‘अभेद्य’ हुआ पहलगाम: PM Modi के कड़े संदेश और Digi तकनीक का ‘डबल अटैक’

पहलगाम हमले का एक साल : प्रधानमंत्री ने आज फिर दोहराया कि 'भारत आतंक के आगे कभी नहीं झुकेगा'। बरसी के मौके पर लॉन्च हुआ QR Code का सुरक्षा कवच अब हर पर्यटक की उंगलियों पर मौजूद है। तकनीक और सतर्कता के इस मेल ने बैसरन जैसी साजिशों को नाकाम कर घाटी के पर्यटन में पारदर्शिता और अटूट विश्वास की नई नींव रख दी है...

Pahalgam आतंकी हमले की बरसी के मौके पर लॉन्च हुआ QR Code का सुरक्षा कवच … Photo Source : Social media
Pahalgam आतंकी हमले की बरसी के मौके पर लॉन्च हुआ QR Code का सुरक्षा कवच … Photo Source : Social media

तहलका डेस्क।    

नई दिल्ली/जम्मू-कश्मीर। “भारत कभी भी आतंक के आगे नहीं झुकेगा।” प्रधानमंत्री Narendra Modi का यह कड़ा संदेश आज केवल एक बयान नहीं, बल्कि पहलगाम की वादियों में एक नई हकीकत बनकर उभर रहा है। बैसरन के शांत मैदानों पर हुए आतंकी हमले की पहली बरसी पर, जहां एक ओर देश शहीदों और मासूमों को याद कर रहा है, वहीं दूसरी ओर Jammu-Kashmir प्रशासन ने आतंकवाद के ‘कायराना मंसूबों’ को तकनीक के ‘अभेद्य कवच’ से नाकाम कर दिया है।  

पिछले साल 22 अप्रैल को लश्कर-ए-तैयबा द्वारा किए गए हमले की यादें आज भी ताजा हैं, जिसमें 25 पर्यटकों सहित 26 लोगों ने अपनी जान गंवाई थी। उस त्रासदी के बाद सबसे बड़ी चुनौती पर्यटकों के मन से डर को निकालना और घाटी की पारंपरिक मेहमाननवाजी पर विश्वास बहाल करना था। इसी दिशा में कदम बढ़ाते हुए प्रशासन ने अब पहलगाम के पूरे पर्यटन तंत्र को एक अनिवार्य ‘क्यूआर कोड आधारित सत्यापन प्रणाली’ (QR Code Verification System) से लैस कर दिया है। यह पहल आतंक के खिलाफ भारत की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का एक आधुनिक डिजिटल विस्तार है।

अब पहलगाम में टट्टू चालक, फेरीवाले और दुकानदार जैसे सभी Service Providers इस डिजिटल सुरक्षा घेरे का हिस्सा हैं। पर्यटकों को अब किसी की पहचान को लेकर परेशान होने की जरूरत नहीं है। वे बस अपने मोबाइल फोन से सेवा प्रदाता का क्यूआर कोड स्कैन कर सकते हैं।

एक क्लिक करते ही संबंधित व्यक्ति का नाम, पता, आधार नंबर और पुलिस वेरिफिकेशन की पूरी जानकारी सामने आ जाती है। इससे किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के लिए पर्यटन क्षेत्र में घुसपैठ करना नामुमकिन हो गया है।यह नई प्रणाली न केवल सुरक्षा बढ़ाती है, बल्कि धोखेबाजी और ओवरचार्जिंग जैसी समस्याओं पर भी लगाम लगाती है। प्रशासन द्वारा सत्यापित जानकारी होने से पर्यटकों और स्थानीय सेवा प्रदाताओं के बीच पारदर्शिता बढ़ी है।

आज पहलगाम अपनी पुरानी रौनक की ओर तेजी से लौट रहा है। डिजिटल पहचान की इस व्यवस्था ने डर के माहौल को उम्मीद और भरोसे में बदल दिया है। तकनीक के इस सटीक इस्तेमाल ने साबित कर दिया है कि सुरक्षा को बिना किसी परेशानी के भी पुख्ता किया जा सकता है। अब पहलगाम आने वाले पर्यटकों के लिए सुरक्षा की गारंटी उनकी उंगलियों पर मौजूद एक Scan में छिपी है, जिससे घाटी का सफर अब पहले से कहीं अधिक सरल और सुरक्षित हो गया है।