
नई दिल्ली: बढ़ती एलपीजी की कीमतों के बीच भारतीय रसोईघरों के लिए एक ऐसा चूल्हा मंडी में आ गया है, जो खाना पकाने के लिए गैस का इस्तेमाल सोच-समझकर करता है। बेयंड एप्लायंसेज (Beyond Appliances) ने Quantum नाम से लॉन्च किया गया यह गैस स्टोव देश का पहला ऐसा चूल्हा है, जिसे ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी (BEE) की ओर से 5-स्टार एनर्जी रेटिंग दी गई है। कंपनी का दावा है कि इसकी प्रॉप्राइटरी Hexa तकनीक इसे आम चूल्हों की तुलना में 77 फीसदी तक थर्मल एफिशिएंसी देती है।
क्या है Hexa तकनीक, कैसे बचाती है गैस?
आम चूल्हों में जलती गैस की एक बड़ी मात्रा और उससे बनी गर्मी बर्तन तक पहुंचने से पहले ही बेकार हो जाती है। Quantum स्टोव में कंपनी ने इसी समस्या को ध्यान में रखकर तीन इंजीनियरिंग बदलाव किए गए हैं, जिन्हें मिलाकर Hexa टेक्नोलॉजी कहा जा रहा है।
एयरो सेंसिटिव वेंट: इसमें ड्यूल एयर-मिक्सिंग वेंटिलेशन दिया गया है, जो हवा और गैस के मिश्रण को बेहतर करता है। नतीजा यह होता है कि गैस ज्यादा पूरी तरह जलती है और उतनी ही आंच में ज्यादा खाना पक जाता है।
पेटेंटेड पैन सपोर्ट (थर्मो शील्ड): चूल्हे के इस खास डिजाइन में गर्मी साइड में बिखरने की जगह सीधे बर्तन की ओर केंद्रित होती है, जिससे हीट का नुकसान घटता है।
स्मार्ट फ्लेम डिजाइन: बर्नर में मल्टी-होल प्रिसिजन डिजाइन की वजह से आंच बर्तन की सतह पर एकसमान फैलती है और खाना हर तरफ से बराबर पकता है।
कंपनी के दावे के मुताबिक इन तीनों के मिले-जुले असर से एक घर सालाना 2 गैस सिलेंडर तक की बचत कर सकता है।
सुरक्षा में भी दम, आंच बुझते ही कट जाएगी गैस सप्लाई
सिर्फ ईंधन बचत नहीं, चूल्हे की सुरक्षा पर भी खास ध्यान दिया गया है। Quantum स्टोव में फ्लेम फेलियर डिवाइस (FFD) दिया गया है — अगर हवा या दूध-पानी उबलने से आंच अचानक बुझ जाती है, तो यह सिस्टम अपने आप गैस सप्लाई बंद कर देता है, जिससे गैस लीक या आग लगने का खतरा टल जाता है।
सुरक्षा और क्वालिटी की पुष्टि के लिए इस चूल्हे को एलपीजी इक्विपमेंट रिसर्च सेंटर (LERC) से सर्टिफाई होने के साथ ही ISI मार्क भी मिला है। इसमें पूरे पीतल (फुल ब्रास) के बर्नर, ऑटो इग्निशन और 10 साल की वारंटी दी जा रही है। यह चूल्हा एलपीजी और पीएनजी दोनों कनेक्शन पर चल सकता है।
कीमत कितनी है?
कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक Quantum स्टोव का 3-बर्नर वर्जन 8,499 रुपये और 4-बर्नर वर्जन 9,499 रुपये में उपलब्ध है। ई-कॉमर्स लिस्टिंग में 3-बर्नर मॉडल का MRP 22,999 रुपये बताया गया है और ऑफर कीमत करीब 10,499 रुपये के आसपास दिख रही है।
जानकारों का कहना है कि AC और फ्रिज की तरह गैस चूल्हों को ऊर्जा रेटिंग मिलना भारतीय रसोई के लिए एक नई शुरुआत है। देश के लगभग सभी घरों की रसोई में आज भी एलपीजी ही मुख्य ईंधन है, ऐसे में देखा जाएगा कि यह तकनीक ग्राहकों का भरोसा जीतने में कामयाब होती है या नहीं।



