Home Blog Page 360

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल अभी भी आईसीयू में भर्ती

सांस में दिक्कत की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती किये गए पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल अभी अस्पताल में ही हैं और उन्हें आईसीयू में रखा गया है। उन्हें एक हफ्ते पहले मोहाली में फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

जानकारी के मुताबिक 95 वर्षीय बड़े बादल को लेकर अस्पताल के मेडिकल बुलेटिन में कहा गया है – ‘प्रकाश सिंह बादल अब भी आईसीयू में चिकित्सकों की करीबी निगरानी में हैं।’

कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि बादल के स्वास्थ्य में हल्का सुधार हुआ है। अगले कुछ दिन में यदि वरिष्ठ नेता के स्वास्थ्य में क्रमिक सुधार होना जारी रहता है तो उन्हें एक निजी वार्ड में भेजा जा सकता है।

पिछले हफ्ते, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बादल के स्वास्थ्य की जानकारी ली थी और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की थी।

चीन दिल्ली में 27 से होने वाली शंघाई सहयोग संगठन बैठक में हिस्सा लेगा

शंघाई सहयोग संगठन की 27-28 अप्रैल को नई दिल्ली में होने वाली रक्षा मंत्री स्तरीय बैठक में चीन भी हिस्सा लेगा। चीन ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा है कि उसके रक्षा मंत्री ली शांगफू भारत में होने वाली इस बैठक में हिस्सा लेंगे।

गलवान में हुई खूनी झड़प के बाद किसी चीनी रक्षा मंत्री का ये पहला भारत दौरा होगा। नई दिल्ली में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) रक्षा मंत्रिस्तरीय बैठक के बाद चार और पांच मई को गोवा में समूह की विदेश मंत्रिस्तरीय बैठक भी होगी।

शंघाई सहयोग संगठन की रक्षा मंत्रिस्तरीय बैठक में चीन हिस्सा लेगा इसकी पुष्टि चीन ने कर दी है। बता दें ये बैठक 27-28 अप्रैल को नई दिल्ली में होगी। बैठक में पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी समेत एससीओ के सभी सदस्य देशों के विदेश मंत्री शामिल होंगे।

पाकिस्तान ने पहले ही पुष्टि कर दी थी कि भुट्टो बैठक में हिस्सा लेने के लिए भारत की यात्रा करेंगे। गोवा में होने जा रहे एससीओ विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय बातचीत की संभावना से विदेश मंत्री एस जयशंकर पड़ौसी देश से आतंकवाद चलते रहने के कारण इंकार कर चुके हैं।

पीएम मोदी देश की पहली वाटर मेट्रो का केरल में आज करेंगे उद्घाटन

देश की पहली वाटर मेट्रो का उद्घाटन आज पीएम मोदी केरल के कोच्चि में करेंगे। विश्व स्तरीय कोच्चि वाटर मेट्रो परियोजना कोच्चि और आसपास के 10 द्वीपों को जोड़ने वाली केरल की महत्वाकांक्षी परियोजना है।

कुल 78 इलेक्ट्रिक नौकाएं और 38 टर्मिनल के साथ केडब्ल्यूएम की लागत 1,136.83 करोड़ है, जो केरल सरकार और केएफडब्ल्यू ने वित्त पोषित की है। वातानुकूलित नौकाओं में किफायती और सुरक्षित यात्रा लोगों को यातायात जाम में फंसे बिना अपने गंतव्य तक पहुंचने में मदद करेगी।

पीएम मोदी का केरल के अपने दौरे के दूसरे दिन आज तिरुवनंतपुरम सेंट्रल रेलवे स्टेशन से वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी भी दिखाएंगे। यह राज्य की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस है।

पीएम तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां वो 3200 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।

इससे पहले सोमवार को पीएम मोदी ने कोच्चि में एक रोड शो में हिस्सा लिया। बाद में सेक्रेड हार्ट कॉलेज के ‘युवम 2023’ कार्यक्रम में पीएम ने युवाओं को संबोधित करते हुए पिनराई विजयन सरकार के कुछ शीर्ष अधिकारियों से कथित रूप से जुड़े सोने की तस्करी के घोटाले का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा – ‘राज्य के युवा जानते हैं कि सत्ता में रहने वाले लोग उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।’

पीएम ने किसी का नाम लिए बगैर कहा – ‘एक तरफ हम भारत के निर्यात को बढ़ाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर केरल में कुछ लोग सोने की तस्करी में जी तोड़ मेहनत कर रहे हैं।’

पाकिस्तान में दो अलग-अलग आतंकी वारदातों में 18 की मौत, कई घायल

पाकिस्तान में दो अलग-अलग आतंकी वारदातों में 18 लोगों की मौत हो गयी है। इनमें पहली घटना स्वात घाटी की है जहाँ एक आत्मघाती हमले में 8 लोगों की मौत हो गयी। दूसरी घटना में उत्तर पश्चिम खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में थाने पर हुए आतंकी हमले में  10 से ज्यादा लोगों की मौत हो गयी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक उत्तर पश्चिमी पाकिस्तान में आतंकवाद रोधी कार्यालय में सोमवार को दो धमाके हुए जिनमें कम से कम 8 लोगों की जान चली गयी। पुलिस ने कहा अभी यह साफ़ नहीं है कि स्वात घाटी में विस्फोट किस कारण हुआ।

पुलिस के मुताबिक आतंकवाद रोधी कार्यालय में गोला-बारूद का एक पुराना स्टोर था जहाँ यह विस्फोट हुआ। पुलिस जांच कर रही है कि क्या यह विस्फोट था या आतंकी हमला। मारे गए लोगों में ज्यादातर पुलिसकर्मी हैं।

उधर एक अन्य घटना में पाकिस्तान के अशांत माने जाने वाले उत्तर पश्चिम खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सोमवार को एक पुलिस थाने पर हुए आत्मघाती हमले में आठ पुलिसकर्मियों सहित कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई। घटना में 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

पहलवानों ने फुटपाथ पर बिताई रात, देशवासियों से की अपील बहन-बेटियों की लड़ाई में दे साथ

ओलंपिक मेडलिस्ट बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक, कॉमनवेल्थ चैंपियन विनेश फोगाट समेत देश के कर्इ पहलवानों ने रविवार को रेसलिंग फेडरेशन के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया।

धरने पर बैठे पहलवानों पूरी रात फुटपाथ पर ही बिताई और देश की आम जनता से अपील भी की है कि वो उनका समर्थन करने के लिए जंतर-मंतर आए।

टोक्यो ओलंपिक में ब्रॉन्ज जीतने वाले बजरंग पूनिया ने कहा कि, “अगर आज हम अपनी बहन बेटियों के लिए आवाज नहीं उठाएंगे तो आने वाले समय में कोई भी लड़की गलत के खिलाफ आवाज उठाने के योग्य नहीं रहेगी। आज हमारी बहन-बेटियां सड़क पर बैठी हैं, ये सच्चाई की लड़ाई है, हमारा साथ दीजिए।”

तीन बार कॉमनवेल्थ चैंपियन विनेश फोगाट ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा की है जिसमें उनके साथ बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक भी नजर आ रहे है। और उन्होंने बताया कि सात लड़कियों ने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन शोषण का मामले की शिकायत की लेकिन फिर भी कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गर्इ है। साथ ही जांच कमेटी जिसे चार हफ्तों में अपनी रिपोर्ट देनी थी किंतु तीन महीने बाद भी कोई रिपोर्ट नहीं आई है।

विनेश फोगाट ने देशवासियों से अपील की है कि उन्हें न्याय दिलाने के लिए वो अपना समर्थन दें। उन्होंने कहा कि, “हम आप सब देशवासियों से हाथ जोड़कर अपील करते हैं सभी खिलाड़ियों को न्याय दिलाने के लिए हमारा साथ और समर्थन दीजिए। प्लीज जंतर-मंतर पर आइए। आपके साथ और समर्थन से ही हम इस लड़ाई को जीत सकते हैं।”

विपक्षी एकता की कोशिशों के सिलसिले में नीतीश आज ममता बनर्जी से मिलेंगे

कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्षी नेताओं से मुलाकात का सिलसिला तेज कर रहे हैं। इस सिलसिले में आज (सोमवार) उनकी मुलाकात पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी से कोलकाता में होगी।

जानकारी के मुताबिक यह बैठक काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि ममता बनर्जी भी पिछले कुछ समय से पीएम मोदी और केंद्र सरकार पर लगातार हमें कर रही हैं। नीतीश कुमार कोलकाता में उनसे मिलकर आज विपक्ष की रूपरेखा को लेकर चर्चा करेंगे।

हाल में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पटना में नीतीश कुमार से मिले थे जिसके बाद कांग्रेस और नीतीश कुमार के संबंधों को लेकर नई चर्चा शुरू हो गयी है। नीतीश को ही भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ विपक्षी ताकतों को एकजुट करने का जिम्मा सौंपा गया है।

मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी से मुलाकात के बाद नीतीश ने कहा था कि विपक्ष को एकजुट करने की पूरी कोशिश की जा रही है और वे और नेताओं से भी मिलेंगे। खुद राहुल गांधी ने भी कहा था कि विपक्षी एकता और वैचारिक लड़ाई के लिए एक ऐतिहासिक शुरुआत हो गयी है।

कोविड का कहर कुछ घटा, 24 घंटे में आए 7,178 नए मामले

हाल के दिनों में कोविड-19 के मामले जिस रफ़्तार से बढ़ रहे हैं उसे लेकर सरकार भी चिंता में है। हालांकि, रविवार के दिन 24 घंटे में पिछले कुछ के मुकाबले कम नए मामले सामने आये हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के आज जारी आंकड़ों के मुताबिक भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 7,178 नए मामले आए सामने हैं। इससे एक दिन पहले रविवार को एक दिन में कोविड-19 के 10,112 नए मामले सामने आए थे।

मंत्रालय के मुताबिक देशव्यापी कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक लगभग 220.66 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं। सरकार पहले ही देश की जनता से कोविड के बढ़ते मामलों के चलते ऐहतियात बरतने की सलाह दे चुकी है।

सूडान के संघर्ष में एक भारतीय सहित अब तक 400 से ज्यादा लोगों की मौत

सूडान में चल रहे संघर्ष में अब तक 400 से ज्यादा लोगों की मौत हो गयी है जिनमें एक भारतीय भी है। मरने वालों में बड़ी संख्या में बच्चे और महिलाएं शामिल हैं जबकि 3500 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। दरअसल सूडान में देश की सेना और अर्धसैनिक रैपिड सपोर्ट फोर्स (आरएसएफ) के बीच लड़ाई चल रही है जिसकी कीमत लोगों को भी चुकानी पड़ रही है।

 इस बीच भारतीय विदेश मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, भारत ने कहा कि उसके सऊदी अरब में जेद्दा में स्टैंडबाय पर वायु सेना के दो विमान थे और पोर्ट सूडान में एक नौसेना जहाज आया था, लेकिन कोई भी निकासी सुरक्षा स्थिति पर निर्भर करेगी।

सूडान के संघर्ष को लेकर डब्ल्यूएचओ ने रविवार को कहा कि वहां बच्चों को बड़ी कीमत चुकानी पड़ रही है। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि सूडान के इस संघर्ष में एक भारतीय की मौत की भी पुष्टि हुई है जबकि भारत सरकार ने भारतीयों को सूडान जाने के लिए एहतियात बरतने की सलाह दी है।

उधर डब्ल्यूएचओ की प्रवक्ता मार्गरेट हैरिस ने संयुक्त राष्ट्र की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा – ‘सरकार के आंकड़ों के मुताबिक संघर्ष में 413 लोगों की मौत हुई है और 3,551 लोग घायल हुए हैं।’ यह संघर्ष देश की सेना और अर्धसैनिक रैपिड सपोर्ट फोर्स  के बीच चल रहा है और इन झड़पों में आम लोगों को भी नुकसान हुआ है।

रिपोर्ट्स में बताया गया है कि सूडान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में काम करना बंद करने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की संख्या 20 है। संघर्ष के चलते बंद होने के जोखिम वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की संख्या 12 है।

खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह को डिब्रूगढ़ जेल में बंद किया गया

खालिस्तान समर्थक और ‘वारिस पंजाब दे’ के कर्ताधर्ता अमृतपाल सिंह, जिसे पुलिस ने रविवार  को गिरफ्तार कर लिया था, उसे असम की डिब्रूगढ़ जेल में रखा गया है। उसे वहां अकेले सेल में रखा गया है। एक महीने से ज्यादा से अमृतपाल भागता फिर रहा था और उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया था। उसे मोगा जिले के एक गुरुद्वारे के बाहर कल गिरफ्तार किया गया था ।

अमृतपाल सिंह की पुलिस 36 दिन से तलाश कर रही थी। कट्टरपंथी सिख नेता को गिरफ्तार करने के बाद उसे राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत असम की डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल में भेज दिया गया। इस जेल में उसके 9 साथी पहले से बंद हैं।  रिपोर्ट्स के मुताबिक अमृतपाल की जेल में पहली रात तनाव में कटी और वह काफी देर तक जागता रहा।  

पिछले कल गिरफ्तारी के बाद अमृतपाल सिंह को पंजाब पुलिस एयर फोर्स के विशेष विमान से असम के मोहनबारी एयरपोर्ट ले गयी। वहां से उसे कड़ी सुरक्षा के बीच उसे डिब्रूगढ़ जेल पहुंचाया गया। रविवार दोपहर जब अमृत पाल डिब्रूगढ़ जेल पहुंचा तो सबसे पहले क़ैदियों वाले रजिस्टर में एंट्री करने के बाद उसका मेडिकल चेकअप करवाया गया।

अमृतपाल को अलग सेल में अकेले रखा गया है। अमृतपाल के जो 9 साथी वहां बंद हैं  उनमे से किसी को भी अमृतपाल से मिलने की इजाजत नहीं दी गयी है। उसके यह साथी अलग-अलग सेल में हैं। जहाँ अमृतपाल सिंह को रखा गया है वहां पहले उल्फा से जुड़े खतरनाक उग्रवादियों को रखा जाता रहा है।

जेल मैनुअल के अनुसार उसे सेल के भीतर ही खाना दिया गया जो उसने खा लिया। डिब्रूगढ़ जेल में इस समय करीब 420 कैदी बंद हैं जिनमें अमृतपाल और उसके 9 साथियों समेत 10 कैदी ही ऐसे हैं, जिनके ऊपर एनएसए लगा हुआ है। अमृतपाल के पहुंचने के पहले ही जेल के अंदर और बाहर की सुरक्षा बढ़ा दी गई।

पुंछ में पांच सैनिकों को शहीद करने वाले आतंकियों का अभी नहीं सुराग

जम्मू कश्मीर के पुंछ सेक्टर में गुरुवार को जिन आतंकियों ने हमला करके देश के पांच सैनिकों को शहीद कर दिया था, उनका अभी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। उन्हें पकड़ने के लिए चलाया गया घेराबंदी और तलाश अभियान अभी जारी है।

जानकारी के मुताबिक आतंकियों को खोजने के लिए ड्रोन के अलावा खोजी कुत्तों की मदद ली जा रही है। अभी तक आतंकियों का पता नहीं चला है। सेना, पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के सैकड़ों जवान आतंकियों की तलाश में जुटे हैं।

हमलावरों की तलाश में करीब 13  किलोमीटर में फैले भाटादूड़ियां के घने जंगलों में की जा रही है। जवानों पर हमला करने वाले आतंकियों की संख्या छह से सात होने की आशंका जताई जा रही है। पूछताछ के लिये दर्जन भर संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।