Home Blog Page 486

कोयला केस घोटाला में पश्चिम बंगाल के कानून मंत्री के कई ठिकानों पर सीबीआई की रेड

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पश्चिम बंगाल के कानून मंत्री मलय घटक के परिसरों पर आसनसोल में ‘ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड’ की खदानों से कथित तौर पर कोयला तस्करी के मामले में छापेमारी की है।

सीबीआई ने घटक के पश्चिम वर्धमान जिले के आसनसोल के तीन मकानों और कोलकाता के लेक गार्डन इलाके में स्थित एक मकान पर छापे मारे। जिस वक्त सीबीआई के छापे पड़े उस वक्त घटक किसी भी मकान में नहीं थे।

अधिकारियों ने छापेमारी के दौरान मंत्री के परिजन के मोबाइल फोल ले लिए और सब को आसनसोल के उनके मकान में एक कमरे में एक साथ बैठा दिया। और केंद्रीय बलों के जवानों ने उनके मकानों को चारों तरफ से घेरी हुआ था।

सूत्रों के अनुसार छापे कुल छह स्थानों पर मारे जा रहे हैं। सीबीआई ने नवंबर 2020 में अनूप मांझी उर्फ लाला, ईसीएल के महाप्रबंधक अमित कुमार धर और जयेश चंद्र राय, ईसीएल सुरक्षा प्रमुख तन्मय दास, कुनुस्तोरिया क्षेत्र के सुरक्षा निरीक्षक धनंजय राय और काजोर इलाके के सुरक्षा प्रभारी देबाशीष मुर्खर्जी के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की थी।

दिल्ली में इस साल भी रहेगा पटाखों पर प्रतिबंध- गोपाल राय

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने प्रदूषण के चलते इस बार भी दिवाली पर पटाखों पर बैन लगा रहने की बात कही है। दिल्ली सरकार का यह फैसला पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

गोपाल राय ने ट्वीट कर कहा कि, “दिल्ली में लोगों को प्रदूषण के खतरे से बचाने के लिए पिछले साल की तरह ही इस बार भी सभी तरह के पटाखों के उत्पादन, भंडारण, बिक्री और उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया जा रहा है, ताकि लोगों की जिंदगी बचाई जा सके।“

आपको बता दें, पिछले साल भी यह मामला कोर्ट पहुंचा था और सुप्रीम कोर्ट एनजीटी के आदेशों के खिलाफ याचिका खारिज कर दी थी साथ ही पटाखों पर बैन के मामले में एनजीटी के आदेश में दखल देने से भी इंकार कर दिया था। और कहा था कि एनजीटी के आदेश में यह स्पष्ट है कि जिन इलाकों में हवा की गुणवत्ता खराब होगी, वहां पटाखों की बिक्री पर बैन रहेगा।

रात में अचानक पटना मेडिकल कॉलेज का दौरा करने पहुंचे तेजस्वी यादव

बिहार के उप मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) नेता तेजस्वी यादव ने मंगलवार को देर रात पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) का दौरा किया। उनके अस्पताल के इस दौरे के दौरान लोगों ने उसे अस्पताल में अव्यवस्थाओं को लेकर काफी शिकायतें भी कीं।

तेजस्वी यादव ने लोगों से मिली शिकायतों को नोट भी किया। लोगों से मिली सभी शिकायतों पर तेजस्वी यादव नाराज हुए और आज उन्होंने स्वास्थ्य के सभी बड़े अधिकारियों की हाई लेवल मीटिंग भी बुलाई है। इस बैठक में जिले के अधिकारियों को भी बुलाया गया है और स्वास्थ्य व्यवस्था पर चर्चा करेंगे।

अस्पताल में तेजस्वी के दौरे के दौरान काफी गंदगी, गंदे टायलेट साथ ही लावारिस शव रखा होने से तेजस्वी ने नाराजगी जताई और जब उन्होंने वहां ड्यूटी पर तैनात नर्स से पूछताछ की तो उसने बताया कि सफाई का काम एजेंसी को दिया गया है।

जब तेजस्वी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि महिलाओं को टायलेट के लिए बाहर जाना पड़ता है और टॉयलेट इस्तेमाल करने के लिए उन्हें पैसे भी देने पड़ते है।

कन्याकुमारी से आज राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ करेंगे शुरू

भारत जोड़ो यात्रा को आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी कन्याकुमारी से शुरू करेंगे। यात्रा से पूर्व राहुल गांधी तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में अपने पिता राजीव गांधी के स्मारक पर गए। इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी कंटेनर केबिन में सोएंगे।

इस भारत जोड़ो यात्रा के दौरान करीब पांच महीने और 150 दिन में दक्षिण में कन्याकुमारी से लेकर उत्तर में कश्मीर तक 3,570 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। पूरी यात्रा 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी। सूत्रों के अनुसार यात्रा के दौरान हजारों कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता प्रत्येक दिन लगभग छह से सात घंटे चलेंगे।

सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी कन्याकुमारी में महात्मा गांधी मंडपम में एक कार्यक्रम में भाग लेंगे और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन भारत जोड़ो यात्रा के शुभारंभ से पहले उन्हें खादी का राष्ट्रीय ध्वज सौपेंगे।

आपको बता दे, कांग्रेस पार्टी वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले केंद्र सरकार के खिलाफ जनसमर्थन तैयार करने के लिए यह यात्रा निकाल रही है। पूरी यात्रा में कांग्रेस पार्टी कुछ महत्वपूर्ण मुद्दे जैसे महंगाई, बेरोजगारी और अर्थव्यवस्था में गिरावट इत्यादि मुद्दे उठाएगी।

ललित मोदी ने अपने इंस्टा बायो में से सुष्मिता सेन का नाम हटाया

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की स्थापना करने वाले ललित मोदी ने अपनी इंस्टाग्राम प्रोफाइल में अपना बायो बदल लिया है। ललित मोदी ने अपने बायो में से एक्ट्रेस सुष्मिता सेन के साथ लगाई हुई प्रोफाइल तस्वीर को हटा दिया है।

बता दे दो महीने पहले उनके द्वारा सार्वजनिक किए गए पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन और उनके रिश्ते को लेकर अपने संबंधों के बारे में बात की थी और मालदीव में उनके साथ अपनी छुट्टियों की कुछ तस्वीरें साझा की थीं।

इसके बाद ललित मोदी ने तुरंत बाद अपनी और सुष्मिता सेन के साथ फोटो-शेयरिंग ऐप पर अपना प्रोफाइल फोटो बना दिया था। उन्होंने अपने बायो और लिखा था कि, “फांउडर @iplt20 इंडियन प्रीमियर लीग- आखिरकार अपराध में अपने साथी के साथ एक नया जीवन शुरू कर रहे हैं, मेरी प्यार सुष्मिता सेन”

लेकिन मंगलवार की सुबह ललित मोदी की इंस्टाग्राम प्रोफाइल में एक अलग प्रोफाइल तस्वीर थी और उनके बायो में सुष्मिता सेन का नाम भी नहीं है। उन्होंने अब लिखा है कि, “संस्थापक @iplt20 इंडियन प्रीमियर लीग-मून”

दिल्ली पुलिस ने स्टॉकर को दबोचा, सेना का जवान बनकर पहले नाबालिग से की दोस्ती फिर बदनाम करने की कोशिश

दिल्ली पुलिस ने एक स्टॉकर को गिरफ्तार किया है जिसने अपना नाम बदल कर 12वीं कक्षा की छात्रा से सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी पहचान छुपा कर दोस्ती की थी। आरोपी ने पीड़िता के सामने खुद को सेना का कर्मचारी बताया था, जबकि वास्तव में वह भारतीय सेना में अनुबंध के आधार पर रसोइया के तौर पर काम रहा था।

दिल्ली के उत्तर जिले के डीसीपी सागर सिंह कलसी के मुताबिक साइबर पुलिस स्टेशन में एक 17 साल की नाबालिग लड़की ने शिकायत दर्ज कराई थी और कहा था कि एक शख्स न सिर्फ उसे लगातार परेशान कर रहा है बल्कि उसे बदनाम करने की कोशिश भी कर रहा है। नाबालिग ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने खुद को सेना का जवान बता कर उससे सोशल मीडिया के ज़रिए संपर्क किया और उससे अपनी पहचान छुपार्इ।

आरोपी का असली नाम आस मोहम्मद है जबकि उसने पीड़िता को अपना नाम आशु राणा बताकर सोशल मीडिया के माध्यम से उससे दोस्ती की थी। जब पीड़िता की माँ ने आरोपी के बारे में पता लगाया तो उसका नाम आशु राणा नहीं बल्कि आस मोहम्मद निकला, जिसके बाद से पीड़िता ने उससे बात करनी बंद कर दी।

पीड़िता के आरोपी से बात न करने पर आरोपी ने नाबालिग के फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट से शिकायतकर्ता और उसके दोस्तों व टीचरों से संपर्क किया। और पीड़िता को बदनाम करने की धमकियां देकर पैसे की उगाही करने की कोशिश भी की इतना ही नहीं आरोपी ने पीड़िता के सोशल मीडिया पर तस्वीर के साथ अश्लील मैसेज पोस्ट कर उसे बदनाम भी किया।

शेख हसीना का राष्ट्रपति भवन में स्वागत, बोलीं बांग्लादेश और भारत गरीबी के खिलाफ लड़ेंगे

चार दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत आईं बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना का मंगलवार को दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वागत किया। हसीना ने इस मौके पर बांग्लादेश के विकास में भारत के योगदान की सराहना की और कहा कि दोनों देश गरीबी से लड़ने के लिए साथ लड़ेंगे। हसीना आज पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी जबकि उनकी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से भी भेंट होगी।

राष्ट्रपति भवन पहुंचने पर पीएम मोदी ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति भवन में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। राष्ट्रपति भवन में हसीना ने पत्रकारों से कहा कि मोदी के साथ उनकी बातचीत अपने-अपने देशों में लोगों की स्थिति में सुधार, गरीबी उन्मूलन और आर्थिक विकास पर केंद्रित होगी। अडाणी समूह के प्रमुख गौतम अडानी ने भी सोमवार शाम बांग्लादेशी पीएम से मुलाकात की थी।

शेख हसीना ने आज कहा – ‘इस दौरे में भारत के साथ सार्थक बातचीत की उम्मीद है। भारत आना हमेशा यादगार रहा है।’ हसीना ने कहा कि भारत हमारा मित्र है। उन्होंने कहा – ‘जब भी मैं भारत आती हूं, यह मेरे लिए खुशी की बात होती है। खासकर इसलिए कि हम हमेशा अपने मुक्ति संग्राम के दौरान भारत के योगदान को याद करते हैं। हमारे बीच मैत्रीपूर्ण संबंध हैं, हम एक दूसरे के साथ सहयोग कर रहे हैं।’

बांग्लादेश की प्रधानमंत्री ने कहा – ‘हमारा मुख्य ध्यान अपने लोगों का आधार विकसित करना, गरीबी उन्मूलन और अर्थव्यवस्था को विकसित करना है। इन सभी मुद्दों के साथ, मुझे लगता है कि हमारे दो देश एक साथ काम करते हैं ताकि न केवल भारत और बांग्लादेश में बल्कि पूरे दक्षिण एशिया में लोगों को बेहतर जीवन मिल सके। इसी पर हमारा मुख्य फोकस है।’

पीएम हसीना ने कहा कि, हमारा मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से विकसित होना और हमारे लोगों की बुनियादी जरूरतों को भी पूरा करना है, जो हम कर पाएंगे। दोस्ती से आप किसी भी समस्या का समाधान निकाल सकते हैं। इसलिए हम हमेशा ऐसा करते हैं।’ पीएम हसीना जल प्रबंधन, रेलवे तथा विज्ञान और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में कम से कम सात द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर करेंगी। गुरुवार को हसीना अजमेर शरीफ जाएंगी।

रक्षा, विदेश मंत्री ‘टू प्लस टू’ मंत्री संवाद में हिस्सा लेने कल से जापान की यात्रा पर

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर दूसरी भारत-जापान मंत्रिस्तरीय बैठक में हिस्सा लेने के लिए 7 से 10 सितंबर तक जापान जाएंगे। दोनों भारतीय नेता अपने जापानी समकक्षों के साथ ‘टू प्लस टू’ प्रारूप में विदेश और रक्षा मंत्री स्तरीय संवाद करेंगे।

जापानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्री योशिमासा हयाशी और रक्षा मंत्री यसुकाजू हमादा करेंगे। जानकारी के मुताबिक दोनों देशों के मंत्रियों के बीच द्विपक्षीय रक्षा और सुरक्षा सहयोग और मजबूत करने के तौर-तरीकों पर विचार-विमर्श के अलावा हिंद प्रशांत क्षेत्र के घटनाक्रम पर भी चर्चा की संभावना है।

दोनों देशों के बीच ‘टू प्लस टू’ संवाद की शुरुआत साल 2019 में दोनों देशों के रक्षा और सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने और विशेष रणनीति और वैश्विक साझेदारी को बढ़ाने के उद्देश्य से की गई थी। जापान के अलावा भारत का ‘टू प्लस टू’ मंत्री संवाद अमेरिका, जापान, ऑस्ट्रेलिया और रूस से भी है।

हाल के महीनों में दुनिया भर में हुई घटनाओं के मद्देनजर भारत भू-राजनीतिक उथल पुथल, खासकर रूस-यूक्रेन युद्ध, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन की आक्रामक और विस्तारवादी नीति और ताइवान जलडमरूमध्य क्षेत्र में चीन-ताइवान तनाव से पैदा हुई स्थितियों को देखते हुए अपने प्रमुख सहयोगियों के साथ रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने पर खास ध्यान दे रहा है।

ईडी की 30 जगह छापेमारी ; निशाने पर दिल्ली सरकार, धनशोधन मामला दर्ज

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने राजधानी दिल्ली में 30 जगह छापेमारी की है। उसके निशाने पर दिल्ली सरकार और उसकी अब वापस ली जा चुकी शराब नीति है। भाजपा लगातार आरोप लगा रही है कि इस शराब नीति से दिल्ली सरकार के लोगों ने कथित रूप से खूब पैसा बनाया है जबकि मुख्यमंत्री केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री सिसोदिया इसे भाजपा का षड्यंत्र बताया है।

कुछ दिन पहले ईडी ने उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के यहाँ छापेमारी की थी, हालांकि, सिसोदिया ने दावा किया था कि उसके हाथ कुछ नहीं लगा। अब ईडी ने इस मामले में धनशोधन का मामला दर्ज कर लिया है। उसने 30 जगह पर छापेमारी की है। सिसोदिया के यहां छापे की खबर फिलहाल नहीं है।

भाजपा और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच लम्बे समय से दिल्ली सरकार की शराब नीति को लेकर जंग चल रही है। भाजपा के लोग आरोप लगा रहे हैं कि आप ने नई शराब नीति में खूब माल कमाया। आप भाजपा के इस आरोप को झूठ और उसे बदनाम करने का षड्यंत्र बता रही है।

नीति वापस ली जा चुकी है, हालांकि दोनों दलों के बीच सियासी जंग जारी है। भाजपा ने हाल में दावा किया था कि उसने एक स्टिंग किया है जिसमें केजरीवाल की शराब नीति में कमीशनखोरी की बात जाहिर होती है। हालांकि, आप ने इसे झूठ करार दिया था।

झारखंड विधानसभा में हेमंत सोरेन सरकार ने 48 मत से जीता विश्वास मत

झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में विपक्ष के हंगामे के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सरकार ने आज विश्वास मत जीत लिया है। हेमंत सोरेन सरकार को 81 में से 48 मत मिले है।

विश्वासमत जीतने के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर कहा कि, “जीते हैं हम शान से विपक्ष जलते रहें हमारे काम से, लोकतंत्र जिंदाबाद।“

झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में विपक्ष के हंगामे के बीच हेमंत सोरेन सरकार ने विश्वास मत पेश कर दिया है। हेमंत सोरेन और उनकी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने भाजपा पर संकट का फायदा उठाने की कोशिश करने व चुनी हुई सरकार को गिराने का आरोप लगाया है।

वहीं दूसरी तरफ भाजपा का कहना है कि हेमंत सोरेन को एक विधायक के रूप में अयोग्य घोषित किया जाना चाहिए। उन्होंने खुद को खनन पट्टा देकर चुनावी मानदंडों का उल्लंघन किया है। पार्टी ने नए सिरे से चुनाव का आह्वान किया है और मांग की है कि मुख्यमंत्री नैतिक आधार पर इस्तीफा दे।

झारखंड के सत्तारूढ़ संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के करीब 30 विधायक विधानसभा के विशेष सत्र में भाग लेने के लिए रविवार को रांची पहुंचे। यह सभी विधायक 30 अगस्त से रायपुर के पास एक रिजॉर्ट में ठहरे हुए थे। और हेमंत सोरेन ने कल विधायकों के साथ बैठक भी की थी।

आपको बता दें, झारखंड के विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ लाभ के पद के मामले में निर्वाचन आयोग में याचिका दायर की थी। और निर्वाचन आयोग ने 25 अगस्त को राज्य के राज्यपाल रमेश बैस को अपना फैसला भेज दिया है। साथ ही वे कभी भी अपना फैसला सुना सकते है।

झारखंड में सत्तारूढ़ गठबंधन के पास 81 सदस्यीय विधानसभा में 49 विधायक हैं। झामुमो के पास 30 विधायक, कांग्रेस के पास 18, राजद के पास एक विधायक और मुख्य विपक्षी दल भाजपा के पास 26 विधायक है। बहुमत का आंकड़ा 41 है।