भारत-नेपाल रिश्तों को नई ऊंचाई देने की पहल, पीएम मोदी और बालेंद्र शाह के बीच अहम समझौते

नेपाल के प्रधानमंत्री का पहला द्विपक्षीय भारत दौरा; 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास पैकेज का ऐलान, आठ समझौतों पर हस्ताक्षर, अयोध्या-जनकपुर के बीच शुरू हुई रेल सेवा

राघवेंद्र द्विवेदी | तहलका
भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक रिश्तों को आर्थिक एवं रणनीतिक साझेदारी में बदलने की दिशा में सोमवार, 23 नवंबर को एक महत्वपूर्ण पहल हुई। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह (बालेन शाह) के दो दिवसीय भारत दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई द्विपक्षीय वार्ता में दोनों देशों ने सहयोग के कई नए रास्ते खोले। इस बैठक में नेपाल के पुनर्निर्माण, आर्थिक विकास, ऊर्जा, रेल संपर्क, स्वास्थ्य, सुरक्षा, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी और कृषि समेत कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी।

इस दौरे की सबसे बड़ी उपलब्धि भारत की ओर से नेपाल के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये (करीब 15 हजार करोड़ भारतीय रुपये) के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा और आठ महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर रही। इसके अलावा अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच नई रेल सेवा को भी हरी झंडी दिखाई गई। दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने इसे भारत-नेपाल संबंधों के नए अध्याय की शुरुआत बताया।

पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा पर भारत पहुंचे बालेन शाह

नेपाल में मार्च 2026 में प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद बालेंद्र शाह का यह पहला द्विपक्षीय विदेश दौरा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर 22 नवंबर को दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे बालेन शाह का हवाई अड्डे पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने स्वागत किया।

23 नवंबर को राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहे। बालेन शाह ने राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हुई।

इससे पहले रविवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी नेपाल के प्रधानमंत्री से मुलाकात की थी। इस बैठक में व्यापार, पारगमन, ऊर्जा, संपर्क, संस्कृति, शिक्षा और दोनों देशों के नागरिकों के बीच संबंधों को मजबूत करने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।

नेपाल के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये का विकास पैकेज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने द्विपक्षीय वार्ता के बाद संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेपाल के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा की। भारतीय मुद्रा में इसकी कीमत लगभग 15 हजार करोड़ रुपये है।

यह सहायता मुख्य रूप से नेपाल में पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास कार्यों को गति देने के लिए दी जाएगी। खासतौर पर अगस्त 2026 में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्वास पर इसका ध्यान रहेगा।

इस आपदा में नेपाल को भारी जनहानि और बुनियादी ढांचे के नुकसान का सामना करना पड़ा था। बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए और सड़क, पुल, बिजली परियोजनाओं तथा आवासीय क्षेत्रों को नुकसान पहुंचा।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत की प्रतिबद्धता प्रभावित परिवारों को फिर से सामान्य जीवन की ओर लौटने में मदद करने, नए अवसर पैदा करने और भविष्य में प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए नेपाल की क्षमता मजबूत करने की है।

गौरतलब है कि अगस्त की आपदा के बाद भारत ने नेपाल को राहत सामग्री और आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराई थी। भारत ने संचार व्यवस्था बहाल करने और राहत प्रयासों में भी सहयोग किया था।

आठ समझौतों से सहयोग के नए रास्ते खुले

मोदी और बालेन शाह की बैठक का एक महत्वपूर्ण परिणाम आठ समझौतों पर हस्ताक्षर रहा। इन समझौतों के जरिए दोनों देश पारंपरिक सहयोग से आगे बढ़कर तकनीक, प्रशासन, सुरक्षा, स्वास्थ्य और विकास के क्षेत्रों में साझेदारी मजबूत करेंगे।

इन समझौतों के प्रमुख क्षेत्र इस प्रकार हैं:

1- अंतरिक्ष और सैटेलाइट संचार: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और नेपाल के सूचना एवं संचार मंत्रालय के बीच दक्षिण एशिया सैटेलाइट के उपयोग के लिए सैटेलाइट कम्युनिकेशन नेटवर्क स्थापित करने पर समझौता हुआ।

2- फॉरेंसिक विज्ञान: गुजरात स्थित राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय और नेपाल पुलिस के अपराध जांच विभाग के बीच शैक्षणिक एवं शोध सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी।

3- पुलिस प्रशिक्षण: भारत की राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय और नेपाल की राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के बीच सहयोग का समझौता हुआ।

4- प्रशासनिक प्रशिक्षण: भारत के सुशासन के लिए राष्ट्रीय केंद्र और नेपाल के प्रशासनिक स्टाफ कॉलेज के बीच समझौते के तहत नेपाली सिविल सेवकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

5- स्वास्थ्य एवं चिकित्सा: दोनों देशों के स्वास्थ्य मंत्रालयों के बीच स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी।

6- आयुर्वेद एवं पारंपरिक चिकित्सा: आयुर्वेद और अन्य पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के विकास और आदान-प्रदान के लिए सरकारों के बीच समझौता हुआ।

7- सतत शहरी विकास: शहरों के विकास, शहरी बुनियादी ढांचे और टिकाऊ विकास के क्षेत्र में तकनीकी सहयोग बढ़ाया जाएगा।

8- पशुपालन एवं मत्स्य पालन: पशुधन और मत्स्य विकास के क्षेत्र में तकनीकी एवं संस्थागत सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।

इन समझौतों का उद्देश्य दोनों देशों के बीच संस्थागत साझेदारी को मजबूत करना और विकास की नई संभावनाएं तैयार करना है।

अयोध्या से जनकपुर के बीच चलेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस

इस यात्रा की सबसे महत्वपूर्ण और सांस्कृतिक दृष्टि से खास उपलब्धियों में अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस रेल सेवा की शुरुआत भी शामिल रही।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने संयुक्त रूप से वर्चुअल माध्यम से इस रेल सेवा को हरी झंडी दिखाई।

करीब 604 किलोमीटर लंबी यह रेल यात्रा लगभग 19 घंटे में पूरी होगी। नियमित सेवा 28 नवंबर से शुरू होगी और दोनों दिशाओं में सप्ताह में एक बार ट्रेन चलेगी।

इस रेल सेवा से उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के कई क्षेत्रों के यात्रियों को लाभ मिलेगा। ट्रेन के रास्ते में गोरखपुर, बस्ती, रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी और जयनगर जैसे प्रमुख स्टेशन भी शामिल हैं।

इस रेल संपर्क का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व भी काफी बड़ा है। अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि के रूप में प्रतिष्ठित है, जबकि नेपाल का जनकपुर धाम माता सीता की जन्मस्थली माना जाता है। ऐसे में दोनों धार्मिक स्थलों को रेल मार्ग से जोड़ना भारत और नेपाल के साझा सांस्कृतिक संबंधों को एक नई मजबूती देगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर कहा कि भगवान श्रीराम और माता सीता दोनों देशों की साझा सभ्यता और आस्था के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि सरयू-कमला एक्सप्रेस सेवा से इस पवित्र संबंध को नया आयाम मिलेगा।

ऊर्जा और जलविद्युत सहयोग पर भी जोर

भारत और नेपाल के संबंधों में ऊर्जा क्षेत्र की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। नेपाल में जलविद्युत उत्पादन की व्यापक संभावनाएं हैं, जबकि भारत को स्वच्छ ऊर्जा की बढ़ती जरूरत है।

दोनों देशों के बीच पहले से ही दीर्घकालिक बिजली व्यापार का समझौता है, जिसके तहत अगले दस वर्षों में नेपाल से भारत को 10 हजार मेगावाट तक बिजली निर्यात करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

नई दिल्ली में हुई वार्ता में ऊर्जा सहयोग, सीमा पार बिजली पारेषण नेटवर्क और जलविद्युत परियोजनाओं को आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

इसके साथ ही सड़क, रेल और हवाई संपर्क के विस्तार पर चर्चा हुई। नेपाल के पोखरा और भैरहवा हवाई अड्डों को भारतीय हवाई क्षेत्र के जरिए बेहतर कनेक्टिविटी देने का मुद्दा भी दोनों देशों के एजेंडे में रहा। रक्सौल-काठमांडू प्रस्तावित रेल परियोजना को भी भविष्य के महत्वपूर्ण संपर्क विकल्प के रूप में देखा जा रहा है।

व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने की कोशिश

नेपाल के प्रधानमंत्री के साथ 52 सदस्यीय कारोबारी प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया था। इस दौरे का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश के अवसरों को बढ़ाना भी रहा।

बालेन शाह ने भारतीय निवेशकों को नेपाल में निवेश के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की आर्थिक समृद्धि के लिए कारोबारी साझेदारी को और मजबूत करने की आवश्यकता है।

भारत नेपाल का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। दोनों देशों के बीच खुली सीमा, पारंपरिक व्यापारिक संबंध और लोगों की आवाजाही आर्थिक साझेदारी को विशेष महत्व देते हैं।

शिक्षा, स्टार्टअप, तकनीकी प्रशिक्षण और खेल के क्षेत्र में भी सहयोग बढ़ाने की संभावनाएं हैं। नेपाल के युवाओं को भारतीय संस्थानों के माध्यम से प्रशिक्षण देने और वहां उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ाने जैसे विषय भी द्विपक्षीय संबंधों के व्यापक एजेंडे का हिस्सा रहे हैं।

बालेन शाह ने पीएम मोदी को नेपाल आने का दिया निमंत्रण

संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने भारत के साथ ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों देशों के रिश्ते हिमालय की तरह मजबूत और महासागरों की तरह व्यापक हैं।

उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के बीच संबंध आपसी सम्मान, विश्वास और सद्भाव पर आधारित हैं। दोनों देशों को भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए मिलकर काम करना होगा।

बालेन शाह ने जलवायु परिवर्तन के मुद्दे पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि हिमालय से निकलने वाली नदियां पूरे क्षेत्र के करोड़ों लोगों के जीवन का आधार हैं। ऐसे में जलवायु परिवर्तन से जुड़ी चुनौतियों का सामना करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नेपाल आने का निमंत्रण भी दिया। साथ ही भारतीय नागरिकों से पशुपतिनाथ सहित नेपाल के धार्मिक और पर्यटन स्थलों की यात्रा करने की अपील की।

भारत-नेपाल संबंधों के लिए क्यों महत्वपूर्ण है यह दौरा?

भारत और नेपाल के बीच संबंध केवल दो पड़ोसी देशों के राजनयिक रिश्ते नहीं हैं। दोनों देशों के बीच खुली सीमा, साझा संस्कृति, धार्मिक आस्था, पारिवारिक संबंध और आर्थिक निर्भरता का लंबा इतिहास रहा है।

हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में सीमा विवाद, व्यापार, पारगमन और राजनीतिक परिस्थितियों के चलते कई मुद्दों पर दोनों देशों के बीच मतभेद भी सामने आते रहे हैं। ऐसे में बालेन शाह की पहली द्विपक्षीय भारत यात्रा को रिश्तों में नई ऊर्जा भरने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

नेपाल में नई राजनीतिक नेतृत्व व्यवस्था और युवा पीढ़ी की आकांक्षाओं के बीच भारत के साथ आर्थिक एवं विकासात्मक साझेदारी को नई दिशा देना बालेन शाह सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। दूसरी ओर भारत के लिए नेपाल के साथ स्थिर, मजबूत और भरोसेमंद संबंध उसकी पड़ोसी प्रथम नीति का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

इस दौरे में घोषित विकास पैकेज, आठ समझौते और नई रेल सेवा इस बात का संकेत हैं कि दोनों देश अपने पारंपरिक संबंधों को आधुनिक आर्थिक, तकनीकी और रणनीतिक साझेदारी में बदलना चाहते हैं।

अब इन घोषणाओं की वास्तविक सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि समझौतों को कितनी तेजी से जमीन पर उतारा जाता है और दोनों देश आपसी विश्वास के साथ लंबित मुद्दों का समाधान किस तरह निकालते हैं।