नई दिल्ली: भारत सरकार ने देश की स्वास्थ्य व्यवस्था को ओर तेज, आसान और डिजिटल बनाने के लिए ‘Swasth Bharat Portal’ लॉन्च किया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री Jagat Prakash Nadda ने इस पोर्टल का शुभारंभ किया। सरकार का कहना है कि यह पोर्टल देश के डिजिटल हेल्थ सिस्टम को मजबूत करने में बड़ा रोल निभाएगा।
अब तक अलग-अलग राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजनाओं और कार्यक्रमों के लिए अलग पोर्टल और ऐप इस्तेमाल किए जाते थे। इससे स्वास्थ्यकर्मियों को बार-बार एक ही जानकारी अलग-अलग जगह भरनी पड़ती थी। कई बार डेटा बिखरा हुआ रहता था और काम में ज्यादा समय लगता था। नए ‘स्वस्थ भारत पोर्टल’ का उद्देश्य इसी परेशानी को खत्म करना है।
सरकार के मुताबिक यह पोर्टल एक “वन-स्टॉप प्लेटफॉर्म” की तरह काम करेगा। यानी कई हेल्थ सेवाएं और डेटा अब एक ही जगह उपलब्ध होंगे। इससे डॉक्टर, आशा कार्यकर्ता, एएनएम, सीएचओ और मेडिकल ऑफिसर्स को काम करने में आसानी होगी। उन्हें बार-बार लॉगिन करने या अलग-अलग सिस्टम में डेटा भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

Image Source: PIB
यह पोर्टल आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन यानी ABDM के अनुरूप बनाया गया है। इसमें ABHA ID का भी सपोर्ट मिलेगा, जिससे मरीजों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड सुरक्षित तरीके से साझा किए जा सकेंगे। आने वाले समय में इसे हेल्थ प्रोफेशनल रजिस्ट्री और हेल्थ फैसिलिटी रजिस्ट्री जैसे राष्ट्रीय डिजिटल सिस्टम से भी जोड़ा जाएगा।
सरकार का दावा है कि इस पोर्टल से प्रशासनिक बोझ काफी कम होगा। डेटा एंट्री में लगने वाला समय 20 से 40 प्रतिशत तक घट सकता है। वहीं आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च और मानव संसाधनों की दोहराव वाली जरूरत भी कम होगी। इससे स्वास्थ्य योजनाओं की मॉनिटरिंग और फैसले लेने की प्रक्रिया पहले से ज्यादा तेज हो सकेगी।
स्वास्थ्य मंत्रालय का मानना है कि ‘स्वस्थ भारत पोर्टल’ सिर्फ एक डिजिटल प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि देश की सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था को आधुनिक और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव है। सरकार चाहती है कि आने वाले समय में लोग घर बैठे ही कई सरकारी हेल्थ सेवाओं और इलाज से जुड़ी जानकारी तक आसानी से पहुंच सकें।




