जब डरावनी फिल्म बनाने से खुद डर रहे थे निर्माता

सुजीत ठाकुर, पणजी (गोवा)
भूत प्रेत की थीम पर बनी फिल्म ‘सर्वम माया’ के निर्माता इस फिल्म के निर्माण के दौरान खुद काफी डर गए थे। मलयालम फिल्म निर्माता अखिल सत्यन ने इसका खुलासा करते हुए कहा कि, उन्हे खुद इस तरह की फिल्म से बहुत डर लगता है। वह और उनके दोस्त निविन पॉली फिल्म बनाते हुए डरे हुए थे लेकिन चूंकि इसमें एक जेन-जी पीढ़ी के भूत की बात है इसलिए डरने के बाद भी उन्होंने इस फिल्म का निर्माण किया।

दैनिक अनुभवों और अपने निजी जीवन की घटनाओं की प्रेरणा से बनी यह फिल्म गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) के दौरान भारतीय पैनोरमा खंड में प्रस्तुत किया जा रहा है।

सुपरनैचुरल फिल्म ‘सर्वम माया’ 2025 में बनी मलयालम फीचर फिल्म है। इसमें निविन पॉली और रिया शिबू मुख्य भूमिकाओं में हैं। ‘सर्वम माया’ को एक बेहद निजी और स्थानीय संवेदनाओं से जुड़ी फिल्म बताते हुए, अखिल सत्यन ने याद करते हुए कहा कि वे और उनके दोस्त निविन पॉली, दोनों ही डरावनी फिल्में बनाने को लेकर थोड़े भयभीत थे, क्योंकि उन्हें खुद भी इस तरह की फिल्मों से डर लगता है। इस फिल्म का विचार तब आया जब उनकी मुलाकात एक मंदिर के पुजारी से हुई, जो पहले नास्तिक हुआ करते थे। इस साधारण अनुभव से एक ऐसे नास्तिक पुजारी की कहानी का विचार उपजा, जो भूत-प्रेत भगाने का काम करता है और जिसका सामना ‘जेन-ज़ी’ पीढ़ी के एक भूत से हो जाता है।

अखिल सत्यन द्वारा लिखित और निर्देशित ‘सर्वम माया’ कहानी है प्रभेंदु की, जो एक संगीतकार और नास्तिक है, लेकिन पारिवारिक परिस्थितियों के कारण उसे एक पारंपरिक हिंदू पुजारी बनना पड़ता है। उसकी ज़िंदगी में एक अप्रत्याशित मोड़ तब आता है, जब उसका सामना ‘माया’ (जिसे ‘डेलुलु’ भी कहा जाता है) से होता है। माया एक युवा महिला की आत्मा है, जो अपने अतीत से उबरने के लिए संघर्ष कर रही है। इन दोनों की अनोखी दोस्ती आत्म-खोज की एक यात्रा बन जाती है, जिसमें आस्था, नुकसान, प्रेम और मानवीय जुड़ाव से घावों को भरने की शक्ति की पड़ताल की गयी है।

अपनी कहानी कहने की शैली में हास्य की भूमिका पर बात करते हुए, अखिल सत्यन ने जोर देकर कहा कि दर्शकों को बांधे रखने के लिए किसी फिल्म को हिंसा या ऐसे एक्शन दृश्यों पर निर्भर रहने की ज़रूरत नहीं है, जिनका कहानी से कोई लेना-देना न हो। उन्होंने कहा कि हास्य, नाटकीयता या रोमांच की तरह ही, फिल्म की व्यावसायिक सफलता में प्रभावी योगदान दे सकता है, साथ ही यह कहानी में सुंदरता और भावनात्मक गहराई भी प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि निविन पॉली के स्वाभाविक हास्य-बोध ने उनके साथ काम करने के अनुभव को और भी मजेदार बना दिया।

फिल्म के चयन पर खुशी जताते हुए, उन्होंने बताया कि शुरुआत में वे ऐसी फिल्म की प्रविष्टि को लेकर थोड़े संशय में थे, जो पहले ही व्यावसायिक रूप में रिलीज हो चुकी थी। हालांकि, उन्हें विश्वास था कि फिल्म की भावनात्मक प्रतिध्वनि और कहानी की गहराई का प्रभाव महोत्सव में दर्शकों को जरूर पसंद आएगा।

अपने पिता और दिग्गज फिल्म निर्माता सत्यन अंथिकाड के प्रभाव के बारे में पूछे जाने पर, अखिल ने कहा कि उनकी फिल्मों में दिखने वाले स्थानीय तत्व स्वाभाविक रूप से उनके अपने अनुभवों से आए हैं। शुरुआत में वे मणिरत्नम की फिल्मों,खासकर ‘बॉम्बे’ की ओर आकर्षित थे, लेकिन धीरे-धीरे उन्हें अपने पिता के काम, जैसे ‘वरवेलपु’, की गहरी समझ और अहमियत समझ आने लगी। उन्होंने दिग्गज अभिनेता और पटकथा लेखक श्रीनिवासन के प्रभाव को भी स्वीकार किया।

सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र से फिल्म निर्माण की ओर आने वाले अखिल सत्यन ने नए फिल्म निर्माताओं—खासकर जिनका फिल्म उद्योग से कोई जुड़ाव नहीं है—को सलाह दी कि वे दो मिनट की फिल्म के लिए एक बेहतरीन विचार लिखें, और फिर उसे शूट करके संपादित करें। उन्होंने कहा कि सिनेमा की दुनिया में पहला कदम रखने के लिए बस एक पेंसिल और कागज ही काफी है, और एक अच्छी तरह से लिखा गया विचार किसी के भविष्य की दिशा बदल सकता है।

एक नास्तिक पुजारी और एक युवा आत्मा के बीच की अनोखी दोस्ती के जरिए, ‘सर्वम माया’ फिल्म हास्य, कोमलता और आस्था व नुकसान जैसे विषयों पर विचार पेश करती है। आईएफएफआई 2026 की थीम, ‘कहानियां सीमाओं से परे’ (स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स) के अनुरूप, यह फिल्म दिखाती है कि कैसे स्थानीय अनुभवों पर आधारित कहानियां सार्वभौमिक मानवीय भावनाओं के जरिए दुनिया भर के दर्शकों से जुड़ सकती हैं।