दिल्ली में अब होगा एक ही नगर निगम, केंद्रीय केबिनेट की मंजूरी

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अब तीन की जगह एक ही नगर निगम होगा। केंद्रीय केबिनेट ने मंगलवार को अपनी एक बैठक में इस फैसले को मंजूरी दे दी। अभी तक दिल्ली में तीन नगर निगम थे। यह फैसला तब आया है जब राजनीतिक दल निगम के चुनावों की तैयारियों में जुटे थे।

अब चुनाव से ऐन पहले दिल्ली के तीन नगर निगम को एक कर दिया गया है। इस  एकीकरण बिल पर केंद्रीय केबिनेट ने आज की अपनी बैठक में मंजूरी दे दी। याद रहे साल 2012 में दिल्ली के नगर निगम को तीन अलग-अलग निगमों दक्षिण एमसीडी, उत्तर नगर निगम और पूर्वी नगर निगम में बांट दिया गया था।

इससे पहले दिल्ली में एक ही नगर निगम हुआ करता था। साल 2012 में भी जब तीन नगर निगम बनाये गए थे तब इसके चुनाव होने वाले थे। उस वक्त इसका कारण यह कारण बताया गया था कि ऐसा करने से नगर निगम के कामकाज में सुधार होगा।

वैसे लोगों का अनुभव है तीन नगर निगम बनने से नगर निगम के कामकाज में कोई खास अंतर नहीं आया और जनता को इसका कोई लाभ नहीं मिला। इसके विपरीत निगम वित्तीय संकट में फंस गए और हालत यह हो गयी कि कर्मचारियों को वेतन देने के लाले पड़ गए। निगम कर्मचारी इसके विरोध में हड़ताल कर चुके हैं।