उपचुनाव में कांग्रेस-टीएमसी ने 2 -2 सीटें जीतीं, एक आरजेडी को, भाजपा रही खाली हाथ  

एक लोकसभा और चार विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की शनिवार को हुई मतगणना में कांग्रेस और टीएमसी ने क्रमशः 2 -2 सीट जीत ली हैं जबकि आरजेडी को एक सीट मिली है। भाजपा की झोली खाली रही है। बंगाल की लोकसभा सीट पर  शत्रुघ्न सिन्हा बड़े अंतर से चुनाव जीत गए हैं।

कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र, टीएमसी ने दोनों बंगाल और आरजेडी ने बिहार में  एक सीट जीती है। बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट पर टीएमसी के लिए शत्रुघ्न सिन्हा और बालीगंज विधानसभा सीट पर टीएमसी के ही बाबुल सुप्रियो बड़े अंतर से जीत गए हैं। बिहार के बोचहां विधानसभा सीट पर राजद के अमर पासवान विजयी हुए हैं।

महाराष्ट्र की कोल्हापुर नॉर्थ सीट से कांग्रेस उम्मीदवार जयश्री जाधव ‌ने भाजपा के सत्यजीत कदम को करीब 19,000 वोटों से बड़ी शिकस्त दी। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ विधानसभा सीट पर भी कांग्रेस उम्मीदवार यशोदा वर्मा 19 हजार से ज्यादा वोटों से जीत गयी हैं। यह सीट जनता कांग्रेस के विधायक देवव्रत सिंह के निधन के बाद खाली हुई थी।

बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट पर शत्रुघ्न सिन्हा ने भाजपा के अग्निमित्रा पॉल को 2 लाख 64 हजार 913 वोट के बड़े अंतर से हराया। ये सीट पिछले साल बाबुल सुप्रियो के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। सुप्रियो भाजपा छोड़ टीएमसी में शामिल हो गए थे।

बालीगंज विधानसभा सीट से बाबुल सुप्रियो ने भाजपा की केया घोष और माकपा की  सायरा शाह को हराया। यह सीट पर पूर्व विधायक और राज्य के मंत्री रहे सुब्रत मुखर्जी के निधन के बाद खाली हुई थी।

बिहार की बोचहां विधानसभा सीट पर राजद के अमर पासवान ने भाजपा की बेबी कुमारी को 36,653 वोटों से हराया। यह सीट विधायक मुसाफिर पासवान के निधन के बाद खाली हुई थी।