
रिपोर्टर प्रिया तिवारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 अक्टूबर 2026 को सार्वजनिक जीवन में जनसेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे करने जा रहे हैं। इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने देशभर में विशेष कार्यक्रमों की तैयारी की है।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी के कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। पार्टी इस अभियान के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, जनसेवा और केंद्र सरकार की योजनाओं की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएगी।
17 सितंबर से होगी अभियान की शुरुआत
अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से होगी। बीजेपी इस दिन को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाएगी।
देशभर में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम होगा। बीजेपी के मुताबिक, इस कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री के प्रति जनता के आभार और समर्थन को प्रदर्शित किया जाएगा।
नितिन नवीन ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निष्ठा और समर्पण के साथ जनसेवा की है और इसी भावना को अभियान के माध्यम से जनता के बीच ले जाया जाएगा।
लाभार्थी परिवार जलाएंगे ‘आशीर्वाद का दीया’
बीजेपी के मुताबिक, केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी परिवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए दीप जलाएंगे। पार्टी इसे ‘जन आशीर्वाद’ के सामूहिक प्रदर्शन के रूप में आयोजित करेगी।
बीजेपी का कहना है कि अभियान के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में देश में हुए बदलावों और उनकी जनसेवा की यात्रा को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों पर रहेगा फोकस
‘सेवा संकल्प अभियान’ में केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और उनके लाभार्थियों की उपलब्धियों को भी प्रमुखता से रखा जाएगा। नितिन नवीन ने महिला सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ से शुरू हुआ सफर ‘लखपति दीदी’ तक पहुंचा है। उन्होंने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ का भी उल्लेख किया और कहा कि महिलाओं की नीति-निर्धारण में भागीदारी बढ़ाने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है।
युवाओं और अर्थव्यवस्था की उपलब्धियां भी होंगी शामिल
बीजेपी अध्यक्ष ने सरकार की आर्थिक उपलब्धियों और युवाओं से जुड़ी पहलों को भी अभियान का हिस्सा बताया। उन्होंने दावा किया कि 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने का काम किया गया है।
नितिन नवीन ने कहा कि 2014 से पहले देश में निराशा का माहौल था और भारतीय अर्थव्यवस्था को कमजोर माना जाता था। उनके मुताबिक, आज भारत दुनिया की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप और यूनिकॉर्न के क्षेत्र में भारत ने बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं और देश दुनिया के प्रमुख स्टार्टअप केंद्रों में शामिल हुआ है।
‘नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बने युवा’
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का युवा ‘नौकरी मांगने वाला’ नहीं, बल्कि ‘नौकरी देने वाला’ बनकर उभरा है।
उन्होंने ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसी पहलों का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय युवा आज खेल समेत अलग-अलग क्षेत्रों में देश का प्रतिनिधित्व कर रहा है।
छत्तीसगढ़ में जलेंगे 36 लाख दीये
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के मौके पर छत्तीसगढ़ में भी विशेष आयोजन किया जाएगा। यहां 36 लाख दीये जलाने की तैयारी है।
बीजेपी का कहना है कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाला यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा, जनसेवा और केंद्र सरकार की योजनाओं की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने पर केंद्रित रहेगा।



