Home Blog Page 484

हिंदी ने भारत को वैश्विक स्तर पर विशिष्ट सम्मान दिलाया है, पीएम मोदी ने कहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को हिंदी दिवस की बड़ाई देते हुए बुधवार को कहा कि हिंदी ने भारत को वैश्विक स्तर पर विशिष्ट सम्मान दिलाया है और इसकी सरलता और संवेदनशीलता लोगों को हमेशा आकर्षित करती है। हर साल 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है।

हिंदी दिवस पर एक ख़ास ट्वीट में मोदी ने उन सभी लोगों का दिल से आभार जताया, जिन्होंने देश में सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा को समृद्ध और सशक्त बनाने में बड़ा योगदान दिया है।

अपने ट्वीट में पीएम ने कहा – ‘हिंदी ने विश्व भर में भारत को एक विशिष्ट सम्मान दिलाया है। इसकी सरलता, सहजता और संवेदनशीलता हमेशा आकर्षित करती है। हिंदी दिवस पर मैं उन सभी लोगों का हृदय से अभिनंदन करता हूं, जिन्होंने इसे समृद्ध और सशक्त बनाने में अपना अथक योगदान दिया है।

पीएम मोदी का ट्वीट –
@narendramodi
हिन्दी ने विश्व भर में भारत को एक विशिष्ट सम्मान दिलाया है। इसकी सरलता, सहजता और संवेदनशीलता हमेशा आकर्षित करती है। हिन्दी दिवस पर मैं उन सभी लोगों का हृदय से अभिनंदन करता हूं, जिन्होंने इसे समृद्ध और सशक्त बनाने में अपना अथक योगदान दिया है।

महारानी की पार्थिव देह आज वेस्टमिंस्टर एबे आएगी, सोमवार को अंतिम संस्कार

यूनाइटेड किंगडम (यूके) की दिवंगत महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का अंतिम संस्कार सोमवार को किया जाएगा। उनकी पार्थिव देह मंगलवार देर शाम लंदन के बकिंघम पैलेस पहुंच गयी थी। महारानी की पार्थिव देह रात भर बकिंघम पैलेस के ‘बो रूम’ में रखी गयी, जहाँ शाही परिवार के सदस्यों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। महारानी का पिछले गुरुवार 96 साल की उम्र में बलमोराल कैसल में देहांत हो गया था।

आज एक शव यात्रा निकाल कर महारानी के पार्थिव शरीर को बकिंघम पैलेस से वेस्टमिंस्टर एबे (संसद परिसर) ले जाया जाएगा। महारानी का पार्थिव शरीर चार दिन के लिए वेस्टमिंस्टर हॉल में रखा जाएगा। इसके बाद सोमवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

शव यात्रा क्वीन्स गार्डन, द मॉल, हॉर्स गार्ड्स एंड हॉर्स गार्ड्स आर्क, व्हाइटहॉल, पार्लियामेंट स्ट्रीट, पार्लियामेंट स्क्वायर और न्यू पैलेस यार्ड से होते हुए ब्रिटेन की राजधानी के कुछ सबसे प्रतिष्ठित स्थलों से गुजरेगी। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का 19 सितंबर को वेस्टमिंस्टर एबे में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

महारानी की पार्थिव देह जब लंदन के लिए एडिनबरा हवाई अड्डे से भेजी गयी तब वहां पर राष्ट्रगान की धुन बजाई गई। महारानी के पार्थिव शरीर के साथ उनकी बेटी प्रिसेंस एनी भी थीं जो रॉयल एयरफोर्स (आरएएफ) के विमान से एडिनबरा से लंदन साथ आई हैं। महारानी के पार्थिव शरीर को जिस विमान से लाया गया है उसका इस्तेमाल पूर्व में मानवीय सहायता में किया जाता रहा है।

आरएएफ के पश्चिमी लंदन स्थित नार्थ हॉल्ट हवाई ठिकाने पर विमान के उतरते ही महारानी के पार्थिव शरीर को सड़क मार्ग से मध्य लंदन स्थित बकिंघम पैलेस के लिए ले जाया गया। महाराजा चार्ल्स तृतीय जो मंगलवार को उत्तरी आयरलैंड की यात्रा पर थे, पार्थिव शरीर की अगवानी के लिए पहले ही पत्नी कैमिला के साथ शाही आवास पर पहुंच चुके थे।

भारत को किसके साथ सैन्य अभ्यास करना है, इस फैसले के लिए वह स्वतंत्र: पेंटागन

पाकिस्तान को बड़े पैमाने पर आर्थिक-सैन्य सहायता देने और भारत के चीन और रूस के साथ साझा सैन्य अभ्यास करने के बीच अमेरिका ने सफाई दी है कि भारत के साथ उसके बहुत करीबी रक्षा संबंध हैं। अमेरिका ने कहा कि हम भारत के साथ मिलकर काम करना जारी रखेंगे।

भारत के साथ संबंधों को लेकर पेंटागन ने मंगलवार को यह बात कही। पेंटागन के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल पैट्रिक राइडर ने एक मीडिया कांफ्रेंस में कहा – ‘भारत एक संप्रभु राष्ट्र है। उसे किसके साथ सैन्य अभ्यास करना है, इसका फैसला वह खुद ले सकता है। अमेरिका के भारत के साथ बहुत करीबी रक्षा संबंध हैं।’

राइडर ने रूस, भारत और चीन से जुड़े ताजा बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास पर पूछे सवाल पर कहा – ‘हमने निश्चित रूप से इस क्षेत्र में भारत के साथ अपनी साझेदारी की सराहना की है। जैसा कि आप जानते हैं, वे एक महत्वपूर्ण भागीदार हैं और हम उनके साथ मिलकर काम करना जारी रखेंगे।’

मीडिया कांफ्रेंस में एक पत्रकार ने राइडर से सवाल किया था कि भारत ने कई (सैन्य) अभ्यास में हिस्सा लिया है, जिसमें रूस और चीन के साथ युद्ध अभ्यास शामिल है और कुछ लोगों को थोड़ा परेशान करने वाला लगता है। राइडर ने हालांकि, कहा कि ‘भारत के साथ हमारी बहुत करीबी साझेदारी और संबंध हैं, खासकर रक्षा क्षेत्र में। हम निश्चित रूप से भारत के साथ काम करना जारी रखेंगे और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करेंगे’।

महाराष्ट्र में उत्तर प्रदेश के अखाड़े के चार साधुओं पर हमले का मामला गरमाया

महाराष्ट्र के भाजपा-शिवसेना (शिंदे) की सरकार राज्य के सांगली क्षेत्र में चार साधुओं पर हमले की घटना के बाद विपक्ष, खासकर शिवसेना (उद्धव) के निशाने पर आ गयी है। अब यह मामला गरमा गया है क्योंकि पुलिस का कहना है कि उसे इस घटना की कोई जानकारी ही नहीं है। साधु उत्तर प्रदेश के एक अखाड़े के सदस्य बताये गए हैं।

यह घटना मंगलवार की है। रिपोर्ट्स में बताया गया है कि सांगली जिले में भीड़ ने साधुओं पर तब हमला कर दिया जब उनपर बच्चा चोर होने का शक जताया गया। हमले में चार साधु बुरी तरह घायल हो गए हैं। इस हमले का एक वीडियो वायरल हो गया जिसके बाद यह घटना सामने आई।

सांगली के लवाना गांव के इस वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि भीड़ लाठियों से लैस है और एक दुकान के बाहर साधुओं की पिटाई कर रही है। उधर पुलिस ने इस तरह की किसी घटना के होने पर कहा कि उसे इस बारे में कोई सूचना नहीं मिली है।

याद रहे 2020 में पालघर में साधुओं की हत्या के मामले में तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर भाजपा ने तब जबरदस्त हमला किया था और लगातार इस मुद्दे तो उठाया था। अब उसी के राज में यह घटना हो गयी है तो उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में शिवसेना ने सरकार को घेरा है। उसने उससे कार्रवाई करने की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि उसे कोई शिकायत या औपचारिक रिपोर्ट नहीं मिली है, हालांकि, वायरल वीडियो को वह देख रही है और तथ्यों की पुष्टि कर रही है। पुलिस के मुताबिक जरूरी कार्रवाई की जाएगी।

सरबजीत सिंह की पत्नी की सड़क हादसे में हुई मौत

वर्ष 2013 में लाहौर की जेल में मारे गए सरबजीत सिंह की पत्नी सुखप्रीत कौर की सड़क हादसे में मौत हो गई है। सूत्रों के अनुसार सुखप्रीत कौर दोपहिया वाहन पर यात्रा कर रही थीं। सुखप्रीत अमृतसर के पास फतेहपुर गांव में गलती से वाहन से गिर गई और उन्हें घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।

बता दें सुखप्रीत का अंतिम संस्कार आज उनके गांव भिखीविंड में किया जाएगा। सरबजीत की पत्नी से पहले इसी साल उनकी बहन दलबीर कौर का निधन दिल का दौरा पड़ने से हुआ था।

आपको बता दें, सरबजीत सिंह पाकिस्तान के सीमावर्ती गांव भीखीविंड का रहने वाला था और वर्ष 1990 में नशे की हालत में गलती से पाकिस्तान चला गया था और पाकिस्तान में उसे मंजीत सिंह की नकली पहचान पर बम विस्फोट मामले में कथित रूप से सजा बनाई गई थी।

1 अप्रैल 2008 में सरबजीत सिंह को फांसी की सजा सुनाई गई थी। किंतु अंतरराष्ट्रीय दबाव के चलते उसकी फांसी अनिश्चित काल के लिए टाल दी गई थीं। वर्ष 2013 में सरबजीत सिंह पर उनके साथी जेल कैदियों ने लाहौर जेल में उन पर हमला किया और 1 मई 2013 को लाहौर के जिन्ना अस्पताल में उनकी मृत्यु हो गई थी।

हरियाणा के कैथल में मिला आईईडी व अन्य विस्फोटक सामग्री

हरियाणा के कैथल में दहशत फैलाने वाली एक बड़ी साजिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया है। पुलिस ने लोहे के एक बड़े बक्से में रखे एक किलो से ज्यादा आईईडी बरामद किए है और बम निरोधक दस्ते ने विस्फोटक को निष्क्रिय किया। पुलिस ने इलाके को सील कर दिया है।

इसकी गुप्त सूचना हरियाणा पुलिस स्पेशल टास्क फोर्स को मिली थी। पुलिस ने कहा है कि आईईडी आरडीएक्स से भरा हुआ था और कांची चौक के एक गांव में सड़क किनारे से बरामद किया गया था।

पुलिस का कहना है कि इलाके को पूरी तरह से सील कर दिया गया है और बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया है जिसने विस्फोटक को निष्क्रिय कर दिया है। साथ ही विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

आपको बता दें, एसटीएफ ने पिछले कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद के पास से करीब 1.3 किलोग्राम आरडीएक्स से भरा एक आईईडी बरामद किया था। और मई के महीने में हरियाणा पुलिस ने करनाल से चार लोगों को गिरफ्तार किया था साथ ही उनके कब्जे से 2.5-2.5 किलोग्राम वजन की तीन आर्इर्इडी व एक पिस्तौल जब्त किया गया था।

ज्ञानवापी मामला: कोर्ट हिंदु पक्ष की याचिका पर सुनवाई को तैयार

ज्ञानवापी परिसर स्थित मां श्रृंगार गौरी की नियमित दर्शन-पूजन की मांग को लेकर दायर याचिका सुनवाई योग्य है या नहीं इस पर वाराणसी की अदालत में आज सुनवाई हुई और हिंदुओं के पक्ष में फैसला आया हैं। अदालत ने इसे सुनवाई योग्य माना है। चूंकि ज्ञानवापी मामला पिछले काफी समय से सुर्खियों में बना हुआ था इसलिए प्रशासन ने नगर में धारा 144 लागू कर दी है।

वाराणसी की अदालत में इस याचिका को पांच हिंदू महिलाओं ने दायर की थी, जिसमें इन्होंने मांग की थी कि उन्हें ज्ञानवापी मस्जिद के परिसर के अंदर स्थित श्रृंगार गौरी स्थल की पूजा करने की अनुमति की मांग की गई थी। किंतु उनकी मांग पर मुस्लिम समुदाय ने कड़ा विरोध जताया था।

मुस्लिम समुदाय व मस्जिद प्रशासन ने कहा है कि ज्ञानवापी मस्जिद की संपत्ति वक्फ बोर्ड के स्वामित्व में है और इस मामले को अदालत के समक्ष नहीं सुना जा सकता, केवल वक्फ बोर्ड को ही इस विवाद पर फैसला करने का अधिकार है। और लगभग 21 दिनों तक चली इस बहस पर अदालत अपना फैसला सुनाएगी।

आपको बता दें, आज की सुनवाई से पहले वाराणसी जिला न्यायाधीश अजय कृष्ण विश्वेश ने 24 अगस्त को दोनों पक्षों की दलीलों को सुना था और फैसले को सुरक्षित रखने का फैसला किया था, इसी फैसले की घोषणा आज होने की उम्मीद है।

19 मई 2022 को ज्ञानवापी मस्जिद के वीडियो सर्वेक्षण की रिपोर्ट अदालत को सौंपी गई थी, जिसमें मस्जिद के परिसर के अंदर एक संरचना, कथित तौर पर एक शिवलिंग को दिखाया गया था। साथ ही हिंदू पुराणों के अनुसार काशी में विशालकाय मंदिर में आदि लिंग के रूप में अविमुक्तेश्वर स्थापित हैं।

किंतु मस्जिद के अधिकारियों ने शिवलिंग के संबंध में हिंदू याचिकाकर्ताओं के दावों को लेकर कहा था कि यह सरंचना एक फव्वारा था और कुछ नहीं। बता दे हिंदू पक्ष द्वारा किए गए कई बिंदुओं पर दिए गए तर्क पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा अदालत में एक रिपोर्ट पेश करेंगे।

गोवा सीएम प्रमोद सावंत ने कहा, सोनाली फोगाट की हत्या की जांच सीबीआई को सौंपी जाएगी

भाजपा नेता सोनाली फोगाट की हत्या के मामले में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा है कि इस मामले को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपा जाएगा। सावंत ने कहा कि, “हम मामले को सीबीआई को ट्रांसफर कर रहे हैं, राज्य पुलिस पर पूरा भरोसा है किंतु सोनाली फोगाट के परिवार की लगातार मांग के चलते मामला सीबीआई को सौंपा जाएगा। और इसके लिए मैं गृह मंत्री को पत्र लिखूंगा।“

सर्व जातीय खाप महापंचायत ने रविवार को भाजपा नीत सरकार को पार्टी की नेता की मौत के मामले में 23 सितंबर तक सीबीआई की जांच की सिफारिश करने का अल्टीमेटम दिया था।

हिसार के जाट धर्मशाला में महापंचायत का आयोजन किया गया और महापंचायत में निर्णय हुआ कि अगर सरकार मामले की सीबीआई से जांच कराने में विफल रहती है तो 24 सितंबर को ऐसी ही एक और बैठक आयोजित की जाएगी। और इस बैठक में पूरी हरियाणा और अन्य राज्यों के खाप प्रतिनिधि 24 सितंबर को इस बैठक में भाग लेने के साथ कड़ा निर्णय लेंगे।

सोनाली फोगाट की मौत के मामले में जांच गोवा पुलिस कर रही है हिसार, रोहतक और गुरुग्राम सहित हरियाणा में भी छानबीन की गई है किंतु फोगाट का परिवार गोवा पुलिस की जांच से असंतुष्ट है और लगातार सीबीआई से जांच की मांग कर रहा है।

आपको बता दें, 43 वर्षीय भाजपा नेता और टिक टॉक स्टार सोनाली फोगाट अगस्त के अंत में गोवा पहुंची। गोवा पहुंचने के एक दिन बाद 23 अगस्त को उत्तरी गोवा जिले के एक अस्पताल में उन्हें मृत अवस्था में लाया गया था। हत्या के मामले में पुलिस ने सुधीर सांगवान, सुखविंदर सिंह और तीन अन्य को गिरफ्तार किया है।

एनआईए की देश के पांच राज्यों में 60 जगहों पर छापेमारी जारी

देश के पांच राज्यों में गैंगस्टर से आतंकी कनेक्शन के मामले में 60 अलग-अलग जगहों पर एनआईए की छापेमारी चर रही हैं। सूत्रों के अनुसार बताया जा रहा है कि यह गिरोह देश-विदेश के साथ भारतीय जेलों में भी सक्रिय हैं।

गोल्डी बरार सहित कई गैंगस्टर विदेशों से सक्रिय हैं और इस मामले में एनआईए के शीर्ष अधिकारियों ने हरियाणा और पंजाब पुलिस के अधिकारियों से मुलाकात भी की थी।

बता दें हरियाणा के यमुनानगर में गैंगस्टर काला राणा के घर पर एनआईए की टीम पहुंची है उनके माता-पिता से पूछताछ जारी है। साथ ही मजीठा रोड पर गैंगस्टर शुभम के घर भी एनआईए की रेड हो रही है उनके घर की तलाशी ली जा रही है वहीं पंजाब के मुक्तसर में गोल्डी बरार के घर पर और गुरदासपुर में जग्गू भगवानपुरिया के घर पर रेड जारी है और यह दोनों ही सिद्धू मूसेवाला केस में आरोपी भी हैं।

एनआईए ने लॉरेंस बिश्नोई और नीरज बवाना गैंग सहित 10 गैंगस्टर पर केस दर्ज कर जांच शुरू की थी और उन पर यूएपीए की धारा भी लगाई गई है। अब उनके ठिकानों पर छापेमारी कार्रवाई की जा रही है।

आपको बता दें, इन दिनों आईएसआई और खालिस्तानी आतंकियों के संबंध गैंगस्टर के साथ बढ़ते जा रहे है। और इस संबंध में खुफिया इनपुट भी मिले थे। सूत्रों के अनुसार लारेंस बिश्नोई पाकिस्तान में बैठे खालिस्तानी आतंकी हरविंदर सिंह रिंडा का करीबी भी है।

शशि थरूर समेत अन्य पांच सांसदों ने पार्टी अध्यक्ष के चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर जताई चिंता

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर समेत पार्टी के अन्य पांच लोकसभा सांसदों ने पार्टी अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर चिंता व्यक्त की है। और केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण (सीईए) के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री से आग्रह किया है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीस) के निर्वाचक मंडल की सूची मतदान में हिस्सा लेने वालों और संभावित उम्मीदवारों को नामांकन की प्रक्रिया शुरू होने से पहले प्रदान की जाए।

इन पांच नेताओं में से दो सांसद ‘जी23’ समूह के है। इन नेताओं में पार्टी सांसद शशि थरूर, मनीष तिवारी, कार्ति चिदंबरम, प्रद्धुत बारदोलोई और अब्दुल खालिक ने 6 सितंबर को मिस्त्री को पक्ष लिखकर यह आग्रह किया है। इन सभी सांसदों ने पहले यह सूची सार्वजनिक करने का आग्रह किया था किंतु मिस्त्री ने साफ इंकार कर दिया था।

वहीं अब इन सांसदों ने अपने पत्र में कहा कि उनके कहने का मतलब यह नहीं हैं कि पार्टी के किसी भी आंतरिक दस्तावेज को ऐसे ढंग से जारी किया जाए कि इसका किसी भी प्रकार से दुरुपयोग किया जा सके। उन्होंने पत्र मे कहा कि, हमारी यह राय है कि अध्यक्ष के चुनाव की नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से पहले प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्वाचक मंडल की सूची मतदान में हिस्सा लेने वाले मतदाताओं और संभावित उम्मीदवारों को प्रदान की जाए।“

आपको बता दें, कांग्रेस द्वारा घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 22 सितंबर को पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव की अधिसूचना जारी होगी, और 24 सितंबर से नामांकन दाखिल किए जाने की उम्मीद है। और यदि एक से अधिक उम्मीदवार हुए तो 17 अक्टूबर को मतदान होगा।