Home Blog Page 383

ईडी ने कोर्ट से मनीष सिसोदिया की 10 दिनों रिमांड की मांग की, 2 बजे कोर्ट किया जाएगा पेश

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कोर्ट से शुक्रवार को दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की दस दिन की रिमांड की मांग की है। किंतु स्पेशल कोर्ट ने ईडी की अर्जी पर सुनवाई करते हुए कहा है कि पहले मनीष सिसोदिया को दो बजे कोर्ट में पेश किया जाए इसके बाद ही आगे की सुनवाई होगी। कोर्ट ने जेल अथॉरिटी को सिसोदिया का प्रोडक्शन वारंट जारी किया है।

ईडी ने गुरुवार को तिहाड़ जेल में आठ घंटे की पूछताछ के बाद मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया था। और ईडी ने बताया था कि यह गिरफ्तारी सिसोदिया द्वारा मामले की जांच में सहयोग न करने की वजह से की गई है।

शुक्रवार को ईडी ने कोर्ट में रिमांड की अर्जी लगाई थी और कोर्ट में बताया था कि मामला काफी बड़ा है और सभी तथ्यों को सत्यापित करने के लिए 10 दिन के रिमांड की जरूरत है।

आपको बता दें, मनीष सिसोदिया को ईडी ने शराब घोटाले में गिरफ्तार किया है और इस मामले में ईडी मनी ट्रेल की जांच कर रही है। ईडी के अनुसार इस घोटाले में बड़े स्तर पर अवैध तरीके से रुपयों का लेनदेन किया गया है।

लैंड फॉर जॉब स्कैम मामला: ईडी कर रही है दिल्ली और बिहार में 15 जगहों पर छापेमारी

लैंड फॉर जॉब स्कैम मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) दिल्ली और बिहार में 15 जगहों पर छापेमारी कर रही है। इस मामले में लालू प्रसाद यादव और उनका परिवार भी आरोपी है और सीबीआई ने उनसे पूछताछ भी कर चुकी है।

आरजेडी नेता अबू दोजाना के यहां भी छापेमारी हुई है। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और उनकी पत्नी राबड़ी देवी से कथित लैंड फॉर जॉब स्कैम मामले में पूछताछ पहले भी कर चुकी है।

यह केस जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह की शिकायत पर शुरू हुआ था। किंतु लालू यादव के परिवार का कहना है कि यह सब राजनीतिक साजिश के तहत किया जा रहा है। सीबीआई पहले दो बार इस केस में जांच कर चुकी है और उसे कोई साक्ष्य नहीं मिला था। और इसके बाद सीबीआई ने केस को बंद भी कर दिया था।

आतिशी और सौरभ भारद्वाज ने ली मंत्रीपद की शपथ

दिल्ली सरकार में आज सौरभ भारद्वाज और आतिशी ने राजभवन में मंत्री पद की शपथ ली। इस मौके पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी कैबिनेट के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

सौरभ भारद्वाज और आतिशी

आतिशी दिल्ली की नयी शिक्षा मंत्री के साथ ही ऊर्जा और पर्यटन विभाग भी संभालेंगी। वहीं दूसरी तरफ सौरभ भारद्वाज दिल्ली के नए स्वास्थ्य मंत्री, शहरी विकास, पानी और उद्योग विभाग संभालेंगे

आम आदमी पार्टी (आप) की विधायक आतिशी और सौरभ भारद्वाज गुरुवार को शाम 4 बजे राजभवन में मंत्री पद की शपथ लेंगे। मंगलवार को उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और मंत्री सत्येंद्र जैन के इस्तीफे को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वीकार कर लिया था। जिसके बाद आतिशी और सौरभ को दिल्ली के कैबिनेट मंत्री के रूप में मंजूरी मिली।

ग्रेटर कैलाश से विधायक सौरभ भारद्वाज आप पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता है साथ ही उन्होंने दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया है। और आप सरकार के पहले कार्यकाल में मंत्री भी रह चुके है।

वहीं कालकाजी से विधायक आतिशी मनीष सिसोदिया की शिक्षा टीम की प्रमुख सदस्य रही है। और वर्ष 2019 में उन्होंने लोकसभा का चुनाव भी लड़ा किंतु भाजपा के उम्मीदवार गौतम गंभीर से हार का सामना करना पड़ा था।

आपको बता दें, शराब नीति घोटाला मामले में गिरफ्तारी के बाद मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन ने अपना इस्तीफा दे दिया था। और वे दोनों ही दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है।

राज्यसभा पैनल पर उपराष्ट्रपति के निजी स्टाफ पर विवाद, भड़का विपक्ष

उपराष्ट्रपति व राज्यसभा में सभापति जगदीप धनखड़ ने मंगलवार को परंपरा से हटकर अपने निजी स्टाफ के 8 सदस्यों को राज्यसभा सचिवालय के दायरे में आने वाली 20 समितियों में तैनात किया गया है। इस पर विपक्ष ने सवाल खड़े कर कहा है कि विभिन्न समितियों पर कड़ी नजर रखने के लिए ऐसा किया गया है।

राज्यसभा सचिवालय के अधिकारी आमतौर पर संसदीय समितियों की सहायता करते है और इसमें काफी गोपनीय बैठक भी शामिल है। उपराष्ट्रपति द्वारा संसदीय समितियों में नियुक्त किए गए लोगों में विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) राजेश एन नाइक, निजी सचिव (पीएस) सुजीत कुमार, अतिरिक्त निजी सचिव संजय वर्मा और ओएसडी अभ्युदय सिंह शेखावत है।

बता दें, मंगलवार को राज्यसभा सचिवालय ने कहा कि, तत्काल प्रभाव से और अगले आदेश तक समितियों के साथ अधिकारियों को जोड़ा गया है।

कांग्रेस के लोकसभा सांसद मनीष तिवारी ने ट्वीट कर कहा कि, “उपराष्ट्रपति राज्य परिषद के पदेन अध्यक्ष हैं। वह वाइस चेयरपर्सन या वाइस चेयरपर्सन के पैनल की तरह सदन के सदस्य नहीं हैं। वह संसदीय स्थायी समितियों में व्यक्तिगत कर्मचारियों की नियुक्ति कैसे कर सकता है?”

आपको बता दें, संसदीय समितियों की परिभाषा है कि, इनमें सहायता के लिए केवल लोकसभा या राज्यसभा सचिवालय के सदस्य (सांसद) और अधिकारी शामिल होते है। और स्पीकर या अध्यक्ष के निजी कर्मचारी संसदीय सचिवालय का हिस्सा नहीं होते है। 

बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार सतीश कौशिक का हार्टअटैक से निधन

बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार सतीश कौशिक का गुरुवार को निधन हो गया। कौशिक ने एक दिन पहले ही अपने करीबियों संग होली सेलिब्रेशन की तस्वीरें सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर की थी।

सतीश कौशिक 66 साल के थे और उनके निधन की खबर सामने आते ही फिल्मी दुनिया में सन्नाटा छाया हुआ है। मौके से एक दिन पहले तक वे बिल्कुल ठीक थे। और 7 मार्च को उन्होंने मुंबई के जुहू में शबाना आजमी के घर होली पार्टी में भी शिरकत की थी।

मुंबई में 7 तारीख को होली का जश्न मनाने के बाद उन्होंने 8 मार्च को दिल्ली में अपने परिवार के साथ होली का जश्न मनाया। किंतु होली खेलने के बाद उन्हें बेचैनी महसूस हो रही थी जिसके बाद उन्हें फोटिस हॉस्पिटल ले जाया गया। डॉक्टर ने उन्हें बचाने की बहुत कोशिश की लेकिन उन्होंने देर रात दम तोड़ दिया।

आपको बता दें, निधन के बाद उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए दीनदयाल अस्पताल ले जाया गया है और वहीं से उन्हें मुंबई ले जाया जाएगा। मुंबई में 4 बजे करीब उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। सतीश कौशिक के परिवार में उनकी पत्नी व 11 साल की एक बेटी है। 

नौकरी के बदले जमीन घोटाला मामला: समय बलवान होता है सब याद रखा जाएगा- रोहिणी आचार्य

नौकरी के बदले जमीन घोटाला मामले में जांच के तहत सोमवार को राबड़ी देवी से उनके पटना स्थित आवास पर करीब पांच घंटे पूछताछ करने के बाद आज (यानी मंगलवार) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पूर्व रेलवे मंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से पूछताछ की है।

सीबीआई की पूछताछ के चलते लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य की प्रतिक्रिया आर्इ है। और उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि, “पापा को लगातार परेशान किया जा रहा है अगर उन्हें कुछ हुआ तो मैं किसी को नहीं छोडूंगी। पापा को तंग कर रहे हैं यह ठीक नहीं है। यह सब याद रखा जाएगा। समय बलवान होता है उसमें बड़ी ताकत होती है। यह याद रखना होगा।”

रोहिणी ने ट्वीट कर आगे कहा कि, “पापा को ये लोग तंग कर रहे हैं अगर उनके तंग करने के कारण उन्हें जरा भी परेशानी होगी तो दिल्ली की कुर्सी हिला देंगे। अब बर्दाश्त करने की सीमा जवाब दे रही है।“

आपको बता दें, यह मामला 14 साल पुराना है और इस मामले में लालू यादव व उनके परिवार ने कथित तौर पर 7 लोगों को जमीन के बदले रेलवे में नौकरी दी थी, जिनमें से 5 की बिक्री हुई थी जबकि 2 तोहफे के रूप में लालू यादव के परिवार को दी गर्इ थी। आरोप यह है कि जमीनें राबड़ी देवी और मीसा भारती के नाम पर भी ली गई थी। और यह जमीन सर्किट रेट से कम और बाजार दर से काफी कम कीमतों पर अधिग्रहित की गई थी। इस पूरे मामले की जांच सीबीआई कर रही है। जांच एजेंसी के मुताबिक बिहार के पटना के निवासी होते हुए भी कुछ लोगों को मुंबई, जबलपुर, कोलकाता, जयपुर और हाजीपुर में स्थित रेलवे के विभिन्न क्षेत्रों में ग्रुप-डी के पदों पर स्थानापन्न के रूप में नियुक्त किया गया था यह सब तब हुआ जब लालू यादव रेल मंत्री थे।

एनपीपी के अध्यक्ष कोनराड संगमा ने दूसरी बार ली मेघालय के मुख्यमंत्री पद की शपथ

नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के अध्यक्ष कोनराड संगमा ने आज (यानी मंगलवार) को मेघालय के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। कोनराड संगमा दूसरी बार मेघालय के मुख्यमंत्री बने है।  

कोनराड संगमा मेघालय ने मुख्यमंत्री और प्रेस्टन टाइनसॉन्ग व स्नियावभालंग धर ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की है। साथ ही एनपीपी से 8, यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (यूडीपी) से 2, हिल स्टेट पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (एचएसपीडीपी) व भाजपा से 1-1 विधायक मंत्री बनेंगे।

मेघालय सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा समेत पार्टी के अन्य कर्इ दिग्गज नेता मौजूद रहे।

आपको बता दें, मेघालय में 60 विधानसभा सीटें हैं। मेघालय में एनपीपी नीत गठबंधन ने सरकार बनाने का दावा पेश किया था। इस गठबंधन को 45 विधायक समर्थन दे रहे हैं जिनमें भाजपा के दो विधायक भी शामिल है।

मनीष सिसोदिया से तिहाड़ जेल में ईडी करेगी पूछताछ

मनीष सिसोदिया से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) आज दिल्ली शराब नीति मामले में तिहाड़ की जेल नंबर एक में होगी। जानकारी के अनुसार ईडी के तीन अफसरों की एक टीम तिहाड़ जेल के लिए निकल चुकी है।

बता दें, पूछताछ के लिए ईडी ने कोर्ट से इजाजत ली है और अनुमान यह भी है कि मनीष सिसोदिया पूछताछ के बाद आज गिरफ्तार भी हो सकते है।

इस मामले में अरुण पिल्लई को मिलाकर अभी तक 11 गिरफ्तारियां हो चुकी है। और सीबीआई ने आप समर्थकों व मीडिया पर इस मामले का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया है।

आपको बता दें, मनीष सिसोदिया को कोर्ट ने 20 मार्च तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। किंतु सीबीआई ने अदालत में कल कहा था कि उसे आम आदमी पार्टी (आप) नेता मनीष सिसोदिया की हिरासत की जरूरत नहीं है।

दिल्ली शराब नीति मामला: 20 मार्च तक न्यायिक हिरासत में रहेंगे मनीष सिसोदिया

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने आबकारी नीति मामले में आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया को दिल्ली की एक अदालत ने 20 मार्च तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

बता दें सीबीआई ने सिसोदिया की रिमांड की मांग नहीं की और कहा कि हम अभी मनीष सिसोदिया की हिरासत नहीं मांग रहे है लेकिन अगले कुछ दिनों में हिरासत में लेकर पूछताछ करने की जरूरत पडेगी। जबकि सिसोदिया ने फिजिकल पेशी पर जोर दिया जिसे कोर्ट ने स्वीकार किया है। सिसोदिया को जेल में दवाइयां, डायरी, पैन व भगवत गीता रखने की इजाजत है।

आपको बता दें, दिल्ली आबकारी नीति मामले की जांच में सहयोग न करने और जांचकर्ताओं के सवालों से बचने के आरोप में 26 फरवरी को मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया गया था। केजरीवाल सरकार पर नियमों को तोड़ने और शराब की दुकान के लाइसेंस धारकों को अनुचित लाभ प्रदान करने का आरोप है।

सिसोदिया को न्यायाधीश एम के नागपाल के समक्ष पेश किया गया था। और उन्हें पूछताछ के लिए पहले पांच दिन और बाद में दो दिन के लिए सीबीआई की हिरासत में भेजा गया था। और आज यह अवधि समाप्त होने के बाद सिसोदिया को अदालत में पेश किया गया था।

वहीं सीबीआई के वकील ने अदालत के समक्ष दलील दी कि जांच एजेंसी अभी आप नेता कि हिरासत की फिलहाल मांग नहीं कर रही लेकिन बाद में आवश्यकता पड़ने पर वह हिरासत का अनुरोध कर सकती है।

हलके वाहनों के लिए आज से खुला आश्रम फ्लाईओवर, बिना रेड लाइट नोएडा से मेडिकल तक फर्राटे से दौड़ेंगे वाहन

दिल्ली का आश्रम फ्लाईओवर का उद्घाटन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने किया। इसी के साथ आज से हल्के वाहनों के लिए फ्लाईओवर को खोल दिया गया है। परियोजना की कुल लागत 128. 25 करोड़ रुपये है।

सीएम अरविंद केजरीवाल ने इस मौके पर कहा कि, “बहुत खुशी का दिन है कि आश्रम फ्लाईओवर को जनता के लिए खाला जा रहा है जिससे अब घंटों तक के जाम से निजात मिल जाएगी। तीन रेड लाइट से फ्री हो जाएंगे। नोएडा से मेडिकल तक बिना रेड लाइट फर्राटे से जा पाएंगे।”

केजरीवाल ने आगे कहा कि, हाई टेंशन वायर के चलते फिलहाल लाइट व्हीकल ही इससे गुजर सकेंगे। आने वाले दिनों में 15 फ्लाईओवर, उसका एक्सटेंशन या डबल लेना का काम होना है। उन्होंने आगे कहा कि हमारे कार्यकाल में 27 फ्लाईओवर बने लेकिन पिछले 65 वर्षों में केवल 84 फ्लाईओवर का निर्माण हुआ था। साथ ही 15 और बड़ी परियोजनाओं पर काम चल रहा है।“

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर सीबीआई के छापेमारी को पर कहा कि विपक्षी नेताओं को निशाना बनाना, उन्हें परेशान करना गलत है। साथ ही उन्होंने कहा कि लोगों की दुश्वारियां खत्म हुई, आश्रम फ्लाईओवर एक्सटेंशन के खुलने से नोएडा से आने वाले लोग एम्स जल्दी पहुंच सकेंगे।

आपको बता दें, फ्लाईओवर से पीक आवर्स में लगभग 14 हजार वाहनों के गुजरने की उम्मीद है। और दक्षिण दिल्ली व नोएडा के बीच की दूरी तय करने में अब 25 मिनट कम समय लगेगा। और अभी एक महीने में पूरा कार्य होने के बाद फ्लाईओवर पर भारी वाहनों को जाने की अनुमति दी जाएगी।