तेलंगना के सिकंदराबाद में काठ गोदाम में आग से 11 मजदूरों की मौत

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में बुधवार को लकड़ी के एक गोदाम में आग लगने से 11 मजदूरों की जलने से मौत हो गई। एक व्यक्ति इस हादसे में घायल हुआ है। यह सभी बिहार के निवासी थे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक यह घटना हैदराबाद में सिकंदराबाद इलाके की है जहाँ लकड़ी के एक गोदाम में आग गयी। आग में झुलसने से 11 लोगों की जान चली गयी। जान गंवाने वाले सभी मजदूर थे और वे बिहार के रहने वाले थे। घटना की जानकारी मिलते ही फायरब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर  पहुंचीं और आग को काबू में करने की कोशिश की।

इस घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ है जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद चारों तरफ अफरातफरी मच गयी। अभी तक की जानकारी के मुताबिक आग लगने का कारण शॉट सर्किट हो सकता है।

जब आग लगी सभी मजदूर उस गोदाम की पहली मंजिल पर सो रहे थे। स्थानीय प्रशासन ने जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से संपर्क कर उन्हें जानकारी दी है। उनके शवों को परिजनों को सुपुर्द किया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।