AI-generated Image
सुजीत ठाकुर,पणजी (गोवा)
विशेषाधिकार और जीवनयापन के संघर्ष की परिस्थितियां लोगों को उनकी अपेक्षा से कहीं अधिक करीब ला सकती हैं। 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में आज एक संवाददाता सम्मलेन के दौरान निर्देशक मॉरो म्यूलर, लेखक होजे डेविड फिगुएरोआ गार्सिया और निर्माता लेस्ली होलेरन ने अपनी द्विभाषी फिल्म अ फ्यू डेज़ इन द सन के बारे में बताते हुए इसका जिक्र किया। यह फिल्म ‘सिनेमा ऑफ द वर्ल्ड’ श्रेणी में प्रदर्शित की गई है। चर्चा के दौरान फिल्म के निर्माण और उसकी रचनात्मक परिकल्पना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी साझा की गई।
मेक्सिको के रिविएरा माया इलाके में एक अमीर यूरोपीय दंपति विकास परियोजना के लिए निर्धारित जमीन से स्थानीय समुदाय को अवैध तरीकों से बेदखल करने की कोशिश करता है। वहीं, एक कामकाजी मैक्सिकन परिवार एक किशोर को जेल जाने से बचाने के लिए एक भ्रष्ट पुलिस अधिकारी के साथ जोखिम भरा समझौता करता है। जब इन दोनों परिवारों के रास्ते टकराते हैं, तो वे एक हिंसक अपहरण की घटना में शामिल हो जाते हैं, जो जल्द ही बेकाबू हो जाती है। कठिन और प्रतिकूल भौगोलिक परिवेश में फंसे इन लोगों को अपने कार्यों के परिणामों का सामना करना पड़ता है।
यह फिल्म पांच देशों—मेक्सिको, डोमिनिकन गणराज्य, जर्मनी, अमेरिका और स्विट्जरलैंड के बीच एक अंतरराष्ट्रीय सह-निर्माण है। इसे दो भाषाओं—अंग्रेजी और स्पेनिश में बनाया गया है। फिल्म का मूल विचार सरल है। एक इंसान के लिए छुट्टी, दूसरे के लिए रोजमर्रा की जद्दोजहद है। क्या होता है जब ये दोनों दुनियाएँ टकराती हैं?
म्यूलर ने बताया कि उनके अपने जीवन के अनुभवों ने फिल्म की कहानी और उसके दृष्टिकोण को काफी हद तक प्रभावित किया है। उनका बचपन स्विट्जरलैंड में बीता और वह मेक्सिको तथा अमेरिका में भी रह चुके हैं। उनका मानना है कि विभिन्न देशों की यात्रा करना और वहां रहना समानुभूति विकसित करने के लिए आवश्यक है। इससे हमें यह समझने में मदद मिलती है कि जीवन जीने का कोई एक ही तरीका नहीं होता और न ही कोई एक तरीका दूसरे से बेहतर या खराब कहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि विभिन्न भाषाओं का ज्ञान और यात्रा करने से हमें यह समझने में मदद मिलती है कि लोग अलग-अलग परिस्थितियों में भिन्न निर्णय क्यों लेते हैं। साथ ही, हम यह भी समझ पाते हैं कि उनके आसपास की व्यवस्थाएं और संस्थाएं उनके उन्हीं निर्णयों के परिणामों को किस प्रकार प्रभावित करती हैं।
म्यूलर का इफ्फी से पुराना जुड़ाव रहा है। उनकी इससे पहले की फिल्म द जनिटर (El Conserje) का नवंबर 2025 में गोवा में आयोजित 56वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में वर्ल्ड प्रीमियर हुआ था।
गार्सिया ने फिल्म में स्पष्ट रूप से दर्शाये गए संस्कृतियों और सामाजिक वर्गों के बीच टकराव पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि जब समान प्रकार के फैसले लिए जाते हैं, तब भी अमीर यूरोपीय पात्रों को उन फैसलों के परिणामों का सामना नहीं करना पड़ता, जबकि कामकाजी वर्ग के दंपति का जीवन पूरी तरह बदल जाता है। होलेरन ने भी इस विचार से सहमति जताते हुए कहा कि एक गरीब व्यक्ति की छोटी-सी गलती उसकी पूरी जिंदगी को तहस-नहस कर सकती है। फिल्म में बंधकों को अपने कब्जे में रखने वाले लोग और स्वयं बंधक हैं, दोनों ही एक तरह से अपनी परिस्थितियों के कैदी हैं।
गार्सिया ने इस बात पर भी चर्चा की कि भ्रष्टाचार समाज के हर स्तर पर व्याप्त है। निचले स्तर पर यह रिश्वतखोरी जैसे प्रत्यक्ष रूपों में दिखाई देता है, जबकि अमीर दंपति द्वारा जमीन के एक हिस्से से स्थानीय समुदाय को अवैध रूप से हटाने का प्रयास उच्च स्तर के भ्रष्टाचार का उदाहरण है, जो सत्ता और राजनीति से जुड़ा होता है तथा जिसे आमतौर पर स्वीकार कर लिया जाता है। फिल्म इन दोनों प्रकार के भ्रष्टाचार को समान स्तर पर रखकर देखने का प्रयास करती है। म्यूलर और गार्सिया ने दुनिया में बढ़ती आर्थिक असमानता और लोगों को उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति के आधार पर अलग-अलग वर्गों में बांटे जाने के विषय पर भी चर्चा की।
म्यूलर ने कहा कि फिल्म का मकसद यह समझना है कि लोग नैतिक रूप से बुरे फैसले क्यों लेते हैं। उन्होंने बताया कि इस फिल्म के लिए शुद्ध ड्रामा शैली की बजाए नए और ज्यादा दर्शकों तक पहुंचने के लिए थ्रिलर शैली को चुना। उन्होंने कहा कि इसका परिणाम एक ऐसी ‘चरित्र-प्रधान थ्रिलर’ के रूप में सामने आया है, जो आर्टहाउस और व्यावसायिक सिनेमा के बीच की सीमा पर है।
होलेरन ने फिल्म को एक तरह से महिलाओं पर केंद्रित बताया। उन्होंने कहा कि दोनों परिवारों की महिलाओं द्वारा लिए गए फैसले, वे किस तरह फैसले लेती हैं और एक-दूसरे से किस प्रकार जुड़ती हैं, ये सभी पहलू फिल्म की कहानी को काफी हद तक आगे बढ़ाते हैं। गार्सिया ने कहा कि विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच टकराव की कहानियां हर किसी से जुड़ाव रखती हैं, क्योंकि हम सभी स्वयं को समाज के किसी न किसी वर्ग का हिस्सा मानते हैं। यह फिल्म विशेषाधिकार में अंतर होने के बावजूद, दोनों पक्षों को एक जैसी मुश्किलों का सामना करते हुए दिखाकर दर्शकों को दूसरे सामाजिक वर्गों के लोगों से अलग-थलग करने के बजाय उनकी परिस्थितियों को समझने के लिए प्रेरित करती है।
होलेरन ने कहा कि उन्हें प्रेरणा तब मिलती है, जब वह कोई ऐसी चीज़ देखती हैं जिसे वह भावनात्मक रूप से पहचानती हैं लेकिन उसका हिस्सा नहीं हैं और उसके बारे में जानना चाहती हैं। फिल्म में बाहरी लोगों के किसी समुदाय में प्रवेश करने और वहां की परिस्थितियों को समझने की जो कहानी दिखाई गई है, उसकी प्रेरणा भी इसी सोच से मिली है। उन्होंने इतने सारे देशों के बीच फिल्म निर्माण की प्रक्रिया को समझने के अपने अनुभव भी साझा किए। उन्होंने कहा कि अपरिचित जगहों को जानना, लेखकों और निर्देशकों के साथ मिलकर काम करना तथा दुनिया भर के लोगों से मिलना फिल्म निर्माण के सबसे अच्छे पहलुओं में से एक है। उन्होंने मुंबई के प्रति अपने लगाव का भी जिक्र किया और इसकी विविधता तथा जीवंतता की तुलना अपने गृह शहर न्यूयॉर्क से की।
होलेरन ने कहा कि दुनिया भर के लोग समानता, पहचान और प्रतिनिधित्व की आकांक्षा रखते हैं। उन्होंने कहा कि लोग विविधता को सहज रूप से स्वीकार करना सीख रहे हैं और न्याय एवं निष्पक्षता के मार्ग पर फिर से आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने नई भाषा सुनने, नए खान-पान का स्वाद चखने और नई संस्कृति की खुशबू को महसूस करने के लिए अपने परिचित परिवेश से बाहर निकलकर यात्रा करने के महत्व पर जोर दिया। उनका मानना है कि यदि लोग अधिक यात्रा करें, तो दुनिया एक बेहतर जगह बन सकती है।




