Home Blog Page 333

भारत में 699 रुपए मासिक पर मिलेगा ‘ब्लू टिक’: मेटा ने कहा

सोशल मीडिया कंपनी मेटा भारत में वेरिफाइड अकाउंट सर्विस शुरू करने का ऐलान किया है। यह ब्लू टिक के लिए है और भारत में कंपनी मोबाइल ऐप्स के लिए 699 रुपये प्रति महीने की दर से सत्यापित (वेरिफाइड) सेवा देगी। इसके अलावा कुछ महीने में कंपनी 599 रुपये मासिक दर से वेब संस्करण का विकल्प भी पेश करेगी।

फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप का संचालन करने वाली कंपनी मेटा ने एक बयान में कहा कि वह अगले कुछ महीने में 599 रुपये प्रति महीने की दर से वेब पर भी वेरीफाइड सेवा शुरू करने की योजना बना रही है।

बयान में कहा गया है – ‘मेटा वेरिफाइड सेवा भारत में इंस्टाग्राम या फेसबुक पर खरीद के लिए उपलब्ध है। लोग आईओएस और एंड्रॉयड पर 699 रुपये प्रति महीने की दर से यह सेवा खरीद सकते हैं। कुछ महीने में हम 599 रुपये प्रति महीने की दर से वेब संस्करण का विकल्प भी पेश करेंगे।’

वेरिफाइड खाता की सेवा लेने के लिए फेसबुक और इंस्टाग्राम उपयोगकर्ताओं को उनके (फेसबुक या इंस्टाग्राम) खाते को किसी सरकारी पहचान पत्र से सत्यापित कराना होगा। वेरिफाइड खाते के लिए मासिक शुल्क वसूलने की शुरुआत माइक्रोब्लॉगिंग मंच ट्विटर ने की थी।

गैंगस्टर संजीव जीवा की लखनऊ में कोर्ट परिसर में गोली मारकर हत्या

दुर्दांत अपराधी संजीव जीवा की बुधवार को उत्तर प्रदेश के लखनऊ में कोर्ट परिसर में  गोली मारकर हत्या कर दी गई। जीवा के हत्यारे वकील बनकर आए थे।

जीवा गैंगस्टर कृष्णा नंद राय हत्याकांड का आरोपी था। साल 2022 में भी शामली में उसके ऊपर मामले दर्ज हुए थे। एके 47 बेचने का आरोप भी जीवा पर था। गैंगस्टर जीवा को अपराध की दुनिया में ‘डॉक्टर’ के नाम से जाना जाता था और वह मूलत: मुजफ्फरनगर का रहने वाला था। उसकी पत्नी पायल 2017 में मुजफ्फरनगर से रालोद के टिकट पर विधानसभा का चुनाव लड़ चुकी है।

पुलिस की हिरासत में गैंगस्टर अतीक अहमद की गोली मारकर हत्या के दो महीने बाद अब कोर्ट परिसर में यह हत्या हुई है। बताया गया है कि हमलावर वकील के वेश में पहुंचे थे। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें देखा गया है कि हत्यारों ने किस तरह घटना को अंजाम दिया।

जीवा पहले मुन्ना बजरंगी गैंग के लिए काम करता था और बाद में मुख्तार अंसारी के लिए काम करने लगा था। संजीव पर यूपी-उत्तराखंड में करीब 50 मुकदमे दर्ज हैं।

मणिपुर में घायल बच्चे को ले जा रही एम्बुलेंस में आग लगाई, 3 की मौत

मणिपुर लगातार हिंसा की आग में जल रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की तीन दिन की यात्रा और उसमें महत्वपूर्ण फैसलों के बावजूद हालात पटड़ी से उतरे हुए लग रहे हैं। अब एक घटना में पश्चिम इंफाल जिले के इरोइसेम्बा में भीड़ ने एक एंबुलेंस को रोक कर उसमें आग लगा दी जिससे उसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गयी।

जिस एबुलेंस में भीड़ ने आग लगाई उसमें एक बच्चे, जिसके सिर पर गोलीबारी की एक घटना में गंभीर चोट लग गयी थी, उसे परिजन अस्पताल ले जा रहे थे। बच्चे की मां और  एक अन्य रिश्तेदार उसे इंफाल स्थित अस्पताल ले जा रहे थे कि कुछ लोगों ने इरोइसेम्बा में एम्बुलेंस को रोककर उसमें आग लगा दी।

इस घटना में आठ वर्षीय बच्चे समेत तीनों लोगों की मौत हो गयी। इनकी पहचान तोंसिंग हैंगिंग (8), उसकी मां मीना हैंगिंग (45) और रिश्तेदार लिदिया लोरेम्बम (37) के रूप में हुई है। सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक घटनास्थल और उसके आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

आदिवासी परिवार का बच्चा तोंसिंग और मेइती जाति की उसकी मां कंग्चुप में असम राइफल्स के राहत शिविर में रह रहे थे। इलाके में गोलीबारी के दौरान शिविर में होने के बावजूद बच्चे को गोली लग गई। घायल बच्चे को सड़क मार्ग से इंफाल के ‘रीजनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज’ ले जाने का फैसला किया गया।

पहले असम राइफल्स की सुरक्षा में एम्बुलेंस को ले जाया गया और उसके बाद स्थानीय पुलिस ने यह जिम्मा संभाला। हालांकि, इरोइसेम्बा में कुछ लोगों ने एम्बुलेंस को रोककर उसमें आग लगा दी। इस घटना में तीनों की मौत हो गई।

केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ खिलाडियों के बीच चली लंबी बैठक

कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ करीब एक महीने से ज्यादा आंदोलन कर रहे पहलवानों की मुलाकात आज केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से हुई। केंद्रीय मंत्री के साथ पहलवानों की बैठक करीब 6 घंटे लंबी चली। सरकार और पहलवानों के बीच यह दूसरे राउंड की बैठक है।

अनुराग ठाकुर ने बैठक के बाद कहा कि, “बैठक में सकारात्मक बातचीत हुई। बीजेपी सांसद और कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ जारी जांच 15 जून तक पूरा कर ली जाएगी। बैठक में हमने जांच पूरी करके चार्जशीट दायर करने की बात की है और हम ये करेंगे।“

उन्होंने आगे कहा कि, “खिलाड़ी चाहते हैं कि 15 जून तक चार्जशीट दायर हो। तब तक वो कोई प्रदर्शन नहीं करेंगे। सारी बातें आम सहमति से हुई हैं। खुले मन के साथ सभी विषयों पर गंभीरता से बातचीत की है। ”

केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ खिलाड़ियों की ये बैठक उनके घर पर हुई। इस बैठक में बजरंग पुनिया, साक्षी मलिक और किसान नेता राकेश टिकैत मौजूद रहे।

आपको बता दें, स्टार पहलवान साक्षी मलिक, बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट के नेतृत्व में पहलवान कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे है। पहलवानों ने बृजभूषण पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच जारी है। पहलवानों की सरकार से मांग है कि बृजभूषण को गिरफ्तार कर अध्यक्ष पद से हटाया जाए।

शाह ने की पुनिया से फोन पर बात, अनुराग आज मिलेंगे पहलवानों से

गृह मंत्री अमित शाह के फोन करके पहलवान बजरंग पुनिया से फोन पर बात करने की ख़बरों के बीच खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने पहलवानों को आज दोपहर बातचीत के लिए न्योता भेजा है। उधर (बीकेयू) के नेता राकेश टिकैत ने जोर देकर कहा है कि उन्होंने पहलवानों से अपना समर्थन वापस नहीं लिया है।  

ख़बरों के मुताबिक अनुराग और पहलवानों की मुलाकात आज दोपहर दिल्ली में मुलाक़ात हो सकती है। हालांकि, इस बारे में पहलवानों की तरफ से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। उधर गृह मंत्री अमित शाह ने पहलवानों के विरोध प्रदर्शन को लेकर बजरंग पुनिया से फोन पर बात की है।

कुछ रिपोर्ट्स में बताया कि पहलवान सरकार के साथ बैठक के लिए तैयार हैं। हालांकि खिलाड़ियों का कहना है कि हम छुपकर कोई बैठक नहीं करेंगे। इसे देखते हुए खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने ट्वीट कर खिलाड़ियों को बातचीत का न्योता दिया है। इसके बाद पहलवान खेल मंत्री से बातचीत के लिए तैयार हो गए हैं।

इस बीच बीकेयू नेता राकेश टिकैत ने साफ़ कहा है कि उन्होंने पहलवानों से अपना समर्थन वापस नहीं लिया है और उन्होंने केवल पहलवानों के अनुरोध पर बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ नौ जून के प्रदर्शन को स्थगित कर दिया है। याद रहे ओलंपिक पदक विजेता बजरंग पुनिया और साक्षी मलिक ने अपनी मांगों से अवगत कराने के लिए शनिवार रात शाह से मुलाकात की थी।

किसान नेता ने स्पष्ट किया कि वे अब भी पहलवानों का समर्थन कर रहे हैं। टिकैत ने कहा कि दिल्ली में हमारा 9 जून का प्रदर्शन फिलहाल स्थगित है, हम सरकारी अधिकारियों और प्रदर्शनकारी पहलवानों के बीच बैठक के नतीजे का इंतजार करेंगे।  हम (किसान संघ) पहलवानों के समर्थन में हैं और उनका समर्थन जारी रखेंगे।

अमेरिका के वर्जीनिया में पार्क में गोलीबारी की घटना, 2 की मौत

अमेरिका में गोलीबारी की घटनाएं थमते नहीं थम रहीं। अब वर्जीनिया के रिचमोंड  में एक पार्क में बंदूकधारी के गोली चलाए जाने से दो लोगों की मौत हो गई। इस घटना में पांच लोग घायल भी हुए हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक गोलीबारी की घटना तब हुई, जब हाई स्कूल के स्नातक छात्र और उनके परिवार के सदस्य दीक्षांत समारोह समाप्त होने के बाद एक थिएटर से बाहर निकल रहे थे। पुलिस ने बताया कि बंदूकधारी ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी, जिसकी चपेट में कई लोग आ गए।

पुलिस अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि उसने एक संदिग्ध, 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया और उस पर अन्य संभावित अपराधों के अलावा दूसरी डिग्री की हत्या के दो मामलों के आरोप लगाने की योजना बनाई।

यह घटना वर्जीनिया कॉमनवेल्थ यूनिवर्सिटी के कैंपस में अल्ट्रिया थिएटर के बाहर हुई, जहां स्थानीय हाई स्कूल ग्रेजुएशन समारोह आयोजित किया जा रहा था। एडवर्ड्स ने कहा कि मरने वालों में 18 और 36 साल के पुरुष हैं। उन्होंने डब्ल्यूडब्ल्यूबीटी टेलीविजन समाचार रिपोर्ट की पुष्टि नहीं की कि पीड़ित पिता और पुत्र थे।

मध्य प्रदेश ‘बजरंग सेना’ का कांग्रेस में विलय, पूर्व मंत्री जोशी भी शामिल

मध्य प्रदेश में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं, हालांकि, वहां राजनीतिक दलों में अभी से माहौल बनना शुरू हो गया है। कांग्रेस को उस समय बड़ा बल मिला जब हिंदूवादी संगठन ‘बजरंग सेना’ ने खुद का कांग्रेस में विलय कर लिया। कांग्रेस में शामिल होते हुए सेना ने आरोप लगाया कि भाजपा जनता के जनादेश को धोखा देकर राज्य की सत्ता में आई है और अपने रास्ते से भटक गई है।

बजरंग सेना का कांग्रेस में विलय मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की उपस्थिति में हुआ। विलय की घोषणा बीएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष रजनीश पटेरिया और समन्वयक रघुनंदन शर्मा ने की। इस मौके पर पूर्व मंत्री दीपक जोशी भी उपस्थित थे जिन्होंने कांग्रेस में शामिल होने के लिए भाजपा छोड़ दी।

कांग्रेस में शामिल होने पर बजरंग सेना के सदस्यों ने कमलनाथ को गदा और स्मृति चिह् भेंट किया और ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाए। कमलनाथ ने इस विलय का स्वागत करते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान खोखली घोषणाएं कर रहे हैं क्योंकि चुनाव निकट आ रहे हैं।

कमलनाथ ने दावा किया कि ‘चौहान ने अब तक 20,000 से अधिक घोषणाएं की हैं जो अभी तक लागू नहीं हुईं। जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, चौहान को अब महिलाओं, युवाओं और कर्मचारियों की याद आ रही है’। उन्होंने कहा कि जनता ने इस बार भाजपा की सरकार को ख़त्म करने का फैसला किया है, जो ‘खरीद-फरोख्त’ से सत्ता में आई थी।

तत्कालीन बजरंग सेना के कांग्रेस में शामिल हुए नेता पटेरिया ने दावा किया कि बड़ी संख्या में कांग्रेस में शामिल होने वाले कार्यकर्ता भाजपा की हार सुनिश्चित करेंगे, जो लोगों के जनादेश को धोखा देकर सत्ता में आई थी। बजरंग सेना की स्थापना 2013 में छतरपुर में हुई थी जो धार्मिक और सामाजिक मुद्दों पर आंदोलन करती है।

रूसी सेना ने दक्षिणी यूक्रेन के अपने नियंत्रित हिस्से में बांध को उड़ाया

रूस ने मंगलवार को चेतावनी दी है कि यदि अमेरिका अपने एफ-16 लड़ाकू विमान यूक्रेन को देता है तो इससे संघर्ष बढ़ेगा क्योंकि ये परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम हैं। जेलेंस्की लंबे समय से अमेरिका से एफ-16 लड़ाकू विमान के लिए मांग कर रहे थे। उधर दक्षिणी यूक्रेन के रूस नियंत्रित हिस्से में सोवियत-युग का एक प्रमुख बांध  मंगलवार को टूट गया। इसका पानी युद्ध क्षेत्र में छोड़ दिया गया है।  

रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने मंगलवार को ताजिकिस्तान के दुशांबे में एक सैन्य अड्डे पर अपने संबोधन में कहा – ‘हमें यह ध्यान रखना चाहिए कि एफ-16 परमाणु हथियार ले जा सकता है।’ उन्होंने चेतावनी दी कि कीव को इनकी आपूर्ति करने से संघर्ष और बढ़ेगा। अगर वे इसे नहीं समझते हैं, तो वे सैन्य रणनीतिकारों और योजनाकारों की भूमिका में बेकार हैं।’

याद रहे यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की लंबे समय से एफ-16 लड़ाकू विमान के लिए अमेरिका से मांग कर रहे थे। उनका कहना है कि यूक्रेनी पायलटों के हाथ में
एफ-16 लड़ाकू विमान लगने से रूस की हार होगी। बता दें पिछले महीने जी-7 नेताओं से अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा था कि वाशिंगटन यूक्रेनी पायलटों को एफ-16 लड़ाकू विमानों की ट्रेनिंग प्रदान करेगा। घोषणा के बाद से ही रूस की ओर से आपत्ति आने लगी थी।

उधर दक्षिणी यूक्रेन के रूस नियंत्रित हिस्से में एक प्रमुख सोवियत-युग का बांध मंगलवार को टूट गया। सोशल मीडिया पर चल रहे वीडियो (जिसका सत्यापन नहीं हुआ है) में बांध के अवशेषों के माध्यम से पानी के बहाव को दिखाया गया है। यह बांध साल 1956 में कखोवका पनबिजली संयंत्र के हिस्से के रूप में निप्रो नदी पर बनाया गया था। यूक्रेन की सेना ने दावा किया है कि रूसी सेना ने बांध को उड़ा दिया।

रिपोर्ट्स में कहा गया है कि रूस और यूक्रेन ने इसके बाद युद्ध क्षेत्र में बांध के पानी  को छोड़ दिया। यह बांध क्रीमिया प्रायद्वीप को भी पानी की आपूर्ति करता है, जिसे 2014 में रूस ने अपने कब्जे में ले लिया था। ज़ापोरिज़्ज़िया परमाणु संयंत्र में भी इसका पानी इस्तेमाल होता है।

एनसीबी ने दो दशकों में ड्रग्स की सबसे बड़ी खेप की जब्त

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने ड्रग की खेप पकड़ी है। एनसीबी द्वारा की गयी इस छापेमारी में हजारों करोड़ की नशीली दवा लीसर्जिक एसिड हार्इएथिलेमाइड (एलएसडी) बरामद किए है।

एनसीबी ने छापेमारी के दौरान कर्इ ड्रग्स तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। छापेमारी को लेकर एनसीबी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि, दो दशकों में सबसे बड़ी रिकवरी है। डीडीजी एनसीबी ज्ञानेश्वर सिंह ने बताया कि एलएसडी आजकल यूथ और स्टूडेंट में बहुत फेमस हैं, लेकिन ये बहुत खतरनाक है।

उन्होंने आगे कहा कि इसकी कमर्शियल क्वांटिटी 0.1 ग्राम है। एक स्टैंप के आधे हिस्सा में इसे लगाते हैं, ऐसे 5 स्टैंप से एक ब्लॉट बनता है। 15 हजार ब्लॉट बरामद हुए हैं और 6 आरोपी गिरफ्तार किये गए हैं। दो दशकों में इतनी बढ़ी रिकवरी नहीं हुर्इ, इसके तारे विदेश और पूरे देश के अलग-अलग राज्यों से जुड़े हैं। पकड़े गए लोग बहुत पढ़े-लिखे हैं और कंज्यूमर यूथ है।

उन्होंने बताया कि भारत ड्रग्स का कंज्यूमर कंट्री बनता जा रहा है। डार्कनेट, क्रिप्टो करेंसी और फॉरेन पोस्ट ऑफिस के जरिये ये धंधा चल रहा था। 4 लाख कैश और 20 लाख अकाउंट मिला है। क्रिप्टो बैलेट की जांच चल रही है। ये लोग सोशल मीडिया के जरिये ड्रग्स बेचते थे।

आपको बता दें, ऑपरेशन समुद्रगुप्त नाम का विशेष ऑपरेशन फरवरी 2022 में शुरू किया गया था और अभी तक 4 हजार किलोग्राम ड्रग्स जब्त किए जा चुके है।

मणिपुर में सुरक्षाबलों और उग्रवादियों के बीच गोलीबारी में जवान शहीद, 2 घायल

मणिपुर में सुरक्षाबलों और उग्रवादियों के बीच चली गोलीबारी में सोमवार देर रात एक बीएसएफ जवान शहीद हो गया है। इस घटना में असम राइफल्स के दो जवान घायल हुए हैं। इस बीच सुरक्षाबलों ने राज्य में शुरू किये गए अभियान में अलग-अलग जगह 40 हथियार, जिनमें अधिकतर स्वचालित हैं, बरामद किये हैं।

सेरू इलाके में सुरक्षाबलों और विद्रोहियों के एक समूह के बीच 5-6 जून की रात यह गोलीबारी हुई। इसमें असम राइफल्स के दो जवान घायल हो गए। इनमें से एक गंभीर जवान की बाद में मौत हो गयी।  

सेना की स्पीयर कोर के एक बयान में बताया गया है कि बीएसएफ का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि असम राइफल्स के दो जवानों को सामान्य इलाके सेरू में गोली लगी। घायल जवानों को विमान से मंत्रिपुखरी ले जाया गया है।

जानकारी के मुताबिक असम राइफल्स, बीएसएफ और पुलिस के मणिपुर में सुगनू/सेरू क्षेत्रों में अभियान के दौरान 5-6 जून की रात सुरक्षाबलों और विद्रोहियों के समूह के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी हुई। मानव रहित हवाई वाहनों और क्वाडकॉप्टरों के निगरानी कवर के तहत किए गए अभियानों में अब तक 40 हथियार (ज्यादातर स्वचालित), मोर्टार, गोला-बारूद और अन्य जंगी सामान बरामद किए गए हैं।