगा-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल, पुरी-नई दिल्ली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, गया-नई दिल्ली महाबोधि एक्सप्रेस,मालदा टाउन-दिल्ली एक्सप्रेस, बरौनी-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल, दरभंगा-नई दिल्ली बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, गोरखपुर-बठिंडा गोरखधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस, हावड़ा-नई दिल्ली पूर्वा एक्सप्रेस, कानपुर सेंट्रल-नई दिल्ली श्रम शक्ति एक्सप्रेस, सहरसा-नई दिल्ली वैशाली एक्सप्रेस, रीवा-आनंद विहार टर्मिनल सुपरफास्ट एक्सप्रेस दो से पांच घंटे की देरी से चल रही हैं।

देरी से चलनी वाले ट्रेन में उधर प्रयागराज-नई दिल्ली एक्सप्रेस, भागलपुर-आनंद विहार टर्मिनल विक्रमशिला एक्सप्रेस, राजेंद्र नगर टर्मिनल-नई दिल्ली, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-अमृतसर एक्सप्रेस, कामाख्या-दिल्ली ब्रह्मपुत्र मेल, काठगोदाम जैसलमेर रानीखेत एक्सप्रेस, प्रतापगढ़-दिल्ली पद्मावत एक्सप्रेस, राजगीर-नई दिल्ली श्रमजीवी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, राजगीर-नई दिल्ली श्रमजीवी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, सुल्तानपुर-आनंद विहार टर्मिनल सद्भावना एक्सप्रेस, जयनगर-अमृतसर क्लोन स्पेशल, हैदराबाद डेक्कन नामपल्ली – हजरत निजामुद्दीन दक्षिण सुपरफास्ट एक्सप्रेस, जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन गोंडवाना एक्सप्रेस, डॉ अंबेडकर नगर- श्री माता वैष्णो देवी कटरा मालवा सुपरफास्ट एक्सप्रेस, एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-नई दिल्ली ग्रैंड ट्रंक एक्सप्रेस, एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-नई दिल्ली तमिलनाडु एक्सप्रेस, फिरोजपुर-छत्रपति शिवजी महाराज टर्मिनस पंजाब मेल, अमृतसर-बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन शामिल हैं।

इस बीच कड़ाके की ठंड के कारण लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। दफ्तर जाने वाले लोग पूरा इंतजाम करके ही घर से बाहर निकल रहे हैं। दिल्ली में तापमान में काफी गिरावट आई है। गहरी धुंध से हवाई उड़ानें भी काफी प्रभावित हुई है। दिल्ली में धुंध के कारण आज दृश्यता बहुत कम थी।

भाजपा पूजा का संगठन; कृषि कानून, जीएसटी और नोटबंदी ये तीन देश के इतिहास में काले कानून हैं..- राहुल गांधी

राहुल गांधी ने रविवार को तपस्या-पूजा पर भाजपा-आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा कि, “भाजपा पूजा का संगठन है जबकि कांग्रेस तपस्या का संगठन है। आरएसएस चाहता है कि जबरन आरएसएस की पूजा हो और देश में सभी लोग जबरन उनकी और मोदी जी की पूजा करे। भाजपा से हमारी राजनीतिक लड़ाई नहीं बल्कि वैचारिक लड़ाई हैं। जिस दिन से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने  देश के संस्थानों को पकड़ा है उस दिन से यह लड़ाई राजनीतिक से विचारधारा की लड़ाई हो गई हैं।“

उन्होंने आगे कहा कि, ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिली है और यह प्रत्येक राज्य में सफल हुई है। यात्रा इसलिए सफल हुई है क्योंकि  इसमें कांग्रेस नहीं बल्कि लाखों लोग तपस्या कर रहे हैं। मैं यह चाहता हूं कि देश में प्रत्येक व्यक्ति के कौशल, काम, और तपस्या का सम्मान हो। किंतु भाजपा कहती है जो हमारी पूजा करेगा उसका सम्मान होगा। भाजपा इस देश के संस्थानों पर कब्जा करके, धन का प्रयोग करके जबरदस्ती अपनी पूजा करवा रहे हैं। तपस्या और डर में गहरा अंतर है। कांग्रेस पार्टी एक तपस्या का संगठन है और आजादी की लड़ाई तपस्या की लड़ाई थी।“

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आगे कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ है। इस देश में लाखों रास्ते है जिस दिन ये देश कौशल की इज्जत करना सीख जाएगा उस दिन ये देश विकास करना शुरू हो जाएगा और उस मेड इन इंडिया सब जगह दिखना शुरू हो जाएगा।

राहुल गांधी ने एमएसपी गारंटी कानून पर कहा कि, मैं तत्काल कुछ बोलने से इंकार करता हूं क्योंकि पहले कांग्रेस की चुनावी घोषणा पत्र कमेटी में इस मुद्दे पर चर्चा होगी उसके बाद ही मैं कुछ कहूंगा। क्योंकि मैं एक गंभीर व्यक्ति हूं और कोई भी हल्की बात नहीं बोलूंगा। बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी पर राहुल ने केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। कहा कि कृषि कानून, जीएसटी और नोटबंदी ये तीन देश के इतिहास में काले कानून है, जिसका विपरीत असर देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ा है। यह तीनों कानून देश के किसानों और उद्योगपतियों को मारने का समान है। सरकार किसानों पर चौतरफा आक्रमण कर रही हैं किंतु यह समझना बेहद ज़रूरी है कि किसानों के बिना भारत आगे नहीं बढ़ सकता।

आपको बता दें, राहुल गांधी की नेतृत्व वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का आज 114 दिन हैं। यात्रा कन्याकुमारी से शुरू होकर हरियाणा के दूसरे चरण में कुरुक्षेत्र के पास समाना में पहुंच गई हैं। रविवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की यात्रा में पूर्व थलसेनाध्यक्ष जनरल दीपक कपूर समेत अन्य सेना के वरिष्ठ सेनाधिकारी भी शामिल हुए।

डॉ. मंजू जैदका की पुस्तक, “व्हेन कैटो प्लेड क्यूपिड” का विमोचन

चंडीगढ़: विपुल लेखक, शिक्षक, फुलब्राइट स्कॉलर और लगभग दो दर्जन अकादमिक और फिक्शन किताबों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसित लेखिका, डॉ. मंजू जैदका की लघु कहानियों का नवीनतम संग्रह यहां केंद्रीय राज्य पुस्तकालय में जारी किया गया।

डॉ. मंजू जैदका, जो अब शूलिनी विश्वविद्यालय, सोलन, हिमाचल प्रदेश में एक वरिष्ठ प्रोफेसर और डीन हैं, पंजाब विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग की पूर्व प्रोफेसर और अध्यक्ष हैं। वह फुलब्राइट और दो रॉकफेलर पुरस्कारों सहित कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय फैलोशिप की प्राप्तकर्ता हैं। वह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं में प्रकाशित पच्चीस से अधिक पुस्तकों और साठ से अधिक शोध पत्रों की लेखिका हैं। एक रचनात्मक लेखिका के रूप में उन्होंने स्कैंडल पॉइंट (2011), अमलतास एवेन्यू, (2014), और गमशो मेनिया (2021) सहित दो कविता संग्रह, एक नाटक और चार उपन्यास लिखे हैं। द नेक्स्ट माइलस्टोन (2017) शीर्षक से उनका नॉन-फिक्शन प्रकाशन, विकलांगता के प्रबंधन पर WHO द्वारा कमीशन किया गया था। 2008 से 2015 तक चंडीगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष के रूप में, जैदका ने वार्षिक साहित्य उत्सवों का आयोजन और आयोजन किया, जो शूलिनी विश्वविद्यालय में जारी है। वह कई अंतरराष्ट्रीय संगठनों के सलाहकार बोर्ड में भी काम करती हैं और सालाना अंतरराष्ट्रीय अकादमिक सम्मेलन आयोजित करती हैं।

शूलिनी यूनिवर्सिटी के चांसलर और वाइस चांसलर डॉ. पी.के. खोसला और प्रोफेसर अतुल खोसला, प्रसिद्ध लेखक और पूर्व आईएएस अधिकारी विवेक अत्रे, कर्नल डी.एस.चीमा, राज्य पुस्तकालय के लाइब्रेरियन डॉ नीजा सिंह सहित कई प्रसिद्ध लेखक और साहित्य प्रेमी इस अवसर पर उपस्थित थे।

डॉ. मंजू जैदका ने वरिष्ठ पत्रकार, स्तंभकार, राजनीतिक विश्लेषक और इंडियन एक्सप्रेस के पूर्व रेजिडेंट एडिटर विपिन पब्बी के साथ बातचीत में उन प्रेरणाओं और ट्रिगर्स को सामने लाया, जिन्होंने उन्हें सही जीवन की घटनाओं से प्रेरित ऐसी आकर्षक और मानवीय रुचि वाली कहानियों का अधिकार दिया। एंथोलॉजी में बारह लघु कथाएँ हैं जो मानवीय भावनाओं और जीवन की वास्तविकताओं के रंगों को पकड़ती हैं, जिसने उन्हें आकर्षक कथाओं में कलमबद्ध करने के लिए प्रेरित किया।

विपिन पब्बी ने एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की कहानी को सामने लाया, जिसने एक युवा लड़की से छेड़छाड़ की और दबाव की रणनीति और लड़की के परिवार के उत्पीड़न के माध्यम से अपराध को दबाने की पूरी कोशिश की और केवल छह महीने की कैद से छूट गया।

एक लेखक के लिए ये रेचन के क्षण होते हैं, मंजू ने कहा, जब आप सामाजिक अन्याय के सामने खुद को असहाय पाते हैं, तो मानवीय अभाव और अन्याय की ऐसी कहानियों को सामने लाने की जिम्मेदारी लेखक की होती है। वास्तविक जीवन की घटनाओं से प्रेरित कहानियाँ हैं जैसे कि 12 प्रवासी मजदूरों की अपने घर गाँव से कुछ ही दूरी पर अपनी जान गंवाने के साथ-साथ कुछ हल्की-फुल्की कहानियाँ भी हैं जैसे कि काटो नाम के कुत्ते की शीर्षक कहानी, “जब कैटो ने कामदेव की भूमिका निभाई”।

डॉ. जैदका ने साझा किया कि उनकी अगली पुस्तक शूलिनी विश्वविद्यालय परिसर में एक उपन्यास है, जहां वह उदार कला विभाग की प्रमुख हैं। “मेरे पास बहुत सारी कहानियाँ हैं जो मेरे दैनिक व्यस्त कार्यक्रम और बातचीत से उभरती हैं, और किसी न किसी स्तर पर, वे एक कविता, नाटक, एक लघु कहानी या एक उपन्यास में अवक्षेपित होती है “।

कंझावला केस: गांजे की अवैध तस्करी में 2020 में गिरफ्तार हो चुकी है निधि

बाहरी दिल्ली के कंझावला में 31 दिसंबर को हुए मामले में नया खुलासा हुआ है। मृतक लड़की अंजलि की दोस्त निधि गांजा की सप्लाई करती थी। और अवैध तस्करी करते हुए निधि 2020 में आगरा में गिरफ्तार भी हुई थी।

निधि तेलंगाना के सिकंदराबाद से गांजा लाकर दिल्ली ले जाते हुए 6 दिसंबर 2020 को कैंट स्टेशन पर पकड़ी जा चुकी है और उससे 10 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ था।

कंझावला मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं। कथित तौर पर कार सवार लोगों समेत सात पर गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। और घटना के वक्त अंजलि के साथ निधी थी।

निधि दिल्ली के सुल्तानपुरी की रहने वाली है। अंजलि की मां का कहना है कि उनकी बेटी ने अपने जीवन में कभी शराब नहीं पी है। उन्होंने कहा कि मैंने निधि को कभी देखा या सुना नहीं है वह कभी हमारे घर नहीं आई। वह झूठ बोल रही है मेरी बेटी ने कभी शराब नहीं पी। वह कभी शराब पीकर घर नहीं आई। निधि झूठ बोल रही हैं।“

आपको बता दें, 31 दिसंबर को पार्टी कर घर लौट रही अंजलि की स्कूटी को 1 जनवरी तड़के करीब दो बजे एक कार ने टक्कर मार दी थी और उसे 13 किलोमीटर तक घसीटती चली गई। अंजलि का शव बाहरी दिल्ली के कंझावला में मिला था।

क्या आप पुजारी हैं?.. गृह मंत्री अमित शाह पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने साधा निशाना

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गृह मंत्री अमित शाह की अयोध्या में राम मंदिर निर्माण कार्य के अगले वर्ष एक जनवरी तक पूरा होने की घोषणा पर निशाना साधते हुए सवाल किया है कि, “क्या शाह राम मंदिर के पुजारी हैं जो वह ऐसा घोषणा कर रहे हैं? ऐसी घोषणा साधु-संतों को करनी चाहिए और गृह मंत्री के तौर पर शाह का जो कर्तव्य है उन्हें उस पर ध्यान देना चाहिए।”

बता दें, त्रिपुरा में इस वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राज्य में एक रैली को संबोधित कर रहे थे उसी दौरान उन्होंने कहा था कि अगले साल एक जनवरी तक अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन कर तैयार हो जायेगा। शाह ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा था कि राहुल बाबा सुनिये, एक जनवरी 2024 तक भव्य राम मंदिर बनकर तैयार हो जायेगा।“

मल्लिकार्जुन खड़गे ने आगे कहा कि, राहुल गांधी जी की लड़ाई महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ है वह युवाओं के लिए रास्ते पर आकर लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सब लोग भगवान में आस्था रखते हैं, लेकिन आप क्यों घोषणा करते हैं? मई 2024 में चुनाव हैं तो कहते हैं कि जनवरी में राम मंदिर का उद्घाटन होगा। क्या आप राम मंदिर के पुजारी हैं, क्या महंत हैं? साधु संतों को बोलने दीजिए। आपका काम देश की सुरक्षा करना, लोगों की सुरक्षा करना, लोगों का पेट भरना और किसानों को उचित दाम देना हैं।

एयर इंडिया की फ्लाइट में महिला सहयात्री पर पेशाब करने का आरोपी गिरफ्तार

एयर इंडिया की फ्लाइट में सहयात्री महिला पर पेशाब करने के आरोपी व्यक्ति शंकर मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें बेंगलुरु में गिरफ्तार किया गया, हालांकि, उनके वकील ने कहा है कि इस घटना का कोई चश्मदीद नहीं है और सारी कहानी बनाई गयी है। यह घटना पिछले साल 26 नवंबर की है जब न्यूयॉर्क से दिल्ली की एयर इंडिया की फ्लाइट में यह कथित घटना हुई थी।

शंकर की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस की टीम बेंगलुरु गयी थी। उसने महाराष्ट्र में मिश्रा के कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। मुंबई से पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शंकर मिश्रा बेंगलुरु में ही है। इसके बाद पुलिस टीमें वहां पहुंचीं। पुलिस उसे बेंगलुरु से दिल्ली लाएगी।

आरोपी शंकर मिश्रा को एक दिन पहले ही वेल्स फ़ार्गो कंपनी, जहां वह वाइस प्रेसिडेंट था, ने बर्खास्त कर दिया था। आरोप के मुताबिक 26 नवंबर को शंकर मिश्रा बिजनेस क्लास में सफर कर रहा था। एयर इंडिया की इस फ्लाइट में उसने एक महिला बुजुर्ग के ऊपर पेशाब कर दिया था। आरोप है कि वह नशे में था। घटना के बाद पीड़ित महिला यात्री ने संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर घटना की शिकायत की थी।

इधर पिछले कल शंकर के वकीलों ने महिला के कुछ संदेश साझा करते हुए दावा किया कि पीड़ित महिला ने यह कथित हरकत माफ कर दी थी और शिकायत दर्ज कराने की उनकी कोई मंशा नहीं थी। मिश्रा के वकील ने दावा किया कि उनके मुवक्किल ने पीड़िता को मुआवजे के तौर पर 15 हजार रुपये का भुगतान किया था, जिसे बाद में पीड़िता के परिवार ने लौटा दिया था। उधर शंकर के पिता ने भी शुक्रवार को दावा किया कि उनके बेटे पर लगे आरोप ‘पूरी तरह झूठे’ हैं।

अमेरिका के वर्जीनिया में छह साल के छात्र ने क्लास में गोली चलाई, शिक्षक घायल

अमेरिका में अकसर गोलीबारी की घटाने होने की ख़बरें आती हैं। अब देश के के पूर्वी राज्य वर्जीनिया में प्राथमिक स्कूल के एक छात्र ने क्लास में गोली चला दी, जिससे एक महिला शिक्षक गंभीर घायल हो गयी। घटना के बाद पुलिस ने बच्चे को हिरासत में ले लिया।

पुलिस के मुताबिक यह घटना वर्जीनिया के रिचनेक एलीमेंट्री स्कूल की है। इस घटना में कोई छात्र घायल नहीं हुआ। गोली से घायल शिक्षिका को को अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस ने बताया है कि 30 साल की शिक्षिका की चोट गंभीर है।

पुलिस ने मीडिया को बताया – ‘यह छात्र छह साल का बच्चा है। अभी वह पुलिस हिरासत में है। यह अचानक हुई घटना नहीं है।’

उधर वर्जीनिया के स्कूलों के सुपरिटेंडेंट जॉर्ज पार्कर को उद्धत करते हुए मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है – ‘मैं सदमे में हूं, और निराश हूं। हमें यह सुनिश्चित करने के लिए समुदाय के समर्थन की जरूरत है कि बंदूकें बच्चों की पहुंच में न हों।’

एक करोड़ों का हिंदोस्तान, दूसरा 100-150 लोगों का मोदी का हिंदोस्तान : राहुल गांधी

भारत जोड़ो यात्रा के हरियाणा पहुंचने पर इसका नेतृत्व कर रहे राहुल गांधी ने पानीपत में मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि एक हिंदुस्तान देश के किसानों और मजदूर युवाओं का है जो करोड़ों का हिंदुस्तान है जबकि दूसरी तरफ  मोदी जी के पास 100-150 लोगों का हिंदुस्तान है। उन्होंने किसानों, मजदूरों, महंगाई से लेकर कई मुद्दों पर सरकार को आड़े हाथ लिया।

राहुल गांधी ने कहा – ‘पहले आपके शहर में हज़ारों छोटे कारोबार चलते थे, लाखों लोगों को रोजगार मिलता था। फिर मोदी सरकार ने गलत जीएसटी लागू की, नोटबंदी के दौरान हुई परेशानियों को आपसे ज्यादा कौन जानता है। जीएसटी और नोटबंदी ने पूरा कारोबार तबाह कर दिया। मुझसे पूछा जा रहा है कि मैं क्‍या चाहता हूं? मैंने कहा- मैं नफरत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान खोल रहा हूं।’

कांग्रेस नेता ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से शुरू हुई और आज हम पानीपत की ऐतिहासिक जमीन पर चले रहे हैं। उन्होंने कहा – ‘हिंदुस्तान की आबादी कितनी है? देश की आबादी 140 करोड़ है, लेकिन स्टेज पर सिर्फ 100 लोग हैं।  जितना धन आधे हिंदुस्तान में है, उतना धन देश के 100 सबसे अमीर लोगों के पास है. क्या आपको इसमें न्याय दिखाई देता है? हिंदुस्तान की सारी कारपोरेट का मुनाफ़ा देखें तो 90 फीसदी मुनाफा 20 कंपनियों के पास है। ये हैं नरेंद्र मोदी के हिंदुस्तान की सच्चाई।’

कांग्रेस कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि हमारे प्यारे कार्यकर्ताओं का दूसरा नाम बब्बर शेर है। राहुल गांधी ने कहा कि हरियाणा बेरोजगारी में चैंपियन है। यहां 38 फीसदी बेरोजगारी की दर है। यहां पूरी युवा शक्ति ज़ाया कर दी गई।

अग्निवीर योजना को लेकर भी राहुल गांधी ने सरकार और भाजपा पर तंज़ कैसा। उन्होंने कहा – ‘भाजपा वाले कहते हैं कि वे देशभक्त हैं, मुझे बताओ कैसे देशभक्त हैं? लाखों युवा सुबह चार बजे उठ कर सेना में भर्ती की तैयारी करते हैं, लाखों लोग देश की रक्षा करने का सपना देखते हैं। युवा कहते हैं कि हम तिरंगे की रक्षा करना चाहते हैं। हर साल लगभग 80,000 युवा विभिन्न सेनाओं में जाते थे। सेना में युवाओं को सबसे अच्छी ट्रेनिंग दी जाती थी। सेना कहती थी कि बिना ट्रेनिंग दुश्मन के सामने नहीं खड़े होने देंगे।’

उन्होंने कहा कि दूसरा वादा किया जाता था कि 15 साल नौकरी मिलेगी। तीसरा वादा कि आपने देश के लिए पूरी जिंदगी दे दी, हम आपको पेंशन देंगे। अग्निवीर योजना ने ये तीनों वादे तोड़ दिए हैं। ये कहते हैं 80, 000 नहीं 40,000 युवाओं को लेंगे और चार साल बाद हम 75 फीसदी को निकाल देंगे। बस 25 फीसदी को हम रखेंगे बाकी जाइए बेरोजगार हो जाइए। ये अग्निवीर योजना लाए और ये मुझे कहते हैं कि सेना के खिलाफ बोल रहा हूं।’

राहुल गांधी ने कहा – ‘मैं तो सेना की भलाई की बात करता हूं। जब युवाओं ने विरोध किया, तब सरकार ने कहा कि अगर इनके चेहरे कैमरे पर आ गए, तो कोई सरकारी नौकरी नहीं मिलेगी। युवाओं को धमकाया गया। हम 2019 में न्याय योजना चाहते थे. सबके बैंक अकाउंट में 79 हज़ार भेजते। हमारी सरकार फिर आएगी, तो न्याय योजना लाएंगे।’

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस मौके पर कहा कि देश में महंगाई बढ़ रही है, लेकिन केंद्र सरकार का ध्यान इस ओर बिल्‍कुल भी नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा और अन्य नेताओं ने भी इस मौके पर अपने विचार रखे।

आज़ाद की पार्टी के कई बड़े नेता कांग्रेस में शामिल, दिल्ली में ज्वाइन की पार्टी

कांग्रेस से अलग होकर जम्मू कश्मीर में अपनी पार्टी बना वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आज़ाद को शुक्रवार जबरदस्त झटका देते हुए पार्टी के कई वरिष्ठ नेता दिल्ली में कांग्रेस में शामिल हो गए। इनमें पूर्व उपमुख्यमंत्री और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष तारा चंद, पूर्व मंत्री और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पीरजादा मोहम्मद सईद, पूर्व विधायक ठाकुर बलवान सिंह जैसे बड़े नेता शामिल हैं।

इनमें से तीन बड़े नेताओं को आज़ाद ने कुछ दिन पहले अपनी पार्टी डेमोक्रेटिक आज़ाद पार्टी (डीएपी) से बाहर कर दिया था। आज दिल्ली कांग्रेस मुख्यालय में इन नेताओं ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में कांग्रेस का दामन थाम लिया। आज़ाद को इन नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने से बड़ा झटका लगा है क्योंकि यह सभी उनके कट्टर समर्थक रहे हैं।

जिन नेताओं ने आज कांग्रेस ज्वाइन की उनमें ताराचंद (पूर्व उपमुख्यमंत्री, अध्यक्ष और नेता सीएलपी जम्मू-कश्मीर राज्य, पूर्व उपाध्यक्ष डीएपी), पीरजादा मोहम्मद  सईद (पूर्व पीसीसी अध्यक्ष, तीन बार जम्मू-कश्मीर राज्य मंत्री, पूर्व उपाध्यक्ष डीएपी), ठाकुर बलवान सिंह (पूर्व विधायक और पूर्व महासचिव डीएपी), मोहम्मद मुजफ्फर पर्रे (पूर्व एमएलसी और सीनियर एडवोकेट सुप्रीम कोर्ट, पूर्व सदस्य कार्य समिति डीएपी) शामिल हैं।

अन्य नेताओं में मोहिंदर भारद्वाज (वरिष्ठ अधिवक्ता जम्मू-कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय, 3 बार अध्यक्ष बार एसोसिएशन जम्मू, पूर्व सदस्य कार्य समिति डीएपी), भूषण डोगरा (पूर्व उपाध्यक्ष अनुसूचित जाति सलाहकार बोर्ड जम्मू-कश्मीर सरकार मंत्री पद के साथ), विनोद शर्मा (पूर्व अध्यक्ष कांग्रेस सेवादल जम्मू-कश्मीर, पूर्व महासचिव पीसीसी जम्मू-कश्मीर पूर्व जिलाध्यक्ष डीएपी), नरिंदर शर्मा (पूर्व सचिव पीसीसी जम्मू-कश्मीर, पूर्व महासचिव डीएपी), नरेश शर्मा (2 बार पूर्व अध्यक्ष नगर परिषद कठुआ, पूर्व सचिव पीसीसी), अंबरीश मगोत्रा (पूर्व अध्यक्ष नगर परिषद कटरा पूर्व सचिव पीसीसी जम्मू और कश्मीर), सुभाष भगत (पूर्व अध्यक्ष डीसीसी सांबा पूर्व महासचिव डीएपी), संतोष मन्हास (सचिव डीएपी), बद्री नाथ शर्मा (पूर्व संस्थापक सदस्य डीएपी), वरुण मगोत्रा (पूर्व महासचिव युवा कांग्रेस और वरिष्ठ युवा नेता डीएपी), अनुराधा शर्मा (वरिष्ठ महिला नेता डीएपी), विजय तारगोत्रा (प्रखंड विकास अध्यक्ष हीरानगर) और चंदर प्रभा शर्मा (वरिष्ठ महिला नेता डीएपी) शामिल हैं।

एमसीडी मेयर चुनाव के दौरान जबरदस्त हंगामा, भाजपा और आप के पार्षद भिड़े

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) मेयर चुनाव के बीच सिविक सेंटर में डिप्टी मेयर और स्थायी समिति के 6 सदस्यों का भी चयन किया जाना है। किंतु इसको लेकर नगर निगम की कार्यवाही में जमकर हंगामा हो रहा हैं।

महापौर, उपमहापौर और स्थायी समिति के सदस्यों का चुनाव आज होना है। आम आदमी पार्टी (आप) ने पार्षद शैली ओबेरॉय को मेयर प्रत्याशी बनाया है वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) न रेखा गुप्ता को मैदान में उतारा हैं।

हंगामे को लेकर भाजपा पर नाराजगी जताते हुए दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर नाराजगी जताई हैं। और कहा कि, “एमसीडी में अपने कुकर्मों को छिपाने के लिए और कितना गिरोगे भाजपा वालो! चुनाव टाले, पीठासीन अधिकारी की गैरकानूनी नियुक्ति, मनोनीत पार्षदों की गैरकानूनी नियुक्ति, और अब जनता के चुने पार्षदों को शपथ न दिलवाना…अगर जनता के फैसले का सम्मान नहीं कर सकते तो फिर चुनाव ही किसलिए?”

आपको बता दें, कुल 274 वोटर है किंतु इनमें से 250 चुने हुए पार्षद वोट करेंगे। दिल्ली के 7 लोकसभा सांसद, 3 राज्यसभा सांसद और मनोनी लोगों में 14 विधायक जो दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष की सहमति पर बनाए गए है, वो भी मतदान में हिस्सा लेंगे।

यह चुनाव सिविक सेंटर की चौथी मंजिल पर सदन परिसर में अधिकारियों, पार्षदों, सांसद व विधायक सहित 300 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गयी हैं। और किसी भी पार्टी के पार्षद समर्थकों को परिसर में अंदर आने की अनुमति नहीं हैं।

एमसीडी में 250 वार्ड में आप ने अपनी जीत हासिल की थी और 15 साल से दिल्ली नगर निगम बनी भाजपा को हराया था किंतु भाजपा 104 वार्ड में अपनी जीत दर्ज कराने में कामयाब रहा था।