AI-Generated Image
सुजीत ठाकुर, पणजी (गोवा)
धरती की सतह के नीचे प्रवाहित होने वाली, प्राचीन धर्मग्रंथों के पन्नों में वर्णित और भारत की सभ्यतागत स्मृतियों में रची-बसी सरस्वती नदी देश के सबसे पुराने रहस्यों में से एक रही है। प्राचीन परंपराओं और आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान के बीच की दूरी को पाटने के उद्देश्य से, 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) 2026 के भारतीय पैनोरमा खंड में डॉक्यूमेंट्री द अनसीन होली रिवर – सरस्वती प्रदर्शित की गई। यह डॉक्यूमेंट्री सरस्वती नदी की रोचक गाथा और इसके अस्तित्व को लेकर डॉ. सुभाष सिंह द्वारा किए गए वैज्ञानिक अनुसंधानों पर केंद्रित है। फिल्म में प्राचीन भौगोलिक संदर्भों, भूवैज्ञानिक अवलोकनों और वैज्ञानिक जांच-पड़ताल को एक साथ प्रस्तुत करते हुए भारत की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत के एक रोचक पहलू को उजागर किया गया है।
निर्माता अभिनव एम. जैन ने बताया कि भारत की नदियों और उनके ऐतिहासिक महत्व के प्रति जिज्ञासा ने उन्हें इस फिल्म के निर्माण के लिए प्रेरित किया। प्रयागराज में कुंभ मेले के अपने दौरे को याद करते हुए उन्होंने कहा कि त्रिवेणी संगम में उन्हें केवल गंगा और यमुना दिखाई दीं। इससे उन्हें तीसरी नदी सरस्वती के बारे में जानने की जिज्ञासा हुई, जिसका वेदों और अन्य हिंदू धर्मग्रंथों में बार-बार उल्लेख मिलता है।
शोध के वैज्ञानिक पहलू को रेखांकित करते हुए जैन ने रुड़की स्थित राष्ट्रीय जल विज्ञान संस्थान (एनआईएच) द्वारा किए गए समस्थानिक (आइसोटोपिक) अध्ययनों का उल्लेख किया। इन अध्ययनों में जल के नमूनों की जांच की गई, जिससे भूमिगत जल नेटवर्क से जुड़े अनुसंधान को आगे बढ़ाने में योगदान मिला।भूवैज्ञानिक अनुसंधान, प्राचीन परंपराओं और समकालीन फिल्म निर्माण को एक साथ जोड़ते हुए डॉक्यूमेंट्री द अनसीन होली रिवर सरस्वती दर्शकों को भारत की सभ्यतागत विरासत के एक महत्वपूर्ण पहलू को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से फिर से जानने और समझने का अवसर प्रदान करती है।




