अभिनेता अर्जुन कपूर कोरोना पॉजिटिव, देश में एक दिन में रेकॉर्ड 90,632 केस

जिस रफ़्तार से देश में कोविड-19 के मामले बढ़ रहे हैं उससे लगता है कि यह जल्दी ही रोजाना एक लाख का आंकड़ा छू लेंगे। उधर इस वायरस से मरने वालों की संख्या भी 70 हजार के पार चली गयी है। उधर खबर है कि अभिनेता अर्जुन कपूर भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।

आज सुबह स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जो आंकड़े जारी किये गए हैं उनके मुताबिक अब तक वायरस संक्रमण के एक दिन में पहली बार 90,000 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। मंत्रालय के अनुसार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में (शनिवार सुबह 8 बजे से लेकर रविवार सुबह 8 बजे तक) रेकॉर्ड 90,632 नए मामले सामने आए हैं। कुल संक्रमितों की संख्या अब 41,13,811 हो गई है।

इन 24 घंटों में 1065 मरीजों की मौत हुई है और कुल मृतकों की संख्या 70,626 हो चुकी है। पिछले काफी दिन से हर रोज मरने वालों की संख्या 1000 के आसपास चल रही है, जिससे यह खतरा भी बन रहा है कि भारत में मरने वालों की संख्या एक लाख का दुर्भाग्यपूर्ण आंकड़ा भी छू सकती है।

उधर पिछले 24 घंटों में 73,642 मरीज इस खतरनाक वायरस के संक्रमण से उबर चुके हैं। यह एक दिन में ठीक होने वालों की भी सबसे बड़ी संख्या है। अब तक ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 31 लाख के पार जा चुकी है। देश में इस वक्त 8,62,320 सक्रिय मामले हैं।

आंकड़ों बताते हैं कि देश में रिकवरी रेट बढ़ोतरी के साथ 77.32 प्रतिशत पर पहुंच गया है। पिछले दो दिन में ठीक होने वालों की संख्या में भी इजाफा देखने को मिल रहा है। उधर खबर है कि अभिनेता अर्जुन कपूर भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।