Home Blog Page 1465

मर्दों के खेला में औरत का नाच

img

शिक्षा, सत्ता और संपत्ति से स्त्रियों को सदियों तक वंचित रखा गया. आज भारत की स्त्री के पास मुक्ति की जो भी चेतना है वह उसके लिए बीसवीं शताब्दी का उत्तरार्द्ध ही ले कर आया है. स्त्री स्वातंत्र्य की इस चेतना ने हमारा जीवन बदल दिया. आज जिस जमीन पर हम खड़े हैं उसे तैयार करने में हमारी पूर्ववर्ती महिला आंदोलनकारियों,  समाजसेवियों और चिंतकों ने बहुत श्रम किया है. बाबा साहब आंबेडकर ने समानता के जिस अधिकार की बात संविधान में लिखी थी, उसमें से लिंगाधारित भेदभाव दूर करने के लिए बालिका शिक्षा अभियान, सर्व शिक्षा अभियान चलाया गया और कार्य स्थल पर यौन शोषण विरोधी अधिनियम, घरेलू हिंसा निवारण अधिनियम जैसे कानून बने.  दहेज प्रथा, कन्याभ्रूण हत्या और बाल विवाह आज भी मौजूद हैं और उनके खिलाफ आंदोलन जारी है. मुड़कर देखें तो पाएंगे कि भारतेन्दु हरिश्चन्द्र की भारत दुर्दशा पर कविता और नाटकों से ले कर प्रेमचंद की कहानियों और महादेवी वर्मा के निबंधों ने मानवीय समकक्षता की चेतना जगा कर सामाजिक बदलाव के तमाम प्रयासों में साहित्य के माध्यम से महत्वपूर्ण योगदान किया था. आज देखें कि सामाजिक आंदोलनों ,कानून में बदलाव और सरकार के प्रयासों से आ रही स्त्रीमुक्ति की इस चेतना का समकालीन हिंदी लेखन, जिसे साहित्य कहने से परहेज करना उचित होगा, में कैसा इस्तेमाल किया जा रहा है.

स्त्री लेखन होता क्या है? क्या वह, जो कुछ भी स्त्री लिख दे, या वह, जो स्त्री के विषय में हो, या वह, जो स्त्रीवादी हो, या वह, जो स्त्री समर्थक हो? स्त्री लेखन के नाम पर आज जो कुछ परोसा जा रहा है, आखिर वह है क्या? आइए देखें.

कुछ समय पहले मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की नेत्री और वयोवृद्ध हिंदी लेखिका रमणिका गुप्ता का एक साक्षात्कार एक पत्रिका में छपा था. उसमें उनका कहना है कि सत्ता पाने के लिये हर एक को कुछ न कुछ देना पड़ता है. पुरुष धन देते हैं और स्त्रियां अपना शरीर. वे बताती हैं कि अपनी पार्टी के लिए जमीन आवंटित करवाने के लिए वे बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री केबी सहाय से मिलीं, जिन्होंने उन्हें एकांत में बुलाकर कहा कि जो चाहो मांग लो और तत्काल कागज़ पर हस्ताक्षर कर दिए. फिर मुख्यमंत्री ने लेखिका को आलिंगन में भर कर चूम लिया. रमणिका गुप्ता आह्लाद से भर उठीं और उन्हें लगा कि चुंबन द्वारा मुख्यमंत्री ने अपनी सत्ता उन्हें हस्तांतरित कर दी है. लेन-देन की यही अवधारणा उनकी कहानी ‘ओह ये नीली आंखें’ में भी दिखती है जिसमें एक स्त्री अपने पति व बच्चे के साथ ट्रेन में यात्रा कर रही है, साथ वाली बर्थ पर एक नीली आंखों वाला यात्री लेटा है और ऊपर की बर्थ पर पति और बच्चा. स्त्री सहयात्री के साथ ट्रेन में सहवास करती है क्योंकि उसे नीली आंखें पसंद हैं और उसे भी सौंदर्यपान करने का पूरा हक है. अपने साक्षात्कार में प्रगतिशील लेखिका बताती हैं कि वे अपनी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की ट्रेड यूनियन के काम से धनबाद की कोयला खदानों के राष्ट्रीयकरण के सिलसिले में केंद्र में कांग्रेस सरकार के तत्कालीन वित्तमंत्री नीलम संजीव रेड्डी से मिलने गईं जहां पर होटल के कमरे में वे एकदम निर्वस्त्र होकर उनके सामने आ खड़े हुए और लेखिका की मर्जी के विरुद्ध उनके साथ सहवास किया. जनवादी लेखिका ने शिकायत नहीं लिखवाई (अंग्रेजी आउटलुक 18 जनवरी 2010). ये हैं ‘युद्धरत आम आदमी’ की संपादक के आचार-विचार. आम आदमी युद्धरत है और आम औरत?

गीताश्री की एक कहानी ‘प्रगतिशील इरावती’ मार्च,  2013 के महिला विशेषांक में छपी है- ताप. एक युवा पुत्री की मां अपने बूढ़े पति की शारीरिक भूख से त्रस्त है. वह अपनी व्यथा पुत्री को बताती है. एक आधुनिक युवा पुत्री पिता को समझाने, किसी सलाहकार के पास भेजने या उनके आगे कोई अन्य विकल्प रखने के बजाय खुद उनके लिये एक युवा वेश्या खरीद लाती है जो घर पर ही आकर पिता को होमसर्विस देकर उनकी भूख शांत कर दे. यानी एक युवा स्त्री अपने वृद्ध पिता के लिए दूसरी युवा स्त्री को यौनदासी बनाती है. स्त्री सशक्तीकरण की चरम अवस्था को प्राप्त कर चुकी इस लेखिका की कहानी में एक ट्विस्ट है. कहानी के अंत में युवा वेश्या युवा पुत्री से कहती है- ‘ये किसी काम का नहीं है. तुम बेकार अपने पैसे बर्बाद कर रही हो. मैं ठरकी बुड्ढों को खूब जानती हूं. अंग्रेज़ी मुहावरा याद है न- ‘द डिजायर इज हाइ बट द फ़्लेश इज वीक.’ बोल्ड लेखिका के रूप में एक विशेष समूह द्वारा अति प्रशंसित गीताश्री इससे पूर्व ‘इंद्रधनुष के उस पार’ कहानी में दिखा चुकी हैं कि कॉरपोरेट दफ्तर में काम करने वाली युवती परेशान है कि उसका बॉस उसके कपडे-लत्तों पर हरदम रोक-टोक करवाता रहता है. युवती की चिंता सही भी है क्योंकि सभ्य समाज यही मानता है कि स्त्री को अपने वस्त्र स्वयं चुनने और पहनने का पूरा हक है . मगर इस कहानी में भी ट्विस्ट है. लड़की अपनी पोशाक स्वयं तय करने के अधिकार का प्रयोग करते हुए पूर्णतया निर्वस्त्र होकर न्यूड पार्टी में जाती है जहां पर सभी लोग निर्वस्त्र आए हैं, वह बॉस भी जो उसे स्लीवलेस टॉप पहनने पर टोकता था. ऐसी पार्टियां हमारे समाज में होती हैं या ‘इंद्रधनुष के उस पार’ यह कह पाना कठिन है.

जयश्री रॉय की ‘औरत जो एक नदी है’ नाम की कहानी भी है और इसी नाम का उपन्यास भी. पुरुष की ओर से लिखा पूरा उपन्यास शयनकक्ष, शराब, फेनी, बियर, बकार्डी, बिस्तर और उस पर केंद्रित लंबे उबाऊ संवादों से भरा है. कई दशक पूर्व के घोर मर्दवादी लेखक जैनेंद्र की धारणा थी, पत्नी घर में, प्रेयसी मन में. इस विषय पर शायद एक लंबी चर्चा भी चलाई गई थी. लेखिका इस धारणा के अनुरूप स्वयं को ढाल चुकी हैं. पुरुष के पास तीन औरतें हैं, एक पत्नी उमा, और दो प्रेयसियां-दामिनी और रेचल ,जो तलाकशुदा हैं. पुरुष को पत्नी की ‘साड़ी से रसोई की गंध’ आती है और प्रेमिका के शरीर से ‘परफ़्यूम’ की. कामना पुरुष की ही है और स्त्रियां अन्नपूर्णा नहीं, थाली में रखे हुए व्यंजन हैं, स्वयं को परोसती. दामिनी शादी को वेश्यावृत्ति बताती है जिसमें ‘स्त्री को आजन्म गुलामी करनी पड़ती है’,पर खुद क्या करती है? एक विवाहित आदमी की देह पर आइस क्यूब रगड़ते हुए कहती है, ‘अपनी वाइल्ड फैटेंसी पूरी कर लो. देह से ही मन का रास्ता जाता है.’ विवाहित आदमी कहता है ,  ‘तो क्या मैं तुम्हारी इस न जाने किस किस की जूठन बनी देह के पीछे था?’  शादी को वेश्यावृत्ति बताने वाले और अजनबियों के साथ यौनसंसर्ग करते ये नर-मादा क्या एक-दूसरे का सम्मान या एक-दूसरे से प्रेम कर पाते हैं?

इन्हीं लेखिका की ‘देह के पार’ कहानी में प्रौढ़ स्त्री नव्या अपनी बेटी को स्कूल छोड़ कर आने के बाद अपने से 10 वर्ष छोटे बेरोजगार युवक को खरीद लाती है. ‘इस साल यह उसकी चौथी नौकरी छूटी थी. ‘अब खाओगे क्या?’ ‘तुम हो न मेरी सेठानी’ कहते हुए उसने नव्या के पर्स में से 500 का नोट निकाल लिया जो नव्या को अच्छा नहीं लगा. युवक ने तीन तस्वीरें दिखाते हुए कहा ‘इनमें से एक तस्वीर चुनो मुझे इस साल शादी करनी पड़ेगी….’ मैं तो कहती हूं तीनों से कर लो, तुम तो हो ही कैसानोवा सौ को भी एक साथ संभाल लोगे.’… अय्याश अफसरों  की बूढ़ी-अधबूढ़ी सेठानियों को शरीर बेचने वाला युवक कहता है, ‘कोई अपना हुनर बेचता है कोई फन कोई अक्ल. मैं अपनी सुंदरता बेचता हूं.  इट्स दैट सिम्पल. बास. अगले हफ्ते दुबई जा रहा हूं, शेख़ साहब का मेहमान बन कर.’ जयश्री रॉय की अन्य अनेक कहानियों के अनेक पात्रों की तरह युवक भी विवाह को वेश्यावृत्ति मानता है. देह से ही मन का रास्ता जाता है, जयश्री रॉय के इस सिद्धांत के आधार पर उम्मीद की जानी चाहिए कि शायद युवक भी दुबई में शेख साहब की देह से ही शेख साहब के मन में दाखिल हो जाएगा.

जयश्री रॉय की कहानियों में से एक को दूसरी से अलग कर पाना कठिन है. एक-सा कथानक, एक-से संवाद ,एक-सी बनावटी भाषा यहां तक कि एक-से शीर्षक. उनके पात्र परस्पर देह संबंधी लंबी चर्चाएं करते हैं पर देह के पार नहीं पहुंच पाते. एक-दूसरे को खरीद कर दैहिक भूख पर विस्तृत विचार-विमर्श करने वालेे ये पात्र कहां के रहने वाले हैं? वे जो भाषा बोलते हैं वह कहां बोली जाती है? पुरुष वेश्या और पुरुष शरीर खरीदने वाली सेठानी क्या परस्पर जयशंकर प्रसाद की कामायनी या स्कन्दगुप्त वाली भाषा में बात करते होंगे?

नदी सीरीज में वरिष्ठ जया जादवानी भी शरीक हो गईं. उनकी ‘समंदर में सूखती नदी’ में ‘दोनों बच्चों के होस्टल चले जाने के बाद वे दोनों अकेले रह गए थे. अब उसे अपनी पत्नी की देह पका हुआ कद्दू लगती थी जिस पर वह अक्सर स्वयं को निष्प्राण लेटा हुआ पाता था…. उसे कुछ नया चाहिए था…. उसने सोचा था उसका सामना ऐसी लड़की से होगा जिसने अपनी देह को दुकान की तरह सजाया होगा. ‘प्रौढ़ पुरुष और युवा लड़की लांग ड्राइव पर जाते हैं और स्त्री-पुरुष संबंधों पर सात पृष्ठ लंबी चर्चा करते हैं, ‘तुम स्त्रियां ही ढिंढोरा पीटती हो कि तुम मात्र जिस्म नहीं हो. यही एक चीज ले कर खड़ी रहती हो तुम पुरुषों के सामने.’ यह कहानी शायद जादवानी ने कॉलगर्ल की गरीबी के बारे में लिखी है क्योंकि अंतिम पंक्ति में वह ‘बहुत जोर से रोना चाहती है पर आंसू कहीं घुट कर रह गए.’ (कथादेश, सितंबर 2012)

जयश्री रॉय की कहानी में एक प्रौढ़ स्त्री युवा पुरुष वेश्या को खरीदती है तो जया जादवानी की कहानी में एक प्रौढ़ पुरुष एक युवा स्त्री वेश्या को . स्त्री लेखन के नाम से परोसी गई यह सामग्री कोई अलग स्वीट डिश नहीं, अब इसे ही स्त्री लेखन का महाभोज माना जा रहा है. ये सच्ची कहानियां हैं या काल्पनिक? यह यथार्थ है या जादुई यथार्थ?

लेखिका मैत्रेयी पुष्पा के उपन्यास चाक की नायिका सारंग किशोरी बालिका के रूप में ‘सत्यार्थप्रकाश के बीच रखी ऋतुसंहार की पतली सी किताब पढ़ती है’ और बताती है ‘40 वर्ष की अवस्था के, गोरे रंग और लंबे कद के मुलायम मुख वाले शास्त्री जी की छवि बुरी तरह तंग किए थी. खादी के वस्त्र पहने हुए – काश महीन वस्त्र पहने होते. मैं भोग की इच्छा रखती हुई भी शास्त्री जी की बांहों में फिसल रही थी.’ (चाक,   पृ. 89-90). अधेड़ उम्र की भाभी रिश्ते के ननदोई की मालिश करती है, ‘ज्यादा ही सरमदार का घुसला बन रहा था, तैमद ऊपर को सरकावै ही न. लत्ता जितना ही ऊपर उठाऊं , उतना ही भींचता जाय तैमद को. मैंने कही, लुगाई है रे तू? जबरदस्ती तैमद खोल कर फेंक दिया बंजमारे का… मैंने ऐसी मालिश करी जैसे छः महीने का बालक हो और फिर खाट पर लोट गई उसके बरब्बर में. बोल दिया कि लल्लू कैलासी, भूल जाओ रिश्ते नाते… और फिर ये तो देह रहते के खेला हैं रे. पाप पुन्न मत सोचना’ (चाक, पृ.104). रंजीत की पत्नी सांरग श्रीधर के साथ आनंद में मग्न है,  ‘श्रीधर, अगर तुम्हारी आंखें इस देह को देख कर आनंद पाती हैं तो जी भर कर देखो मुझे. मेरी सुंदरता सार्थक हुई. भोग करने से तुम्हारे प्राण तृप्त हों तो आओ रात बाकी है अभी’ (पृ. 329 चाक)? जून, 2008 के संपादकीय में राजेंद्र यादव कहते हैं, ‘औरतों के पास उनकी देह है वरना योग्यता के नाम पर उनके पास रखा ही क्या है.’ मैत्रेयी पुष्पा की नायिका कहती है, ‘मेरे पास था ही क्या – हरी भरी देह.’ (चाक, पृ. 329 )
लेनिनवादी लेखिका रमणिका गुप्ता की एक अन्य कहानी में एक स्त्री एक आकर्षक अश्वेत पुरुष के शरीर का उपभोग करना चाहती है. वह रात को स्त्री के होटल के कमरे में आ पहुंचता है. आगे की गतिविधि का वर्णन लेखिका ने विस्तार से किया है. अजनबी अश्वेत पुरुष जाते वक्त एक गुड़िया छोड़ जाता है. गुड़िया शीर्षक कहानी में यह गुड़िया नायिका को संदूक में मिलती है.

जैसी गुड़िया रमणिका की नायिका को संदूक में मिली वैसी ही एक गुड़िया मैत्रेयी पुष्पा के भीतर भी है. वे किसी कार्यक्रम में आमंत्रित की गईं और गेस्ट हाउस में ठहराई गईं . लॉबी में उनके पीछे चल रहे राजेंद्र यादव कहीं ‘बुखार का ताप देखने के लिये उनकी कलाई न पकड़ लें’ इस डर से वे उनसे अधिक बात न बढ़ाकर जल्दी से अपने कमरे में चली गईं. मगर आधी रात को प्यास लगने पर रूमसर्विस से पानी न मंगा कर वे राजेंद्र यादव के कमरे का दरवाजा खटखटाती हैं और दरवाजा छूते समय उन्हें लगता है कि उन्होंने ‘राजेंद्र यादव को छू लिया’. (गुड़िया भीतर गुड़िया, पृ. 315-316 )

विचार का विषय है कि रिश्ते के ननदोई की लुंगी खींच कर उसे फुल बॉडी मसाज देने वाली अधेड़ भाभी के लल्लू कैलासी के साथ स्वच्छंद यौनाचार का विशद वर्णन करने वाली 1944 में जन्मी वयस्क लेखिका ने 2008 में एकाएक ‘गुड़िया’ बनकर लकड़ी के दरवाजे को छू कर राजेंद्र यादव कैसे समझा? यही नहीं, कैसे उन्होंने इस प्रसंग को इतना अधिक महत्वपूर्ण समझा कि उसे अपनी आत्मकथा का हिस्सा बनाया. यौन सक्रियता के वर्णन में सारे लेखकों को पीछे छोड़ कर इस क्षेत्र की पुरोधा के रूप में प्रतिष्ठा पा चुकी लेखिका मैत्रेयी पुष्पा संपादक के आगे चाइल्ड वुमन बन जाती हैं, उन्हें छूने को लालायित. क्यों?

बार्बी डॉल 1959 में बनाई गई थी. उसका चेहरा बच्चों जैसा था पर शरीर वयस्क. कम्युनिस्ट रूस ने इन गुड़ियों पर प्रतिबंध लगा दिया था क्योंकि इन्हें बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए हानिकारक माना गया (द ऑबजर्वर, नवंबर 2002). लेकिन हमारे हिंदी के जनवादी मठाधीशों ने अनेक बार्बी डॉल्स तैयार कर ली हैं जो वयस्क हैं, पर जो अपने हाव-भाव शिशुवत रखती हैं. चाइल्ड वुमन पोर्नोग्राफर का सबसे हसीन ख्वाब होती है. बालबुद्धि वाली इठलाती, तुतलाती, पलकें झपकाती वयस्क शरीर वाली स्त्री. विडंबना यह है कि यह सारा खेल स्वयं को जनपक्षधर, प्रगतिशील, सेक्युलर बताने वालों के दरबार में चल रहा है, न कि रूढि़वादियों के बीच. ये डॉल्स वृद्धवृंद की फरमाइश पर रचनाएं प्रस्तुत करती हैं, और उनके सुझाव पर रचना में परिवर्तन, परिवर्द्धन करते हुए उसे मनोरंजन का खजाना बना देती हैं.

इसी बीच एक युवा लेखिका ज्योति कुमारी की किताब को अचानक बेस्टसेलर घोषित कर दिया गया. इस किताब में शरीफ लड़की नामक कहानी में पाठकों को चौंकाने के लिए लड़की के 14 वर्ष की हो जाने का विस्तृत विवरण है. ऐसा और इससे भी अधिक विस्तृत विवरण पाठक आज से 40 साल पहले कमला दास की आत्मकथा में पढ़ चुके थे अतः वे चौंके ही नहीं. जुगुप्सा जगाने में कोई कसर न रह जाए इसलिए उसके तत्काल बाद लड़की के प्रेम प्रसंग का वर्णन है- ‘लड़की वीर्य से लिथड़ी है…ऊपर से नीचे तक…आगे से पीछे तक…अंदर से बाहर तक उसका रोम रोम लिथड़ा है.’(हंस). यह किशोर-किशोरी के प्रेम का वर्णन है या किसी सूनामी का? क्षमा कीजिएगा, मेरी जिज्ञासा है कि आखिर एक किशोर बालक के पास कितने लीटर वीर्य होता है? देश की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी जेएनयू के साम्यवादी प्रोफेसर नामवर सिंह ने इसकी प्रशंसा में ‘इसे अनदेखा करना मुमकिन नहीं’ शीर्षक आलेख लिखा और स्त्री लेखन के क्षेत्र की इस ज्योति की शान में गुरुदेव रवीन्द्रनाथ ठाकुर की कविता उद्धृत की. युवा लेखिका की क्रांति न केवल कथ्य में है बल्कि शिल्प में भी है. प्रतिष्ठित साहित्यकार महेंद्र राजा जैन ने हिंदी के विराम चिह्नों के उपयोग के बारे में एक महत्वपूर्ण पुस्तक लिखी है. ज्योति कुमारी ने अर्धविराम, अल्पविराम और पूर्णविराम को तिलांजलि देकर एक नई परंपरा का सूत्रपात किया. वे हर वाक्यांश के बाद तीन बिंदु लगाती हैं. कहानी में लगभग 595 बार तीन बिंदुओं का प्रयोग है. लगभग 1,785 बिंदुओं वाली इस रचना को देखकर निर्णय करना कठिन हो जाता है यह गद्य लिखा गया है या बूंदों वाली रंगोली.

असली जीवन में जमीनी काम करते हुए हमने सैकड़ों किशोर- किशोरियों के प्रेम प्रसंग देखे हैं. इनका प्रेम टूटते भी देखा, टूटते दिलों की कहानी भी सुनी, उन्हें सांत्वना दी और आत्महत्या करने से रोक कर फिर से जीने के लिए प्रेरित भी किया. मेरा विश्वास है कि कोई भी 18 वर्ष के किशोर-किशोरी अपने पहले प्यार का वर्णन उन शब्दों में नहीं कर सकते जिनमें ज्योति कुमारी ने किया. असली प्रेमी आज भी एक-दूसरे को खून से चिट्ठी लिख रहे हैं, मां-बाप का घर छोड़ कर भाग रहे हैं, नदी में कूद कर एक साथ जान देने को तैयार हैं. मेरा अनुभव है कि आज भी प्रेम में पड़ने वाले लोग प्रेम ही करते हैं. ज्योति कुमारी की प्रशस्ति नामवर सिंह के हस्तलेख में इंटरनेट पर भी उपलब्ध है. जाहिर है, ऐसा विशद वर्णन वृद्धजनों की खातिर ही किया जाता है.

यह सब यूं ही नहीं हुआ है. हंस संप्रदाय के सतत और अथक प्रयासों से पोर्नोग्राफी का जो अश्लील अनुष्ठान हिंदी लेखन में जनवाद के नाम से आयोजित किया गया है, उसमें उसी प्रकार की स्त्रियां भी शामिल कर ली गई हैं. यह मर्दों द्वारा चयनित स्त्रियों का नृत्य है जिसमें वयोवृद्ध रमणिका गुप्ता, मैत्रेयी पुष्पा, प्रौढ़ गीताश्री और जयश्री रॉय आदि तथा युवा ज्योति कुमारी जैसी अनेक स्त्रियां शरीक हैं. यह सूची बड़ी लंबी है.

imgदरअसल विगत कई दशकों से हंस संप्रदाय सारी स्त्रियों को यौनकर्मी साबित करने पर तुला हुआ है. हंस के स्तंभकार अभय कुमार दुबे के शब्दों में, ‘लेकिन क्या सेक्सवर्क के जरिये भी स्त्री सबलीकरण की राह पर चल सकती है? यौनकर्म में समाजसेवा या सेक्सुअल थेरेपी के पहलू अंतर्निहित होने का तो तर्क बनता है.’ दुबे नारीवाद से असहमत हैं, ‘नारीवाद की बौद्धिक दुनिया सेक्सवर्क को दो हिस्सों में बांट देती है. वह वेश्या के सेक्सवर्क को बिना पारिश्रमिक लिए सेक्सवर्क कर रही औरतों के बरक्स रखते हुए विभिन्न तर्कों के आधार पर उसे निकृष्ट और स्त्री की आजादी के लिए नुकसान देह मान लेती है. चाहे वह प्रेमिका द्वारा किया गया हो या विवाहिता पत्नी द्वारा, मुफ्त में किया गया सेक्सवर्क उच्चतर, उदात्त और एक हद तक मुक्तिकारक बन जाता है…. नारीवाद उसमें ज्यादा से ज्यादा दैहिक संतुष्टि की दावेदारी और प्रेम के तहत किए जाने वाले सेक्स को और जोड़ देता है. लेकिन प्रेम और प्रजनन से रहित, पारिश्रमिक की अपेक्षा में किया गया सेक्सवर्क इस विचारधारा की निगाह में जिंसीकरण कहलाता है या यौन दासता का पर्याय मानकर उसे कलंकित कर दिया जाता है.’ (हंस, जुलाई 2008)

दुबे इस प्रकार स्पष्ट करते हैं कि ‘स्त्री हमेशा सेक्सवर्क ही करती है भले ही वह अपनी दैहिक संतुष्टि के लिए करे, प्रेम के तहत करे, प्रजनन के लिए करे, विवाहिता के रूप में करे, चाहे प्रेमिका के रूप में, वह मुफ्त का वर्क है.’  दुबे जी के इतना विस्तार से समझाने पर अब तक इतना तो पाठकगण समझ ही चुके होंगे कि सारी स्त्रियां यौनकर्मी हैं, नाचने-गाने की तरह यौनकला भी स्त्री सबलीकरण का माध्यम है और स्त्री यौनकर्म द्वारा समाज सेवा या सेक्स थेरेपी करती है. मेरा सवाल यह है कि क्या उसी गतिविधि में संलग्न उनके साथी, प्रेमी, पति भी यौनकर्मी ही हैं या कुछ और एक ही खेल का एक प्रतिभागी ग्राहक-उपभोक्ता और दूसरा प्रतिभागी वर्कर किस आधार पर बनता है? क्या दुबे के लोकतंत्र में स्त्री-पुरुष समकक्ष नहीं हो सकते? कैसे एक क्रेता बनता है, दूसरा क्रीत? (नवरीतिकालीन, कथादेश, सितंबर 2008). हिंदी की जिन प्रवृत्तियों का उल्लेख मैंने उस लेख में किया था, वे आज अपनी पूरी कुरूपता में सबके सामने खड़ी हैं. स्वस्थ साहचर्य में अक्षम व्यक्ति अक्सर ब्लू फिल्में बनाते-देखते, अश्लील एसएमएस भेजते और फोन पर अश्लील वार्तालाप करते हुए धरे-पकडे़ जाते रहे हैं. यह उसी तरह का मानसिक व्यभिचार है.

मर्दों के इस खेला में पुरुषों को आनंद देने के लिए औरतों की एक ऐसी पोर्न छवि गढ़ी गई है जो पूर्णतया यौनीकृत है. उसमें न चेतना है, न हृदय, न मन और न भावना. यह पोर्न की क्लासिकल सेडोमेसोचिस्ट छवि है. इन औरतों को यौनिक वस्तु होने, कष्ट पाने और अपमानित होने में आनंद आता है. गीताश्री की नायिका के वस्त्र कोई बलात्कारी नहीं उतारता, वह स्वयं ही निर्वस्त्र होकर न्यूड पार्टी में जाती है. उनकी दूसरी कहानी में युवा वेश्या का शोषण कोई पुरुष नहीं करता, कहानी की नायिका ही दूसरी स्त्री का शरीर खरीद कर अपने वृद्ध पिता के आगे परोसती है. बोल्ड मानी जाने वाली मैत्रेयी की नायिका सारंग अपनी

हरी-भरी देह परोसती है, मास्टर श्रीधर भोग लगाता है. यह समकक्षता की भाषा नहीं है.
अखबार पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा की खाप पंचायतों के मनमाने निर्णयों से भरे हैं जिनमें प्रेम करने के अपराध में युवक-युवतियों के नाक-कान काटे जा रहे हैं. उन्हें खुलेआम पेड़ों पर लटकाया जा रहा है. उन्हें बिरादरी के बाहर भी प्रेम करना मना है और गोत्र के भीतर भी. महिलाओं का 33 प्रतिशत आरक्षण ग्राम पंचायतों में है, समाज के निर्णय ले रही खाप पंचायतों में कहां?

मगर ग्रामीण जीवन की चर्चित चितेरी मैत्रेयी पुष्पा की ग्रामीण स्त्री कहती है, ‘चल लुच्ची, हम जाटिनी तो जेब में बिछिया धरे फिरती हैं. मन आया ताके पहर लिए.’ (चाक, पृ.104).  ऐसी स्वयंसिद्धा-स्वयंवरा स्त्रियों वाले गांव पश्चिमी उत्तर प्रदेश या बुंदेलखंड के किस जिले में हैं? घर पर एक पत्नी के रहते दूसरी स्त्री को ले आने पर पत्नियां त्रस्त हो कर पति की शिकायत करती देखी जाती हैं. शिकायत लिखवाने पर भारतीय दंड संहिता की एडल्ट्री के विरुद्ध बनी धारा 497 के अंतर्गत पुरुष दंडित होता है. मगर अपनी ससुराल में ही एक पति के रहते हुए रंजीत की युवा पत्नी सारंग स्कूल के मास्टर श्रीधर के साथ भोगविलास में मग्न है. पति के प्रतिरोध करने पर उसका ससुर अपने बेटे को समझाता है कि पति का काम पत्नी के ‘लहंगे की चैकीदारी करना नहीं.’ क्यों न खाप के निर्णयों से त्रस्त जोड़ों को मैत्रेयी पुष्पा वाले उसी जिले में भेज दिया जाए जहां पर यौनक्रांति का ऐसा बिगुल बज चुका है कि स्त्री-पुरुष स्वेच्छा से जब चाहे जितने चाहे उतने यौन साथी चुन सकते हैं?

स्त्री विमर्श के नाम पर चल रहे अश्लीलता के इस यज्ञ में हवि डालने पर स्त्रियों को भी उनका यज्ञफल पर्याप्त मात्रा में मिला है. दैनिक अखबार नवभारत टाइम्स में अक्टूबर, 2013 में एक खबर छपी. इसके मुताबिक लखनऊ विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के पाठ्यक्रम में से महादेवी वर्मा की ‘श्रृंखला की कड़ियां’ हटा कर उसके स्थान पर मैत्रेयी पुष्पा की ‘चाक’ नहीं लगाई जा सकी इसलिए साम्यवादी विचारधारा वाले स्वैच्छिक संगठन ने विश्वविद्यालय की निंदा की है.
स्त्रीमुक्ति के नाम पर क्रांति के इस नए चलन में फेसबुक वाली नई तकनीक के भी दर्शन होते हैं. 75 वर्षीय लेखक प्रेमचन्द सहजवाला की फेसबुक वाली कहानी एक युवक की ओर से लिखी गई है, जो एक युवती के आमंत्रण पर उसके घर जाता है और उसके माता पिता के सामने ही युवती के साथ सहवास करके वापस अपने शहर लौट जाता है. गीताश्री ने भी एक युवा स्त्री के बारे में कहानी लिखी जिसमें नायिका अपने पार्टनर से उस समय रूठ जाती है जब वे दोनों बेड पर थे. ‘इंद्रजीत बिना किसी भूमिका के भड़क उठा था – ‘तुम्हें अपने बॉस के साथ अकेले बार में नहीं जाना चाहिए था. ….अर्पिता के मन में आया कह दे कि तुम्हारे पांव की जूती नहीं हूं. पति की तरह सामंत मत बनो पर कह न सकी…. अधखुली किताब की तरह अर्पिता को आतुर, अतृप्त और फड़फड़ाती छोड़ कर इंद्र जा चुका था.’ गीताश्री की नायिका सशक्त है. वह एक रात भी अकेली क्यों गुजारे? वह तत्काल ‘लैपटॉप लेकर बेड पर बैठ गई, फेसबुक ऑन किया. ‘क्या कर रही हो?’ .. ‘मर्द ढूंढ रही हूं, मिलेगा क्या?’.. ‘जोकिंग?’ .. ‘क्यों,  व्हाई जस्ट बिकॉज आई एम अ गर्ल इसलिए आपको जोक लग रहा है? बट आइ रियली नीड अ मैन फॉर टुनाइट.’ आमंत्रण देख कर कुछ बत्तियां इनविजिबिल हो गईं. ‘स्सालों, फट गई क्या? तुम औरतें ढूंढो, जाल फेंको तो ठीक, और कोई औरत वही करे तो जोक लगता है.’ आधी रात को आकाश नाम का एक अजनबी युवक आ भी पहुंचता है. लेखिका ने उन दोनों अजनबियों के ‘गोरिल्ला प्यार’ का पूरा वृत्तांत लिखा है- ‘देह देर तक एक दूसरे को मथती रही’ आदि. इसके बाद पार्टनर मोबाइल फोन से माफी मांगने लगता है और तब अजनबी के साथ क्रीड़ा कर चुकी नायिका का ‘गला रुंध गया. बमुश्किल उसने रुलाई रोकी.’ (हंस, सितंबर, 2012)

रुंधे गले से बमुश्किल रुलाई रोकते हुए गीताश्री ने बाजार में बेची जाती हुई औरतों की दशा पर भी पूरी एक किताब लिख डाली. इस किताब में एशिया में वेश्यावृत्ति मे झोंकी गई स्त्रियों की उपलब्धता तथा उनके रेट्स का वर्णन इस प्रकार किया गया है मानो किसी होटल के व्यंजनों का मेन्यू कार्ड हो. ‘औरत की बोली’  शीर्षक इस किताब के मुखपृष्ठ पर औरतों के आंसुओं की जगह औरतों की नंगी टांगें बनी हुई हैं. वृद्ध लेखक तथा प्रौढ़ लेखिका उत्तम पुरुष में 20 वर्ष के युवक-युवती बनकर फेसबुक के बहाने कितनी वीभत्स कल्पना को यथार्थ रूप में प्रस्तुत कर रहे हैं. बढ़ती उम्र के साथ लोग बेशर्म होते चले जाते हैं पर क्या इतने बेरहम भी हो जाते हैं ?

‘भावना, प्रेम, चाहत रहित दैहिक प्रक्रियाओं का चित्रण पोर्नोग्राफी का विषय है. अध्ययन बताते हैं कि पोर्न आख्यानों में दो ऐसे व्यक्तियों का चित्रण होता है जो बस अभी-अभी मिले हैं, इस संसर्ग के बाद फिर मिलेंगे भी नहीं. ऐसा संसर्ग व्यक्ति को और भी अकेला कर देता है. ऐसे चित्रण पढ़ने और देखने के बाद व्यक्ति जीवन में लंबे और स्थायी प्रेम संबंधों तथा पारिवारिक जीवन जीने में अक्षम हो जाता है. ऐसी छवियों से मुखातिब रहने वाले लोगों के मन में प्रेम, एकनिष्ठता, प्रतिबद्धता और चाहत की भावना खत्म हो जाती है.’ (डॉल्फ जिल्मैन)

चाहे रमणिका गुप्ता का नीली आंखों वाला आदमी हो या अश्वेत पुरुष, चाहे गीताश्री का गोरिल्ला प्यार का यौन साथी हो या एक पुत्री द्वारा पिता के लिए खरीदी गई युवती, चाहे जया जादवानी की स्त्री वेश्या हो या जयश्री रॉय का पुरुष वेश्या, चाहे सहजवाला के फेसबुक वाले युवक-युवती हों और चाहे मैत्रेयी पुष्पा के लल्लू कैलासी और दूर के रिश्ते की भौजाई.  ये सारे पात्र अजनबियों के साथ यौन संसर्ग करते हुए निरूपित किए गए हैं. ये केवल शरीर हैं, हृदयविहीन शरीर. ये कहानियां पोर्न आख्यान हैं.  इन संसर्गों के लिये सेक्स या सहवास संज्ञा का प्रयोग करना इन शब्दों का अपमान करना है.

यूनान में साहित्य और कला की देवी म्यूज कहलाती है. म्यूज कलाकारों की प्रेरणा मानी जाती है. वह पूजनीय थी. भारत में प्रेरणा के लिए नवाबों-शायरों ने तवायफों को गढ़ा. तहजीब की रक्षा के नाम पर वहां केवल गाना-बजाना ही नहीं था, नाज-नखरा और अदाएं उसका प्रमुख हिस्सा थीं. उनका काम था रिझाना. नपुंसक तथा निकम्मे नवाबों को रिझाने के लिए नियुक्त तवायफों और उत्तेजित करने वाले पुरुष हिचकारों के रोचक वृत्तांत हमारे लखनऊ के ही प्रतिष्ठित इतिहासकार योगेश प्रवीण की पुस्तकों में उपलब्ध हैं. समकक्षता के इस युग में स्त्रियों का उद्देश्य स्वयं को अभिव्यक्त करना है या चुके हुए संपादकों-समीक्षकों को रिझाना?

महात्मा गांधी के नाम पर स्थापित वर्धा विश्वविद्यालय में अपना छद्म साम्यवाद लाने के लिए कटिबद्ध उम्र के छठे दशक में विद्यमान कुलपति विभूति नारायण राय ने एक लेखिका को यौन केंद्रित गाली दी. उम्र के सातवें दशक में चल रहे रवीन्द्र कालिया ने गाली को नया ज्ञानोदय के सुपर बेवफाई अंक में छापा. उम्र के आठवें दशक में विद्यमान राजेंद्र यादव ने राय को कुलपति पद से हटाने की मांग को तालिबानी बताते हुए कहा, ‘दोस्तों, लोकतंत्र का भी कुछ सम्मान करना सीखो. आखिर हम इक्कीसवीं सदी में रह रहे हैं. यह शुद्ध मर्दवादी अहंकार कब तक हुंकारता रहेगा कि हम अपनी महिलाओं का अपमान नहीं सहेंगे.’ (हंस, सितंबर 2010 ). और उम्र के नवें दशक में विद्यमान साम्यवादी प्रोफेसर नामवर सिंह ने मौन सहमति दी.

मैत्रेयी पुष्पा रिटायर्ड पुरुष पुलिस अधिकारी से यौन केंद्रित गाली खाने के बाद भी उन्हीं के साथ चर्चारत दिखाई दीं (पाखी). उस छिछली चर्चा में क्षमाप्रार्थी होने के बजाय राय ने बड़ी निर्लज्जता से वरिष्ठ मैत्रेयी पुष्पा की तुलना अत्यंत फूहड़ लेखन करने वाली कनिष्ठ ज्योति कुमारी से कर दी. कोई सैद्धांतिक प्रतिरोध करने की जगह वे ‘ऊंऽऽ, आप लोग तो बड़े वैसे हैं’ की तर्ज पर कुनमुनाती नजर आईं. यह सब कैसे संभव हुआ? मैत्रेयी पुष्पा के आचार-विचार से तमाम असहमतियों के बावजूद मेरा मत है कि वे एक समर्थ लेखिका हैं. यदि यौन सक्रियता के वृत्तांतों से उनका सशक्तीकरण हो चुका होता तो क्या यह संभव था कि एक औसत से भी बदतर कहानी-उपन्यास लिखने वाला पुरुष इतनी वरिष्ठ लेखिका को इस तरह अपमानित कर दे और वह निरुत्तर रह जाए? यह मर्दों के खेला में नाचने के लिए तैयार होने का ही प्रतिफल है कि साहित्य में और समाज में लेखिकाएं मखौल का पात्र बन रही हैं.  इस बीच कुछ बेहतर लेखन भी अवश्य हुआ होगा मगर इस खेल में शामिल न होने के कारण वह अचर्चित रहा.

हिंदी लेखन अब तक भयंकर रूप से पितृसत्तात्मक है. अपने पुरुषवर्चस्ववादी स्वत्व की रक्षा करते हुए पिछली पीढ़ी के दंभी वयोवृद्ध पुरुषों ने पूरी तरह नकली औरतें गढ़ ली हैं. हर आयु वर्ग और आकार-प्रकार की ये बार्बी डॉल्ज हिंदी लेखन के बाजार में उपलब्ध हैं. इन्हें पूंजीवादी विदेशियों ने नहीं देसी जनवादियों ने तैयार किया है. चाबी से चलने वाली चीनी गुडि़यों की तरह इनके भीतर एक प्रोग्राम भरा है. चाबी लगाने पर ये वही बोलती हैं जो इनके निर्माताओं ने इनके भीतर भरा है. ये गुडि़यां बच्चों के लिए नहीं, हिंदी के प्रगतिशील वयोवृद्धवृंद की क्रीड़ा के लिए हैं.

रमणिका गुप्ता की ट्रेन में अजनबी सहयात्री से सहवास करने वाली स्त्री कहती है, ‘वे आंखें भी तो अपनी नीलिमा से मेरी देह को सहला ही तो रही हैं. कल जो दिन चढ़ेगा उसमें यह विलक्षण क्षण अलग से जुड़ जाएगा. इजाफा हो जाएगा तुम्हारे अनुभवों की फेहरिस्त में.’

इन चर्चित लेखिकाओं ने अनुभवों की फेहरिस्त में इजाफा करते हुए स्त्री-पुरुषों के वेश्याओं और अजनबियों के साथ यौन संसर्गों को अपना विषय बनाया है ताकि उन्हें मन, बुद्धि, चेतना, आत्मा और सारे मानवीय संबंधों से रहित शरीर के वर्णन का वितान मिल जाए. यह हिंदी में साहित्य के नाम पर चल रहा देह व्यापार है, जहां स्त्री, और अब तो पुरुष भी मांस का टुकड़ा हैं, बेचेहरा और हृदयहीन.

छद्म विमर्शकार बड़ी बेहयाई से पूछ रहे हैं कि क्या स्त्री को वह लिखने का अधिकार नहीं जो पुरुष लिख रहे हैं. मगर मूल प्रश्न इससे गंभीर है- आखिर लिखा क्या जा रहा है? स्त्री कौन-सा हक मांग रही है? मानव शरीर के अपमानित और विमानवीकृत चित्रण का हक? भावना विहीन देह वृत्तांत कहने का हक? यदि स्त्री तथा पुरुष के रचे में भिन्नता है ही नहीं तो स्त्री लेखन को अलग से रेखांकित क्यों किया जाए? प्रियंवद की ‘गंदी’ कहानी में नायक की भूतपूर्व सखी उसके घर ठहरी. वह कहती है- ‘बस मैं नहा लूं फिर बैठते हैं….अंदर से नल की धार की आवाज आ रही थी. दो कदम आगे बढ़ कर मैं झुका और गुसलखाने की दरार से आंख लगा दी. उसकी पीठ मेरी तरफ थी. लपटें फेंकते हुए दो अग्निकुंडों की तरह उसके नितंब चमक रहे थे’ (कथादेश, दिसंबर 2012). नायक एक प्रौढ़ पुरुष है, कोई किशोर बालक नहीं.

‘छुट्टी का दिन’ कहानी भी जयश्री रॉय ने पुरुष की ओर से उत्तम पुरुष में लिखी है,’ सच पूछो तो भारी नितंबों वाली स्त्री के पीछे पीछे रोज एकाध घंटे चलना मुझे बुरा भी नहीं लगता था. वह आगे आगे बतख की तरह कूल्हे मटकाती नाजो अदा से चलती थी.’ पुरुष घर आ कर ‘नौकरानी कांता बाई के नितंब निहारता.’ प्रौढ़ दंपति में से पति रोशनदान से झांकता हुआ पड़ोस की अमला भाभी को नहाते हुए देखता है, और प्रौढ़ पत्नी पड़ोस के त्रिपाठी भाई साहब को.

सहज स्वाभाविक संबंधों का विवरण साहित्य में कभी समस्याप्रद नहीं रहा. यह स्वस्थ साहचर्य का चित्रण है ही नहीं, यह तो ‘वाइकेरियस प्लेजर’ देने वाला ‘की-होल जर्नलिज्म’ है. गुदगुदी और सनसनी पैदा करने के लिए लेखक-लेखिका दरारों से झांक रहे हैं. पोर्नोग्राफर स्त्री को अपने ही शरीर का अवयवीकरण और अपमान करना सिखाता है. जयश्री रॉय पुरुष बन कर मर्दों के खेला में नाचती हुई भारी नितंबों वाली स्त्री के पीछे-पीछे चल रही हैं , नौकरानी कांता बाई के नितंब निहार रही हैं, गुसलखाने के रोशनदान से पड़ोस की अमला भाभी को बिना टाट का पर्दा डाले ही नहाते हुए झांक रही हैं और उपहास की भाषा में स्त्री अवयव वर्णन कर रही हैं. बहुत खूब.

इंटरनेट पर चैट करने वाले, मॉर्निंग वाक करने वाले मध्यवर्गीय प्रौढ़ दंपति ऐसे किस मुहल्ले में रहते थे जहां पड़ोसी त्रिपाठी दंपति आंगन में टाट का पर्दा डाल कर और कभी कभी बिना पर्दा डाले ही नहाता होगा? गीताश्री की कहानी का परिवार, जहां होमसर्विस देने वाली वेश्या तक इंग्लिश बोलती है, ऐसी किस सोसाइटी के टावर्स में रहता होगा जहां फर्स्ट फ्लोर की बाल्कनी में ‘बताऊं क्या-क्या गिरते हैं?..यूज्ड कॉन्डम और सैनिटरी नैपकिन्स’ ( ताप ). जुगुप्सा जगाने की प्रतियोगिता में एक -दूसरे को पछाड़ती इन लेखिकाओं की कहानियों में पात्रों और पृष्ठभूमि की विश्वसनीयता की अपेक्षा करना धरती पर चांद मांगने जैसा है.

दशकों के प्रयासों से यह समूह साहित्य की मुख्यधारा को पोर्न आख्यानों से बदल चुका है. ऐसे आख्यान अब अपवाद नहीं नियम हैं जिनमें यौन संसर्ग आकस्मिक और भावना विहीन है और स्त्री एक पूर्णतः यौनीकृत वस्तु.

जयश्री रॉय की देह, नदी और रात सीरीज की एक अन्य कहानी ‘समन्दर, बारिश और एक रात’ (कथादेश) में ‘फुलमून नाइटडांस में डॉनी अपनी बांहों में दो लड़कियों को एक साथ भींचे झूम रहा था. स्कारलेट 14 वर्ष की ब्राजीलियन लड़की थी जो पिछले तीन महीनों से अपनी प्रेमिका नीकीबार्नो के साथ एक कमरा लेकर रह रही थी, कभी कभी अपना स्वाद बदलने के लिए पुरुषों के साथ भी हो लेती थी. आज की रात उसका डेट अफ्रीकन युवक था.’ वह बलिष्ठ अफ्रीकन युवक के कंधे पर से उतर कर जेनी नामकी लड़की का जबरदस्ती यौन शोषण करती है. जहां सभी लोग स्वेच्छा से एक साथ अनेक अजनबियों के साथ यौन संसर्ग में लिप्त थे वहां सामूहिक बलात्कार की गुंजाइश कहां थी? मगर जयश्री रॉय ने जगह निकाल ली और सामूहिक बलात्कार की पूरी प्रक्रिया का वर्णन इतने विस्तार और इतनी तटस्थता से किया मानो ‘सामूहिक बलात्कार कैसे करें’ की दिशानिर्देशक हैंडबुक तैयार कर रही हों. न स्त्री की यातना का लेशमात्र वर्णन, न पुरुष की दरिन्दगी के प्रति क्षोभ. 75 वर्षीय वृद्ध परमानन्द श्रीवास्तव ने लेखिका की ऐसी कहानियों को कविता बताते हुए कसीदे काढ़े हैं (पाखी, दिसम्बर 2011) दरिंदगी के ऐसे बढ़ते अपराधों से समाज दहल रहा है मगर हिंदी लेखन में उत्सव चल रहा है.

इस परंपरा में ज्योति कुमारी की ‘अनझिप आंखें’ में पति द्वारा उत्पीड़ित नायिका के आगे उसका मामा यौन संसर्ग का प्रस्ताव रखता है फिर कार्यस्थल पर अखबार का संपादक. वह एक समाज सेविका से मदद मांगती है जो उसका हौसला बढ़ाती है, ‘चल कल मूवी चलते हैं.’ मूवी चल रही है. इंग्लिश बोल्ड लव स्टोरी. बड़ी तेजी से मेरे पैरों पर फिसलता हुआ एक हाथ बढ़ा चला आता है-‘अरे यह तो मैम का हाथ है.’ मैं हकला कर रह गई…’ मैम मैं वैसी लड़की नहीं हूं…मैम आइ एम नाट लेस्बियन.’..’ओह’, अचानक ऊपर आता मैम का हाथ रुक गया..’अच्छा तो तुम मर्दख़ोर हो’ और आंख दबा कर मुस्करा दीं.’ (हंस, अगस्त 2012)
जिस तरह हिंदी की मसाला फिल्मों में लंबे रेप सीन स्त्री पर होने वाले अत्याचार के प्रति करुणा जगाने के लिए नहीं मर्दों को रेप करने का वाइकेरियस प्लेजर देने के लिए रखे जाते हैं, उसी तरह इन कहानियों में स्त्री शोषण के सारे आयाम एक ही स्थान पर उपलब्ध करा दिए गए हैं. यह बूढ़े मर्दों की फरमाइश पर पेश किया गया ‘मेड टु ऑर्डर’ व्यंजन है, इसीलिए उनके द्वारा प्रकाशित, प्रशंसित, अनुशंसित और पुरस्कृत है. यहां मर्दवादी लेस्बियन होमोफोबिया भी मौजूद है. पितृभाव दिखाते हुए पुरानी पीढ़ी के घोर पुरुषवादी लेखकों ने पिछले दो तीन दशकों में स्त्री की जो विमानवीकृत छवि गढ़ी उसी के अनुरूप स्वयं को ढालती हुई ये गुड़ियाएं खुद को अपने शरीर से अलग करके लेखन में स्त्री शरीर परोस रही हैं.

गीताश्री की कहानी ताप इस प्रवृत्ति का शास्त्रीय उदाहरण है. उसमें मां बेटी से कहती है, ‘मैं ठंडा गोश्त हूं जिसे गर्म नहीं किया जा सकता. अपने पापा के लिए किसी लड़की का इंतजाम कर दे.’ यही बात उसका सहकर्मी विप्लव उससे अपने पिता के विषय में कहता है, ‘बुड्ढा बहुत सेक्सी है. मिलवाऊंगा तो आफत आ जाएगी. फिर न कहना कि देखो तेरे पिता ने क्या कर दिया. नॉट जोकिंग यार सीरियसली. मेरी मां अब बहुत बूढ़ी हो गई है. पिता अब भी फफन रहे हैं. सोचता हूं उनके लिए किसी लड़की-वड़की का इंतजाम कर दूं. विप्लव हंसते हुए बता रहा था. न कोई संकोच न कोई शर्मिंदगी.’ (इरावती पृ.126)

वृद्धा मां और युवा विप्लव दोनों ‘लड़की-वड़की का इंतजाम’ की भाषा बोलते हैं. युवा बेटा अपने बाप के लिए लड़की का इंतजाम करता है और युवा बेटी अपने बाप के लिए. वृद्ध पिता कहता है’, ‘पांच-पांच हज़ार में एक से एक मिलती हैं.’ मां ‘ठंडा गोश्त’ है, पिता अब भी ‘फफन रहे हैं’ और लड़कियां बिक रही हैं. एग्रेसिव मेन और सब्मिसिव वुमन की सेडोमेसोचिस्ट छवि को अब पुरुष नहीं स्त्री पुख्ता कर रही है. ‘स्त्री आकांक्षा के मानचित्र’ की चितेरी इन गीताश्री की शान में राजेंद्र यादव संपादकीय लिख चुके हैं. मर्दों के खेला में यही स्त्री विमर्श है. वृद्ध पुरुष यौन बुभुक्षित हैं और युवा स्त्रियां उनका आहार. औरतों ने भी यही छवि आत्मसात कर ली है.

स्त्री की इस आत्मछवि के निर्माण में उन पुरस्कारों का भी हाथ है जो ऐसा लेखन प्रोत्साहित करने के लिए दिए जाते रहे. पुरस्कारों का अर्थ केवल 51 या 51 लाख रुपये, एक शॉल तथा नारियल, जिसे कविगण मंच से श्रीफल कहते सुने जाते हैं, ही नहीं होता. इसका मतलब यह भी है कि उन समयों में वैसा लेखन समाज में उत्कृष्ट माना जा रहा था. यही लेखन पीढ़ी के लिए नजीर बनता है और भावी पीढ़ी उसका अनुसरण करती है. लोकप्रियता ही श्रेष्ठता का आधार नहीं होती. इसी कारण उत्कृष्ट कला फिल्मों को राष्ट्रीय पुरस्कार दिया जाता है भले ही वे लोकप्रिय न भी हुई हों. हिंदी लेखन में कलावस्तु के स्थान पर पोर्न वस्तुओं का पुरस्कृत होना गहरी चिंता का विषय है.

आज सभी क्षेत्रों में स्त्रियां पुरुषों के बराबर खड़ी दिखाई दे रही हैं. आज वे केवल परीक्षाओं में सफल होकर डॉक्टर, इंजीनियर, अध्यापिका ही नहीं बन रहीं, राष्ट्रीय और निजी क्षेत्र के बैंकों की चेयरमैन कम मैनेजिंग डारेक्टर, कॉरपोरेट हाउसेज की मालकिन और अंतरिक्ष यात्री भी हैं. गांवों और शहरों में लाखों स्वास्थ्यकर्मी, एएनएम, आशा बहुएं, आंगनवाड़ी और प्राथमिक पाठशालाओं में काम करने वाली स्त्रियां खुद कमा रही हैं और घर चला रही हैं. अध्ययन बताते हैं कि एक तिहाई घरों की अकेली कमाने वाली सदस्य स्त्रियां हैं. परिवार के मुखिया के रूप में भले ही रजिस्टर में पुरुष का नाम लिखवा दिया जाए पर इन घरों में बच्चे अपने निखट्टू पिता की जगह कर्मठ मां की ही सत्ता मानते हैं.

खेद है कि हिंदी लेखन में सारी सत्ता ऐसे मर्दों के हाथ में है जिनके अपने निजी जीवन में स्त्रियों का न कोई आदर- सम्मान है न ही स्थान. वे प्रोफेसर हैं, संपादक और चयनकर्ता भी. इन मठाधीशों ने रमणिका गुप्ता जैसे लेखन को साहसिक बता कर अनुकरणीय बनाया और हिंदी लेखन में आलिंगन चुंबन द्वारा सत्ता हस्तांतरण की प्रणाली स्थापित होती चली गई. यह समकक्षता नहीं है. अवनतिशील वृद्धवृंद प्रगतिशीलता के प्रमाणपत्र बांट रहा है और  बार्बी डॉल्ज प्रमाणपत्र पाने को पंक्तिबद्ध खड़ी हैं.

इन हेय और उपेक्षणीय रचनाओं को उद्धृत करना मेरे लिए एक कष्टप्रद अनुभव रहा. मेरा उद्देश्य रचनाकारों के व्यक्तित्व और कृतित्व की चर्चा करना नहीं बल्कि पाठकों के सामने स्त्री लेखन के नाम पर चल रही दुर्भावनापूर्ण पोर्न परंपरा की बानगी प्रस्तुत करना है. अंतिम निर्णय तो पाठक करेंगे और आने वाला समय.

जनवादियों द्वारा अतिनिंदित वेदों में एक प्रार्थना है, ‘तमसो मा ज्योतिर्गमय’. साहित्य को समाज के आगे मशाल ले कर चलते हुए समाज का पुरोधा होना चाहिए. आदिकाल, वीरगाथाकाल, भक्तिकाल, रीतिकाल और आधुनिककाल के बाद छद्म जनवादियों द्वारा निर्मित यह नवरीतिकाल का अंधायुग है. इस अंधे युग के ‘हर पल गहरे होते जाते अंधियारे’ में आबाल-वृद्ध (छोटी-बड़ी) बार्बी डॉल्ज से प्रगतिशीलता के रैंप पर कैटवॉक करवाई जा रही है- उजाले से अंधेरे की ओर.

जो पोर्न छवियां पूंजीवाद के बाजार में इंटरनेट पर क्रेडिट कार्ड द्वारा पेमेंट करके खरीदी जाती हैं, प्रगतिशील जनवादियों के बाजार में वे ही छवियां मुफ्त में उपलब्ध हैं. इस बाजार को ही हिंदी साहित्य बताया जा रहा है. यह बाजार युवाओं द्वारा नहीं मर्दों के वृद्धवृंद द्वारा संचालित, पोषित और नियंत्रित है. इसमें वृद्ध, प्रौढ़ और युवा बार्बी डॉल्ज नृत्य में अव्वल आने के लिए एक-दूसरे से होड़ ले रही हैं. यह स्त्री विमर्श के नाम पर चल रहा उन्मादग्रस्त आनंदनृत्य है .

धार्मिक रूढि़वाद के विरुद्ध स्त्रीमुक्ति की आवाज उठाते बहुत समय हो गया. जनवादियों का यह पोर्न अनुष्ठान उससे ज्यादा खतरनाक है क्योंकि इसे प्रगतिशील स्त्री विमर्श के रूप में पेश किया जा रहा है. आज यह आवाज छद्म जनवाद के खिलाफ उठा रही हूं, इसलिए कि अब और चुप रह पाना मुमकिन नहीं और इसलिए भी कि मुझे पूरा यकीन है इस आवाज को जरूर सुना जाएगा.

कैसे लौटे वह निश्छलता?

इलेस्ट्रेशन:मनीषा यादव

बच्चों के लेखकों की मुसीबत यह है कि वे आज के बच्चे को अपने समय के बच्चे की नजर से देखते हैं. जबकि हमारा सामना आज के स्पीड युग के बच्चे से है. हालांकि इस बच्चे को देखकर ट्रैफिक पुलिस का वह नारा याद आता है-स्पीड थ्रिल्स बट किल्स. हम लोग जो बच्चों के लिए लिखते हैं, अक्सर अपने पैमाने पर ही बच्चों को खरा उतारना चाहते हैं. जो हमें पसंद था या है वही बच्चों को पसंद आना चाहिए. एक तरफ बच्चों की आजादी की वकालत की जाती है तो दूसरी ओर हम बड़े उन पर अपनी ही सोच को लागू करना चाहते हैं. हमारे यहां शायद ही कोई बच्चों से पूछता हो कि वे क्या पढ़ना चाहते हैं? उनकी पसंद क्या है. बल्कि उन पर अपनी ही धारणाएं लाद दी जाती हैं कि बच्चे यह पढ़ना चाहते हैं वह पढ़ना चाहते हैं.

विज्ञान और उससे उपजी तकनीक बच्चों को अपनी उम्र से पहले बड़ा कर रही है. उनकी दुनिया में कई नई चीजें दाखिल हो चुकी हैं. तकनीक या टेक्नोलॉजी दुधारी तलवार की तरह है. बच्चे कितना जानें और किस प्रकार जानें? आज के दौर पर इस तरह की रोक भी संभव नहीं दिखती कि बच्चे किसी के कहने से मान जाएंगे कि यह देखो यह मत देखो, यह पढ़ो वह मत पढ़ो. टेक्नोलॉजी के बारे में जब बात होती है तो दो तरह के विचार सामने आते हैं. एक विचार कहता है कि टेक्नोलॉजी और आज का जमाना बच्चों को बिगाड़ रहा है. जब भी कोई बदलाव होता है एेसे विचार अक्सर सामने आते हैं. टीवी से लेकर कंप्यूटर तक के आने पर संस्कृति के नाश की बातें की जाती रही हैं. दूसरा विचार कहता है कि टेक्नोलॉजी के बिना जीवन नहीं है. आखिर आज किसी को कंप्यूटर, नेट या मोबाइल से कब तक दूर रखा जा सकता है. वैसे भी बच्चों को किसी बात के लिए मना नहीं करना चाहिए. एक बहस के दौरान चर्चित विज्ञापन निर्माता अलीक पदमसी ने कहा कि पश्चिम में आठ साल तक के बच्चे पोर्न मैगजीन और साइटें देखते हैं और इसका कोई बुरा भी नहीं मानता. हम जैसे लोगों के सामने सवाल ही यही है कि बच्चों को दोनों तरह की अतियों से कैसे बचाया जाए.

पिछले दिनों केरल की खबर छपी थी कि वहां 80 प्रतिशत लोगों के पास मोबाइल है. इनमें बच्चों के पास भी बड़ी संख्या में मोबाइल हैं और इन दिनों बच्चों में वहां एडल्ट साइटें बहुत लोकप्रिय हो रही हैं. नेट सर्फिंग के बारे में भी एेसी ही खबरें हैं. भारत में फेसबुक के सबसे ज्यादा उपयोगकर्ता बच्चे ही हैं. लेकिन क्या कच्ची उम्र में पोर्न साइटें देखना और सैक्सुअली एक्टिव होना अच्छी बात है? यूरोप में एक जमाने में टीन एज प्रेगनेंसी की जो समस्या रही है वह हमारे यहां भी बढ़ती जा रही है. यहां तक कि बच्चे सेक्स संबंधी अपराधों में लिप्त हो रहे हैं. नौ-नौ साल के बच्चों के रेप जैसे संगीन अपराध में लिप्त होने की खबरें आ रही हैं. पश्चिम में तो ऐसे भी उदाहरण हैं कि 12-12 साल के बच्चे बाप बन रहे हैं और उनके माता-पिता मीडिया के सामने उन्हें पेश करके पैसे बना रहे हैं. साफ है कि बच्चे अपनी उम्र से ज्यादा बड़े हो रहे हैं और चिंता की बात यह है कि इससे उपजने वाली समस्याओं का कहीं कोई समाधान दिखाई नहीं देता. बच्चों को ध्यान में रखकर कुछ अच्छे सर्वे भी नहीं किए जाते.

हाल ही में एक साथी ने अपने बच्चे का जन्मदिन मनाया. जन्म दिन पर उन्होंने अपने साथियों से पूछा कि रिटर्न गिफ्ट के रूप में क्या दिया जाए. चूंकि साथी पढ़ने-लिखने से ताल्लुक रखते थे इसलिए सोचा गया कि किताबें खरीदी जाएं. उन्होंने बच्चे के दोस्तों के लिए एक से बढ़कर एक रंग-बिरंगी सुंदर अंग्रेजी-हिंदी की किताबें खरीदीं. जब बच्चों को रिटर्न गिफ्ट दिया गया और उन्होंने उसे खोलकर देखा तो वे बहुत नाराज हुए. गिफ्ट के रूप में उन्हें किताबें कतई पसंद नहीं आईं. जिन बच्चों को हिंदी की किताबें दी गई थीं, वे और ज्यादा नाराज हुए.

अब सवाल यह है कि आखिर उनके ही लिए लिखी गई किताबों को बच्चे बोझ की तरह क्यों देख रहे हैं. इसका कारण कई बार यह भी लगता है कि लेखकों और बाल पाठकों के बीच में एक दूरी है जो बढ़ती ही जा रही है. बच्चों के लिए जानकारी और मनोरंजन दोनों जरूरी हैं. मनोरंजन पर जानकारी हावी होगी तो सम्भवत: कोई बच्चा एेेसी कहानियां या कविताएं नहीं पढ़ना चाहेगा. जानकारी के लिए तो आजकल उनके पास बहुत से माध्यम उपलब्ध हैं. शायद यही कारण है कि कब-क्यों-कहां-किसलिए से भरी फैंटेसीज उन्हें पसंद आती हैं.

बहुत से लोग समझते हैं कि फैंटेसी लिखना बहुत आसान है और उसमें कोई तर्क नहीं होता जबकि फैंटेसी लिखना, एेसी कथा कहना जिसमें बच्चों का कुतूहल और जिज्ञासा जग सके एक कठिन काम है. इसीलिए अक्सर लोग कहानी लिखने का एक आसान सा रास्ता अपनाते हैं. सरकार के जो नारे चल रहे होते हैं वे उन पर कहानियां कविताएं लिखते हैं. एेसी कहानियां हमें हजारों की संख्या में मिलती हैं जो बेहद अपठनीय होती हैं. इन दिनों पर्यावरण और ‘जेंडर सेंसिटाइजेशन’ पर लिखने वालों की भरमार है. ये कहानियां इतनी उबाऊ होती हैं कि इनके शुरुआती वाक्य पढ़ने के बाद सहज ही समझ में आ जाता है कि आगे क्या होगा. यों बच्चों के लिए इन दिनों बहुत ही सुंदर और कम दाम की किताबें भी छपती हैं. नेशनल बुक ट्रस्ट, प्रकाशन विभाग, प्रथम बुक्स, यात्रा बुक्स, एए बुक्स, सीबीटी आदि न जाने कितने प्रकाशक हैं जो बहुत अच्छी किताबें छापते हैं. लेकिन मुश्किल यह है कि बाल पाठकों की घटती संख्या से सब परेशान हैं.

बहुत-से लोग सभा-सेमिनारों में सवाल उठाते रहते हैं कि आखिर भारत में आज तक कोई हैरी पॉटर जैसी किताब क्यों नहीं छप सकी. इसे यदि भारतीय संदर्भ में देखा जाए तो हैरी पॉटर की जैसी मार्केटिंग की गई, क्या आज तक हमारे यहां बच्चों की तो छोडि़ए बड़ों की किसी किताब के लिए इतने योजनाबद्ध तरीके से मार्केटिंग की गई है? शुरुआती दौर में हैरी पॉटर की सफलता के लिए बुक स्टोरों को पांच हजार पार्टियां दी गई थीं. मीडिया को कैसे साधा गया था यह भी सबको पता है.

आज हमारे यहां टेक्नोलॉजी को बच्चों के लिए सफलता का मूल मंत्र बताया जा रहा है और उसे सब समस्याओं के निदान का अचूक नुस्खा करार दिया जा रहा है. सारी पार्टियां चुनाव जीतने के रामबाण नुस्खे की तरह बच्चों को लैपटॉप देने की बात करती हैं और लैपटॉप बनाने वाली कंपनियांं उन राज्यों की राजधानियों में डेरा डाल लेती हैं. अगर इस बात को हैरी पॉटर पर लागू करें तो एेसा लगता है कि पश्चिम का बच्चा आधुनिक खिलौनों यानी गिजमोज की अधिकता से ऊब गया था इसीलिए उसने टोने-टोटके और चमत्कार से भरे हैरी पॉटर को चुना. हमारे यहां के गणेश, शिव, काली, हनुमान, कृष्ण जैसे पौराणिक चरित्र पश्चिम में बहुत लोकप्रिय हो रहे हैं. अमीश त्रिपाठी की शिव पर लिखी किताब को पांच करोड़ रु का कान्ट्रेक्ट मिलना और एक अन्य लेखक की रावण पर लिखी किताब असुर की लोकप्रियता भी इसे साबित करती है. नंदन पत्रिका भी जब प्राचीन कथा विशेषांक निकालती है तो न केवल बच्चे बल्कि अध्यापक और माता-पिता भी इसे बहुत पसंद करते हैं. यही नहीं, बहुत से लोग कहते हैं कि दादी-नानियां बच्चों को बहुत अच्छी कहानियां सुनाती थीं. बच्चों को नित नई कल्पना की राह पर ले जाने के लिए वे अपने बचपन में गोते लगाती थीं.

पर संयुक्त परिवारों के जमाने की विदाई के चलते आज दादी-नानी बच्चों के पास नहीं होतीं और होती भी हैं तो न उन्हें कहानी सुनाने की फुरसत है और न बच्चों को सुनने की. आज के दौर की दादी-नानी को तो टीवी सीरियल देखने और उनमें दिखती महिलाओं के कपड़े, आई ब्रो, बाल, चूड़ियां, साड़ियां, लो कट ब्लाउज या षडयंत्रकारी ढंगों को देखने से ही फुरसत नहीं है. और एेसा सिर्फ महानगरों में ही नहीं, कस्बों और गांवों तक में हो रहा है.

संचार के तमाम माध्यमों का इस्तेमाल करके विज्ञापन उद्योग ने बच्चों की दुनिया के तीन मंत्र तय कर दिए हैं-मनी, मोबाइल और मॉल. मनी यानी पैसे के जरिए ब्रांड आते हैं. विज्ञापन बताते हैं कि यदि कोई बच्चा ब्रांड नहीं पहनता है या महंगा मोबाइल इस्तेमाल नहीं करता है, या वीकेंड पर मॉल में नहीं जाता तो वह दोयम-तीयम नहीं जेड ग्रेड का नागरिक है. जिन माता-पिता या गुरुओं पर उन्हें इस हमले से बचाने की जिम्मेदारी है, उनमें से ज्यादातर खुद इसकी गिरफ्त में हैं. बाजार से पैदा हुई आकांक्षाओं के दबाव में बच्चे कहीं अपराध करते दिख रहे हैं तो कहीं अवसाद यानी डिप्रेशन का शिकार होकर आत्महत्या तक करते.

बच्चे जो कुछ देख-सुन रहे हैं उसका उनके दिमाग पर गहरा असर पड़ता है. दिल्ली में जब बम ब्लास्ट हुआ था तो यह लेखिका नेशनल बुक ट्रस्ट द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में गई थी. वहां बच्चों से जब कहानी लिखने को कहा गया तो चाहे बच्चे ने चिड़िया पर कहानी लिखी या फूलों पर या स्कूल पर या फिर अपने घर पर, उसका अंत बम ब्लास्ट पर हुआ था.

इस लिहाज से देखें तो आज बच्चों के लिए लिखने वाले हमारे वर्ग के लिए बहुत चुनौती भरा समय है. हम लेखक हैं इसलिए बच्चों के गुरु हो सकते हैं या हम जो लिखेंगे बच्चा बिना सवाल पूछे उसे जस का तस स्वीकार कर लेगा,  ऐसा नहीं है. चुनौती तो यही है कि इस नए बच्चे तक हम कैसे पहुंचें. अति सूचना और ज्ञान ने बच्चों की निश्छलता खत्म कर दी है. क्या हम ऐसी कहानियां-कविताएं लिख सकते हैं जो इन बच्चों की निश्छलता  वापस ला सकें?

दर्द का दस्तावेज़ ‘गैस्ड’

चित्र: गैस्ड, चित्रकार: जॉन सिंगर सार्जेंट, सन:1918
चित्र: गैस्ड, चित्रकार: जॉन सिंगर सार्जेंट, सन:1918
चित्र: गैस्ड, चित्रकार: जॉन सिंगर सार्जेंट, सन:1918

विश्वकला के इतिहास में युद्ध चित्रों की एक लंबी परंपरा है. हजारों साल पहले बने गुफा चित्रों से लेकर पिछली सदी की कला में , हमें युद्ध को विषय बनाकर रचे गए असंख्य चित्र मिलते हैं. पश्चिमी देशों में युद्ध चित्रों की रचना के पीछे स्वदेश प्रेम , शौर्य , बलिदान आदि प्रेरक उद्देश्यों के साथ-साथ शत्रु राष्ट्र के प्रति घृणा भाव को लंबे समय तक जिंदा बनाए रखने का मकसद भी साफ दिखता है. इसलिए ऐसे अधिकांश युद्ध चित्र शासकों द्वारा प्रायोजित कहानी के साथ  उस राष्ट्र के गलत-सही इतिहास को कुछ हद तक प्रामाणिकता भी देते हैं. कपोल कल्पित किस्से-कहानियों और धार्मिक कथाओं के साथ जुड़े चित्रों की एक विशिष्ट परंपरा के जरिए ही विशाल अनपढ़ जन समूह को किसी धार्मिक-सामाजिक नियमों के साथ  बांधे रखना संभव रहा है. इस सच्चाई से शासक वर्ग सदियों से बखूबी परिचित रहा है, लिहाजा धार्मिक और सामंती विषयों के चित्रों को शासकों ने अपने संरक्षण में न केवल बनवाया बल्कि उनके सामूहिक प्रदर्शन का प्रबंध भी किया. दुनिया भर के संग्रहालयों और धर्मस्थानों की दीवारें इसके सबूत हैं. 

हमारे देश में युद्ध चित्रों का कुछ हद तक व्यवस्थित स्वरूप देवों-असुरों, राम-रावण या कौरव-पांडव के युद्धों के चित्रणों में दिखता है. जो बाद में अपने विकास क्रम में धार्मिक कथाओं के नायकों को विस्थापित कर विभिन्न शासकों को चित्रों के केंद्र में स्थापित करते रहे हैं. पर बावजूद इन सबके भारतीय चित्रकला और  साहित्य में स्वाभाविक कारणों से युद्धप्रसंगों का उल्लेख पाश्चात्य कला के ऐसे चित्रों की विशाल संख्या की तुलना में बहुत कम मिलता है. हालांकि, पिछली सदी के दो विश्व युद्धों की विभीषिका ने कई चित्रकारों को स्वतःस्फूर्त ढंग से चित्र रचने के लिए प्रेरित किया, पर लगभग हर युद्धरत राष्ट्र की ओर से बड़ी संख्या में कलाकारों को युद्धक्षेत्रों में युद्ध के चित्र बनाने भेजा गया.  यहां गौरतलब है कि प्रथम विश्व युद्ध के पहले फोटोग्राफी का आविष्कार हो चुका था और युद्ध-पत्रकारिता में इसका खूब उपयोग भी किया जा रहा था. पर यहां यह मान लेने में जरा भी हिचक नहीं होती कि प्रथम विश्व युद्ध के दौरान बनाए गए युद्ध चित्र अपने प्रभाव में युद्धों के फोटोग्राफों से कहीं ज्यादा प्रभावशाली थे. दरअसल , ये कैमरे से लिया गया यांत्रिक विवरण मात्र न होकर मनुष्य द्वारा दर्ज की गई मनुष्य के विनाश की गाथाएं थीं जहां असहाय इंसानियत की सिसक को सुना जा सकता था.  इसीलिए आज सौ साल बाद भी ये सभी चित्र अपने अंतिम अर्थों में सार्थक युद्ध विरोधी चित्र बनकर हमें अमन का एक संदेश देते है , जो इन चित्रों के बनवाने वालों की मंशा के बिल्कुल विपरीत है.

ऐसा ही एक मार्मिक चित्र है ‘ गैस्ड’!

प्रथम विश्व युद्ध के दौरान रासायनिक हथियार के रूप में जर्मनी ने एक गैस का प्रयोग किया था जिसे आम भाषा में ‘ मस्टर्ड गैस ‘ कहा जाता था. इस गैस के गोले जब फूटते थे तो गैस एक भारी धुएं की तरह जमीन पर रेंगती हुई फैलने लगती थी. गैस में तेज सरसों की महक के कारण ही इसका नाम मस्टर्ड गैस पड़ा था. यह गैस शरीर के जिस भी हिस्से के संस्पर्श में आती थी, उस हिस्से की कोशिकाओं को नष्ट कर देती. शरीर पर तुरंत फफोले पड़ जाने के साथ-साथ इस गैस का असर आंखों पर पड़ता था और पीड़ित तुरंत अंधा हो जाता था. इस गैस का प्रभाव जल्द ही फेफड़ों तक पहुंचकर ऑक्सीजन तंत्र को नष्ट कर देता था. पीड़ित को खून की उल्टियां आती थीं और वह अंततः एक दर्दनाक मौत मरता था.  प्रथम विश्व युद्ध के दौरान इस अमानवीय रासायनिक गैस के बारे में सबसे मार्मिक विवरण हमें विख्यात जर्मन साहित्यकार एरिक मारेया रेमार्क (1898 -1970 ) की कृति ‘ऑल क्वायट ऑन द वेस्टर्न फ्रंट ‘ में  मिलता है. जॉन सिंगर सार्जेंट द्वारा बनाए गए चित्र ‘ गैस्ड ‘ को देखकर हम रासायनिक युद्ध शस्त्रों की भयावहता और मौत का इंतजार करते असहाय सैनिकों की स्थिति के बारे में समझ सकते है.

अमेरिकी चित्रकार जॉन सिंगर सार्जेंट (1856-1925 ) अपने समय के जाने-माने चित्रकारों में थे जो धनी और अभिजात परिवारों की महिलाओं के आकर्षक पोर्ट्रेट बनाने के लिए प्रसिद्ध थे. प्रथम विश्व युद्ध के दौरान इंग्लैंड-अमेरिका का एकजुट होकर जर्मनी के खिलाफ लड़ने की  ऐतिहासिकता को एक मूर्त रूप देने के उद्देश्य से जॉन सिंगर सार्जेंट को ब्रिटिश वार मेमोरियल कमेटी की ओर से विशेष रूप से नियुक्त किया गया था.  62 वर्षीय जॉन सिंगर सार्जेंट शौकीन मिजाज, आराम पसंद और खासे धनी चित्रकार थे पर उन्होंने इस दायित्व को एक चुनौती के रूप में  लिया.  उन्होंने इस चित्र को बनाने के लिए 1918 की जुलाई में अरास और येप्रेस के कठिन युद्ध क्षेत्रों का दौरा किया. जॉन सिंगर सार्जेंट को सूचना मंत्रालय की ओर से निर्देश दिया गया था कि चित्र का आकार बड़ा हो जिसमें अंग्रेजों और अमेरिकियों की मैत्री को भव्य महाकाव्य की तरह प्रस्तुत  किया जा सके. बिल्कुल भिन्न सामाजिक परिवेश से आए चित्रकार सार्जेंट के लिए यह बिल्कुल एक नया अनुभव था पर वे इतना तो समझ गए थे कि चित्र में महाकाव्य के गुणों को दिखाने के लिए एक बड़े जन समूह को दिखाना आवश्यक होगा.  इसी उद्देश्य से वे युद्ध क्षेत्रों के बीच जाकर चित्र के लिए मुकम्मल विषय तलाशते रहे. उन्हें तोपों को ढोते ट्रकों की कतार का दृश्य या फिर युद्ध  के दौरान सड़क पर फौजियों और आम लोगों की अफरातफरी जैसे दृश्य उन्हें आकर्षित तो करते रहे पर एक चित्र रचने के लिए प्रेरित नहीं कर सके.  संशय के ऐसे दौर में सार्जेंट यकायक उस भयावह हकीकत से रूबरू हुए जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी न की थी.  21 अगस्त, 1918 को अरास और डालिंस प्रांतों से सटी सैनिक छावनी पर जर्मन सेना ने मस्टर्ड गैस के गोलों से हमला किया था. इसकी खबर मिलते ही सार्जेंट घटना स्थल पर जा पहुंचे और उन्होंने वह ‘ खौफनाक दृश्य ‘ देखा जिसके चलते विश्व के युद्ध चित्रों के इतिहास की अन्यतम कृति ‘गैस्ड ‘ की रचना हो सकी.

जॉन सिंगर सार्जेंट की आंखों के सामने सैकड़ों  सैनिक मरे पड़े थे, सैकड़ों मर रहे थे और कुछ को उपचार के लिए चिकित्साकर्मियों द्वारा अस्पताल ले जाया जा रहा था. सभी पीड़ित सैनिकों की आंखों पर पट्टियां बंधी थीं  वे एक दूसरे के कंधों पर हाथ रख कर एक कतार बना कर चल रहे थे. कला इतिहास के बारे में सुशिक्षित जॉन सिंगर सार्जेंट को निश्चय ही पीटर ब्रुगेल का 1568 में बनाया हुआ  ‘अंधों की अगुआई करता अंधा ‘ चित्र याद आया होगा. सार्जेंट अपने स्केच बुक पर सधे हाथों से उन सैनिकों के चित्र बनाने लगे.  सार्जेंट के जिन हाथों ने कभी सैकड़ों महिलाओं के खूबसूरत चेहरों और उनके बेशकीमती वस्त्रों को अपने स्केच बुक में उतारा था आज वही हाथ युद्ध के खौफनाक चेहरे को चित्रित कर रहे थे. सार्जेंट के अध्ययन रेखांकनों से एक बात साफ समझ में  आती है कि वे इन रेखांकनों में किसी सैनिक के नाक -नक्श के आधार पर उसकी विशिष्टता नहीं दर्ज कर रहे थे (जो पोर्ट्रेट बनाते समय उन्हें अनिवार्य रूप से करना पड़ता था ) बल्कि इन रेखांकनों में दृष्टिहीन, पीड़ित, असहाय सैनिकों की भंगिमा समझने की एक ईमानदार कोशिश कर रहे थे.   सार्जेंट की यह कोशिश दरअसल चित्र को यांत्रिकता के परे ले जाकर उसे एक मर्मस्पर्शी ऐतिहासिक दस्तावेज के रूप में रचने के उद्देश्य से प्रेरित रही थी. प्रभाव के स्तर पर ‘गैस्ड ‘ चित्र कला को एक  कालजयी ऊंचाई तक ले जाती है.

‘गैस्ड ‘ चित्र अपने आकार में एक अति विशाल कृति है (ऊंचाईं 8.5 फुट और लंबाई 20 फुट).   इस चित्र में रंगों के सीमित प्रयोग के बावजूद आकृतियां  और उनकी भाव भंगिमाएं स्पष्ट हंै.  चित्र का मूल अंश 10 सैनिक और एक चिकित्साकर्मी द्वारा बनी एक कतार है जो चित्र के बाएं से दाहिने ओर बढ़ता दिखता है.  जमीन पर घायल और मृत सैनिकों को देखा जा सकता है. यूं तो चित्र में हर सैनिक के दर्द को अलग-अलग कर देखा जा सकता है पर चित्र के इस हिस्से के आठवें सैनिक को उल्टी करते हुए पाते हैं, आंखों पर पट्टी बंधे रहने के कारण  इस सैनिक को यह नहीं पता चल पा  रहा है कि दरअसल वह खून की उल्टियां  कर रहा है.  चित्र के तमाम अन्य विवरणों में  यह एक अत्यंत करुण वृत्तांत  है .

चित्र के दाहिने हिस्से में  एक दूसरा दल भी उसी दिशा की ओर एक कतार में बढ़ रहा है. इस चित्र का वक्त दिन के समाप्त हो जाने और रात के उतरने के ठीक पहले का है. गौर से देखने पर दूसरे दल के सैनिकों के चेहरों और कपड़ों पर ढलते  दिन की अंतिम किरणों द्वारा एक हाई-लाइट बना है  साथ ही इस दल के ठीक पीछे क्षितिज पर पूनम के चांद को निकलते देखा जा सकता है. सार्जेंट ने ,दिन के इस खास वक्त में प्रकाश और रंग का एक अपरिचित अंतर्सम्बंध तैयार किया है जो चित्र को विषयानुरूप बेहद गंभीर बनाता है. इस प्रयास को और अधिक प्रभावशाली बनाने में इस चित्र के  आकार की  भी अपनी विशिष्ट भूमिका है. चित्र की संरचना में एक अद्भुत संयम दिखाई देता है. जहां  चित्र के इतने विशाल आकार के होने के बावजूद पृष्ठभूमि में फैले आकाश को सीमित रख कर सैनिकों की आकृतियों और उनकी अलग-अलग गतिविधियों को ज्यादा महत्व दिया गया है. सार्जेंट ने इस (सतही तौर पर सरल लगने वाले ) जटिल संरचना के माध्यम से दर्शक की दृष्टि को किसी एक सैनिक पर टिकने नहीं दिया है  वे हर सैनिक और उसकी दुर्दशा से दर्शक को परिचित करना चाहते हैं.

चित्र की पृष्ठभूमि में फुटबॉल खेलते कुछ खिलाडि़यों की उपस्थिति निश्चय ही चित्र का एक चौंकाने वाला पक्ष है. चित्र में खिलाडि़यों की उपस्थिति के बारे में विभिन्न कला समीक्षकों ने अपने विचार रखे हैं. कइयों ने तो इसे प्रतीक के रूप में  भी देखा. वास्तव में चित्र के मूल विषय को आपस में जोड़ते हुए हम  परस्पर भिन्न रूपों और गुणों वाले चार तत्वों  को पाते हैं. चित्र के बाएं छोर पर कुछ तंबुओं की उपस्थिति, मूल सैनिकों के दल के बीच अस्पष्ट  दिख रहे फुटबॉल खिलाडि़यों का दल, सैनिकों के दूसरे दल के पीछे,  क्षितिज पर निकलता धुंधला चांद और चित्र के दाहिने छोर से अदृश्य तंबू की तनी रस्सियां ऐसे तत्व हैं जो चित्रकार की मौलिक रचनाशीलता के परिचायक हैं. पूरे चित्र को यदि इन गैरजरूरी या अप्रासंगिक से लगने वाले तत्व से काट कर देखा जाए तो इनकी अहमियत सहज ही समझ में आ सकती है.

जॉन सिंगर सार्जेंट को इतिहास शायद सैकड़ों में महज एक और पोर्ट्रेट चित्रकार के रूप में ही याद रखता पर ‘ गैस्ड ‘ जैसी कालजयी कृति ने सार्जेंट को चित्रकला इतिहास में अमर बना दिया.

सहज अर्थात अविस्मरणीय

[wzslider transition=”‘slide'” info=”true” lightbox=”true”]

पोर्ट्रेट फोटोग्राफी एक ऐसी कला है जिसमें आधा तो आपके सहज ज्ञान का योगदान होता है और आधा इस बात का कि आप उस सहज ज्ञान को कितना पैना कर पाते हैं. किसी शख्सियत का सार किस तरह कैमरे में उतारा जा सकता है, इसके लिए कुछ सुझाव.

  • बोझ कम से कम हो. सिर्फ अपना कैमरा और जूम लेंस लेकर चलें. बड़े-बड़े बैग और ट्राइपोड से बच सकें तो बेहतर. मैं कभी नहीं चाहता कि मुझे देखकर लोगों को लगे कि कोई प्रोफेशनल आ गया है. बड़ा तामझाम देखकर लोग डर जाते हैं. इससे तस्वीरों की सहजता जाती रहती है.
  • आराम से तस्वीरें उतारें.  लगातार तस्वीरें लेना फोटोग्राफर और जिसकी तस्वीरें उतारी जा रही हैं, दोनों को परेशान कर देता है. पहले कुछ तस्वीरें लें, उसके बाद अपने सब्जेक्ट के साथ बातें करें, कुछ हंसी-मजाक करें ताकि माहौल हल्का हो जाए. जब आपको लगे कि सामने वाला कैमरे को लेकर सहज हो गया है तो तस्वीर खींचें. कैमरे और उस व्यक्ति के बीच सीधा और सहज संपर्क होना चाहिए.
  • सुनने से ज्यादा महसूस करें. अगर तस्वीरें पत्रकारिता के मकसद से ली जा रही हैं तो आप उन भावों को कैद करें जो आपने उस संक्षिप्त समय में उस व्यक्ति के बारे में समझे हैं. एक बार मैंने पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति जिया-उल-हक की एक प्रेस कांफ्रेंस में तस्वीर ली थी. अगर आप तानाशाह हैं तो आप महान बातें जरूर कह सकते हैं लेकिन आपके हाव-भाव और आंखें कुछ और ही बयान करती हैं. मैं किसी व्यक्ति के आंतरिक भावों को पकड़ने की कोशिश करता हूं, बाहरी दिखावे को नहीं.
  • चौंकाने की कला. सत्यजीत रे के अनूठे भाव मैं इसके बूते ही कैद कर पाया. उनके साथ कुछ वक्त बिताने के बाद मैंने कहा, ‘मैं जा रहा हूं.’ चौंकते हुए रे ने मुझे देखने के लिए गर्दन घुमाई. मैं अपने कैमरे के साथ तैयार था. रोशनी और अंधेरे के अनोखे संगम का परिणाम बड़ा अनोखा रहा.
  • सोचने के लिए समय लें. आजकल बड़ी जल्दबाजी में तस्वीरें ली जाती हैं, लेकिन जरा सोचिए कि एक सेकंड के भी छोटे-से हिस्से में भला आप क्या पकड़ पाएंगे. थोड़ा समय लीजिए. पहले फोटोग्राफी में ठहराव का बड़ा महत्व होता था. तकनीक इतनी अच्छी नहीं थी, इसलिए जिसकी तस्वीर ली जा रही है उसे तब तक सांस रोककर रखनी पड़ती थी जब तक फोटोग्राफर तस्वीर न खींच ले. इस दौरान उसकी आंखों में कितने ही भाव आते और चले जाते थे जिन्हें कैमरा दर्ज कर लेता था.
  • कभी-कभी नियमों को भूल जाएं. हमारी सोच कुछ निश्चित सांचों में ढली होती है, इसलिए मेरा सुझाव है कि अपने दिमाग का कंप्यूटर बंद कर दें. सत्यजीत रे की शुरुआती फिल्मों में एक जादुई अध्यात्म दिखता है. उनकी बाद की फिल्में भी बहुत अच्छी थीं लेकिन उनमें एक योजनाबद्धता और बौद्धिकता नजर आती है. 100 फीसदी योजना से तस्वीर सिर्फ अच्छी आती है, लेकिन जब योजना के परे कोई अलौकिक चीज उसमें उतर जाती है तो वह असाधारण हो उठती है. यह ऐसा ही है जैसे प्रेम की सहज भावना और प्रेम पर बौद्धिक चर्चा के बीच फर्क.

(जैसा उन्होंने यामिनी दीनदयालन को बताया)

‘रूह जो महसूस करती है वही बयान करती है’

जानेमाने सूफी गायक आरिफ लोहार . फोटो:अरुण सहरावत
जानेमाने सूफी गायक आरिफ लोहार . फोटो:अरुण सहरावत
जानेमाने सूफी गायक आरिफ लोहार . फोटो:अरुण सहरावत
जानेमाने सूफी गायक आरिफ लोहार . फोटो:अरुण सहरावत

आरिफ, सबसे पहले थोड़ा सूफीवाद और सूफी संगीत के बारे में बताएं.
सूफी है क्या? इसका मतलब क्या है? इसका मतलब है कि अंदर से और बाहर से जो इंसान सूफी होता है वह रूह से पाक-साफ होता है. वो किसी को नुकसान नहीं पहुंचाता. सूफी लोगों को जिंदगी की वह राह दिखाता है जिस पर चलकर इंसान को अपनी जिंदगी बशर करने और उसे अर्थपूर्ण बनाने में मदद मिलती है. सूफी अल्लाह का वह नेक बंदा है जिससे हर चीज, परिंदा, जानवर, दरख्त.. हर चीज महफूज रहती है. सूफी के कलाम प्यार-अमन और मोहब्बत का पैगाम होते हैं. हमारे जो सूफी संत हैं उन्होंने इंसानों को जीने की राह दिखाई है और आने वाले समय में जिंदगी को कैसे जीना है इसकी राह भी दिखाई है. सूफी संगीत इसी संदेश को लोगों तक पहुंचाने का जरिया है.

आपने हिंदुस्तान और पाकिस्तान दोनों जगहों पर काम किया है. दोनों जगहों पर सूफीवाद की जड़ें बहुत गहरी हैं. आप दोनों देशों की सूफी परंपरा में कोई अंतर पाते हैं या फिर दोनों एक ही धारा है.
देखिए, ये सारा संदेश जो दरवेशों और सूफी संतों ने दिया है वह सब एक ही है. इंसान तो एक ऐसे जमघट में रह रहा है जहां लालच और पैसे की दौड़ ही सब कुछ है. इंसान उसी दौड़ में लगा हुआ है. फिर एक चीज होती है सुकून. यह सुकून जो है वह सिर्फ एक दरवेश की दरगाह में ही मिल सकता है. वहां जाकर इंसान महसूस करता है कि यहां ठहराव है, शांति है. सारे सूफीवाद का यही सार है. हिंद और पाक में ऐसे बेशुमार सूफी पैदा हुए हैं जिनके सूफियाना कलाम ने इंसानियत की बेहतरी के फलसफे दिए हैं.

तो इसको क्या माना जाए? यह इस्लाम से अलग कोई धारा है या इस्लाम की ही कोई उपधारा है?
सूफीवाद की बुनियाद इस्लाम है. सूफीवाद उसका एक पहलू है जो कि पूरी दुनिया में जाता है. इसका मूल इस्लाम से है. जो सूफी इकराम हैं जैसे कि बाबा बुल्ले शाह, बाबा फरीद सरकार, बाबा लतीफ बटाई, यहां हिंद में अजमेर शरीफ के कलाम या निजामुद्दीन औलिया आदि ने जो दरस लिए हैं वह इस्लाम से लिए हैं. बल्कि अगर आप देखें तो इस्लाम के अलावा भी बाकी जो मजहब हैं दुनिया में, वे सभी शांति और अमन का ही संदेश देते हैं.

एक धारणा है कि इस्लाम और संगीत साथ-साथ नहीं चल सकते. पर हमने पाकिस्तान में एक से बढ़कर एक महान संगीतकार देखे हैं. गुलाम अली खान हैं, आबिदा परवीन हैं, नुसरत फतेह अली खान आदि. तो ये विडंबना एक साथ कैसे चलती है पाकिस्तान में? क्या इसकी वजह से आपको कभी कोई मुश्किल पेश आई?
नहीं, हम तो अपने मुल्क में बेहतरीन परफॉरमेंस कर रहे हैं, और सारे लोग हमें दिलोजान से चाहते हैं. हम वहां पर हिट होते हैं. हम सूफी महफिलों में जाते हैं. हमें तो आज तक किसी ने रोका-टोका नहीं है. बात यह है कि जब आप कोई भी चीज हद से बढ़कर करते हैं जिससे कि अश्लीलता झलकती हो तो स्वाभाविक रूप से हर कोई इसे पसंद नहीं करेगा. कुछ लोग बेहद नर्मदिल और रूढ़िवादी होते हैं जिनको इन चीजों से चोट पहुंचती है. सूफी आदमी भी इस तरह की चीजें पसंद नहीं करता है.

भारत में भी हमने देखा है कि कई बार कोई राजनीतिक समस्या खड़ी होते ही पाकिस्तान से आने वाले कलाकारों को यहां से वापस जाने का दबाव बनाया जाता है. कभी आपका इस तरह की चीज से सामना हुआ?
कलाकार जो होता है वह दो देशों के बीच ब्रिज बनाने का काम करता है. वह फनकार कहीं का हो. देशों के बीच विवाद होते रहते हैं. लेकिन इस चीज को इतना दिल से नहीं लगाना चाहिए. कभी भी कलाकार को दरकिनार नहीं करना चाहिए. आप देखिए कि कितनी भी कड़वाहट पैदा हो जाए लेकिन मेंहदी हसन साहब, गुलाम अली साब, नुसरत साब की आवाज को आप रोक नहीं सकते. वो तो यहां लोगों के दिलों पर राज करते हैं. इसी तरह से आप देखिए कि लता जी वहां पाकिस्तानियों के दिलों पर राज करती हैं. तो आप उनकी आवाजों को तो रोक नहीं सकते. खूब सुनते हैं लोग उन्हें. रफी साब को, किशोर कुमार को सुनते हैं. तो कहने का मतलब है कि कलाकार जो होता है वह सीमाओं से बंधा नहीं होता है, वह इनसे ऊपर है. वह अमन का पुजारी होता है. मेरे दादा जी सुनाया करते थे कि एक जंगल में आग लग गई तो वहां पर एक चिड़िया चोंच में पानी भर के पानी फेंक रही थी. तो किसी ने कहा कि ऐ कमलिए, ऐ जलिए तू ये क्या काम कर रही है. तेरी चोंच भर पानी से इस जंगल की आग क्या बुझेगी. तो चिड़िया ने कहा–मैं ये तो नहीं जानती कि मेरे पानी से इस जंगल की आग बुझेगी या नहीं बुझेगी, लेकिन आग बुझाने वालों का नाम जब लिया जाएगा तब सबसे पहले मेरा नाम लिया जाएगा कि मैंने इस आग को बुझाने की शुरुआत की थी. तो कलाकार यही काम करता है.

हिंदुस्तान में आपकी पहचान कोक स्टूडियो के जरिए बनी. उससे पहले यहां आपके प्रशंसकों की संख्या इतनी बड़ी नहीं थी. तो आपको क्या लगता है कि कोक स्टूडियो जैसे प्लेटफॉर्म जरूरी हैं? क्या ये कलाकार को सामने लाने का बेहतर जरिया हैं?
पाकिस्तान में सबसे पहले मैं 90 में हिट हुआ था. यूट्यूब पर मेरे गाने पहले से ही मौजूद थे. कोक स्टूडियो के जरिए दुनिया से मेरा वास्ता पड़ा. यह तजुर्बा बड़ा अच्छा रहा और लोगों ने मुझे पसंद भी किया. यह निश्चित रूप से बेहतर शुरुआत है. इससे आप अपने फन को दुनिया के सामने रख पाने में कामयाब होते हैं.

एक चीज और, आपका पहनावा बड़ा शानदार होता है और बहुत पसंद किया जाता है. तो यह निराला पहनावा सिर्फ आपका शौक है या इसका आपके सूफीवाद और अध्यात्म से कोई लेना-देना है?
आप दोनों चीजें ले सकते हैं. इसका जो रंग है काला वह तो मेरा शौक है. इसके अलावा डिजाइन करना होता है तो हमारी लोक दास्तानों में बड़ी मिसाल दी जाती है हीर रांझे की. ये बाल उसी रांझे के कैरेक्टर से लिए गए हैं. ये ढोलना जो है मिर्जा साहिबा की स्टोरी से ली हैं. ये मिर्जा साहिबान पहनते थे. ये जूता है तो हमारी धरती पर सिर्फ मेरे इलाके में ही बनते हैं. तो आज के दौर में इन्हें सिर्फ मैं ही पहनता हूं. इसी तरह से लांचा कुर्ता जो हमारा पहनावा था जो आज भी हमारे यहां लोग पहनते हैं, तो यह उन्हीं से लिया गया है. लोक दास्तानों में जो चीजें मौजूद हैं उन्हें मैं इस्तेमाल करता हूं. एक लोक फनकार के ऊपर लोक दास्तानों का बहुत असर होता है. इस तरह से तमाम लोककथाओं का टोटल किया जाए तो एक आरिफ लोहार बनता है और एक आलम लोहार बनता है.

आलम लोहार यानी आपके वालिद साब..
जी, मेरे वालिद साब.

मैंने सुना है कि आपने तमाम पंजाबी फिल्मों में भी काम किया है. उसका अनुभव कैसा रहा…
जी हां, मैंने पंजाबी की 47 फिल्मों में काम किया है. ये लोगों की चाहत थी. ये मेरी मां की दुआ थी. वो कहती थी कि तू मैंनूं बड़ा सोंणां लगदा है आरिफ तो तैनूं फिल्मा नुं कोई नहीं लैंदा. मां की दुआ मुझे नसीब हुई और मैंने इतनी सारी पंजाबी फिल्मों में काम किया.

एक और गजब की चीज आपके बारे में हमने सुना है कि आपने नॉर्थ कोरिया के सैन्य शासकों के सामने भी परफॉर्मेंस दी है. वह कैसे हुआ?
जी हां, वहां पर काफी मुल्क गए हुए थे. वहां भारत से भी मौसिकी के लोग गए हुए थे. तो मैं भी उन्हीं में से था.

तो क्या वहां पर आपकी भाषा और सूफी संगीत को समझने वाले लोग थे?
नहीं, वहां ऐसा तो नहीं था. कुछ भाषाएं होती हैं जिनकी तर्जुमानी तो नहीं हो सकती है, लेकिन वहां मौजूद लोगों को ये जरूर लगा कि मैं जो गा रहा हूं वह उनके दिलों को छूता है. मुझे वहां पर अवॉर्ड भी मिला.

जुगनी जो कि आपकी सबसे बड़ी पहचान बन गई है, उसके बारे में कुछ बताएं.
जुगनी जो है वह हमारे घराने का एक लफ्ज है जिसे हमारे वालिद साब ने सबसे पहले लिखा था. उससे पहले अगर आप कोशिश करें और ढूंढें तो इसका कोई रिकॉर्ड नहीं मिलेगा. कुछ लोगों ने जुबली के साथ जुगनी की पैरोडी करने की कोशिश की. यह स्वाभाविक है कि जब कोई चीज लोकप्रिय हो जाती है तो उससे कंपेयर करने की कोशिश की जाती हैं. कुछ लोगों ने कोशिश की कि यह उनके नाम हो जाए. कुछ चीजें होती हैं जो एक घराने से जन्म लेती हैं. लफ्ज एक घराने से जन्म लेता है. किसी न किसी ने तो पहली बार लफ्ज को जन्म दिया होगा तो मेरे वालिद साब ने सबसे पहले जुगनी लफ्ज नाम दिया रूह को. जो रूह महसूस करती है वही बयान करती है. इसके बाद यह लफ्ज पॉपुलर हो गया. इसके बाद तो दुनिया भर के मुख्तलिफ लोक फनकारों ने इसे गाया. अलग -अलग लोगों ने इसमें अपना-अपना कलाम डालकर इसमें मिक्स कर दिया. इस तरह से यह एक फोक बन गया. तो इसने जन्म हमारे घर से लिया और फिर पूरी दुनिया में फैल गया. लेकिन हमने कभी इस पर दावा नहीं किया कि सिर्फ हम ही गाएंगे. सब गा रहे हैं.

एक निजी सवाल है. आपके बारे में मैंने सुना है कि आप बेहद रिजर्व रहते हैं. घंटों तक अकेले में बैठकर अपने में खोए रहते हैं, मेडिटेशन करते हैं. तनहाई में करते क्या हैं आप? यहां तक कि अपने शो के दौरान भी आप सीधे अपने कमरे से निकल कर स्टेज पर जाते हैं और फिर वापस कमरे में चले जाते हैं.
ऐसा जान-बूझकर नहीं होता है. ये लगन होती है. मुझे मेरी मौसिकी से लगन हो गई है, मेरे वालिद साब की यादों से लगन हो गई है, मुझे अपने कलामों से मुहब्बत है, दुनिया से है. और यह नहीं कि मैं अकेला रहना पसंद करता हूं. हां, तनहाई में मैं थोड़ा चिंतन करता हूं कि ज्यादा से ज्यादा अच्छी चीजें लिखूं ताकि मेरा जेहन नई-नई राहें तलाश सके. ये एक किस्म की जुस्तजू होती है. हर कलाकार के अंदर थोड़ी-सी दीवानगी होती है. वह अपने फन का दीवाना
होता है. सूफी का कोई ठिकाना नहीं होता. वह तो अपनी ही दुनिया में दीवाना होता है.

पाकिस्तान के अलावा हिंदुस्तान में आपके प्रंशसकों की बड़ी तादाद है. उन्हें कोई संदेश देना चाहेंगे?
मैं सिर्फ यही कहूंगा कि अल्ला आपको खुश रखे. जहां भी रहें अमन और मुहब्बत से रहें. जब हालात बिगड़ते हैं तब दिलों में कड़वाहट भी बढ़ती है. हम तो छोटे-मोटे फनकार हैं. यहां ऐसे बड़े-बड़े लोग मौजूद हैं जो दुनिया में आई बड़ी से बड़ी मुसीबत का इलाज खोजने में लगे हैं. हम दुनिया की बेहतरी के लिए सोच सकें, नई राहें निकाल सकें, अपने दिमागों को खोल सकें, अमन और भाईचारे को फैला सकें और पॉजिटिव सोच को बढ़ा सकें ताकि आने वाली नस्लों के लिए यह दुनिया और खूबसूरत हो सके और बेहतर हो सके. यही मेरा फलसफा है, यही मेरी चाहत है.

आपका एक ताजातरीन कलाम हम सब सुनना चाहेंगे.
आपने जो मुझसे पूछा था कि मैं तनहाई में क्या करता हूं तो मैं यही करता रहता हूं. अपनी दुनिया में रहता हूं तो कुछ नई सोचें मिल जाती हैं. एक वक्त में मैंने सफर बहुत किया है. ट्रकों-बसों में बैठकर मैंने लाखों किलोमीटर की यात्राएं की हैं. फिर अब अपनी दुनिया में कैद हो गया हूं. मैंने सूफी शायरों को पढ़ना शुरू किया. एक मेरा नया शेर है जो आपकी खिदमत में पेश करता हूं.

मिट्टी मिट्टी दुनिया सारी, मिट्टी दा संसार
मिट्टी मिट्टी दुनिया सारी, मिट्टी दा संसार
मिट्टी दे सन बादशाह ते मिट्टी दे दरबार

इंसान अपनी ‘मैं’ में रहता है. जो लोग बड़े-बड़े महलों में हजारों पहरेदारों और नौकरों की सुरक्षा में रहते थे, सोने के बिस्तरों पर सोते थे आज वे कहां हैं. कौन उन्हें पूछता है. तो कुछ भी नहीं है दुनिया. जो कभी दरबार थे वे भी मिट्टी थे. सिर्फ आपके अच्छे अल्फाज ही जिंदा रह जाएंगे. इंसान तो मिट्टी बन जाएंगे. आज सूफी दरवेश दुनिया छोड़कर जा चुके हैं, वे मिट्टी के ढेर में तब्दील हो चुके हैं लेकिन उनके कलाम आज भी जिंदा हैं. सिर्फ अल्फाज जिंदा रह जाते हैं.

राहत का अल्पविराम

sony

12 नवंबर, 2013 को सर्वोच्च न्यायालय से जमानत मिलने के बाद रिहा हुई 36 वर्षीया सोनी सोरी की कहानी जितनी माओवादियों और पुलिस के अत्याचारों के बीच फंसे एक आम आदिवासी की मुश्किलें दिखाती है उतनी ही ‘माओवादी या माओवादी समर्थक’ होने के धुंधले आरोपों के तहत छत्तीसगढ़ की जेलों में न जाने कितने लंबे समय के लिए धकेल दिए गए सैकड़ों निर्दोष आदिवासियों की त्रासदी भी. माओवादी संघर्ष के सबसे सघन गढ़ के तौर पर पहचाने जाने वाले छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के घने जंगलों में बसे जलेबी गांव में एक प्राइमरी स्कूल शिक्षक के तौर पर लगभग 100 बच्चों को पढ़ाने वाली सोनी सोरी नई पीढ़ी के उन पढ़े-लिखे आदिवासियों में से हैं जिन्हें अपने राजनीतिक रूप से सचेत होने की भारी कीमत चुकानी पड़ी है.

बीते पखवाड़े सोनी अपनी गिरफ्तारी के बाद से शुरू हुई यंत्रणा भरी यात्रा के साक्षी और सह-यात्री रहे लिंगाराम कोडोपी के साथ राजधानी दिल्ली पहुंचीं. यह यात्रा चार अक्टूबर, 2011 को शुरू हुई थी. तहलका से विस्तृत बातचीत के दौरान सोनी छत्तीसगढ़ की जेलों में फंसे सैकड़ों आदिवासियों की वास्तविक स्थिति के साथ-साथ भविष्य को लेकर अपनी शंकाएं और आशाएं हमसे साझा करती हैं. राजधानी स्थित एक गैरसरकारी संगठन के दफ्तर में हुई इस मुलाकात के दौरान सोनी के साथ लिंगाराम और सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु कुमार भी मौजूद थे. सोनी की रिहाई पर खुशी जाहिर करते हुए हिमांशु कुमार कहते हैं, ‘पिछले दो सालों के संघर्ष के बाद आखिरकार सोनी सोरी और लिंगाराम कोडोपी को जमानत मिल गई. लेकिन मैं जब से इन्हें दिल्ली लेकर आया हूं दिल्ली पुलिस ने हमें परेशान करना शुरू कर दिया है. सोनी हमारे घर में रह रही हैं. जब से हम दिल्ली आए हैं, हमारे मकान मालिक को स्थानीय थाने से लगातार फोन आ रहे हैं. पुलिस घर भी आई और फिर हमें थाने बुलाया गया. खैर, यह तो अपेक्षित ही था पर अब हमारा पूरा ध्यान दिसंबर में सोनी की अगली सुनवाई पर है. सोनी पर दर्ज हुए कुल सात मामलों में से छह में वे बरी हो चुकी हैं और हमें विश्वास है कि जल्दी ही दोनों बचे हुए आखिरी केस में भी बरी कर दिए जाएंगे.’

दरअसल अक्टूबर 2011 में पुलिस ने सोनी को दंतेवाड़ा में गिरफ्तार किया था. उन पर माओवादी समर्थक होने, पुलिस-बल पर हमला करने, ट्रकों को उड़ाने का प्रयास करने के साथ-साथ उगाही की रकम वसूलने में माओवादियों की मदद करने जैसे गंभीर आरोप लगे. अपनी गिरफ्तारी से कुछ दिन पहले तहलका के दफ्तर में दिए अपने विस्तृत साक्षात्कार के दौरान सोनी बार-बार यह कहती रहीं  कि वे छत्तीसगढ़ के गांव में बच्चों को पढ़ाती थीं और उन्हें अपने क्षेत्र में आदिवासियों पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ आवाज उठाने की वजह से फंसाया गया है. सोनी के साथ-साथ लिंगाराम भी माओवादियों और स्थानीय पुलिस के बीच जारी तनावपूर्ण संघर्ष की भेंट चढ़े. अपनी गिरफ्तारी से पहले  लिंगाराम दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी करके दंतेवाड़ा के गांवों में माओवादी और पुलिसिया हिंसा का सामना कर रहे आदिवासी परिवारों के बयान दर्ज कर रहे थे. नौ सितंबर, 2011 की शाम अचानक उनको उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया. यहां से शुरू हुए हिंसा के दुश्चक्र को याद करते हुए लिंगाराम बताते हैं, ‘उन्होंने मुझ पर लाला से माओवादियों के लिए पैसे लेने का आरोप लगा दिया. थाने में मुझे टायलेट में बंद कर दिया गया. गालियां और पिटाई तो आम बात थी. फिर जेल पहुंचते ही पहले दिन जेलर ने मुझसे कहा कि मैं बहुत बोलता हूं  इसलिए मुझे इतना पीटा जाएगा कि मैं वापस खड़ा न हो पाऊं. शुरू-शुरू में तो मैं बाहर निकलने की पूरी उम्मीद खो चुका था. अब जब बाहर आया हूं तो सोच रहा हूं कि वापस गांव नहीं जाऊंगा. वहां वे लोग अब हमें रहने नहीं देंगे. लेकिन मैं अपनी जमीन और अपने लोगों के लिए कुछ करना चाहता हूं…सोचता हूं… जब पूरी तरह रिहा हो जाऊंगा तब दिल्ली या किसी दूसरे शहर में रहकर दंतेवाड़ा के लोगों की समस्याएं बाहर लाने के लिए काम करूंगा.’

लेकिन सोनी सोरी किसी भी कीमत पर दंतेवाड़ा से अलग नहीं होना चाहतीं. भयानक शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना और माओवादियों के साथ-साथ स्थानीय पुलिस के निशाने पर रहने जैसे खतरों के बावजूद वे अपना जीवन दंतेवाड़ा के जंगलों में बच्चों को पढ़ाते हुए बिताना चाहती हैं.

[box]

‘सैकड़ों मासूम आदिवासियों को जेलों में रखा गया है, उन्हें न अपने जुर्म का कुछ पता है न भविष्य का’

लगभग दो साल बाद जगदलपुर जेल से जमानत पर रिहा हुई सोनी सोरी से बातचीत के प्रमुख अंश: 

 

क्या आपको लगता है कि आपको इसलिए फंसाया गया कि आप दंतेवाड़ा में माओवादियों और पुलिस सुरक्षा बलों के बीच यथास्थिति को बदलने का प्रयास कर रही थीं?
जी हां. मैं अपने स्कूल में बच्चों को पढ़ाती थी. मेरे पिता भी हमारे बड़े बदेमा गांव के सरपंच थे और उन्होंने मुझे उस दौर में पढ़ाया जब दंतेवाड़ा में लड़कियों को पढ़ाने का चलन ही नहीं था. लिंगाराम भी हमारे इलाके से गोंडी भाषा में लिख-पढ़ सकने वाला पहला पत्रकार था. वह स्थानीय लोगों की भाषा जानता था, इसलिए हमारे लोगों की बात और समस्याएं बाहर की दुनिया के सामने रख सकता था. वह इसी दिशा में काम भी कर रहा था. मैं भी एक-दो स्थानीय सामाजिक संस्थाओं से जुड़ी हुई थी. हमारा परिवार आम आदिवासी परिवारों के मुकाबले राजनीतिक रूप से थोड़ा-सा सचेत था और हम आम आदिवासियों के साथ हुए अत्याचारों का विरोध करते थे. इसलिए पहले तो माओवादी और पुलिस दोनों ही हमारा इस्तेमाल करने की कोशिश में जुट गए और जब हमने उनका किसी भी तरह से सहयोग नहीं किया तो उन्होंने हम पर झूठे आरोप लगाकर हमें फर्जी केसों में फंसा दिया. आज पीछे मुड़कर देखती हूं तो यह सोचकर कांप जाती हूं कि अगर हिमांशु जी हमारे साथ नहीं होते और मीडिया ने हमारा साथ नहीं दिया होता तो शायद आज भी हम छत्तीसगढ़ की किसी जेल में सड़ रहे होते. शायद जिंदा भी नहीं होते.

आपके पति अनिल फुटाने को भी जुलाई, 2010 में एक स्थानीय कांग्रेस नेता पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. तीन साल बाद मई, 2013 में उन्हें रिहा तो कर दिया गया लेकिन अगस्त में ही उनकी मृत्यु हो गई. आपको उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जेल से बाहर जाने की अनुमति नहीं देने पर दंतेवाड़ा जिला अदालत की काफी आलोचना भी हुई थी. आप अपने पति को कैसे याद करती हैं ?
मेरी बेटी और घरवालों ने बताया कि रिहाई के बाद जब वे घर आए तो उनका शरीर लकवाग्रस्त हो चुका था. जब उन्हें गिरफ्तार किया गया था तब वे तीस के आस-पास के एक स्वस्थ आदमी थे लेकिन जब वापस आए तो बीमार और बहुत कमजोर हो चुके थे. मैं तो उन्हें आखरी बार देख भी नहीं सकी. अपील की थी, लेकिन अदालत ने अर्जी नहीं मानी. क्या कर सकते हैं? वे बहुत अच्छे आदमी थे और उन्होंने मुझे बच्चों को पढ़ाने के लिए बहुत प्रोत्साहित किया था. मुझे लगता है कि वे जेल में मर न जाएं इसलिए उन्हें लगभग अधमरा करके फेंक दिया गया. जब सुरक्षाबलों को यह विश्वास हो गया कि अब वे नहीं बचेंगे तो उन्हें छोड़ दिया गया.

अक्टूबर, 2011 के दौरान दंतेवाड़ा पुलिस स्टेशन में आप शारीरिक, मानसिक हिंसा और बलात्कार का शिकार हुईं लेकिन अभी तक संबंधित पुलिस अधिकारी अंकित गर्ग के खिलाफ एक प्राथमिकी तक दर्ज नहीं हुई है. इस मामले में आपने आगे क्या करने का मन बनाया है?
मुझे यह सोच कर बहुत दुख होता है कि अभी तक अंकित गर्ग के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है. दंतेवाड़ा जेल के साथ -साथ जगदलपुर जेल में भी मुझे हिंसा का सामना करना पड़ा. दंतेवाड़ा में तो उन्होंने मेरे कपड़े उतार कर मेरे शरीर में पत्थर घुसा दिए थे. मैंने सोचा है कि आगे जाकर हम अदालत में एक पिटीशन फाइल करेंगे और अदालत के सामने मेरे साथ हुए अत्याचार का संज्ञान लेकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की प्रार्थना करेंगे. लेकिन अब पिछले दो साल जेल में बिताने के बाद मुझे लगता है कि मेरी जैसी सैकड़ों औरतें छत्तीसगढ़ की जेलों में बंद हैं जिनके साथ हर तरह के अत्याचार हो रहे हैं. मेरे साथ-साथ इन्हें भी न्याय मिलना चाहिए.

इन महिलाओं के बारे में थोड़ा विस्तार से बताएंगी? कौन-सी जेलों में बंद हैं और इनके साथ क्या हो रहा है?
छत्तीसगढ़ में मुझे रायपुर और जगदलपुर के साथ-साथ दंतेवाड़ा की जेलों में रखा गया. वहां मैंने देखा कि सभी जेलों में महिलाओं की हालत बहुत खराब है. खास तौर पर दंतेवाड़ा और जगदलपुर की जेलों में तो अक्सर बहुतों के कपड़े उतारे जाते हैं, उन्हें बिजली के झटके दिए जाते हैं और साथ ही महिलाओं के साथ बलात्कार होना… उनका जेलों में गर्भवती हो जाना बहुत ही आम बात है. जगदलपुर जेल में तो लोगों का बहुत बुरा हाल है. सैकड़ों मासूम आदिवासियों को जेलों में बंद करके रखा गया है और उन लोगों को अपने गुनाह के साथ-साथ अपने भविष्य के बारे में भी कुछ नहीं पता. जिसको चाहा उसे उठाकर फर्जी मामलों में जेल में बंद कर दिया और लोग सालों तक फंसे रहते हैं. कोई नाम लेने वाला नहीं, बाहर किसी को पता भी नहीं चलता कि अंदर किसके साथ बलात्कार हो रहा है और कौन मर चुका है. जेल के अंदर बंद आदिवासी हमेशा मुझसे यही कहते थे कि मैं तो लिखना-पढ़ना जानती हूं, अपनी बात लिखकर बता सकती हूं और इसलिए मैं बाहर आ जाऊंगी …लेकिन वे लोग बाहर कैसे आ पाएंगे? उन्हें अपनी बात लिखकर बताना नहीं आता और कोई उनसे उनके ऊपर हो रहे अत्याचारों के बारे में पूछने नहीं आने वाला.

अपनी रिहाई के बाद आपको दिल्ली आना पड़ा. आप अपने घर जाना चाहती हैं और नहीं जा सकती, इस बारे में क्या महसूस करती हैंे? 
शरणार्थी जैसा महसूस होता है. मुझे अपने घर, गांव और खेतों की बहुत याद आती है. मैं अपनी मिट्टी और अपनी जमीन को कभी नहीं भूल सकती. इस वक्त मेरे परिवार को, मेरे बच्चों, मेरे पिता को.. सबको मेरी बहुत जरूरत है. मेरे पति की मृत्यु हो चुकी है और मेरे तीनों बच्चे रिश्तेदारों के यहां बिखरे हुए हैं. पिता बहुत बीमार हैं. ऐसे में मुझे कहीं भी अच्छा नहीं लगता. जेलों और अलग-अलग शहरों में भटकते हुए लगता है जैसे मेरी जड़ों से मुझे काटा जा रहा है, जबरदस्ती. मुझे बिना वजह अपनी जन्मभूमि से दूर रखा जा रहा है…मुझे आजकल हमेशा ऐसा लगता है जैसे मैं अपने ही देश में एक शरणार्थी बनकर रह गई हूं.

दो साल के प्रयासों के बाद आपको जमानत मिली है. जीवन में आगे क्या करने की सोच रही हैं?
सब मुझसे कहते हैं कि अब दंतेवाड़ा में मैं आराम से नहीं जी सकती … जिंदा नहीं रह सकती क्योंकि हमेशा पुलिस और माओवादियों का खतरा बना रहेगा. लेकिन मैं आज भी सिर्फ अपनी जमीन पर लौटकर जाना चाहती हूं. अपने इलाके के आदिवासी बच्चों को पढ़ाना चाहती हूं. लोगों के लिए काम करना चाहती हूं. फिर इस रास्ते में चाहे जो मुसीबत आए. मैं बस अपने जंगलों और अपने परिवार से दूर नहीं रह सकती. वही मेरा घर है. मुझे वहीं वापस जाना है.

[/box]

चमक में छिपा अंधेरा

ताजमहल के बारे में कहा जाता है कि इसे बनवाने वाले मुख्य कारीगर के हाथ कटवा दिए गए थे ताकि वह फिर कोई ऐसी सुंदर इमारत न बना सके. ताजमहल से लेकर चीन की दीवार तक हुए बेहतरीन निर्माणों की जब भी बात होती है तो इन्हें बनाने वाले शिल्पियों के साथ हुए अन्याय के बहुत-से किस्से मिलते हैं. यह अन्याय 21वीं सदी तक भी जारी है. राजधानी दिल्ली की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली दिल्ली मेट्रो के कामगारों की एक बड़ी संख्या भी अन्याय का शिकार है. मेट्रो की अहम सेवाओं का जिम्मा अपने कंधों पर ढोने वाले ये लोग अपने तमाम वाजिब हकों से वंचित हैं.

करीब दशक पहले तक दिल्ली की सूरत ऐसी नहीं थी जैसी आज दिखती है. रोजगार से लेकर दूसरे कामों के लिए देश भर से लोगों का हुजूम यहां जिस चक्रवृद्धि रफ्तार से उमड़ा उसके चलते दमघोंटू परिस्थितियां बनने लगीं. साल 2000 तक आते-आते दिल्ली में वाहनों की संख्या इस कदर बढ़ गई कि इन्हें समेटने के लिए दिल्ली की खासी चौड़ी सड़कें कम पड़ने लगीं. तब नए फ्लाइओवरों और अंडरपासों पर काम शुरू हुआ और ठीक इसी वक्त मेट्रो रेल सेवा भी इस शहर के लिए एक वरदान बन कर आई. इसने जैसे वेंटिलेटर पर पड़ी दिल्ली को उसकी सांसें लौटा दीं. मेट्रो ने अपनी बेहतरीन सेवा की बदौलत दिल्ली की लुंजपुंज पड़ चुकी यातायात व्यवस्था का नक्शा ही बदल दिया. इस सेवा को संचालित करने वाले डीएमआरसी का दावा है कि उसने प्रति दिन 90 हजार से अधिक गाड़ियों को दिल्ली की सड़कों से हटाकर उन्हें दबावमुक्त कर दिया है. उसका यह भी दावा है कि औसतन 20 लाख लोग रोजाना मेट्रो से ही आना-जाना करते हैं.

इन दो दावों में दर्ज आंकड़ों को लेकर भले ही कुछ ऊंच-नीच हो सकती है, फिर भी इस सच्चाई से इनकार नहीं किया जा सकता कि मेट्रो ने दिल्ली के परिवहन की सूरत बदली है. स्टेशन के अंदर दाखिल होते ही वातानुकूलित हवाएं यात्रियों का स्वागत करती हैं और स्वचालित सीढियां उन्हें सामान सहित गाड़ी के डिब्बे तक पहुंचा जाती हैं. यात्रियों को बेहतरीन सेवा देने के चलते आज मेट्रो के मायने ये हैं कि इसे दिल्ली की लाइफलाइन भी कहा जाने लगा है. कई पुरस्कार और प्रशंसापत्र भी मेट्रो के चेहरे को लगातार उजला बनाते जा रहे हैं.

लेकिन दिल्ली मेट्रो के इस चमकीले चेहरे के पीछे एक ऐसी हकीकत भी है जिसका अंधेरा इसकी भूमिगत सुरंगों से भी घना है. यह हकीकत है मेट्रो में काम करने वाले उन ठेका कामगारों की जिनके जिम्मे इस सेवा को सफलतापूर्वक चलाने का अहम दारोमदार है. आठ घंटे के कागजी नियम से कहीं ज्यादा देर तक काम करने और करते रहने को मजबूर इन लोगों को इसके लिए न तो उचित मेहनताना मिलता है और न ही दूसरे वे अधिकार जिनकी बुनियाद पर श्रम कानूनों का ताना- बाना टिका है. तहलका ने दिल्ली मेट्रो में कांट्रैक्ट के जरिए नौकरी करने वाले तमाम कामगारों से मुलाकात की और पाया कि भले ही इनकी मेहनत से मेट्रो के डिब्बे दिल्ली के एक छोर से दूसरे छोर तक बेरोकटोक दनदना रहे हों लेकिन इनकी अपनी जीवनगाड़ी हिचकोले खा-खा कर घिसट भर पा रही है.

2011-12 का वित्तीय लेखा-जोखा जो बताता है कि डीएमआरसी की माली हालत काफी मजबूत है

कुल राजस्व– 2,247.77 करोड़ रु

विज्ञापनों पर खर्च- 391.92 लाख रु

पर्यावरणीय बचाव पर खर्च- 638.19 लाख रु

जनजागरण पर खर्च- 401.86 लाख रु

सुरक्षा पर खर्च- 422.14 लाख रु

छपाई तथा स्टेशनरी- 726.22 लाख रु

कानूनी खर्च- 81.69 लाख रु

अन्य खर्च- 646.34 लाख रु

सबसे पहले मेट्रो के तान-बाने को मोटे तौर पर समझ लेते हैं. मेट्रो के तहत अलग-अलग कामों के लिए कई विभाग होते हैं. इन कामों को निपटाने के लिए नीति नियोजन के संदर्भ में डीएमआरसी ने भारी-भरकम मेहनताने पर अधिकारियों और कर्मचारियों को रखा है जबकि मेट्रो ट्रैक बनवाने, यात्रियों को टिकट देने, उन्हें गाड़ियों में चढ़वाने और स्टेशन परिसर की सफाई करने जैसे तमाम कामों के लिए उसने अलग-अलग प्राइवेट कंपनियों के साथ कांट्रैक्ट किया है. कांट्रैक्ट पाने वाली कंपनियां इन कामों के लिए लोगों को ठेके पर रखती हैं. यहीं से शोषण की कहानी शुरू होती है .

डीएमआरसी से कांट्रैक्ट मिलते ही प्राइवेट कंपनियां सीधी भर्ती के अलावा ठेकेदारों की मार्फत भी कामगारों की नियुक्ति करती हंै. ये ठेकेदार उपठेकेदारों से संपर्क करते हैं जिन्हें जॉबर (नौकरी दिलाने वाला) भी कहा जाता है. इनकी भूमिका मुख्यत: कंपनी और कामगारों के बीच बिचौलिये की होती है जिसके लिए ये कंपनी और कामगार दोनों तरफ से पैसे पाते हैं. इस तरह कामगार को नौकरी पाने से पहले ही तीन चार लोगों से होकर गुजरना पड़ता है. इस तरह की स्थितियां निर्माण और सफाई का काम करने वाले कामगारों के मामलों में ज्यादा सामने आती हैं. हालांकि अब टॉम आपरेटर (टिकट काउंटर पर बैठने वाला कर्मचारी) के पद पर नियुक्ति देने वाली कंपनियां भी खुले तौर पर 25,000 रुपये बतौर सिक्योरिटी मांगने लगी हैं. झंडेवालान मेट्रो स्टेशन पर टिकट देने का काम करने वाले मयंक बताते हैं, ‘25,000 रु जमा कराने और फिर बिचौलियों की जेब गरम करने के बाद भी नौकरी जाने का खतरा बना रहता है. अगर नौकरी चली जाए तो सिक्योरिटी के रूप में जमा 25,000 रुपये वापस पाने को लेकर बहुत बड़ी महाभारत लड़नी पड़ती है.’

दिल्ली के नांगलोई इलाके में रहने वाली अनीता इस महाभारत की भुक्तभोगी रह चुकी हैं और लंबी जद्दोजहद के बाद हाल ही में इसके चक्रव्यूह से बाहर निकल पाई हैं. इसी साल मई में टॉम ऑपरेटर की नौकरी पाने वाली अनीता को लगभग तीन महीने बाद ही बिना अग्रिम नोटिस दिए नौकरी से हटा दिया गया. जब उन्होंने सिक्योरिटी के रूप में जमा अपने 25,000 रु वापस मांगे तो कंपनी की तरफ से उन्हें 10 दिन बाद पैसा लौटाने की बात कही गई. लेकिन दो महीने से भी ज्यादा लम्बे समय तक माथापच्ची करने के बाद उनका यह काम पिछले महीने किसी तरह पूरा हो पाया. अनीता की अगस्त माह की तनख्वाह भी अभी तक नहीं मिली है जिसके लिए उन्हें इंतजार करने को कहा गया है.

वे कहती हैं कि, ‘इस तरह के मामलों को समझने के लिए मैनें कुछ दूसरी प्राइवेट कंपनियों के अधिकारियों से भी बात की तो उनका कहना था कि इतना वक्त लगना मामूली बात है.’ उधर, मेट्रो मजदूरों के हितों को लेकर काम करने वाले स्वयंसेवी सुनील कुमार इसे कंपनियों का मुनाफा कमाने का उपक्रम बताते हैं. वे कहते हैं कि सिक्योरिटी मनी रखने के सवाल पर कंपनियों का तर्क होता है कि यात्रियों को टिकट देने वाले टॉम ऑपरेटरों का कामकाज सीधे-सीधे रुपये-पैसों से जुड़ा होता है, जिसमें हेराफेरी होने पर सिक्योरिटी मनी से रिकवरी की जा सकती है. लेकिन हकीकत यह है कि इन पैसों से ये कंपनियां भारी-भरकम ब्याज कमाती हैं. सुनील कुमार सवाल करते हैं, ‘रेलवे, परिवहन और तमाम दूसरे सरकारी विभागों में भी कई कर्मचारी इसी प्रकृति के काम से जुड़े होते हैं तो फिर उन सबसे सिक्योरिटी मनी क्यों नहीं ली जाती?’ यह तर्क ठीक भी लगता है क्योंकि सवाल अगर वाकई में पैसों की हेराफेरी होने की सूरत में रिकवरी का है तो कामगारों के वेतन से भी यह राशि काटी जा सकती है.

[box]

यहां भी है अंधियारा

डीएमआरसी के लिए ठेके पर काम करने वाले कामगारों की एक बहुत बड़ी जमात निर्माणस्थल यानी कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करने वाले मजदूरों की भी है. पहचान के नाम पर हेलमेट और जैकेट पहने ये मजदूर हर रोज आठ से दस घंटे तक हाड़तोड़ मेहनत करने के बाद मामूली पगार पाते हैं. अंधेरे गड्ढों को और गहरा करने या फिर ऊंचे-ऊंचे खंभों पर लटके रहने वाले इन कामगारों के लिए आजादी के यही मायने हैं कि अगर जिंदा रहे तो पगार मिल जाएगी. मरने के बाद इनके परिजनों का क्या होगा यह सब सोचने तक का इनके पास न ही वक्त है और न ही परिस्थितियां इसकी इजाजत इन्हें देती हैं क्योंकि इनमें से अधिकतर मजदूर वे हैं जिनके पास इस काम के अलावा और कुछ करने का विकल्प ही नहीं है. तीन महीने पहले मेट्रो की रोहिणी साइट पर काम पाने वाले बलिया जिले के संतोष कुमार पिछले साल फेज टू के निर्माण के दौरान भी डेढ़ साल तक अलग-अलग निर्माणस्थलों पर मजदूरी कर चुके हैं. वे बताते हैं कि रोजगार का कोई और साधन न होने की बेबसी उन्हें और उनके जैसे बहुत लोगों को इस शहर में खींच लाई है.

मामूली वेतन पाने वाले इन मजदूरों के लिए काम करने की परिस्थितियां बेहद असुरक्षित हैं जिनमें हादसे होते रहते हैं. 2010 तक मेट्रो की कंस्ट्रक्शन साइटों पर जान गंवाने वाले मजदूरों की संख्या 100 का आंकड़ा पार कर चुकी थी. यह बात डीएमआरसी ने हाईकोर्ट में दायर किये गए एक हलफनामे में मानी थी. तब से लेकर अब तक कई हादसे और भी हो चुके हैं. इन्होंने मजदूरों की जान तो ली ही है, घायल मजदूरों को हमेशा के लिए अपंग भी बना दिया है. भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट में भी डीएमआरसी की कई लापरवाहियां उजागर हो चुकी हैं. कैग ने अपनी रिपोर्ट में मेट्रो रेल परियोजना के निर्माणाधीन स्थलों पर गुणवत्ता नियंत्रण में खामियां भी पाई थीं. निर्माण से जुड़े  मजदूरों के लिए काम की नारकीय परिस्थितियों का मुद्दा कॉमनवेल्थ खेलों के दौरान भी सामने आया था. उस वक्त भीषण गर्मी के बीच दिन-रात काम करने वाले बहुत सारे मजदूर पूरी तरह से जॉबरों के रहमो करम पर रहने को मजबूर थे. आलम यह था कि इनके रहने के लिए टीन की चादरों वाले शेड बना दिए गये थे जिनमें रहना लगभग असंभव था.

[/box]

प्राइवेट कंपनियों द्वारा ठेके पर रखे जाने वाले कामगार मुख्य रूप से तीन तरह के होते हैं. पहले, जो यात्रियों को टिकट और मेट्रोपास जारी करते हैं. दूसरे वे जो यात्रियों को पंक्तिबद्ध तरीके से गाड़ी से उतरवाते और उसमें चढ़वाते हैं और तीसरे वे जो स्टेशन परिसर की सफाई करते हुए उसे साफ-सुथरा बनाए रखते हैं. क्रमश: टॉम ऑपरेटर, वॉच एंड वार्ड तथा हॉस्पिटैलिटी के नाम से जाने जाने वाले ये लोग सीधे तौर पर यात्री सुविधा से जुड़े और मेट्रोसेवा को संचालित करने के क्रम में बेहद महत्वपूर्ण हैं. लेकिन पिछले लंबे समय से ये कामगार अपनी सेवा प्रदाता कंपनियों और डीएमआरसी से कई बातों को लेकर नाखुश हैं.

यूं तो ठेके पर काम करने वाले सभी श्रेणियों के कामगार तमाम परेशानियों से जूझ रहे हैं, लेकिन सबसे बुरी हालत सफाई का काम करने वाले लोगों की है. साढ़े पांच हजार रु की पगार पाने वाले इन लोगों को कई बार 12-15 घंटे तक भी ड्यूटी करनी होती है. इन्हें न तो साप्ताहिक अवकाश दिया जाता है और न ही ओवरटाइम का पैसा. यहां तक कि इनकी ड्यूटी का कोई निश्चित समय भी नहीं होता. दिल्ली सरकार द्वारा कामगारों के लिए तय किए गए न्यूनतम वेतन के मुताबिक अकुशल श्रमिकों को 307, कुशल श्रमिकों को 377 और उच्च कुशल श्रमिकों को 410 रुपये रोज के हिसाब से मेहनताना मिलना चाहिए.  मजाक देखिए कि डीएमआरसी ने इस बाबत मेट्रो स्टेशनों पर बोर्ड भी लगाए हैं. यही नहीं, इनमें उसने अधिकारियों के नाम और पते भी लिखे हैं ताकि कम वेतन मिलने की स्थिति में कामगार डीएमआरसी तक अपनी शिकायत पहुंचा सके. लेकिन कामगारों की नजर में ऐसे बोर्ड लगाने का कोई मतलब नहीं है. उनकी मानें तो न्यूनतम वेतन की मांग करने पर पहले तो उनके काम के घंटे बढ़ा दिए जाते हैं और फिर उन्हें नौकरी से निकाल दिया जाता है.

अजय स्वामी का मामला इसका उदाहरण है. अजय कहते हैं कि उन्हें कंपनी द्वारा इसलिए नौकरी से निकाल दिया गया था कि वे न्यूनतम मजदूरी, साप्ताहिक छुट्टी, बोनस और स्थायी नियुक्ति की मांगों को लेकर लगातार आवाज उठा रहे थे. अपनी कहानी बताते हुए अजय कहते हैं कि 2009 में उन्होंने 3,900 रुपये पगार पर नौकरी शुरू की थी. बाद में उन्हें मालूम हुआ कि न्यूनतम मजदूरी के हिसाब से यह राशि बहुत कम है. बकौल अजय, ‘मैंने न्यूनतम वेतन की मांग को लेकर डीएमआरसी की अधिकृत अधिकारी को चिट्ठी लिखी, लेकिन उन्होंने इस पत्र पर कार्रवाई करने के बजाय मुझे नियुक्ति देने वाली कंपनी को इसके बारे में बता दिया. इसके बाद मेरी कंपनी के लोगों ने मुझे धमकाया और हद में रहने की नसीहत दी. लेकिन मैंने अपना विरोध जारी रखा और चुपचाप दूसरे कामगारों को संगठित करने की मुहिम शुरू कर दी. इसकी भनक जब कंपनी को लगी तो उसने मुझे बिना कोई नोटिस दिए नौकरी से हटा दिया.’ नौकरी से निकाले जाने के बावजूद अजय कामगारों के अधिकारों को लेकर लगातार सक्रिय हैं. दिल्ली मेट्रो कामगार यूनियन के बैनर तले ठेका कामगारों को एकजुट करने की मुहिम में जुटे अजय इन दिनों कुछ और साथियों के साथ इसी नाम से एक मजदूर यूनियन का पंजीकरण करने की कवायद में जुटे हैं.

ठेका मजदूरों की मुख्य रूप से चार मांगें हैं. एक- न्यूनतम वेतन, दो- अन्य सुविधाएं, बोनस और भत्ते, तीन- ऐच्छिक छुट्टियां और चौथी स्थायी नियुक्ति. कामगारों का आरोप है कि कंपनियों द्वारा उन्हें न तो न्यूनतम वेतन दिया जाता है और न ही किसी तरह की अन्य सुविधाएं. यहां तक कि जितना पैसा उन्हें मिलता भी है उसके लिए दो से तीन महीने का इंतजार करना पड़ता है. इन मांगों को लेकर वे विरोध प्रदर्शनों, मांगपत्रों और तमाम दूसरे माध्यमों के जरिए डीएमआरसी से कई बार फरियाद भी लगा चुके हैं. इसी तरह का एक प्रदर्शन बीती मई में जंतर मंतर पर किया गया था जिसमें काफी संख्या में ठेका कामगारों ने भाग लिया था. दिल्ली मेट्रो कामगार यूनियन के बैनर तले हुए इस प्रदर्शन के बारे में संगठन के अध्यक्ष प्रवीण बताते हैं कि इसके जरिए उनकी सबसे प्रमुख मांग हास्पिटैलिटी का काम करने वाले मजदूरों की वेतन वृद्धि की थी. वे बताते हैं कि फिलहाल टॉम ऑपरेटरों और वॉच एंड वार्ड श्रेणी के कामगारों को ही न्यूनतम मजदूरी मिल रही है जबकि हॉस्पिटैलिटी का काम करने वाले लोग अब भी इससे वंचित हैं. अजय स्वामी कहते हैं कि टॉम ऑपरेटरों और वॉच एंड वार्ड का काम करने वाले लोगों को भी 2011 के बाद से तब न्यूनतम वेतन मिलना शुरू हुआ जब उन्होंने इसके लिए भारी-भरकम प्रदर्शन किया.

ठेका कर्मचारियों की अहम मांग यह भी है कि उन्हें स्थायी नौकरी पर रखा जाए. इसके पक्ष में वे तमाम तरह के तर्क भी रखते हैं. अजय स्वामी कहते हैं कि ठेका मजदूरों द्वारा किए जाने वाले टिकट वितरण से लेकर सफाई तक के सभी काम स्थायी प्रकृति के हैं. जब तक मेट्रो चलती रहेगी, ये सारे काम भी अनिवार्य रूप से चलते रहेंगे. इस तरह देखें तो इनके लिए स्थायी कर्मचारियों की नियुक्ति की जानी चाहिए. लेकिन एक दशक से भी ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी इस दिशा में कुछ नहीं किया गया और न ही आगे इसको लेकर कोई उम्मीद दिख रही है. अजय स्वामी आने वाले समय को लेकर जिस नाउम्मीदगी की ओर इशारा करते हैं उसके निशान डीएमआरसी के आगामी एजेंडे में साफ देखे जा सकते हैं. डीएमआरसी ने 2011-12 के सालाना प्रतिवेदन में भविष्य की योजनाओं के बारे में लिखा है कि 2021 तक लगभग पूरी दिल्ली को कवर करना मेट्रो का सबसे अहम लक्ष्य है, लेकिन कामगारों की नियुक्ति, उनके वेतन और अन्य हितों को लेकर इस वक्तव्य में कुछ भी नहीं कहा गया है. देखा जाए तो श्रमिक अधिकारों का सामान्य सिद्धांत भी स्थायी प्रकृति के काम के लिए स्थाई नियुक्ति की वकालत करता है. लेकिन दिल्ली मेट्रो में ठेके पर काम करने वाले मजदूरों के संबंध में यह कहीं नहीं दिखता.

आखिर इन कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने, अन्य भत्ते-सुविधाएं देने और इन्हें स्थायी नौकरी देते हुए इन्हें ठेका कंपनियों के दुश्चक्र से बचाने में डीएमआरसी की दिलचस्पी क्यों नहीं है? क्या डीएमआरसी के पास वित्तीय संकट की समस्या है? आखिर क्यों इन कामगारों को खुद संभालने के बजाय वह ठेका कंपनियों पर ज्यादा भरोसा कर रही है?

[box]

सवाल जिन पर खामोश है डीएमआरसी

  • क्या डीएमआरसी कांट्रैक्ट कंपनियों द्वारा रखे गए ठेका कामगारों को अपना कर्मचारी मानती है?
  • प्राइवेट कंपनियों द्वारा रखे जाने वाले ठेका कामगारों की नियुक्ति में डीएमआरसी की क्या भूमिका होती है ?
  •  डीएमआरसी द्वारा प्राइवेट कंपनियों को प्रति कामगार कितनी रकम का भुगतान किया जाता है?
  • ठेका कामगारों को दिए जाने वाले पीएफ, बोनस, मेडिकल सुविधाअओं एवं इंश्योरेंस की नीति क्या है?
  • ठेका कामगारों की शिकायतों के आधार पर कांट्रैक्ट कंपनियों के खिलाफ डीएमआरसी ने क्या कार्रवाइयां की हैं?

[/box]

इन दो सवालों का जवाब ढूंढने के लिए तहलका ने डीएमआरसी का सालाना लेखा-जोखा खंगाला. पता चला कि पैसे की डीएमआरसी के पास कोई कमी नहीं है. 2011-12 के अपने वार्षिक प्रतिवेदन में डीएमआरसी ने खुद स्वीकार किया है कि 31 मार्च, 2012 तक उसने कुल 2,247.77 करोड़ रुपए का राजस्व कमाया. यह राशि पिछले साल के मुकाबले 342.92 करोड़ रुपये ज्यादा थी. राजस्व में हुई इस शानदार बढ़ोतरी से उत्साहित डीएमआरसी पहले और दूसरे चरण के बाद अब तीसरे चरण का काम भी शुरू कर चुकी है. इसके लिए उसने समय सीमा और दूसरे महत्वपूर्ण लक्ष्य भी तय कर लिए हैं. इसके अलावा उसने इस साल अपनी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भी खूब खर्च किया. डीएमआरसी द्वारा इस साल विज्ञापनों पर खर्च की गई राशि करीब चार करोड़ रुपये है जो पिछले साल के मुकाबले लगभग एक करोड़ रुपये ज्यादा है. पर्यावरण से जुड़ी अपनी जिम्मेदारियों पर भी डीएमआरसी ने पिछले साल के मुकाबले करीब पांच करोड़ रुपये ज्यादा खर्च किए. हालांकि जनजागरण और सुरक्षा पर होने वाला खर्च पिछले साल हुए खर्च से कम रहा, लेकिन अधिकतर क्षेत्रों में उसने पिछले साल के मुकाबले ज्यादा रकम लगाई (देखें बाक्स). इस सबसे साफ होता है कि डीएमआरसी की माली हालत ठीक-ठाक है.

अब दूसरी बात पर आते हैं. आखिर कामगारों को सीधे खुद के अधीन रखने के बजाय डीएमआरसी ने उन्हें कंपनियों के हवाले क्यों छोड़ा हुआ है? इसको लेकर कामगारों का आरोप है कि अपने हिस्से के काम कंपनियों को सौंप कर डीएमआरसी मुख्य रूप से दो तरीके से फायदे में रहती है–एक तो उसे सस्ता श्रम मिल जाता है और दूसरा श्रमिकों को हो रही दिक्कतों की जिम्मेदारी से वह काफी हद तक बच जाती है. कामगारों के इस आरोप में भले ही पूरी तरह से सच्चाई न हो इसके बावजूद यह तर्क काफी दमदार नजर आता है. क्योंकि स्थायी नियुक्ति देने को बाद डीएमआरसी को उन सभी कामगारों के वेतन और अन्य सुविधाओं पर अधिक खर्च करना पड़ेगा.

हमने डीएमआरसी से इन अहम सवालों के जवाब जानने की कोशिश की. लेकिन कई बार संपर्क करने के बाद भी हमें कोई जवाब नहीं मिला. इससे साफ हो जाता है कि इस मुद्दे में उसकी कितनी दिलचस्पी है. वैसे भी पूर्व में कई मौकों पर डीएमआरसी ठेका मजदूरों को अपना कर्मचारी मानने से इंकार कर चुकी है.

इससे इनकार नहीं किया जा सकता कि दिल्ली में मेट्रोसेवा शुरू होने के बाद यात्रियों को आवागमन के दूसरे साधनों के मुकाबले बहुत अधिक राहत मिली है. कल तक सड़कों पर कछुए की चाल से यात्रा करने को मजबूर आम आदमी को मेट्रो ने रफ्तार दी है. डीएमआरसी भी अपनी इस सफलता पर फूला नहीं समाती और डंके की चोट पर इसे अपने लिए बहुत बड़ी उपलब्धि बताती है. उसके सालाना प्रतिवेदन पत्र में मेट्रो की सफल गाथा का बखान करते हुए लिखा गया है कि ‘प्रेरित, संतुष्ट तथा प्रसन्न कार्यबल संगठनात्मक लक्ष्यों की सफलतापूर्वक प्राप्ति के लिए चाबी है’. सरल भाषा में कहें तो कर्मचारियों की खुशी ही सफलता का मंत्र है. लेकिन डीएमआरसी के इस स्वमहिमामंडन पर तब सवाल खड़े होते हैं जब हम ठेके पर काम कर रहे मजदूरों की हालत देखते हैं. मेट्रो को दिल्ली की लाइफ लाइन से लेकर तरक्की के पैमाने तक न जाने क्या-क्या माना गया हो, लेकिन इन कामगारों की नजर में यह उनके शोषण और तिरस्कार के उपक्रम से ज्यादा कुछ नहीं है.

एक झुका हुआ फैसला!

000_Del6269267

दो हत्याएं, तीन जांच टीमें, पांच संदिग्ध, दो आरोपित, 39 सरकारी गवाह, दर्जन भर बचाव पक्ष के गवाह, सबूत के तौर पर 247 नमूने, सैकड़ों रिपोर्टें और हजारों दस्तावेज. यही सब आरुषि-हेमराज हत्याकांड में न्यायालय के सामने था. न्यायालय से बाहर की बात करें तो ऑनर किलिंग, बीवियों की अदला-बदली, सौतेली संतान, अवैध शारीरिक संबंध और मृत बच्ची के मां-बाप का असामान्य व्यवहार जैसी बातें भी इस मामले से जुड़ती रही हैं. इन सब बातों ने मिलाकर ही पिछले पांच साल से इस मामले को देश का सबसे चर्चित और जटिल हत्याकांड बना दिया. यही कारण था कि 25 नवंबर को जब सीबीआई की विशेष अदालत में इस मामले का फैसला आना था तो सारे देश की निगाहें इस पर टिकी हुई थीं. हर व्यक्ति इस मामले में न्याय चाहता था, लेकिन हर किसी के लिए न्याय की परिभाषा अलग थी. कई लोगों का मानना था कि डॉक्टर दंपति ने अपनी 14 वर्षीया बेटी और घरेलू नौकर की हत्या की है तो उनके लिए कड़ी से कड़ी सजा भी कम है. लेकिन कई लोगों का यह भी तर्क था कि यदि उन्होंने ऐसा नहीं किया तो इससे बड़ा अन्याय किसी भी माता-पिता के साथ नहीं हो सकता.

इस मामले को नजदीक से समझने वाले पत्रकारों और न्यायिक जानकारों की मानें तो इस मामले में अभियोजन पक्ष बहुत ही कमजोर था. आम तौर पर यह जिम्मेदारी अभियोजन पक्ष की ही होती है कि वह संदेह से परे आरोपित के दोष को सिद्ध करे. न्याय का सिद्धांत भी यही कहता है कि भले ही सौ दोषी छूट जाएं लेकिन एक भी निर्दोष को सजा न हो. बीती 25 नवंबर को जब न्यायालय का फैसला आया तो सीबीआई के विशेष न्यायाधीश एस लाल ने अपने 208 पन्नों के फैसले में इसी सिद्धांत पर विस्तार से चर्चा करते हुए आरोपित राजेश और नूपुर तलवार को दोषी करार दिया. उन्होंने दोनों आरोपितों को भारतीय दंड संहिता की धारा 302, 34 और 201 के अंतर्गत उम्रकैद की सजा सुनाई. साथ ही दोनों आरोपितों पर 15 हजार रुपए का आर्थिक दंड भी लगाया गया. इसके अलावा राजेश तलवार को धारा 203 के अंतर्गत भी दोषी पाया गया और उन्हें एक साल कैद और दो हजार रुपये आर्थिक दंड की अतिरिक्त सजा भी सुनाई गई.

इस फैसले में न्यायालय ने जिस नियम को केंद्र में रखा है वह है भारतीय साक्ष्य अधिनियम की धारा 106. यह धारा इस बात का अपवाद है कि अभियोजन अपना मामला संदेह से परे साबित करे. इस धारा के अनुसार यदि कोई तथ्य ‘विशेषतः’ किसी व्यक्ति के ज्ञान में है, तब उसे साबित करने का भार उसी व्यक्ति पर है.

इसी धारा को केंद्र में रखते हुए न्यायालय ने माना कि आरुषि के घर में हत्या वाली रात सिर्फ चार लोग मौजूद थे. रात को लगभग 9.30 बजे ड्राइवर उमेश ने चारों को घर पर देखा था. इसके बाद किसी भी बाहरी व्यक्ति के उस रात घर में आने का कोई भी साक्ष्य न्यायालय को नहीं मिला. इसके बाद सुबह छह बजे नौकरानी भारती सबसे पहले उस घर में आई. तब तक दोनों हत्याएं हो चुकी थीं और दोनों आरोपित घर में मौजूद थे. इन परिस्थितियों में आरोपितों को संदेह का लाभ नहीं दिया जा सकता. साथ ही न्यायालय द्वारा यह भी कहा गया कि इन परिस्थितियों में अभियोजन से अपेक्षा भी नहीं की जा सकती कि वह संदेह से परे और गणित के सूत्रों की तरह आरोपितों का दोष सिद्ध कर सके.

न्यायाधीश एस लाल ने ‘संदेह से परे सबूत’ के सिद्धांत की उत्पत्ति का जिक्र भी अपने फैसले में किया है. उन्होंने न्यायिक सुधारों के लिए बनाई गई समिति का हवाला देते हुए बताया है, ‘संदेह से परे सबूत के सिद्धांत की उत्पत्ति यूनाइटेड किंगडम के ‘पंच परीक्षण’ के संदर्भ में हुई थी. आरोपित के दोष पर सजा देना पंचों की जिम्मेदारी होती थी. चूंकि वे प्रशिक्षित न्यायाधीश नहीं होते थे, इसलिए आरोपित के अधिकारों का ध्यान रखे बिना ही किसी निष्कर्ष पर पहुंच सकते थे. इसलिए संदेह से परे सबूत का सिद्धांत अस्तित्व में आया था.’ एस लाल ने यह भी माना कि यदि हर मामले में संदेह से परे सबूत के सिद्धांत को माना जाए तो दोषियों को सजा देना असंभव हो जाएगा. उन्होंने अपने इस फैसले के समर्थन में 1947 से लेकर 2013 तक के सर्वोच्च न्यायालय के अलग-अलग 29 फैसलों का हवाला दिया है.

दोष-सिद्धि के 26 कारण
न्यायाधीश एस लाल ने अपने फैसले में एक-एक कर बचाव पक्ष के हर तर्क को नकारा है और यह माना है कि सिर्फ आरोपित आरुषि और हेमराज के कातिल हैं. इस फैसले पर पहुंचने के उन्होंने 26 कारण बताए हैं जो इस प्रकार हैं:

1. राजेश तलवार के ड्राइवर उमेश शर्मा द्वारा 15-16 मई, 2008 की रात लगभग 9.30 बजे दोनों आरोपितों को ही अंतिम बार मृतकों के साथ देखा गया था.

2. 16 मई, 2008 की सुबह लगभग छह बजे आरुषि अपने कमरे में मृत पाई गई. यह कमरा आरोपितों के कमरे से बिल्कुल लगा हुआ था और बीच में सिर्फ एक दीवार थी.

3. हेमराज का खून से सना हुआ शव 17 मई, 2008 को फ्लैट संख्या 32 की छत पर पड़ा मिला और छत के दरवाजे का ताला भीतर से लगा हुआ था.

4. ‘आरोपितों को अंतिम बार मृतकों के साथ देखे जाने का समय’ और ‘हत्या का समय’ काफी नजदीक है. इतने कम समय में आरोपितों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति द्वारा अपराध की संभावनाएं असंभव हो जाती हैं.

5. आरुषि के कमरे के दरवाजे पर ऑटोमैटिक ताला था. अभियोजन साक्षी नंबर 29 महेश कुमार मिश्रा (तत्कालीन एसपी) द्वारा बताया गया है कि 16 मई की सुबह उन्होंने राजेश तलवार से बात की थी. राजेश ने उन्हें बताया था कि ‘पिछली रात लगभग 11.30 बजे मैं आरुषि के कमरे को बाहर से बंद करने के बाद चाबी लेकर सोने चला गया था.’  दोनों आरोपितों ने माना है कि आरुषि का दरवाजा बाहर से बिना चाबी के नहीं खुल सकता लेकिन अंदर से खोला जा सकता है. आरोपित द्वारा इस बात का कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है कि आरुषि के कमरे का दरवाजा कैसे और किसने खोला.

6. घटना वाली रात को इंटरनेट चलता रहा जो यह बताता है कि दोनों में से एक आरोपित तो रात भर उठा हुआ था.

7. यह किसी भी तथ्य से पता नहीं चलता कि घटना वाली रात को 9.30 बजे के बाद कोई भी बाहरी व्यक्ति घर में आया हो.

8. उस रात को एक बार भी बिजली नहीं गई थी.

9. उस रात को घर के नजदीक कोई भी संदिग्ध व्यक्ति घूमते हुए नहीं देखा

गया था.

10. घटना वाली रात को घर में किसी के भी बलपूर्वक घुसने का कोई साक्ष्य

नहीं है.

11. घर में किसी भी तरह की चोरी का कोई साक्ष्य नहीं हैं.

12. 16 मई की सुबह जब कामवाली आई तो नूपुर तलवार द्वारा उससे झूठ कहा गया कि हेमराज द्वारा दरवाजा बाहर से बंद किया गया है, जबकि दरवाजा बंद नहीं था.

13. भारती ने कहीं भी यह बयान नहीं दिया है कि जब वह घर के अंदर आई तो आरोपित रो रहे थे.

14. भारती के बयान से यह साफ है कि जब वह घर में आई और उसने नूपुर तलवार से बात की तो नूपुर ने उसे अपनी बेटी की हत्या के बारे में नहीं बताया, बल्कि उसने जान-बूझ कर यह कहा कि हेमराज लकड़ी का दरवाजा बाहर से बंद करके शायद दूध लेने गया है. दोषी व्यक्ति का ऐसा व्यवहार भारतीय साक्ष्य अधिनियम की धारा 8 के अनुरूप है.

15. दोनों आरोपितों के कपड़े खून से सने हुए नहीं मिले. यह अप्राकृतिक है कि आरुषि के मां-बाप उसे मृत पाने पर भी उससे लिपट कर और उसे गले लगा कर रोएंगे नहीं.

16. कोई बाहरी व्यक्ति यह साहस नहीं कर सकता कि गंभीर रूप से घायल हेमराज को छत तक लेकर जाए और फिर ताला ढू़ढ़ कर छत के दरवाजे पर लगाए.

17. यह संभव नहीं है कि कोई भी बाहरी व्यक्ति दो हत्याएं करने के बाद घर में शराब पीने का साहस जुटा पाए जबकि तलवार दंपति बगल वाले कमरे में ही सो रहा हो. बाहरी व्यक्ति की प्राथमिकता होगी कि वह जल्द-से-जल्द हत्या वाली जगह से फरार हो जाए.

18. कोई भी बाहरी व्यक्ति हेमराज के शव को छत पर लेकर जाने की चिंता नहीं करेगा. और एक अकेला व्यक्ति शव को छत तक लेकर जा भी नहीं सकता.

19. घटना से पहले छत के दरवाजे पर कभी भी ताला नहीं होता था, लेकिन 16 मई की सुबह वहां ताला लगा हुआ था और आरोपितों ने उसकी चाबी पुलिस के मांगने के बावजूद नहीं दी.

20. आरोपितों ने खुद ही दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 313 के अंतर्गत हुए बयानों में यह कहा है कि ‘घटना से लगभग आठ-दस दिन पहले पड़ोस में पुताई का काम चल रहा था. ऐसे में मजदूर घर की छत पर लगी टंकी में से पानी लेने आते थे. इसलिए हेमराज ने ही छत पर ताला लगाना शुरू किया और उस ताले की चाबी हेमराज के पास ही होती थी.’ यदि ऐसा है तो किसी बाहरी व्यक्ति के लिए उस चाबी को ढूंढ़ना आसानी से संभव नहीं है.

21. यदि यह अपराध किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा छत पर ताला लगाने के बाद किया गया होता तो घर से बाहर जाने के बाद सबसे बाहर वाला या बीच वाला जाली का दरवाजा निश्चित रूप से बाहर से बंद मिलता.

22. अपराध का उद्देश्य स्थापित हो चुका है.

23. यह संभव नहीं है कि कोई भी बाहरी व्यक्ति अपराध के बाद घटनास्थल की सफाई करे.

24. गोल्फ क्लब नंबर पांच को हत्या करने के बाद परछत्ती पर फेंक दिया गया था और उसे कई महीनों बाद राजेश तलवार द्वारा प्रस्तुत किया गया.

25. दोनों मृतकों के सिर और गले में आई चोटें लगभग समान हैं और यह संभव है कि ये चोटें गोल्फ क्लब और स्कैल्पेल (सर्जिकल ब्लेड) से आई हों.

26. आरोपित राजेश तलवार नोएडा गोल्फ क्लब के सदस्य थे और गोल्फ क्लब उन्हीं के द्वारा सीबीआई को दिए गए थे. और स्कैल्पेल दंत चिकित्सक द्वारा इस्तेमाल किया जाता है. यहां दोनों आरोपित दंत चिकित्सक हैं.

अपवादों का अपवाद
ऊपर लिखे सभी बिंदुओं को न्यायाधीश एस लाल ने सभी गवाहों और सबूतों को देखने के बाद स्थापित पाया है. लेकिन कानून के जानकारों की मानें तो ऊपरी अदालत में यह फैसला पलटा जा सकता है. दरअसल एस लाल ने इस फैसले में एक साथ कई ऐसी बातों को अपराध सिद्ध करने के लिए इस्तेमाल किया है जो अपवादस्वरूप ही देखने को मिलती हैं. जैसे भारतीय साक्ष्य अधिनियम की धारा 106 को इस मामले में लागू किया गया है. सिर्फ परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर सजा दिया जाना भी कम ही देखने को मिलता है. साथ ही अपराध का स्पष्ट उद्देश्य स्थापित न होने पर, अपराध में इस्तेमाल किया जाने वाला हथियार बरामद न होने पर और जांच में भारी कमियां होने पर सामान्यतः आरोपित को ही फायदा होता है. लेकिन इस मामले में फिर भी आरोपित को दोषी करार दिया गया है.

एस लाल ने अपने फैसले में हर अपवाद को न्यायोचित ठहराने के लिए दर्जनों नजीरें तो पेश की हैं. लेकिन इन नजीरों में अलग-अलग सिर्फ एक या दो अपवाद ही नजर आते हैं. ऐसे में इतने अपवादों को एक साथ मिलाकर दिया गया यह फैसला शायद ही ऊपरी अदालतों में टिक पाए.

उलटफेर के तथ्य
तथ्यों की भी बात करें तो ऐसे तमाम तथ्य हैं जिनके आधार पर ऊपरी अदालतें तलवार दंपति के पक्ष में फैसला दे सकती हैं. इनमें मुख्य हैं:

1. नार्को टेस्ट में नौकरों ने अपराध करना स्वीकार किया.

2. सीबीआई के कई लोगों ने यह बयान दिया था कि नौकरों ने अपने बयानों में भी अपराध स्वीकार किया है.

3. तलवार दंपति के नार्को में कुछ भी ऐसा नहीं पाया गया जिससे उसकी अपराध में संलिप्तता स्थापित होती हो.

4. नौकर कृष्णा के तकिये से हेमराज का खून मिला था (हालांकि सीबीआई द्वारा कहा गया कि यह सिर्फ टाइपिंग की गलती के कारण हुआ है).

5. नार्को में नौकरों ने यह भी बताया कि घटना वाली रात वे सभी हेमराज के कमरे में शराब पी रहे थे और टीवी पर एक नेपाली गाना चल रहा था. इस बात की पुष्टि सीबीआई ने नेपाली चैनल से भी की थी और यह स्थापित हुआ था कि उस रात वही गाना चैनल पर चलाया गया था.

6. सीबीआई टीम द्वारा तलवार के घर पर एक साउंड टेस्ट किया गया था. इसमें पाया गया कि यदि दोनों कमरों में एसी चल रहे हों तो एक कमरे की आवाज दूसरे में नहीं सुनाई पड़ती.

7. आरुषि और हेमराज के पोस्टमार्टम में कुछ भी असामान्य नहीं पाया गया था. लेकिन पोस्टमार्टम करने वाले दोनों डॉक्टरों ने लगभग एक साल बाद नए तथ्य जोड़ते हुए बयान दिए. न्यायाधीश एस लाल ने यह तो माना कि आरुषि का पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर दोहरे ने यह भारी चूक की है लेकिन फिर भी उनके बयान को स्वीकार कर लिया.

8. इस बात का कोई भी सबूत नहीं है कि हेमराज की हत्या आरुषि के कमरे में

हुई हो.

9. राजेश और नूपुर तलवार के कपड़ों पर सिर्फ आरुषि का खून मिला. हेमराज का खून उनके कपड़ों पर नहीं था. जबकि उस रात आरुषि द्वारा खींची गई तस्वीरों में आरोपितों ने जो कपड़े पहने हैं वही उन्होंने अगली सुबह भी पहने हुए थे.

10. कई डॉक्टरों के पैनल ने यह बताया था कि हत्या खुखरी से किया जाना संभव है. पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर भी इस पैनल का हिस्सा थे. बाद में पोस्टमार्टम करने वाले दोनों डॉक्टरों ने अपने बयान और राय बदली.

इन तमाम पहलुओं के कारण ही तलवार दंपति इलाहाबाद हाई कोर्ट जाने की तैयारी कर रहा है. एस लाल के फैसले पर उनके वकील तनवीर अहमद मीर कहते हैं, ‘मैंने सीबीआई के केस को पूरी तरह से धराशायी कर दिया. लेकिन मैं एक जज को नहीं हरा सकता जब वो मेरे खिलाफ हो.’

तलवार दंपति के अन्य वकील भी आज यह दावा कर रहे हैं कि यह फैसला ऊपरी अदालतों में एक पल भी नहीं टिक सकता. लेकिन यदि यह मामला सर्वोच्च न्यायालय तक पहुंच कर भी नहीं बदला तो यह एक ऐसी नजीर बन जाएगा जिसके चलते आरोपितों के बच निकलने की संभावनाएं बहुत कम हो जाएंगी. यह भी मुमकिन है कि ऐसा होने पर कुछ निर्दोषों को भी सजा हो जाए.

वैसे भी इस फैसले में न्यायालय ने माना है कि अब वह समय नहीं है जब सौ दोषियों के छूट जाने वाले सिद्धांत पर चला जाए.

मंजिल से आगे का रास्ता

फोटो: विकास कुमार
फोटो: विकास कुमार
फोटो: विकास कुमार

संभवतः देश के इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है कि खुद को सामाजिक कार्यकर्ता कहने वाले कुछ लोग मिलकर कोई पार्टी बनाएं और साल भर के भीतर ही वह पार्टी चुनाव लड़कर सरकार भी बना ले. अरविंद केजरीवाल की अगुवाई में आम आदमी पार्टी ने ऐसा कर दिखाया है. इस लिहाज से कह सकते हैं कि 26 दिसंबर, 2013 को अरविंद केजरीवाल द्वारा दिल्ली के रामलीला मैदान में राष्ट्रीय राजधानी के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेना ऐतिहासिक है.

आज अरविंद केजरीवाल जहां खड़े हैं, वहां पहुंचने के लिए उन्होंने लंबी दूरी तय की है. सूचना के अधिकार से लेकर जनलोकपाल और इसके बीच न जाने कितने अन्य मुद्दों को समय-समय पर उठाते रहने, उन्हें जनता के बीच सही ढंग से पहुंचाते रहने और फिर इसे एक सफल अभियान के रूप में तब्दील कर देने से जो चीज निकलती है, वह है आम आदमी पार्टी की सरकार. लेकिन इस सरकार के गठन ने केजरीवाल को ऐसे मोड़ पर ला खड़ा किया है जहां उनके पास पाने के लिए बहुत कुछ है और जनता के पास खोने के लिए बहुत कुछ है.

अरविंद केजरीवाल जिस तरह के वादों के सहारे सत्ता तक पहुंचे हैं, अगर वे उन्हें पूरा करने में कामयाब हो जाते हैं तो वे इतिहास पुरूष बन जाएंगे. उनके सामने खुद को एक ऐसे नेता के तौर पर स्थापित करने का अवसर है, जिनका इस समय पूरे देश में घोर अभाव हो चला है. वे अमर हो सकते हैं, अगर उन्होंने सिर्फ उन्हीं बातों को लागू कर दिया जिनका जिक्र उन्होंने अपने चुनावी घोषणा पत्र में किया है. यकीन मानिए, अगर वे ऐसा कर दिखाते हैं तो पूरे विश्व राजनीति में उन्हें एक अलग स्थान मिलेगा.

लेकिन संकट यही है. अगर आप आम आदमी पार्टी के घोषणा पत्र को देखेंगे तो पता चलेगा कि जो वादे उन्होंने किए हैं, उन्हें पूरा करना आसान नहीं है. यह भी कहा जा सकता है कि ये वादे यह मानकर किए गए थे कि वे सरकार नहीं बना पाएंगे. लेकिन अब उन्हें सरकार बनानी पड़ रही है. अब उनके काम का आकलन उनके घोषणा पत्र में दर्ज हर्फों के चश्मे से होगा, अब उन्हें हर पल परीक्षा से गुजरना होगा, उनके हर कदम पर टीका-टिप्पणी होगी.

अपने वादों को पूरा करने के लि केजरीवाल को बेहद ताकतवर कॉरपोरेट घरानों से टकराना पड़ेगा. बिजली की कीमतों की कमी के मामले में उनका सामना रिलायंस और टाटा जैसे औद्योगिक साम्राज्यों से होगा. इन्हीं दोनों कंपनियों के हाथ में दिल्ली की बिजली वितरण व्यवस्था है. हर रोज 700 लीटर पानी मुफ्त देना भी ऐसा ही दुश्कर लक्ष्य है क्योंकि दिल्ली में पानी की आपूर्ति का बड़ा हिस्सा उत्तर प्रदेश और हरियाणा की कृपा पर निर्भर है. इन हालात का सामना अरविंद कैसे करते हैं इस पर सबकी निगाहें ररहेंगी. अभी तक अरविंद केजरीवाल ने अपनी सूझबूझ से सबको चैंकाया है. अगर इन मसलों पर भी वे कोई चैंकाने वाला समाधान ले आएं तो वे भारतीय राजनीति पर गहरी छाप छोड़ेंगे.

कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बनाने की वजह से अरविंद केजरीवाल पर अवसरवाद का आरोप लग रहा है. कहा जा रहा है कि उन्हें लोगों ने कांग्रेस के खिलाफ जनादेश दिया था और अब वे उसके साथ मिलकर सरकार बना रहे हैं. कुछ लोग इसे सुविधा की राजनीति कह रहे हैं. कुछ उसी तरह से जिस कांग्रेस, भाजपा, सपा और बसपा जैसी पार्टियां लंबे समय से करती आ रही हैं. अरविंद पर इस तरह के आरोप लगने स्वाभाविक हैं. अरविंद केजरीवाल इन दलों पर इसी तरह के आरोप लगाते आए हैं . अरविंद पर अवसरवाद के आरोप इसलिए भी लगाए जा रहे हैं क्योंकि चुनाव के दौरान उन्होंने बार-बार कहा था कि किसी भी कीमत पर वे भाजपा और कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं करेंगे. लेकिन अब उनकी पार्टी कांग्रेस के बाहरी सहयोग से सरकार बनाने जा रही है. हालांकि इस मुकाम तक पहुंचने के दौरान घटी घटनाओं को समझना भी जरूरी है. दिल्ली के नतीजे किसी के पक्ष में नहीं थे. विधानसभा में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी थी इसके बावजूद उसने सरकार बनाने का दावा पेश नहीं किया. कांग्रेस ने आप को समर्थन की पेशकश की. इसके बाद भाजपा और कांग्रेस ने एक सुर से अरविंद की इस बात के लिए आलोचना शुरू कर दी कि वे सरकार बनाने से पीछे भाग रहे हैं. अरविंद ने इस आरोप का हल जनमत संग्रह के रूप में निकाला. जनता के साथ तमाम तरीकों से संवद के बाद आप ने पाया कि जनता कांग्रेस के समर्थन से सरकार बनाने के पक्ष में थी. बावजूद इसके इतना तो तय है कि अरविंद ने अपने मौलिक सिद्धांत से समझौता कर लिया है.

केजरीवाल की यह सरकार कांग्रेस की बैसाखी पर टिकी है. दोनों पार्टियों की मानसिकता और आपसी रिश्तों को देखते हुए इस सरकार के दीर्घजीवी होनो की संभावना क्षीण है. जब तक कांग्रेस की राजनीति के हिसाब से इस सरकार का चलना ठीक रहेगा तब तक यह सरकार चलेगी.1989 में जब वीपी सिंह की सरकार भाजपा ने गिरा दी थी तब राजीव गांधी ने कांग्रेस के समर्थन से चंद्रशेखर की सरकार बनवाई थी. उस वक्त उनसे पत्रकार वार्ता में एक सवाल पूछा गया था. सवाल यह था कि आप चंद्रशेखर की सरकार कब तक चलाएंगे. जवाब में  राजीव गांधी ने कहा था कि वीपी सिंह की सरकार से एक महीने ज्यादा. लेकिन जब कथित जासूसी का आरोप चंद्रशेखर की सरकार पर लगा तो उन्होंने अपने सरकार की बलि चढ़ा दी. बहुत कम लोगों को मालूम है कि प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने से पहले जब चंद्रशेखर लोकसभा में बोल रहे थे तो उनके पास राजीव गांधी ने तीन बार पर्चा भेजकर इस्तीफा नहीं देने का आग्रह किया था. लेकिन चंद्रशेखर ने अपने मूल्यों के आगे प्रधानमंत्री पद पर बने रहने के लोभ को तरजीह नहीं दिया. आने वाले दिनों में केजरीवाल को भी ऐसी ही कठिन परीक्षा से गुजरना पड़ेगा.

जिन लोगों के साथ अरविंद केजरीवाल ने अपने सामाजिक जीवन के शुरुआत में काम किया है, वे केजरीवाल को एक महत्वकांक्षी व्यक्ति के तौर पर देखते हैं. यही वजह है कि अमेरिकी नीतियों का विरोध करते-करते अरविंद केजरीवाल फोर्ड फाउंडेशन से आर्थिक मदद भी ले लेते हैं और मौका पड़ने पर अमेरिकी हितों को संवर्धित करने वाले कॉरपोरेट घरानों और सरकारों के खिलाफ हल्ला भी बोल देते हैं. दरअसल, आज अरविंद केजरीवाल एक ऐसी पहेली हैं जिसके बारे में पक्के तौर पर कुछ भी अनुमान नहीं लगाया जा सकता है. केजरीवाल समर्थकों को यह रोमांचक लग सकता है लेकिन अगर निष्पक्ष होकर सोचेंगे तो यह खतरनाक प्रवृत्ति है.

सुविधा के हिसाब से परिस्थितियों को मोड़ने की अपनी कला का नमूना अरविंद ने दिल्ली पुलिस को लिखे अपने उस पत्र में दिया है जिसमें उन्होंने पुलिस सुरक्षा से इनकार किया है. वे लिखते हैं, ‘उनका भरोसा भगवान पर है इसलिए उन्हें सुरक्षा नहीं चाहिए लेकिन हो सके तो कुछ स्थानों पर ‘भीड़’ से उन्हें बचाने के लिए बंदोबस्त किए जाएं. यह अरविंद केजरीवाल के शब्द हैं जो चुनाव से पहले तक इस भीड़ को जनसैलाब और आम आदमी कह रहे थे. अरविंद केजरीवाल के समर्थकों द्वारा सिरफिरा करार दिए जाने का जोखिम उठाते हुए कहना पड़ेगा कि संकेत ठीक नहीं हैं.

दरअसल, यह भारतीय राजनीति की त्रासदी है कि देश के सियासी फलक पर उन्हीं नेताओं का उभार दिखता है जो अच्छे से मुद्दों की मार्केटिंग करना जानते हैं. आज राजनीति में सबसे ज्यादा चर्चा दो नेताओं नरेंद्र मोदी और अरविंद केजरीवाल की हो रही है. इन दोनों नेताओं के उभार को देखने पर पता चलता है कि दोनों मार्केटिंग के धुरंधर हैं. दोनों में कई स्तर पर समानता दिखती है. दोनों के समर्थक उन्मादी हैं. आलोचना इन्हें  रास नहीं आती. आलोचना करने पर ये तुरंत निजी हमले पर उतर जाते हैं. आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व में भी यह अवगुण दिखता है. जब मीडिया उनकी खबरों को न दिखाए तो वे इसे कॉरपोरेट जगत का दलाल कहने लगते हैं और जब दिखाए तो इसे बहुत बड़ी ताकत. कम्युनिस्ट इसी प्रवृत्ति को फासीवाद कहते हैं. जिस तरह से अरविंद केजरीवाल के आस-पास आम आदमी पार्टी की सारी गतिविधियां घूम रही हैं, उसे अधिनायकवाद भी कहा जाता है. इस लिहाज से देखा जाए तो आम आदमी पार्टी भी दूसरी राजनीतिक पार्टियों की तरह ही दिखती है लेकिन उनसे अपेक्षाकृत थोड़ी ज्यादा साफ-सुथरी.

केजरीवाल समर्थक कह सकते हैं कि आम आदमी पार्टी में सारे फैसले आम आदमी की राय पर होते हैं. सरकार बनाने को लेकर भी उनका तर्क होगा कि एसएमएस और ईमेल के आधार पर मिली राय के बाद ही सरकार बनाने का फैसला हुआ है. लेकिन राजनीति को गंभीरता से समझने वालों के लिए ये सब नए जमाने की राजनीति के नए सियासी स्टंट हैं. अरविंद केजरीवाल ने नए और पुराने स्टंट का ऐसा घालमेल तैयार किया है इसमें आम आदमी की नजरें चैंधिया गई हैं. सरकारी घर, सुरक्षा, लाल बत्ती जैसी चीजों से इनकार प्रतीकात्मक राजनीति मानी जा सकती है, लेकिन हमारे राजनीतिक जीवन में फैली वीआईपी संस्कृति को चोट पहुंचाती है तो इस प्रतीकात्मकता का स्वागत होना चाहिए. मौजूदा दौर में इस तरह की सुविधाएं लेने से इनकार करने वाले कई मुख्यमंत्री हैं- माणिक सरकार, ओमैन चांडी और मनोहर परिकर आदि. इनका क्षणिक प्रभाव हो सकता है लेकिन अरविंद की असली परीक्षा उन वादों को लेकर होगी जिन्हें पूरा करने का वादा उन्होंने अपने घोषणा पत्र में किया है.

अगर अरविंद केजरीवाल भी अन्य दलों की तरह ही सत्ता में रच-बस जाते हैं और घोषणा पत्र को सिर्फ चुनावी ही रहने देते हैं तो उनका कोई खास नुकसान तो नहीं होगा लेकिन आम आदमी एक बार फिर से ठगा हुआ महसूस करेगा. केजरीवाल की सरकार से जनता को कुछ उसी तरह की उम्मीदें है जिस तरह की उम्मीद आजादी के बाद बनी पंडित जवाहरलाल नेहरू की सरकार और आपातकाल के बाद बनी मोरारजी देसाई की सरकार ने जगाई थी. लेकिन अगर आम आदमी पार्टी आम आदमी की स्थिति सुधारने में नाकाम रहती है तो देश का आम आदमी लगातार राजनीतिक छल झेलते-झेलते मजबूरी में ही सही इतना सहनशील तो हो ही गया है कि एक झटका और झेल ले.

आजादी के बाद उसे कांग्रेस के नाम पर ठगा गया.फिर जनता शब्द फैशन में आया तो जनता पार्टी बनाकर आम लोगों को ठगा गया. आजकल ‘आम आदमी’ फैशन में है. ऐसे में अगर आम आदमी पार्टी भी एक बार लोगों को ठग ले तो कुछ सालों बाद कोई नया शब्द आएगा और फिर जनता उससे इसी तरह की उम्मीदे लगाएगी. उम्मीद की जानी चाहिए कि ‘आम आदमी’ के नाम पर और यहां तक पहुंचने के लिए दिए गए अपने बयानों को याद करके अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री बनने के बाद भी वैसे ही रहेंगे, जैसा वे दिखते हैं.

हज नोट: भारतीय रिजर्व बैंक

Huaभारी आयात की वजह से भारत में विदेशी मुद्रा की कमी का संकट हमेशा से बना रहा है. खास तौर पर आजादी के शुरुआती दशकों में तो यह संकट काफी गहरा था. तब हमें बड़े पैमाने पर खाद्यान्न भी आयात करना पड़ता था. इसके चलते अर्थव्यवस्था विदेशी ऋण पर निर्भर रहती थी. भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जारी हज नोट इसी दौर की घटना है.

1958-59 के आस-पास विदेशी मुद्रा संकट इतना गहरा गया था कि सरकार ने विदेश जाने वाले लोगों को विदेशी मुद्रा ले जाने की अधिकतम सीमा काफी घटा दी थी. इसका असर हज यात्रियों पर भी पड़ा. सरकार ने न सिर्फ उनकी संख्या में कटौती कर दी बल्कि विदेशी मुद्रा ले जाने की सीमा भी कम कर दी. सरकार का यह फैसला देश में असंतोष का कारण तो बना ही मुस्लिम बहुल देशों में भी इसकी काफी चर्चा हुई. इस दौरान सऊदी अरब ने भारत सरकार के सामने प्रस्ताव रखा कि यदि हज यात्री भारतीय रुपया लेकर वहां जाते हैं तो वहां के बैंक उसे स्वीकार करेंगे. लेकिन भारत सरकार के सामने दिक्कत यह थी कि इस व्यवस्था का दुरुपयोग काला धन बाहर भेजने के लिए हो सकता था और इसमें कई दूसरी जटिलताएं भी थीं. ऐसे में रिजर्व बैंक ने सरकार के सामने प्रस्ताव रखा कि वह हज यात्रियों के लिए विशेष रुपये जारी करेगा. सरकार ने इसके लिए अनुमति दे दी और 1958 में पहली बार हज नोट छापे गए. इन नोटों में HAJ लिखा गया था और नोट संख्या HA से शुरू होती थी. इसके बाद सरकार ने हज यात्रियों को विदेशी मुद्रा के बदले यही नोट दिए और यात्रियों की संख्या की सीमा भी बढ़ा दी गई. हालांकि यह व्यवस्था अगले एक साल और जारी रही और उसके बाद बंद कर दी गई. इस समय तक रिजर्व बैंक खाड़ी देशों के लिए भी अलग से मुद्रा छापने लगा था. इन्हें फारसी रुपया कहा जाता था. बाद में खाड़ी देशों के बीच इन रुपयों का लेन-देन होने से हज नोटों की छपाई बंद कर दी गई.