
मोहिनी सेंगर | नई दिल्ली
गैस बंद होगी या सिर्फ सब्सिडी रुकेगी?
अगर आपके घर में LPG सिलेंडर आता है, तो यह खबर आपके काम की है। 1 अक्टूबर 2026 से LPG ग्राहकों के लिए आधार बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन को लेकर नया नियम लागू होने जा रहा है। यानी जिन ग्राहकों ने अभी तक अपना आधार बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन नहीं कराया है, उन्हें इसे पूरा करना होगा। हालांकि, इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि 1 अक्टूबर के बाद आपका गैस सिलेंडर मिलना बंद हो जाएगा।
Biometric नहीं कराया तो क्या होगा?
सबसे पहले इस बात को समझना जरूरी है कि बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन नहीं कराने पर LPG कनेक्शन बंद नहीं होगा। ग्राहक सिलेंडर ले सकता है। लेकिन अगर आप सरकार की तरफ से मिलने वाली LPG सब्सिडी या रियायती कीमत का फायदा लेते हैं, तो इसके लिए आधार ऑथेंटिकेशन पूरा करना जरूरी होगा।
यानी आसान भाषा में कहें तो गैस सिलेंडर की सप्लाई बंद करने के बजाय सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि सब्सिडी का फायदा सही ग्राहक तक पहुंचे। इसलिए जिन लोगों ने अभी तक बायोमेट्रिक नहीं कराया है, उन्हें इसे जल्द पूरा कर लेना चाहिए।
घर बैठे या गैस एजेंसी पर, कैसे होगा काम?
इसके लिए आपको कोई लंबी प्रक्रिया पूरी करने की जरूरत नहीं है। LPG ग्राहक कई तरीकों से अपना बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन करा सकते हैं।
सबसे आसान तरीका है कि जब आपके घर LPG सिलेंडर की डिलीवरी हो, उसी समय डिलीवरी कर्मचारी के जरिए ऑथेंटिकेशन करा लें। इसके अलावा ग्राहक अपने LPG डिस्ट्रीब्यूटर के पास जाकर भी यह प्रक्रिया पूरी कर सकता है।
कंपनियों ने इसके लिए अपने मोबाइल ऐप का विकल्प भी दिया है। Indane के लिए IndianOil ONE, Bharatgas के लिए HelloBPCL और HP Gas के लिए HP PAY ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है।
Aadhaar जुड़ा है तो भी एक बार जांच लें
कई लोगों को लगता है कि अगर उनका आधार पहले से LPG कनेक्शन से जुड़ा हुआ है, तो काम पूरा हो गया। लेकिन आधार लिंक होना और बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन पूरा होना अलग-अलग चीजें हो सकती हैं।
इसलिए अगर आपको नहीं पता कि आपका बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन हुआ है या नहीं, तो अपनी LPG कंपनी के आधिकारिक ऐप या डिस्ट्रीब्यूटर से इसकी जानकारी ले सकते हैं।
सरकार को Biometric की जरूरत क्यों पड़ी?
सरकार का कहना है कि इस प्रक्रिया का मकसद LPG सब्सिडी का फायदा सही और पात्र परिवारों तक पहुंचाना है। साथ ही इससे एक व्यक्ति के नाम पर मौजूद अतिरिक्त या गलत LPG कनेक्शन की पहचान करने और सब्सिडी के गलत इस्तेमाल को रोकने में मदद मिल सकती है।
अगर आपका बायोमेट्रिक पहले ही हो चुका है, तो आपको कुछ करने की जरूरत नहीं है। अगर नहीं हुआ है, तो घबराने की जरूरत भी नहीं है। सिलेंडर मिलना बंद नहीं होगा, लेकिन सब्सिडी का फायदा लेने के लिए ऑथेंटिकेशन पूरा करना जरूरी हो सकता है। इसलिए समय रहते अपना LPG और आधार वेरिफिकेशन जरूर जांच लें।



