‘उत्पीडि़त’ परवेज मुशर्रफ को भारतीय नागरिकता!

एक ओर जहां नागरिकता संशोधन कानून का देशभर में व्यापक विरोध हो रहा है, वहीं दूसरी ओर अब भाजपा के अंदर ही इस कानून को लेकर सवालिया निशान उठाए जा रहे हैं। इस कानून के संसद से पारित होने के बाद देशभर में उबाल आ गया है। इस विवादित कानून के विरोध में पूर्वोत्तर से लेकर बंगाल और अब दिल्ली व उत्तर प्रदेश से लेकर दक्षिण के तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल समेत देश के अन्य हिस्सों में आग धधक रही है।
अब इस मामले में भाजपा नेता और राज्यसभा सांसद सुब्रह्मण्यम स्वामी ने ट्वीट के जरिये मोदी सरकार के इस कानून पर तंज कसा है। उन्होंने पाकिस्तान के पूर्व तानाशाह रिटायर्ड जनरल परवेज मुशर्रफ को लेकर निशाना साधा है। पाकिस्तान में उन्हें ‘मुहाजिर’ कहा जाता है, यानी जो लोग आजादी के बाद भारत से पाकिस्तान पहुंचे। बता दें कि मुशर्रफ दिल्ली के दरियागंज इलाके से हैं और फिलहाल पाकिस्तान में उत्पीडऩ का सामना कर रहे हैं। उन्हें 17 दिसंबर को ही पाकिस्तान की विशेष अदालत ने फांसी की सजा सुनाई है।
सुब्रह्मण्यम स्वामी ने ट्वीट किया-हम परवेज मुशर्रफ को फास्ट ट्रैक आधार पर नागरिकता दे सकते हैं क्योंकि वह दरियागंज से हैं और उत्पीडऩ का सामना कर रहे हैं। अपने आपको हिंदुओं का वंशज मानने वाले सभी लोग नागरिकता संशोधन कानून के लिए अर्हता रखते हैं और उनको नागरिकता दी जाए।