Home Blog Page 1325

जम्मू के रियासी में भूस्खलन : 7 की मौत

जम्मू के रियासी इलाके में रविवार शाम ३.३० बजे के आसपास एक झरने के पास भूस्खलन होने से कम से कम ७ लोगों की मौत हो गयी। सात लोगों के शव पुलिस ने मलवे से निकले हैं। गैरसरकारी सूचना के मुताबिक यह हादसा रियासी के सियालवाला पिकनिक स्पॉट के पास हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू किये गए हैं। इस घटना में कम से कम ४0 अन्य लोग घायल हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक रविवार होने के कारण बड़ी संख्या में पर्यटक इस स्थल पर मौजूद थे जब यह हादसा हुआ। पिकनिक स्पॉट के पास पहाड़ी का मलवा नीचे आ गिरा जिससे लोग उसमें दब गए। बारिश के कारण पहाड़ी का मलबा नीचे आ गिरा जिसमें इन लोगों की दबने से मौत हो गयी।

कुछ गंभीर घायलों को जम्मू रेफर करने की सूचना है और उनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह भी कहा गया है कि कुछ लोग अभी मलवे में दबे हैं और उन्हें बचाने के प्रयास किये जा रहे हैं।

कठुआ रेप : सबूत मिटाने के आरोप में ४ पुलिस वाले बर्खास्त

जम्मू कश्मीर में चार पुलिस कर्मियों को बर्खास्त कर दिया गया है।  इन चारों पर कठुआ में आठ साल के बच्ची से रेप के मामले में सबूत मिटाने का आरोप है।

मिली जानकारी के मुताबिक जिन चार पुलिस कर्मियों को बर्खास्त किया गया है उनमें से एक विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) भी शामिल है। आठ साल की बच्ची से रेप और उसकी निर्मम हत्या का मामला इस समय अदालत में है और उसकी जांच जारी है। जिन चार पुलिस कर्मियों को रविवार दोपहर बर्खास्त करने के निर्देश सरकार की तरफ से जारी हुए हैं उनपर आरोप है कि उन्होंने रेप और हत्या से जुड़े सबूतों को नष्ट करने की कोशिश की है। इस बारे में और ब्योरे का इन्तजार है।

छत्तीसगढ़ में नक्सलियों से मुठभेड़ : बीएसएफ के दो जवान शहीद

शहीद मुख्तयार सिंह, शहीद लोकेंद्र सिंह

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में बीएसएफ के दो जवान शहीद हो गए।  इस मुठभेड़ में एक अन्य जवान घायल हो गया है। जवानों ने भी ताबड़तोड़ जवाबी फायरिंग की हालांकि अचानक हमले से बीएसएफ 175 बटालियन के दो जवान राजस्थान निवासी लोकेंद्र सिंह और पंजाब निवासी मुख्तयार सिंह शहीद हो गए। घायल संदीप डे पश्चिम बंगाल का रहने वाला बताया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह करीब 3.45 बजे गश्त पर निकले बीएसएफ के दस्ते पर नक्सलियों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से दो जवानों की मौत हो गई जबकि एक घायल हो गया। शहीद जवान बीएसएफ की 175वीं बटालियन के थे। हमले में घायल जवान को रायपुर लाने के लिए एमआई-17 हेलिकॉप्टर ने उड़ान भरी लेकिन खराब मौसम की वजह से हेलिकॉप्टर को बीच रास्ते से ही लौटना पड़ा। घायल जवान की हालत नाजुक बताई जा रही है।

जहाँ यह घटना हुई उसे धुर नक्सल प्रभावित क्षेत्र माना जाता है। यह इलाका पंखाजुर है जहाँ पुलिस के अभियान से परेशान नक्सलियों ने रविवार तड़के बीएसएफ जवानों पर फायरिंग कर दी जो सर्चिंग पर निकले थे। हमले में बीएसएफ के दो जवान शहीद हो गए, जबकि एक घायल हुआ है। घायल जवान को हेलीकॉप्टर से रायपुर लाया जा रहा है। झबरों के मुताबिक जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ अभी जारी थी।

बीएसएफ जवानों पर नक्सलियों का यह हमला प्रतापपुर थाना क्षेत्र के मोहला जंगल में हुआ। जवान तड़के करीब 3.45 बजे सर्चिंग पर मोहला से प्रतापपुर की ओर निकले थे। इसी दौरान लौटते समय वो एंबुश में फंस गए अौर बरकोट गांव की ओर से नक्सलियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी।

झारखंड के एक ही परिवार के 6 लोगों ने की ख़ुदकुशी

दिल्ली के बुराड़ी शहर की तरह झारखंड के हजारीबाग में एक ही परिवार के छह लोगों ने खुदकुशी कर ली है।

खजांची तालाव इलाके में परिवार के पांच लोगों ने फंदे पर झूलकर जान दे दी और एक ने छत से कूदकर अपने प्राण त्याग दिए।

मामला सदर थाना क्षेत्र का है. पुलिस का कहना है कि पांच लोगों ने फंदे पर झूलकर जान दी है और एक ने छत से कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त की है.

मामला हजारीबाग सदर थाना क्षेत्र का है।  पुलिस को घटना स्थल पर एक सुसाइड नोट भी मिला है।

इलाक़े के लोगों के मुताबिक़ यह एक मारवाड़ी परिवार था जो  सूखे फलों की दुकान करता था।

कारोबार में भारी नुकसान झेल रहे इस परिवार में कलह के हालात थे।

आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं परेशानियों से तंग आकर पूरे परिवार ने सुसाइड का रास्ता चुना है।

हालांकि पुलिस सुसाइड और मर्डर दोनों एंगल की जांच कर रही है।

करीब तीन सप्ताह पहले दिल्ली के बुराड़ी इलाके में एक ही परिवार के 11 लोग घर में फंदे पर झूलते मिले थे।

गुजरात कांग्रेस के महेंद्र सिंह वाघेला भाजापा में शामिल

गुजरात कांग्रेस के पूर्व विधायक और कद्दावर नेता रहे शंकर सिंह वाघेला के बेटे महेंद्र सिंह वाघेला शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए हैं।

इस पर पूर्व मुख्य मंत्री वाघेला ने अपने बेटे को चेतावनी देते हुए कहा कि वह एक सप्ताह के भीतर बीजेपी से इस्तीफा दे दें।  “जिस तरह से महेंद्र ने बीजेपी ज्वॉइन की है, उससे मैं खुश नहीं हूं. उसे अपने समर्थकों से सलाह लेनी चाहिए थी. मैंने उसे एक सप्ताह का समय के भीतर बीजेपी छोड़ने को कहा है. अगर वह ऐसा नहीं करता है तो मैं उससे अपने सभी राजनीतिक रिश्ते तोड़ लूंगा.”

महेंद्र सिंह — जिन्होंने 2012 में उत्तर गुजरात के बयाड विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल की थी मगर दिसंबर 2017 में हुए चुनावों का वह हिस्सा नहीं बने थे — ने इस घटनाक्रम के बाद कोई प्रतिक्रिया नहीं दी  है.

इससे पहले पिछले पखवाड़े में कांग्रेस के दिग्गज नेता व विधायक कुंवरजी बावलिया और राजकोट के कद्दावर नेता व पूर्व विधायक इंद्रनील राज्यगुरु ने भी कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था.

रिपोर्ट्स के मुताबिक़ बावलिया के भाजपा में शामिल होते ही उन्हें कैबिनेट मंत्री बना दिया गया।

इस राजनीतिक चाल के रणनीतिकार माने जाने वाले अमित शाह गुरुवार शाम को अहमदाबाद पहुंचे थे और शनिवार तड़के भगवान जगन्नाथ की पारंपरिक रथ यात्रा शुरू करने के लिए मंगल आरती की.

गुजरात विधानसभा चुनाव में बीजेपी को पिछली बार की तुलना में काफी कम सीटें आई हैं. वहीं कांग्रेस 77 सीटें आई थीं. बीजेपी बड़ी मुश्किल से बहुमत के आंकड़ो तक पहुंची और सरकार बना पायीं

सरकार बनने  के कुछ दिन बाद से ही कांग्रेस के नेताओं के बीजेपी में शामिल होना शुरू हो गए।

फीफा वर्ल्ड कप २०१८ : बेल्जियम तीसरे स्थान पर रहा, इंग्लैंड को २-० से हराया

डेढ़ हफ्ता पहले तक फीफा वर्ल्ड कप 2018 में विजेता पद की दावेदार मानी जा रही बेल्जियम और इंग्लैंड क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर रहे हैं। शनिवार शाम बेल्जियम ने सेंट पीटर्सबर्ग स्टेडियम में खेले गए फीफा वर्ल्ड कप के तीसरे स्थान के मैच में इंग्लैंड को 2-0 से हरा दिया। सेमीफाइनल में दोनों टीमें अपने प्रतिद्वंदियों से हार गईं थीं जिसके बाद उनका आज तीसरे-चौथे स्थान के लिए मुकाबला हुआ। विश्व कप का फाइनल रविवार को फ़्रांस और क्रोएशिया के बीच  (भारतीय समय के मुताबिक रात ८.३० बजे) होना है।

बेल्जियम ने एक पखवाड़े के भीतर दूसरी बार इंग्लैंड को हराया। ग्रुप चरण में भी बेल्जियम ने 82 साल के लंबे अंतराल के बाद इंग्लैंड हो हराया था। ये फीफा वर्ल्ड कप में बेल्जियम का अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन है। गेरेथ साउथगेट ने क्रोएशिया से सेमीफाइनल में हारी इंग्लैंड टीम में चार बदलाव किये थे। इंग्लैंड ने विश्व कप में अपनी सबसे युवा टीम उतारी जिसमें खिलाड़ियों की औसत आयु 25 वर्ष 174 दिन थी।

बेल्जियम शुरू से ही आक्रामक थी और उसने इंग्लैंड के डिफेंस और अटैक को पूरे मैच में पंगु सा करके रखा। बेल्जियम ने चौथे मिनट में ही गोल कर इंग्लैंड को जबरदस्त झटका दे दिया जिससे इंग्लैंड कभी भी बाहर नहीं निकल पाया। टीम में वापसी करने वाले थॉमस म्यूनिएर ने यह गोल किया।  थॉमस पहले सेमीफाइनल मैच में निलंबन के चलते नहीं खिलाये गए थे। नासेर चाडली के बाई तरफ से दिए लो क्रास पास पर म्यूनिएर ने गोल किया।

इस विश्व कप में बेल्जियम की टीम ”रेड डेविल्स” के नाम से मशहूर हुई। हॉफ टाइम तक बेल्जियम 1-0 से आगे कहल रही थी। दूसरे हाफ में -0 की बढ़त के मनोविज्ञानिक लाभ के साथ बेल्जियम के खिलाड़ियों ने एक के बाद इंग्लैंड पर हमलों की बौछार की।  हालांकि गोल का अवसर बेल्जियम को ८२वें मिनट में मिला जब ब्रुइने से मिले पास पर हैजार्ड ने गेंद गोलपोस्ट के भीतर नेट में मार दी। इस तरह बेल्जियम फीफा वर्ल्ड कप में तीसरा स्थान हासिल करने में पहली बार सफल हुआ। हैजार्ड को ”मैन ऑफ द मैच” चुना गया।

दर्शकों की शोर के बावजूद इंग्लैंड टीम को इस विश्व कप में जीत की जगह हार की निराशा के साथ देश वापस लौटना पड़ा। बेल्जियम का विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इससे पहले १९८६ में था जब वह चौथे स्थान पर रहा था। भले बेल्जियम कप नहीं जीत पाया लेकिन उसने तीसरा स्थान पहली बार हासिल कर अपने समर्थकों को निराश नहीं होने दिया।

विंबलडन : नडाल हारे

लंदन में चल रही विंबलडन प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में शनिवार को सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी राफेल नडाल को हरा दिया। पांच घंटे से  कुछ अधिक चले मैच में  जोकोविच ने 6-4, 3-6, 7-6, 3-6, 10-8 से जीट। दर्ज़ कर नाडाल का सपना तोड़ दिया। फाइनल में जोकोविच का दक्षिण अफ्रीका के केविन एंडरसन से सामना होगा। अगर वे जीतते हैं तो यह उनका 13 वां ग्रैंड स्लेम खिताब होगा।

यह सेमीफाइनल पिछले कल अधूरा रह गया था। मैच रुकने के समय तीन बार के चैंपियन जोकोविच 6-4 3-6 7-6 से आगे थे। आज खेल शुरू होने पर नडाल ने चौथा सेट 6-3 से जीत लिया। निर्णायक सेट जोकोविच ने 10-8 से जीतकर मैच पांच घंटे 14 मिनट में अपने नाम कर लिया।

राकेश सिन्हा, महापात्रा, रामसकल और सोनल मान सिंह राज्य सभा के लिए मनोनीत

राज्यसभा

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राज्य सभा के लिए चार हस्तियों को मनोनीत किया है। राज्यसभा में कुल १४ मनोनीत (नॉमिनेटेड) सीटें हैं। अभी इन चार हस्तियों का मनोनयन खाली सीटों के लिए गया है।

इनमें एक राष्ट्रीय स्वंय सेवक (आरएसएस) के विचारक राकेश सिन्हा हैं जो दिल्ली विश्विद्यालय में प्रोफेसर हैं। सिन्हा अक्सर टीवी चैनलों पर संघ, हिंदुत्व और भाजपा का पक्ष रखते देखे जाते हैं। उनके आलावा रघुनाथ महापात्र हैं जो ओडिशा से तककुल रखते हैं। ओडिशा में एक साल के भीतर ही विधानसभा के चुनाव होने हैं। महापात्र मशहूर मूर्तिकार हैं। उत्तर प्रदेश के दलित पृष्ठभूमि के राम सकल को भी राज्य सभा के लिए मनोनीत किया गया है। वे दलित आंदोलन का हिस्सा रहे हैं और उन्होंने प्रदेश में दलितों के लिए काम किया है। चौथी सोनम मान सिंह हैं जो भरतनाट्यम की मशहूर नृत्यांगना हैं।

राज्यसभा में इस समय भाजपा (एनडीए) का बहुमत नहीं है जिससे उसे विभिन्न बिल पास करवाने में दिक्कत आती है। फिलहाल उसके ६९ सदस्य हैं। इन चार हस्तियों के मनोनयन से भाजपा को मदद मिल सकती है। हालाँकि यह ज़रूरी नहीं है कि वे निर्धारित अवधि के बाद किसी पार्टी को ज्वाइन करें हीं। भाजपा की नज़र राज्य सभा के उप सभापति के पद पर भी है।  इस समय इस पद पर कांग्रेस के पीजे कुरियन हैं जिनकी अवधि समाप्त होने वाली है।

हिमाचल में मुठभेड़ : एक बदमाश की मौत

हिमाचल के धार्मिक स्थल श्रीनयना देवी के इलाके में पंजाब पुलिस और भागे बदमाशों के बीच शनिवार सुबह गोलीवारी में एक बदमाश की मौत हो गयी।  इस मुठभेड़ में दो अन्य को गिरफ्तार किया गया है।   मिली जानकारी के मुताबिक यह बदमाश पंजाब के मोहाली से गाड़ी छीनकर भागे थे। गोलीबारी में पंजाब के जवान भी घायल हुए हैं जिन्हें आनंदपुर साहिब अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

मारे गए बदमाश की पहचान सनी मसीह के तौर पर की गई है, वह गुरदासपुर का रहने वाला था। जबकि पकड़े गए दो अन्य गोल्डी और अमन पुरी बताए गए हैं। गोल्डी डेरा बाबा नानक और अमन पुरी चमकौर साहब का रहने वाला है। यह घटना श्रीनयना देवी में रेस्ट हाउस के पास की है। पुलिस अधिकारियों ने ”तहलका” को बताया कि गोलीबारी में एक बदमाश की मौत हो गई है। उनके मुताबिक इस मामले में बांछित दो और लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही बिलासपुर के एसपी अशोक शर्मा भी मौके पर पहुंच गए थे।

यह गोलीबारी पंजाब पुलिस और मोहाली से एक गाड़ी छीनकर भागे बदमाशों के बीच हुई। एक बदमाश के मारे जाने की पुष्टि पुलिस ने की है। पंजाब पुलिस को जब तीन बदमाशों के गाड़ी छीनकर भागने की सूचना मिली तो तो उसने मोहाली इलाके से उनका पीछा करना शुरू कर दिया।

बाद में आखिर पंजाब पुलिस ने श्रीनयना देवी के नजदीक उन तक पहुँचने में कामयाबी हासिल कर ली। वहां पुलिस ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की और इस दौरान उनकी तीनों बदमाशों से हाथ पाई हुई। इसी दौरान गोलियां चलने लगीं एक बदमाश की मौके पर ही मौत हो गई। यह सभी बदमाश पंजाब के रहने वाले बताए गए हैं।

बिलासपुर के एससपी अशोक कुमार ने घटना की पुष्टि की है। उनके मुताबिक इन लोगों ने एक वेरना कार उड़ा ली और हिमाचल के तरफ भागे।  जिसके बाद पंजाब पुलिस ने उनका पीछा किया और गोलीबारी में एक की मौत हो गयी जबकि दो गिरफ्तार कर लिए गए। उधर मोहाली के एसएसपी कुलदीप चहल के मुताबिक इस गोलीबारी में उनके जवान भी घायल हुए हैं जिन्हें आनंदपुर साहिब अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

पाकिस्तानी रैलियों में हुए धमाके ; 113 की मौत, 200 घायल

पाकिस्तान की दो चुनावी रैलियों में हुए शक्तिशाली बम विस्फोटों में आज एक शीर्ष राष्ट्रवादी नेता समेत कम से कम 113 लोगों की मौत हो गई और 200 से अधिक लोग घायल हो गये।

ख़बरों के मुताबिक़ आतंकवादियों ने बलूचिस्तान प्रांत के मासतुंग क्षेत्र में बलूचिस्तान अवामी पार्टी (बीएपी) के नेता सिराज रायसानी को निशाना बनाया.

घायल रायसानी की क्वेटा ले जाने के दौरान मौत हो गयी।  वह बलूचिस्तान के पूर्व मुख्यमंत्री नवाब असलम रायसानी के भाई थे।

इस घटना से कुछ ही घंटा पहले खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू इलाके में मुत्ताहिदा मजलिस अमाल नेता अकरम खान दुर्रानी की रैली में विस्फोट हुआ.

पुलिस के अनुसार, इस घटना में पांच लोगों की मौत हो गई जबकि 37 अन्य घायल हो गए।

इस हमले में दुर्रानी बाल बाल बच गए लेकिन उनका वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।  दुर्रानी 25 जुलाई को होने वाले आम चुनाव में पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ पार्टी के प्रमुख इमरान खान के खिलाफ मैदान में हैं।