सिक्किम के नाथुला पहाड़ी दर्रे में 7 सैलानियों की हिमस्खलन से मौत

सिक्किम के नाथुला पहाड़ी दर्रे में हिमस्खलन से 7 सैलानियों की मौत हो गयी है। सिक्किम के नाथू ला के सीमावर्ती इलाके में मंगलवार को भारी हिमस्खलन के बाद यह लोग फंस गए थे। इस घटना में 11 लोग घायल हुए हैं। कई पर्यटकों के अभी भी वहां फंसे होने की आशंका है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक हिमस्खलन में 80 से ज्यादा पर्यटक फंसे होने की आशंका है। जिन लोगों की मौत हुई है उनमें चार पुरुष, एक महिला और एक बच्चा शामिल है। हिमस्खलन के बाद गंगटोक को नाथूला से जोड़ने वाले 15वें मील जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर बचाव अभियान जारी है।

बताया गया है कि बर्फ में फंसे 22 पर्यटकों को बचाया गया है। उन्हें गंगटोक के एसटीएनएम अस्पताल और सेंट्रल रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सड़क से बर्फ हटाने के बाद 350 फंसे पर्यटकों और 80 वाहनों को बचा लिया गया है। पर्यटक बिना अनुमति के 15वें मील की ओर गए जहाँ यह हादसा हुआ।

कई पर्यटकों के बर्फ में फंसने की आशंका है। हिमस्खलन मंगलवार दोपहर सवा 12 बजे के करीब हुआ। इससे घायल हुए छह लोगों ने नजदीकी सैन्य अस्पताल में दम तोड़ दिया। यह पहाड़ी दर्रा समुद्र तल से 4,310 मीटर (14,140 फीट) की ऊंचाई पर स्थित है और यह एक प्रमुख पर्यटन स्थल है।