सुजीत ठाकुर, पणजी
57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में आज दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर गोवा के पणजी में उनकी चर्चित हिंदी फिल्म ‘दीक्षा’ के पुनर्स्थापित संस्करण की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई। वर्ष 1991 में बनी इस फिल्म का निर्देशन अरुण कौल ने किया था। फिल्म को महोत्सव के ‘होमेज’ (श्रद्धांजलि) खंड के तहत प्रदर्शित किया गया।
स्क्रीनिंग से पहले महोत्सव के निदेशक आशुतोष गोवारिकर ने नाना पाटेकर के अभिनय की सराहना करते हुए कहा कि वह खामोशी में भी भावनाओं को प्रभावशाली ढंग से व्यक्त करने की अद्भुत क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म ‘दीक्षा’ में नाना पाटेकर के अभिनय की यही खासियत देखने को मिलती है। गोवारिकर ने अभिनेता के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित अभिनय वाली फिल्मों ‘परिंदा’ और ‘क्रांतिवीर’ का भी उल्लेख किया।
1930 के दशक की शुरुआत की पृष्ठभूमि पर आधारित ‘दीक्षा’ एक पारंपरिक वैदिक विद्यालय में पढ़ने वाले छोटे बालक की कहानी है। फिल्म में विद्यालय के भीतर मौजूद सामाजिक भेदभाव और उससे जुड़ी परिस्थितियों को दर्शाया गया है। नाना पाटेकर ने फिल्म में कोगा नामक कर्मचारी की भूमिका निभाई है। इस फिल्म को हिंदी में सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिला था।
भारतीय राष्ट्रीय फिल्म अभिलेखागार (एनएफएआई) ने राष्ट्रीय फिल्म विरासत मिशन के तहत ‘दीक्षा’ का डिजिटली पुनर्स्थापन किया है। इसके लिए फिल्म के मूल 35 मिमी कैमरा नेगेटिव को 4K तकनीक से स्कैन किया गया, जबकि मूल साउंड नेगेटिव से फिल्म की ध्वनि को भी पुनर्स्थापित किया गया है।




