स्वतंत्र भारत के पहले वोटर हिमाचल के श्याम सरन नेगी का 106 साल की उम्र में निधन

आज़ाद भारत के सबसे पहले वोटर श्याम सरन नेगी का शनिवार सुबह निधन हो गया है। वे 106 साल के थे। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने 3 नवंबर को ही हिमाचल विधानसभा चुनाव के लिए पोस्टल बैलेट से वोट डाला था। उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

मास्टर श्याम सरन नेगी को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी तक व्यक्तिगत रूप से जानते थे। इस उम्र में भी लोकतंत्र के लिए उनका जज़्बा लाजवाब था। वे हिमाचल प्रदेश में किन्नौर ज‍िले के कल्पा के रहने वाले थे और वहीं उनका निधन हुआ।

श्‍याम सरन नेगी ने दो दिन पहले ही पोस्टल बैलेट के जरिए विधानसभा चुनाव के ल‍िए वोट डाला था। नेगी ने पहली बार 1951-52 के चुनाव में ह‍िस्‍सा ल‍िया था जो देश का पहला चुनाव था। जीवन के 106 बसंत देखने वाले नेगी ने 34 बार मतदान किया था।

किन्नौर के उपयुक्त आबिद हुसैन सादिक ने श्‍याम सरन नेगी के न‍िधन की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मास्टर श्याम सरन नेगी आज दुनिया को अलविदा कह गए। ऐसे में आज उनका सम्मान के साथ अंतिम संस्कार होगा।

एक शिक्षक के रूप में रिटायर हुए श्याम शरण नेगी का जन्म एक जुलाई, 1917 को हुआ था। करीब 106 साल की उम्र में न‍िधन से पहले उन्होंने हिमाचल चुनाव में वोट डाला। उन्होंने पहली बार जब वोट किया था, तब वह 33 साल के थे। तब से लेकर मरने से पहले तक उन्होंने कभी भी अपना वोट बेकार नहीं किया।

किन्नौर के कल्पा कस्बे के रहने वाले श्याम शरण स्कूल से टीचर के पद से 51 साल पहले रिटायर थे। पहली बार वह 1951 में वोटिंग का हिस्सा बने थे। दरअसल भारत का पहला चुनाव फरवरी 1952 में हुआ लेकिन हिमाचल में सुदूर, आदिवासी इलाकों में खराब मौसम के कारण सर्दियों के दौरान मतदान कराना असंभव था।

इसे देखते हुए वहां मतदान 23 अक्टूबर, 1951 को पांच महीने पहले हो गया। तब श्याम शरण नेगी स्कूल अध्यापक थे और चुनावी ड्यूटी पर थे। इसके कारण वे अपना वोट डालने सुबह सात बजे किन्नौर में कल्पा प्राथमिक स्कूल में अपने मतदान केंद्र पर पहुंच गए। श्याम शरण नेगी वहां पहुंच कर मतदान करने वाले पहले व्यक्ति थे। इसके बाद उन्हें बताया गया कि इलाके में कहीं भी सबसे पहले वोट डालने वाला वे ही हैं।

हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित कई नेताओं ने नेगी के निधन पर शोक व्यक्त जताया है। मुख्यमंत्री ने एक ट्वीट में कहा – ‘स्वतंत्र भारत के पहले मतदाता और किन्नौर के रहने वाले श्याम सरन नेगी जी के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ।’

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने भई नेगी के निधन पर गहरा दुःख जताया है। उन्होंने कहा कि देश का पहला वोटर होने के कारण नेगी देश में एक जानी मानी हस्ती बन गए थे।