आधी रात घर में घुसे हमलावर, कांग्रेस नेता के बेटे की गोली मारकर हत्या

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां देर रात घर में घुसकर हथियारबंद बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इस हमले में कांग्रेस नेता के एक बेटे की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।

कांग्रेस नेता के बेटे की गोली मारकर हत्या...
कांग्रेस नेता के बेटे की गोली मारकर हत्या...

नई दिल्ली: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब देर रात तीन नकाबपोश हमलावर एक घर में घुस आए और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। यह घर स्थानीय कांग्रेस नेता सम्मेलाल कश्यप का बताया जा रहा है, जो सीमेंट और रेत के कारोबार से भी जुड़े हैं।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना रात करीब 12:30 बजे हुई। बाइक पर सवार होकर आए हमलावर सीधे घर के अंदर घुसे और कश्यप के बेटों को निशाना बनाया। इस हमले में 19 साल के आयुष कश्यप को सीने में गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसका छोटा भाई आशुतोष कश्यप भी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर है।

घायल आशुतोष ने बताया कि वह रात को सो रहा था, तभी अचानक घर में हलचल हुई। जब वह उठा तो देखा कि तीन हथियारबंद लोग कमरे में मौजूद हैं। उन्होंने बिना कुछ कहे फायरिंग शुरू कर दी। आशुतोष के हाथ में गोली लगी, जबकि उसके भाई को सीने में गोली मार दी गई। उसने बताया कि जब उसकी बहन ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो हमलावरों ने उन्हें भी धमकाया और पैसे व मोबाइल फोन मांगे।

हमलावर वारदात के बाद घर के कमरों को बाहर से बंद कर फरार हो गए। बाद में परिवार ने रिश्तेदारों को बुलाकर दरवाजा खुलवाया। चौंकाने वाली बात यह है कि हमलावर सिर्फ थोड़ी सी नकदी और एक मोबाइल लेकर भागे, जिससे लूट का एंगल संदिग्ध लग रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में नाकेबंदी कर दी गई। हमलावरों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। साथ ही, फोरेंसिक टीम और साइबर एक्सपर्ट्स भी जांच में जुट गए हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों का सुराग मिल सके।

फिलहाल, इस हमले के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।