Home Blog Page 361

सत्यपाल मलिक दिल्ली में पुलिस से बहस के बाद धरने पर बैठे

जम्मू कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक शनिवार को दिल्ली पुलिस से बहस के बाद थाने में धरने पर बैठ गए। इससे पहले यह खबर उड़ गयी कि पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है, हालांकि, पुलिस ने बाद में साफ़ किया कि यह सही नहीं है।

मलिक पार्क में एक बैठक कर रहे थे जब वहां पुलिस पहुंची। पुलिस के मुताबिक मलिक ने इस बैठक के लिए इजाजत नहीं ली थी। इसके बाद मलिक ने दिल्ली पुलिस से बहस होने के बाद अपने समर्थकों के साथ थाने में धरना शुरू कर दिया। पुलिस का कहना है कि मलिक से परमिशन को लेकर पूछताछ की गई थी।

पूर्व राज्यपाल के समर्थन में हरियाणा से कुछ किसान नेता दिल्ली उनके आवास पर पहुंचे थे। मलिक ने आरके पुरम सेक्टर 12 में स्थित पार्क में उनके लिए भोजन की व्यवस्था की। दिल्ली पुलिस का कहना है कि पार्क में मीटिंग करने को लेकर उनके पास अनुमति नहीं थी, इसी को लेकर पुलिस ने आपत्ति जताई गयी थी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक कुछ नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई के बाद सत्यपाल मलिक थाने पहुंचे और धरना देने की घोषणा कर दी। वहीं पुलिस का कहना है कि मलिक का बेटा और बेटी आरके पुरम इलाके में रहते हैं। मलिक वहां बड़ी संख्या में लोगों के साथ एक पार्क मीटिंग कर रहे थे। जब पुलिस ने उनसे पूछा कि सार्वजनिक जगह पर मीटिंग की परमिशन है तो उन्होंने मना कर दिया। पुलिस ने कहा कि सत्यपाल मलिक अपनी कार से थाने आए. पुलिस ने न तो उन्हें बुलाया और न ही हिरासत में लिया।

जम्मू कश्मीर में पुलवामा हमले और भ्रष्टाचार को लेकर मलिक के सनसनीखेज बयान के बाद राजनीति गरमा गई है। शुक्रवार को मलिक को सीबीआई से समन मिला जिसके बाद दिल्ली के आरके पुरम के डीडीए पार्क में खाप पंचायत होनी थी।  कांग्रेस ने भी मलिक को सीबीआई के समन के बाद कहा कि ‘यह तो होना ही था’। कांग्रेस मालिक के बाद केंद्र की मोदी सरकार पर लगातार हमलावर है।

डराने-धमकाने के आरोपों के बाद ब्रिटिश उप प्रधानमंत्री का इस्तीफा

ब्रिटेन के उप प्रधानमंत्री और क़ानून मंत्री डोमिनिक राब ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। शुक्रवार को उन्होंने परेशान करने के आरोपों के साथ इस्तीफा दिया। पीएम सुनक ने पिछले साल नवंबर में राब के खिलाफ लगे डराने-धमकाने और परेशान करने के आरोपों की जांच को लेकर एक वरिष्ठ रोजगार वकील एडम टॉली को नियुक्त किया था।

राब के खिलाफ परेशान करने को लेकर शिकायत की गई थी जिसकी जांच कराई गई है। जांच के पूरा होने के बाद राब ने अपना पद छोड़ दिया है। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि राब डराते-धमकाते और परेशान करते हैं।

अब ट्विटर पर अपने इस्तीफे को लेकर राब ने लिखा है – ‘मैंने जांच की मांग की और धमकी देने या परेशान करने के मामले की जांच पूरी होने पर मैंने अपने पद से इस्तीफा देने का फैसला किया। मेरा मानना है कि अपनी बात रखना महत्वपूर्ण है।’

उप प्रधानमंत्री के इस्तीफे के बाद पिछले साल पीएम सुनक के सत्ता में आने के बाद से ये तीसरा मौका है जब किसी केबिनेट स्तर के व्यक्ति ने अपना पद छोड़ा हो। खास बात ये है कि पीएम सुनक ने पीएम के तौर पर शपथ लेते समय एक ईमानदार सरकार देने का वादा किया था।

राहुल गांधी आज तुगलक लेन के आवास की चाबियां लौटा देंगे

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी तुगलक लेन स्थित अपने सरकारी आवास की चाबियां आज अधिकारियों को सौंप देंगे। अपना सामान राहुल पहले ही वहां से निकाल चुके हैं। मानहानि मामले में सूरत की अदालत के उन्हें दो साल की सजा सुनाने के बाद संसद सदस्यता जाने से उन्हें सरकारी आवास खाली करने का निर्देश सरकार की तरफ से मिला था।

राहुल गांधी पहले ही इस सरकारी आवास से अपना सामान मां सोनिया गांधी के 10 जनपथ स्थित आवास पर ले जा चुके हैं। राहुल अब वहीं रहेंगे। गांधी आज 12, तुगलक लेन आवास लोकसभा सचिवालय को सौंप देंगे।  

गांधी ने 14 अप्रैल को अपना सामान निकाल लिया था जबकि कुछ बचा सामान शुक्रवार को निकाल लिया। यह आवास उन्हें एक सांसद के रूप में आवंटित किया गया था। करीब दो दशक से राहुल गांधी इस आवास में रह रहे थे।

सूरत की एक अदालत ने 23 मार्च को राहुल गांधी को मानहानि मामले में दोषी ठहराया था और उन्हें दो साल की सजा सुनाई थी, जिसके बाद वह सांसद के रूप में अयोग्य घोषित किए गए थे। उन्होंने सूरत की सत्र अदालत में मजिस्ट्रेट अदालत के आदेश को चुनौती दी थी, जिसने सजा को रद्द करने की उनकी अपील को खारिज कर दिया। कांग्रेस पार्टी ने कहा है कि सत्र अदालत के आदेश को अगले हफ्ते गुजरात हाईकोर्ट में चुनौती दी जाएगी।

सूडान: 3 हजार भारतीयों को निकालने के लिए पीएम मोदी ने की हाईलेवल मीटिंग

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सूडान में सुरक्षा हालात की समीक्षा बैठक की है। इस हाई लेवल मीटिंग में विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, नौसेना और वायुसेना प्रमुख, भारत के राजदूत समेत कर्इ अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

सूडान में ईद से 72 घंटे संघर्ष विराम की घोषणा के बाद असुरक्षा की स्थिति के बीच पीएम मोदी ने देश में फंसे लगभग 3 जहार भारतीय नागरिकों को निकालने और उन्हें सुरक्षित जगह पहुंचाने के लिए के लिए योजना तैयार करने के निर्देश दिए है।

पीएमओ कार्यालय ने अपने बयान में कहा कि, “सूडान से भारतीयों को निकालने के प्लान, तेजी से बदलते सुरक्षा परिदृश्य और विभिन्न विकल्पों पर काम करने के लिए कहा है। पीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने, स्थिति पर बारीकी से निगरानी करने और सूडान में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा का लगातार मूल्यांकन करने और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है।”

आपको बता दें, सूडान में पिछले कुछ दिनों से चल रहे गृहयुद्ध की स्थिति भयावह होती जा रही है। सूडान में सेना और पैरामिलिट्री फोर्स के बीच जंग चल रही है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के आंकड़ों के अनुसार हिंसा में अभी तक करीब 413 लोगों की मौत हुई हैं और 3551 घायल हुए है।

कर्नाटक चुनाव: नाराज भाजपा नेता केएस ईश्वरप्पा को आया पीएम मोदी का फोन

कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले चुनावी सरगर्मी जोर पकड़ रही है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। भाजपा ने इस बार कई नए चेहरों को मैदान में उतारा है वहीं वरिष्ठ नेताओं का नाम चुनावी सूची से बाहर कर दिया और इसी के चलते कई भाजपा नेताओं ने पार्टी छोड़ दी है।

वहीं चर्चा यह भी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दिग्गज भाजपा नेता केएस ईश्वरप्पा से वीडियो कॉल पर बात की है और इस बातचीत का एक वीडियो खुद विधायक ने शेयर किया है जो कि वायरल हो रहा है।

केएस ईश्वरप्पा ने कहा कि, “मुझे उनका (पीएम) फोन आने की उम्मीद नहीं थीं। उनके फोन कॉल ने मुझे शिवमोग्गा शहर जीतने के लिए प्रेरित किया है। हम भाजपा सरकार को वापस सत्ता में लाने की लिए पूरी कोशिश करेंगे। ईश्वरप्पा ने आगे कहा कि मैंने पीएम मोदी को पूरा भरोसा दिया।”

ईश्वरप्पा ने गुरुवार को बेटे को टिकट नहीं मिलने पर कहा था कि, “मैं भाजपा से नाराज नहीं हूं… जिन लोगों ने भाजपा छोड़ दी है उन्हें पार्टी में वापस लाना है, जो हमारी पार्टी से नाराज हैं और कांग्रेस में शामिल हुए है। भाजपा जीतेगी और पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी।“

आपको बता दें, कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने बुधवार को अपने उम्मीदवारों की चौथी और आखिरी सूची जारी की थी। और चुनावी सूची के मुताबिक शिवमोगा की हाई प्रोफाइल सीट से भाजपा ने पूर्व डिप्टी सीएम के ईश्वरप्पा के बेटे को टिकट न देकर शिवमोगा से चन्नाबसप्पा को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।

दिल्ली के साकेत कोर्ट परिसर में चली गोलियां, एक महिला घायल

दिल्ली के साकेत कोर्ट परिसर में शुक्रवार की सुबह खुलेआम चार राउंड फायरिंग हुई। इस फायरिंग एक महिला घायल हुई है। फायरिंग के बाद परिसर में हड़कंप मच गया।

महिला को जल्द ही अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। यह महिला कोर्ट में गवाही देने आई थी। बताया जा रहा है कि हमलावर वकील के कपड़े पहले आया था।आपको बता दें, इससे पहले 24 सितंबर को दिल्ली के रोहिणी कोर्ट परिसर में इसी प्रकार की घटना हुई थी। यहां भी ठीक इसी तरह वकील की ड्रेस पहने आए दो लोगों ने फायरिंग की थी, और इसमें दोनों हमलावरों की मौत हो गई थी।

नरोदा के आरोपियों को बरी करने के फैसले को चुनौती देंगे : वकील

गुजरात के नरोदा गाम हिंसा मामले में अहमदाबाद की विशेष अदालत ने गुरुवार को फैसला सुनाते हुए मामले के 67 आरोपियों को बरी कर दिया। बरी होने वालों में पूर्व मंत्री माया कोडनानी और बजरंग दल के नेता बाबू बजरंगी का नाम भी शामिल हैं। उधर पीड़ितों का प्रतिनिधित्व करने वाले अधिवक्ता शहजाद पठान ने कहा कि बरी करने के आदेश को गुजरात हाई कोर्ट में चुनौती दी जाएगी।

एसआईटी मामलों के विशेष जज एसके बक्शी की कोर्ट ने यह फैसला सुनाया। फैसले को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने  दिवंगत कवि राहत इंदौरी के शेर का हवाला देते हुए गुजरात में भाजपा सरकार पर निशाना साधा।

उन्होंने लिखा – ‘जिधर से गुजरो धुआं बिछा दो, जहां भी पहुँचो धमाल कर दो। तुम्हें सियासत ने हक दिया है, हरी ज़मीनों को लाल कर दो। अपील भी तुम, दलील भी तुम, गवाह भी तुम, वकील भी तुम। जिसे भी चाहो हराम कह दो, जिसे भी चाहो हलाल कर दो।’

अदालत ने जिन आरोपियों को रिहा किया है उनमें पूर्व मंत्री माया कोडनानी और बजरंग दल के नेता बाबू बजरंगी का नाम शामिल है। पीड़ितों का प्रतिनिधित्व करने वाले अधिवक्ता शहजाद पठान ने कहा – ‘हम उन आधारों का अध्ययन करेंगे जिस पर विशेष अदालत ने सभी आरोपियों को बरी करने का फैसला किया। हम आदेश को उच्च न्यायालय में चुनौती देंगे। ऐसा प्रतीत होता है कि पीड़ितों को न्याय से वंचित कर दिया गया है। सवाल यह है कि पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में 11 लोगों को किसने जलाया?’

साल 2002 में हुए इस दंगे में 11 लोगों की मौत हुई थी। इसमें पुलिस ने जांच के आधार पर गुजरात की पूर्व मंत्री और बीजेपी नेता माया कोडनानी और बजरंग दल के नेता बाबू बजरंगी सहित 86 लोगों को आरोपी बनाया था। इस मामले में 86 आरोपी थे जिसमें से ट्रायल के दौरान 18 की मौत हो चुकी है।

राहुल गांधी, अमिताभ बच्चन, विराट कोहली ने ट्विटर पर ब्लू टिक खोया

राहुल गांधी, अमिताभ बच्चन और विराट कोहली वो बड़े नाम हैं जिन्होंने ट्वीटर पर ब्लू टिक खो दिया है। माइक्रो-ब्लॉगिंग साइट ट्विटर ने पिछले कल सभी लीगेसी वेरिफाइड खातों से ब्लू टिक हटा दिया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक अब ट्विटर पर दिखने वाले यूजर्स, जिनके पास वेरिफाइड ब्लू चेकमार्क हैं, उन्होंने ट्विटर ब्लू सर्विस सब्सक्राइब किया है और इसके लिए भुगतान कर रहे हैं। इसकी लागत वेब यूजर्स के लिए 8 डॉलर प्रतिमाह और आईओएस और एंड्रॉयड ) पर इन-ऐप यूजर्स के लिए 11 डॉलर प्रतिमाह है।

इस फैसले से राहुल गांधी, योगी आदित्यनाथ, प्रियंका गांधी, शाहरुख खान, अमिताभ बच्चन, आलिया भट्ट, विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे बड़े नामों ने अपने सत्यापित ब्लू टिक खो दिए हैं।  

अब तक माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर ‘नोटेबल’ कैटेगरी के अंतर्गत बिना किसी चार्ज के वेरिफाइड ब्लू चेकमार्क देता था। एलन मस्क के ट्विटर का अधिग्रहण करने के बाद ट्विटर ब्लू या व्यवसाय-केंद्रित ट्विटर वेरिफाइड ऑर्गेनाइजेशन का कॉन्सेप्ट आया। इसके तहत कोई भी बिजनेस एंटिटी या इंडिविजुअल निर्धारित शुल्क का भुगतान करके अपने ट्विटर हैंडल को वेरिफाइड करवा सकती या सकता है।

इससे पहले की स्थिति में, ब्लू टिक प्रसिद्ध व्यक्तियों को प्रतिरूपण से बचाने और झूठी सूचनाओं से निपटने के तरीके के रूप में कार्य करता था। इससे पहले मार्च में, ट्विटर ने अपने आधिकारिक हैंडल से पोस्ट किया था, ‘1 अप्रैल को, हम अपने लीगेसी वेरिफाइड प्रोग्राम को बंद करना शुरू करेंगे और लेगेसी वेरिफाइड चेकमार्क को हटाएंगे. ट्विटर पर अपना ब्लू चेकमार्क बनाए रखने के लिए, लोग ट्विटर ब्लू के लिए साइन अप कर सकते हैं।’

रूस के सैनिकों ने गलती से अपने शहर पर फेंक दिया बम, 2 घायल

रूस के सैनिकों ने गलती से पिछली रात अपने ही देश के एक शहर में बम फेंक दिए। इस घटना में कुछ लोग घायल हो गए जिनमें दो महिलाएं हैं। कुछ इमारतों को नुकसान पहुंचा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक रूसी रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान पहली बार रूसी सेना से ऐसी चूक हुई है। बम धमाके की चपेट में आने से दो महिलाएं घायल हो गईं, कई इमारतें ध्वस्त हो गईं और कुछ कारें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। बम गिरने से शहर के मध्य में एक गहरा गड्ढा हो गया।

रूस के एक लड़ाकू विमान ने गलती से यूक्रेन के पास अपने ही शहर बेलगोरोड में  बम दाग दिया जिसके बाद वहां जोरदार धमाका हुआ। धमाके के कारण कई इमारतें ध्वस्त हो गईं। कई लोग घायल हो गए और कारें क्षतिग्रस्त हुई हैं।

बेलगोरोड के गवर्नर व्याचेस्लाव ग्लैडकोव ने कहा – ‘विस्फोट से शहर के लोग सहम गए। धमाके में चार अपार्टमेंट और चार कारें क्षतिग्रस्त हो गईं, बिजली लाइन के खंभे गिर गए। विस्फोट के बाद के जांचकर्ता और आपात मंत्रालय के प्रतिनिधि घटनास्थल पर हैं।’

दुनिया के सबसे शक्तिशाली रॉकेट में उड़ान से पहले ही हो गया विस्फोट

दुनिया के अब तक के इतिहास का सबसे शक्तिशाली रॉकेट पहली परीक्षण उड़ान में नाकाम हो गया जब उड़ान के वक्त वह फट गया। स्टारशिप एक रीयूजेबल रॉकेट था।

रिपोर्ट्स के मुताबिक स्पेसएक्स का स्टारशिप कैप्सूल उड़ान के तीन मिनट के पहले चरण में रॉकेट बूस्टर से अलग होने के लिए निर्धारित था। हालांकि, अलगाव नहीं हो पाया और इसके बाद रॉकेट में धमाका हो गया।

स्टारशिप रॉकेट को लेकर कहा गया था कि इसके जरिए ही किसी दिन इंसान, मंगल ग्रह तक का सफर तय कर सकेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक स्टारशिप एक रियूजेबल रॉकेट था और इसके मुख्य रूप से दो भाग थे।

इनमें पहला था पैसेंजर कैरी सेक्‍शन, जिसमें यात्री रहने थे और दूसरे का नाम सुपर हैवी रॉकेट बूस्टर था। स्टारशिप और बूस्‍टर को मिलाकर इसकी लंबाई 394 फीट (120 मीटर) थी जबकि वजन 50 लाख किलोग्राम था।

रिपोर्ट्स में बताया गया है कि स्टारशिप रॉकेट 1.6 करोड़ पाउंड (70 मेगा न्यूटन) का थ्रस्ट उत्पन्न करने में सक्षम था। यह नासा के स्पेस लॉन्च सिस्टम (एसएलएस) रॉकेट से लगभग दोगुना अधिक था। एलन मस्क ने भी आशंका जताई थी कि लॉन्च के दौरान स्टारशिप में विस्फोट होने की 50 फीसदी संभावना है।