BJP की नई टीम की पहली बैठक 22 अगस्त को, 2027 चुनावी रणनीति पर चर्चा के आसार

BJP president Nitin Nabin with the party’s new national team
भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन की नई 65 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक 22 अगस्त को दिल्ली में होगी।

रिपोर्टर प्रिया तिवारी

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम का ऐलान हो चुका है। नई टीम की पहली बैठक आने वाली 22 तारीख को दिल्ली में होने जा रही है।

22 अगस्त को दिल्ली में होगी BJP की नई टीम की पहली बैठक

22 अगस्त को नई टीम के साथ नितिन नवीन परिचय बैठक करेंगे। हालांकि, आपको बता दें कि बैठक के कई मायने निकाले जा रहे हैं। अगले साल 2027 में होने वाले चुनाव को लेकर भी इस बैठक में चर्चा हो सकती है। जानकारी के अनुसार, बैठक में नए लोगों को बताया जाएगा कि पार्टी कार्यकर्ता और आम लोगों के बीच किस तरह संवाद स्थापित करना है। साथ ही, केंद्र सरकार द्वारा लाई गई योजनाओं को कैसे घर-घर तक पहुंचाना है और सोशल मीडिया पर किस प्रकार पार्टी की बातों को लोगों तक पहुंचाना है, इसको लेकर भी बैठक में बात हो सकती है!

65 सदस्यीय टीम में 12 महिलाओं और नए चेहरों को जगह

नितिन नवीन की 65 सदस्यों वाली नई टीम में महिलाओं और युवाओं पर खास ध्यान दिया गया है। नितिन नवीन की इस 65 सदस्य वाली टीम में 12 महिलाओं को जगह मिली है। इस टीम में कई नए चेहरों पर भरोसा जताया गया है। स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव, राम माधव को उपाध्यक्ष और पीयूष गोयल को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। टीम में महिलाओं के साथ बड़ी संख्या में युवाओं को भी शामिल किया गया है। अलग-अलग राज्यों और समाज के कई वर्गों को भी जगह दी गई है।

22 अगस्त को होने वाली बैठक में नए नेताओं को उनकी जिम्मेदारियां बताई जाएंगी। पार्टी को मजबूत करने के लिए आने वाले चुनाव की तैयारी को लेकर चर्चा हो सकती है।

2027 चुनावों से पहले बूथ और सोशल मीडिया पर BJP का फोकस

पार्टी महिलाओं और युवाओं को ज्यादा से ज्यादा जोड़कर, सोशल मीडिया और जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है। आने वाले दिनों में जिन-जिन राज्यों में चुनाव हैं, उनमें उत्तर प्रदेश, पंजाब, गुजरात, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर शामिल हैं।

ऐसे में पार्टी बूथ स्तर तक अपनी तैयारी को मजबूत कर रही है। कार्यकर्ताओं की क्षमता के हिसाब से उन्हें काम दिया जा रहा है। सरकारी योजनाओं का फायदा पाने वाले लोगों से संपर्क बढ़ाने और अलग-अलग समाज के लोगों को पार्टी से जोड़ने पर भी काफी बल दिया जा रहा है। पंजाब में मनप्रीत सिंह बादल को उपाध्यक्ष बनाकर पार्टी वहां अपनी पकड़ बनाने की कोशिश कर रही है। ऐसे में भाजपा की बैठक काफी अहम मानी जा रही है। बैठक के बाद पार्टी की आगे की तैयारी और रणनीति की तस्वीर और साफ हो सकती है।