Home Blog Page 370

हार सामने देख केंद्र कर्नाटक में छापे मारने की तैयारी में, सुरजेवाला बोले  

कांग्रेस ने बुधवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव  से पहले केंद्रीय एजेंसियों के लोगों को कांग्रेस नेताओं और प्रत्याशियों के खिलाफ छापे मारने को कहा है। पार्टी नेता रणदीप सुरजेवाला ने यह दावा करते हुए कहा – ‘हमारी पार्टी के पास इसकी प्रामाणिक जानकारी है कि अपनी हार से बौखलाई भाजपा अब केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर राज्य के कांग्रेस नेताओं को परेशान करने की तैयारी कर रही है।’

सुरजेवाला ने कहा – ‘इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना आखिरी हथियार इस्तेमाल किया है, और वह भी पूरी तरह नाकाम होगा। हमारे पास सूचना है कि इनकम टैक्स और ईडी के सैकड़ो अधिकारियों को कर्नाटक भेजा गया है, ताकि समूचे सूबे में कांग्रेस नेताओं, प्रत्याशियों और संभावित प्रत्याशियों पर छापे मारे जा सकें।’

कांग्रेस नेता ने कहा कि ‘भाजपा चुनाव के लिए खुद के प्रत्याशी चुनने में नाकाम रही है।  चुनावी राज्य में भाजपा के नेता सामूहिक रूप से कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। भाजपा  के मंत्री और विधायक चुनाव लड़ने से इंकार कर रहे हैं।’

उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक में करीब 10 विधायक, विधान परिषद सदस्य, पूर्व विधायक, पूर्व विधान परिषद सदस्य, दर्जनों की तादाद में उनके बोर्ड और निगमों के अध्यक्ष इस्तीफा दे चुके हैं और कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।

चीन का फिर उकसावे वाला बयान, इलाके पर ‘संप्रभुता’ का किया दावा

चीन ने अरुणाचल प्रदेश में 11 स्थानों का नाम बदलने के बाद अब एक बार फिर  उस इलाके पर अपनी ‘संप्रभुता’ का दावा किया है। चीन के पहले दावे के बाद भारत के सख्त प्रतिक्रिया दी थी।

अब फिर चीन ने दावा किया है कि अरुणाचल प्रदेश, जिसे चीन ज़ैंगनान के नाम से बुलाता है, चीनी क्षेत्र का हिस्सा है। नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस में चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माओ निंग ने कहा – ‘चीन सरकार के सक्षम अधिकारियों ने ज़ैंगनान के कुछ हिस्सों के नामों का मानकीकरण किया है। यह चीन के संप्रभु अधिकारों के दायरे में है।’

चीन के इस दावे को उकसावे वाला माना जा रहा है क्योंकि भारत ने उसके पहले बयान के बाद अपनी प्रतिक्रिया में कहा था कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न अंग है। चीन के गृह मंत्रालय ने सोमवार को चीनी, तिब्बती और पिनयिन अक्षरों में नामों का सेट जारी किया था, जो चीन के मंत्रिमंडल की राज्य परिषद द्वारा नियमानुसार जारी किए गए भौगोलिक नामों पर आधारित था

चीन ने जिन नामों को ‘बदला’ है उनमें पांच पर्वत शिखर, दो जमीनी क्षेत्र, दो आवासीय इलाके और दो नदियां शामिल हैं। चीन 2017 और 2021 में भी ऐसी ही सूची जारी कर चुका है। पहली में छह और दूसरी में उसने अरुणाचल प्रदेश में 15 स्थानों का नाम ‘बदला’ था।

नरक में जा रहा है देश, अदालत से लौटकर ट्रंप का बाइडेन पर हमला

अदालत में पेशी के बाद फ्लोरिडा लौटने पर अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देर रात कहा कि वे निर्दोष हैं। साथ ही उन्होंने बाइडेन पर जबरदस्त हमला करते हुए कहा कि ‘देश नरक में जा रहा है’।  

इससे पहले ट्रंप मंगलवार मैनहट्टन की अदालत में पहुंचे। अदालत में पहुंचने के बाद ट्रंप को स्थानीय पुलिस ने हिरासत में ले लिया। ट्रंप पॉर्न फिल्म की अभिनेत्री स्टॉर्मी डेनियल्स को 2016 में राष्ट्रपति चुनाव से पहले 1,30,000 डॉलर देने के मामले में कोर्ट में पेश हुए।

रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्रंप ने अदालत में खुद को बेकसूर बताया। ट्रंप ने कोर्ट में कहा कि उनके ऊपर लगे सभी 34 आरोप गलत हैं और वे बिल्कुल निर्दोष हैं। उन्होंने कोर्ट में कहा कि उन्हें विश्वास नहीं हो रहा है कि ये सब कुछ अमेरिका में हो रहा है। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने ट्रंप को चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसी बातें कहने से बचें जिससे कि माहौल बिगड़े। ट्रंप जज के सामने पेश होने के बाद कोर्ट परिसर से बाहर निकल गए।

अदालत में पेश होने से कुछ घंटे पहले ट्रंप अपने समर्थकों को एक ईमेल भेजा। इसमें उन्होंने लिखा – ‘मेरी गिरफ्तारी से पहले मेरा आखिरी ईमेल।’ याद रहे ट्रंप अमेरिका के पहले ऐसे पूर्व राष्ट्रपति हैं जिनके ऊपर आपराधिक मामले का आरोप लगा है।  

ट्रंप के पहुंचने से पहले कोर्ट के बाहर और भीतर सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे। अदालत में पेशी से पहले ट्रंप मैनहट्टन जिला अटॉर्नी के कार्यालय पहुंचे जहां पुलिस ने उन्हें हिरासत (गिरफ्तार) मन ले लिया।  

अदालत से ट्रंप फ्लोरिडा स्थित अपने घर मार-ए-लागो पहुंचे जहाँ उन्होंने लोगों और मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने कहा – ‘मैंने कभी नहीं सोचा था कि अमेरिका में ऐसा कुछ हो सकता है…कभी नहीं सोचा था कि ऐसा हो सकता है। मैंने अपने देश की निडरता से रक्षा करने के लिए एकमात्र अपराध किया है’।

मैनहट्टन डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी एल्विन ब्रैग ने आरोप लगाया कि ट्रम्प ने अपने 2016 के राष्ट्रपति अभियान को बढ़ावा देने के लिए दो साल की योजना में नकारात्मक सूचनाओं को दबाया। ट्रंप जॉर्जिया में एक काउंटी अभियोजक के एक अलग आपराधिक जांच का सामना कर रहे हैं कि क्या उन्होंने राज्य में अपनी 2020 की चुनावी हार को टालने की कोशिश की। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर आरोप है कि उन्होंने पॉर्न फिल्मों की एक्ट्रेस स्टॉर्मी डेनियल्स अपना मुंह बंद रखने के लिए पैसे दिए थे।

सिक्किम के नाथुला पहाड़ी दर्रे में 7 सैलानियों की हिमस्खलन से मौत

सिक्किम के नाथुला पहाड़ी दर्रे में हिमस्खलन से 7 सैलानियों की मौत हो गयी है। सिक्किम के नाथू ला के सीमावर्ती इलाके में मंगलवार को भारी हिमस्खलन के बाद यह लोग फंस गए थे। इस घटना में 11 लोग घायल हुए हैं। कई पर्यटकों के अभी भी वहां फंसे होने की आशंका है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक हिमस्खलन में 80 से ज्यादा पर्यटक फंसे होने की आशंका है। जिन लोगों की मौत हुई है उनमें चार पुरुष, एक महिला और एक बच्चा शामिल है। हिमस्खलन के बाद गंगटोक को नाथूला से जोड़ने वाले 15वें मील जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर बचाव अभियान जारी है।

बताया गया है कि बर्फ में फंसे 22 पर्यटकों को बचाया गया है। उन्हें गंगटोक के एसटीएनएम अस्पताल और सेंट्रल रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सड़क से बर्फ हटाने के बाद 350 फंसे पर्यटकों और 80 वाहनों को बचा लिया गया है। पर्यटक बिना अनुमति के 15वें मील की ओर गए जहाँ यह हादसा हुआ।

कई पर्यटकों के बर्फ में फंसने की आशंका है। हिमस्खलन मंगलवार दोपहर सवा 12 बजे के करीब हुआ। इससे घायल हुए छह लोगों ने नजदीकी सैन्य अस्पताल में दम तोड़ दिया। यह पहाड़ी दर्रा समुद्र तल से 4,310 मीटर (14,140 फीट) की ऊंचाई पर स्थित है और यह एक प्रमुख पर्यटन स्थल है।

चीन के अरुणाचल प्रदेश के 11 स्थानों के नाम ‘बदलने’ पर भारत की सख्त टिप्पणी

भारत के साथ तनाव के रिश्तों के बीच चीन ने अरुणाचल प्रदेश के 11 स्थानों के नाम ‘बदलकर’ इसकी सूची जारी की है। यह नाम चीन के मंत्रिमंडल की राज्य परिषद द्वारा नियमानुसार जारी किए गए भौगोलिक नामों पर आधारित हैं। भारत ने चीन की इस हरकत पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

चीन की तरफ से अरुणाचल प्रदेश में स्थानों का नाम बदलने को लेकर आई मीडिया रिपोर्ट्स पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि ‘हमने इस तरह की रिपोर्ट देखी हैं। यह पहली बार नहीं है जब चीन ने इस तरह का प्रयास किया है। हम इसे सिरे से खारिज करते हैं। अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न अंग है, और रहेगा. ऐसे प्रयास से वास्तविकता नहीं बदलेगी।’

इसे पहले चीन ने अरुणाचल पर अपने दावे की कोशिशों के तहत राज्य के 11 स्थानों के लिए नए नामों का ‘सेट’ जारी किया है। इससे पहले भी चीन दो बार ऐसा कर चुका है। याद रहे चीन अरुणाचल प्रदेश के तिब्बत का दक्षिणी भाग ज़ंगनान होने का दावा करता है।

चीन के गृह मंत्रालय ने पिछले कल चीनी, तिब्बती और पिनयिन अक्षरों में नामों का सेट जारी किया, जो चीन के मंत्रिमंडल की राज्य परिषद द्वारा नियमानुसार जारी किए गए भौगोलिक नामों पर आधारित था। इस तरह की पहली दो सूचियां 2018 और 2021 में जारी की गई थीं. चीन ने पहले छह नामों की सूची जारी की थी, जबकि 2021 में उसने अरुणाचल प्रदेश में 15 स्थानों का नाम ‘बदला’ था। भारत ने दोनों मौकों पर चीन के दावों को मजबूती से खारिज कर दिया था।

चीन के सरकारी अखबार (चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के मुखपत्र पीपुल्स डेली समूह के प्रकाशन) ‘द ग्लोबल टाइम्स’ के अनुसार, चीनी अधिकारी इस कदम को ‘मानकीकृत भौगोलिक नाम’ कह रहे हैं। हाल के तीन सालों में चीन-भारत सीमा पर लगातार तनाव  भले दोनों देशों के बीच बातचीत भई लगातार जारी है और 15 से ज्यादा बैठकें दोनों देशों के बीच हो चुकी हैं।

सीईओ एलन मस्क ने ट्विटर के ब्लू-बर्ड लोगो की जगह डॉज की तस्वीर लगाई

एक बड़े और हैरान करने वाले फैसलों में ट्विटर के सीईओ एलन मस्क ने मंगलवार  सुबह ट्विटर का सबसे बड़ा बदलाव करते हुए ट्विट्टर के आइकॉनिक ब्लू-बर्ड लोगो को हटा दिया है। इसकी जगह उन्होंने डॉज (Doge) की तस्वीर लगा दी है।

वैसे यह बदलाव ट्विटर के वेब पेज पर है और फिलहाल यूजर्स को ट्विटर मोबाइल ऐप पर ब्लू बर्ड का लोगो ही दिख रहा है। ट्विटर के सीईओ ने 26 मार्च, 2022 के एक स्क्रीनशॉट को भी साझा किया जिसमें उनके और गुमनाम खाते के बीच की बातचीत हुई जहां पक्षी लोगो को ‘डॉज’ में बदलने के लिए कहा गया था।

डॉज इमेज  शिबु इनु और डॉजकॉइन ब्लॉकचेन औक क्रिप्टोकरेंसी का प्रतीक और लोगो है। ये साल 2013 में एक मजाक के तौर पर दूसरी क्रिप्टोकरेंसी के सामने उतारी गई है।

पोस्ट को ट्विटर पर शेयर करते हुए मस्क ने लिखा – ‘वादे के मुताबिक’। ट्वीटर के लोगो में बदलाव करने के बाद एलन मस्क ने एक मजाकिया पोस्ट भी शेयर किया जिसमें और एक पुलिस अफसर जो ड्राइविंग लाइसेंस चेक कर रहा है, उसके हाथ में ट्विटर के ब्लू बर्ड वाली तस्वीर है और गाड़ी में बैठा डॉज कह रहा है कि ‘ये पुरानी तस्वीर है’।

चांद पर जाने वाली ‘नासा’ की सूची में पहली बार एक महिला और अश्वेत

चांद पर जाने के लिए नासा ने जिन चार अंतरिक्ष यात्रियों को अपनी सूची में रखा है उसमें पहली बार एक महिला और अश्वेत को शामिल किया गया है। नासा ने 50 साल बाद ‘मिशन मून’ की घोषणा की है।

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा का यह मिशन साल अगले साल के आखिर में या 2025 की शुरुआत में लांच होगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बार जिस महिला को चांद पर जाने के लिए चुना गया है उनका नाम क्रिस्टीना कोच हैं जो पेशे से इंजीनियर हैं। कोच मिशन के लिए नियुक्त पहली महिला अंतरिक्ष होंगी।

इसके अलावा विक्टर ग्लोवर पहले अश्वेत अंतरिक्ष यात्री होंगे। अन्य दो अंतरिक्ष यात्री रीड विस्मैन और जेरेमी हैनसेन हैं। क्रिस्टीना कोच के नाम किसी महिला के सबसे लंबे समय तक अंतरिक्ष में रहने का रिकॉर्ड है। उन्होंने पहली ऑल-फीमेल स्पेसवॉक में भाग लिया।

उधर विक्टर ग्लोवर, जिन्हें नासा ने आर्टेमिस I के पायलट के रूप में नामित किया है,  वह चंद्र मिशन पर भेजे जाने वाले पहले अश्वेत अंतरिक्ष यात्री होंगे। जेरेमी हैनसेन, एक रॉयल कैनेडियन वायु सेना के कर्नल और मिशन विशेषज्ञ के रूप में चांद पर जाने के लिए चुने गए पहले कैनेडियन हैं। इस अभियान में शामिल 47 साल के रीड वाइसमैन यूएस नेवी में पायलट हैं।

पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप आज न्यूयॉर्क कोर्ट में आपराधिक मामले में पेश होंगे

एडल्ट मूवीज की एक्ट्रेस स्टॉर्मी डेनियल्स को चुनाव प्रचार के दौरान चुप रहने के लिए धन देने के आरोपी अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड आपराधिक मामले में आज अदालत में पेश होंगे। ट्रंप पिछली रात न्यूयॉर्क पहुंच गए। न्यूयॉर्क पहुंचने पर कड़ी सुरक्षा से घिरे ट्रंप ने वहां जुटे अपने हजारों समर्थकों का अभिवादन स्वीकार किया।

मीडिया रिपोर्ट्स में ट्रंप के अटॉर्नी के हवाले से बताया गया है कि पूर्व राष्ट्रपति जुर्म स्वीकार नहीं करेंगे। अदालत में पेश होने के बाद ट्रंप फौरन फ्लोरिडा रवाना हो जाएंगे जहां वह शाम में ‘मार-ए-लागो’ में बयान देंगे। आज अदालत में मामले की कार्यवाही संक्षिप्त रहने के आसार हैं।

ट्रंप आज रात पौने 12 बजे (भारतीय समय) न्यायाधीश जुआन मर्चेन के सामने पेश होंगे। वह आपराधिक आरोपों का सामना करने वाले अमेरिका के पहले पूर्व राष्ट्रपति हैं। सुनवाई के दौरान ट्रंप को आरोप पढ़कर सुनाए जाएंगे, जिसमें करीब 10-15 मिनट का समय लगेगा। ट्रंप ने 2016 के राष्ट्रपति पद के चुनाव से पहले स्टॉर्मी डेनियल्स (44) को धन देने के संबंध में कुछ भी गलत करने से इनकार किया है।

इससे पहले सोमवार रात ट्रंप ‘मार-ए-लागो’ आवास से अपने बोइंग 757 विमान से न्यूयॉर्क के लिए रवाना हुए और देर रात साढ़े 12 बजे (भारतीय समय) ला गार्डिया हवाई अड्डे पहुंचे। उनका काफिला मैनहट्टन के ‘फिफ्थ एवेन्यू’ स्थित ‘ट्रंप टावर’ की ओर बढ़ा, जहां वह रात में रुके हैं।

टावर के आसपास की सड़कों की घेराबंदी कर दी गई थी और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पूर्व राष्ट्रपति अपनी गाड़ी से बाहर आए तो उन्होंने अपने समर्थकों की ओर हाथ हिलाया और सुरक्षाकर्मी उन्हें तेज़ी से इमारत के अंदर ले गए।

गैंगस्टर दीपक बॉक्सर को दिल्ली पुलिस ने मैक्सिको में पकड़ा

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम ने एफबीआई की मदद से देश से फरार हुए टॉप गैंगस्टर दीपक बॉक्सर को मैक्सिको के पकड़ा है। बॉक्सर को दो दिन में भारत लाया जा सकता है।

दीपक बॉक्सर सिविल लाइंस इलाके में हुई एक बिल्डर अमित गुप्ता की हत्या में तलाश थी। दीपक रोहिणी कोर्ट में जितेंद्र गोगी की हत्या के बाद से गोगी गिरोह की कमान संभाल रहा था।

दिल्ली-एनसीआर का टॉप गैंगस्टर दीपक बॉक्सर ने मुरादाबाद से रवि अंटिल के नाम पर फर्जी पासपोर्ट बनवाया हुआ था और कोलकाता से फ्लाइट लेकर 29 जनवरी 2023 को मैक्सिको भाग गया था।

आपको बता दें, दीपक बॉक्सर वर्ष 2016 में बहादुरगढ़ में दिल्ली पुलिस कस्टडी से गोगी को छुड़ाने के बाद से चर्चा में आया था। और वर्ष 2018 में उसके गैंग पर मकोका के तहत कार्रवाई हुई व तभी से वह फरार था।

दीपक बॉक्सर लगातार अपराध कर रहा था। दो हत्याएं, पुलिसकर्मियों पर कातिलाना हमला और मार्च 2021 में कुलदीप उर्फ फज्जा को जीटीबी अस्पताल से पुलिस कस्टडी से भगाकर ले जाने में उसकी तलाश थी।

पश्चिम बंगाल: दोबारा पत्थरबाजी से ट्रेन सेवाएं प्रभावित

पश्चिम बंगाल के रिशरा इलाके में भाजपा के जुलूस के दौरान हुई झड़प के ठीक एक दिन बाद देर रात दोबारा हिंसा भड़कने से रेलवे की संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है। जिससे ट्रेन सेवाएं के साथ ही इंटरनेट सेवाएं भी प्रभावित हुई है।

पूर्वी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कौशिक मित्रा ने कहा है कि रेलवे क्रॉसिंग के पास पथराव के कारण हावड़ा-बंडेल सेक्शन पर लोकल, मेल और एक्सप्रेस ट्रेन सेवाओं को लगभग तीन घंटे के लिए निलंबित कर दिया गया था। और आधी रात के बाद ट्रेनों की आवाजाही दोबारा शुरू हो गर्इ है।

आपको बता दें, पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में रामनवमी के बाद गुरुवार को दो गुटों में हिंसा हुई थी। इन गुटों ने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया था। किंतु पुलिस को जिले में स्थित को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले दागने पड़े।

हिंसक झड़प ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक गतिरोध पैदा कर दिया है। भाजपा पर हावड़ा में साम्प्रदायिक हिंसा की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए तृणमूल के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने ट्वीटर पर एक धार्मिक जुलूस का वीडियो जारी भाजपा पर निशाना साधा है।

वहीं दूसरी तरफ भाजपा ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी द्वारा पोस्ट किया गया वीडियो विश्व हिंदू परिषद द्वारा आयोजित हावड़ा रैली का नहीं है।