मणिपुर में हिंसा जारी; अब केंद्रीय मंत्री का घर फूंका, दो खाली घर भी जलाये

मणिपुर में हिंसा विकराल रूप लेती जा रही है। राज्य की एक महिला मंत्री नेमचा किप्जेन का घर फूंकने की घटना के बाद अब उग्रवादियों ने कोंगवा बाज़ार इलाके में केंद्रीय मंत्री आरके रंजन सिंह का घर फूंक दिया। राज्य में हिंसा लगातार जारी है जातीय संघर्ष से प्रभावित राज्य में भीड़, जिसमें ज्यादातर महिलाएं थीं, ने दो खाली घरों को भी आग के हवाले कर दिया। हिंसा में अब तक 125 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और 350 से ज्यादा घायल हैं। सैकड़ों लोग राहत शिवरों में रह रहे हैं।

 सुरक्षा बलों को इंफाल के न्यू चेकॉन में भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा। उसने भीड़ पर आंसू गैस के गोले छोड़े। उधर केंद्रीय मंत्री आरके रंजन सिंह, जो केरल की आधिकारिक यात्रा पर हैं, के इंफाल स्थित घर पर आग लगा दी गयी। मंत्री के मुताबिक इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। उपद्रवी पेट्रोल बम लेकर आए थे। आगे से मंत्री के घर के भूतल और पहली मंजिल को नुकसान पहुंचा है।

सेना और असम राइफल्स के जवानों ने राज्य में हिंसा बढ़ने के बाद अपना अभियान तेज कर दिया है। सेना की टुकड़ियों ने गश्त बढ़ा दी हैं और जहां भी अवरोध लगाए गए थे, उन्हें हटा दिया गया है। सेना ने कहा कि हाल में हिंसा में वृद्धि के बाद सेना और असम राइफल्स के अभियान में तेजी लाई जा रही है।

याद रहे दो दिन पहले खमेनलोक इलाके के एक गांव में उपद्रवियों के हमले में नौ लोगों की मौत हो गई थी और 10 घायल हो गए थे। मणिपुर में मेइती और कुकी समुदाय के लोगों के बीच जारी हिंसा में अब तक 125 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और 350 से ज्यादा घायल हैं। शांति बहाल करने के लिए मणिपुर के 11 जिलों में अभी भी कर्फ्यू जारी है, जबकि इंटरनेट सेवाएं बंद पड़ी हैं।