Home Blog Page 437

आखिरी टी20 मैच बारिश के बाद टाई घोषित, भारत ने न्यूजीलैंड से 1- 0 से जीती सीरीज

न्यूजीलैंड गयी भारत की टीम ने टी-20 की सीरीज 1-0 से जीत ली है। तीसरा और अंतिम मैच बारिश के कारण पूरा न होने के बाद उसे टाई घोषित कर दिया गया जिसके बाद सीरीज पर भारत का कब्ज़ा हो गया।

तीसरे मैच में कप्तान केन विलियमसन के नहीं खेलने के कारण टिम साउदी को न्यूजीलैंड का कप्तान बनाया गया था। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और पूरी पारी 19.4 ओवर में 160 रन पर सिमट गई।

भारतीय टीम 161 रन के लक्ष्य के साथ मैदान में उत्तरी हालांकि, उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही और 4 विकेट जल्दी आउट हो गए। ईशान किशन, ऋषभ पंत, श्रेयस अय्यर और सूर्यकुमार यादव आज नहीं चले।

भारत के जब 4 विकेट पर 75 रन के स्कोर पर था तभी बारिश शुरू हो गयी। बारिश रुकने की संभावना नहीं होने को देखते हुए मैच को ‘टाई’ घोषित कर दिया गया। इस तरह टीम इंडिया सीरीज जीतने में कामयाब रही।

याद रहे भारतीय टीम की कप्तानी हार्दिक पांड्या कर रहे थे क्योंकि ज्यादातर सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया गया था। इनमें विराट कोहली, रोहित शर्मा भी शामिल हैं। अब भारतीय टीम 3 वनडे मैच कीवी टीम के साथ खेलेगी जिसमें भारत की कप्तानी शिखर धवन के हाथ रहेगी।

दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए  ‘आप’ कल से करेगी 1000 नुक्कड़ नाटक व मैजिक शो

दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (आप) बुधवार से दूसरे चरण के प्रचार करेगी। इस प्रचार के दौरान आप मतदाताओं को लुभाने के लिए पार्टी के स्टार प्रचारक दो दिसंबर तक 1000 नुक्कड़ सभाएं, नुक्कड़ नाटक, गिटार शो और मैजिक शो करने जा रही हैं।

आप की दिल्ली इकाई के संयोजक गोपाल राय ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि, पहले चरण में “एमसीडी में भी केजरीवाल” अभियान चलाया जिसमें चुनाव प्रचार में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने महानगर के स्कूलों और अस्पतालों में सुधार के तरीके के बारे में बताया।

उन्होंने आगे कहा कि, जबकि दूसरे चरण में “केजरीवाल की सरकार, केजरीवाल का पार्षद” अभियान की शुरूआत की जाएगी। और एमसीडी में आप के आने के बाद काम का स्तर समान होगा, उसमें किसी भी प्रकार की कमी नहीं होगी।

आपको बता दें, एमसीडी के चुनाव के लिए मतदान चार दिसंबर को होगा और मतगणना सात दिसंबर को की जाएगी।

सुप्रीम कोर्ट का केंद्र से सवाल, 2007 के बाद सीईसी के कार्यकाल में कटौती क्यों हो रही?

सर्वोच्च न्यायालय ने मंगलवार को केंद्र सरकार से पूछा है कि 2007 के बाद मुख्य चुनाव आयुक्तों (सीईसी) के कार्यकाल में कटौती क्यों की गई है ? सर्वोच्च अदालत ने कहा कि हमने ये चीज यूपीए सरकार के तहत और वर्तमान सरकार के तहत भी देखी है।

चुनाव आयोग के कामकाज में पारदर्शिता को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान सर्वोच्च न्यायालय की पांच जजों की संविधान पीठ ने याचिका को लेकर केंद्र से और भी काफी सवाल किये। अदालत ने कहा कि भारतीय निर्वाचन आयोग के सदस्यों की नियुक्ति में संसद को सुधार लाने की जरूरत है। ये चुनाव आयोग के कामकाज और मुख्य चुनाव आयुक्त की स्वतंत्रता को भी प्रभावित करता है।

बेंच ने सरकार से जानना चाहा कि साल 2007 के बाद से सभी मुख्य चुनाव आयुक्तों के कार्यकाल में कटौती क्यों की गई है जबकि 1991 के अधिनियम के तहत पद धारण करने वाले अधिकारी का कार्यकाल छह साल का है। इसके परिणामस्वरूप कई मुख्य चुनाव आयुक्त अपने सोचे गए कार्यों को पूरा करने में असमर्थ हैं।

न्यायमूर्ति केएम जोसेफ, अजय रस्तोगी, अनिरुद्ध बोस, हृषिकेश रॉय और सीटी रविकुमार की 5 जजों की संविधान पीठ ने सरकार से सुनवाई के दौरान कई सवाल पूछे। अदालत ने यह भी जानना चाहा कि सरकार अदालत को बताए कि क्या उसने कभी इस संबंध में किसी कानून पर विचार किया है या नहीं ?

असम-मेघालय सीमा पर 5 लोगों की गोली मारकर हत्या, 7 जिलों में इंटरनेट बंद

असम-मेघालय बॉर्डर पर मंगलवार सुबह पुलिस ने लकड़ी की तस्करी कर रहे एक ट्रक को रोका गया जिसके बाद झड़प हुई और इस झड़प में एक फॉरेस्ट गॉर्ड समेत छह लोगों की मौत हो गर्इ। इस घटना के बाद से मेघालय  सरकार ने 7 जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवा अगले 48 घंटे के लिए बंद कर दी हैं।

बता दें जिन जिलों में इंटरनेट सेवा बंद की गई उसमे वेस्ट जैंतिया हिल्स, ईस्ट जैंतिया हिल्स, ईस्ट खासी हिल्स, रीभोई, ईस्टर्न वेस्ट खासी हिल्स, वेस्ट खासी हिल्स और साउथ वेस्ट खासी हिल्स शामिल हैं।

मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने कहा है कि इस घटना में मेघालय के पांच और असम के एक वन रक्षक सहित कुल छह लोगों की मौत हो गई है घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि मेघालय पुलिस की ओर से प्राथमिकी दर्ज कर जांच की गई और घटना की मजिस्ट्रियल जांच शुरू की जाएगी। मैंने असम के सीएम से इस घटना के बारे में बात की है उन्होंने सहयोग का आश्वासन दिया है।

 

नया आर्मी चीफ बनने दो, उसके बाद हम इमरान खान से निपट लेंगे: पाक रक्षा मंत्री

पाकिस्तान में नया विवाद खड़ा हो गया है। वहां के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने धमकी दी है कि कि देश में नए सेनाध्यक्ष की नियुक्ति होते ही पूर्व पीएम इमरान खान से निपट लिया जाएगा। उनकी इस धमकी के बाद देश में बवाल मच गया है।

रक्षा मंत्री आसिफ ने इस विवादित बयान में कहा – ‘पाकिस्तान सेना में नए प्रमुख की नियुक्ति हो जाने दें। उसके बाद इमरान खान से निपटा जाएगा। पाकिस्तान में नए आर्मी चीफ की नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी कर ली जाएगी।’

वहां के एक स्थानीय अखबार ने रक्षा मंत्री को उद्दत करते हुए कहा – ‘नया आर्मी चीफ चुनने की प्रक्रिया दो-तीन दिन में पूरी हो जाएगी। फिर सारा उत्साह खत्म हो जाएगा।  उसके बाद हम इमरान खान से निपटेंगे।’

याद रहे हाल में इमरान खान पर जानलेवा हमला हुआ था जिसके बाद उनकी पार्टी तहरीक-ए-इन्साफ ने देश भर में विरोध प्रदर्शन किये थे। खुद इमरान खान ने राजनीति और सेना के दो बड़े लोगों का नाम लेकर उनकी हत्या की साजिश का आरोप लगाया था।

एफएसएल रिपोर्ट : मोरबी हादसा ओरेवा और निगम के भ्रष्टाचार, लापरवाही के कारण हुआ

एफएसएल की रिपोर्ट में मोरबी पुल हादसे को लेकर गंभीर खुलासे किये गए हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि यह हादसा ओरेवा और नगर निगम के भ्रष्टाचार और आपराधिक लापरवाही को उजागर करता है।

रिपोर्ट के मुताबिक ओरेवा समूह, जिसके पास पुल के रखरखाव, संचालन और सुरक्षा का ठेका था की तरफ से पुल ढहने वाले दिन (30 अक्टूबर) को 3,165 टिकट जारी किए गए थे। रिपोर्ट में कहा गया है कि इसकी भार वहन क्षमता का आकलन कभी नहीं किया गया।

एफएसएल की इस रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि कंपनी ओरेवा के रखे गए गार्ड और टिकट कलेक्टर दिहाड़ीदार मजदूर थे। सुरक्षा प्रोटोकॉल के बारे में गार्ड को कभी नहीं बताया गया और पुल पर कितने लोगों को अनुमति दी जानी चाहिए। यही नहीं केबलों में जंग लग गई थी और एंगल टूट गए थे। केबल को एंकरों से जोड़ने वाले बोल्ट तक ढीले पड़ चुके थे।

याद रहे इस हादसे में 135 से ज्यादा लोगों की जान चली गई थी। पुलिस ने मोरबी पुल का प्रबंधन करने वाले ओरेवा समूह के चार लोगों सहित 9 लोगों को 31 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। पुल के रखरखाव तथ्ज्ञा संचालन का काम करने वाली कंपनियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पोर्नोग्राफी मामले में राज कुंद्रा के खिलाफ मुंबई साइबर क्राइम पुलिस ने की चार्जशीट दायर

बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा पर महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने एक बार फिर से पोर्नोग्राफी मामले में चार्जशीट दाखिल की है। इसमें राज कुंद्रा के साथ शर्लिन चोपड़ा, पूनम पांडे, मीता झुनझुनवाला, राजू दुबे के अलावा अन्य भी नाम शामिल हैं।

महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने इस मामले में 450 पन्नों की चार्जशीट दायर की है और दावा किया है कि राज कुंद्रा अश्लील फिल्में शूट करके ओटीटी को बेचकर उनसे कमाई की थी।

वहीं दूसरी तरफ राज कुंद्रा के वकील प्रशांत पाटिल ने इस पर हैरानी जताई है और बताया कि, मीडिया रिपोर्ट से पता चला है कि मुंबर्इ साइबर क्राइम ने माननीय न्यायालय के समक्ष ये आरोप पत्र दाखिल किया है। और हम कानून की उचित प्रक्रिया का पालन करने के लिए न्यायालय के समक्ष उपस्थित होंगे।

एक बातचीत के दौरान प्रशांत पाटिल ने कहा कि अश्लील सामग्री के मामले में राज कुंद्रा का कोई हाथ नहीं था और वे न्याय के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। और मेरे मुवक्किल राज कुंद्रा का उक्त अपराध से कोई भी लेना-देना नहीं है।

आपको बता दें, वर्ष 2021 में मुंबई पुलिस ने चार्जशीट दायर की थी। इसके बाद सितंबर में एक और चार्जशीट दायर की गर्इ। इस अश्लील रैकेट का मामला उस वक्त सामने आया जब पुलिस ने मुंबई के मड आइलैंड स्थित राज कुंद्रा के बंगले पर छापेमारी की और फिर राज कुंद्रा को गिरफ्तार किया गया था।

कोलंबिया प्लेन क्रैश: इमारत से टकराया एक छोटा विमान, आठ लोगों की मौत

कोलंबिया के बोगोटा में सोमवार को आठ लोगों को ले जा रहा एक छोटा विमान कोलंबिया के दूसरे सबसे बड़े शहर मेडेलिन के रिहायशी इलाके में विमान एक घर की ऊपरी मंजिल से टकराने की वजह से दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार सभी 8 लोगों की मौत हो गर्इ हैं।

इस विमान ने सुबह के समय ओलाया हेरेरा से एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी और हादसा होने से पहले पायलट ने इंजन में खराबी की सूचना भी दी थी किंतु वह हादसे को टालने में असमर्थ रहे।

एयरपोर्ट अथॉरिटी ने ट्वीट कर जानकारी दी कि, “जो विमान हादसे का शिकार हुआ है उसमें कुल आठ लोग जिनमें 6 यात्री और दो चालक थे, इन सभी की इस हादसे में मौत हो गर्इ हैं, जबकि जिस मकान में यह टकराया उसके अंदर रहने वाले किसी भी शख्स के घायल होने या मारे जाने की सूचना नहीं मिली हैं।“

वहीं मेयर डेनियल क्विन्टेरो ने ट्वीट कर लिखा कि, ‘बेलेन रोसेल्स सेक्टर में एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। पीड़ितों की सहायता के लिए सरकार ने पूरी ताकत लगा दी है यह विमान दो इंजन वाला पाइपर था जो मेडेलिन से चोको में पिजारो नगर पालिका की ओर जा रहा था। मेडेलिन में दो में से एक विमान ने उड़ान भरने पर इंजन की विफलता का संकेत दिया लेकिन ओलाया हेरेरा हवार्इ अड्डे पर लौटने का प्रबंधन नहीं हो सका। ’

श्रद्धा हत्याकांड: अदालत ने आफताब की चार दिन बढ़ाई पुलिस रिमांड

दिल्ली की एक अदालत ने मंगलवार को श्रद्धा वाकर हत्याकांड के आरोपी आफताब पूनावाला की हिरासत के चार दिन और बढ़ा दिए हैं। साथ ही अदालत ने दिल्ली पुलिस द्वारा पॉलीग्राफ टेस्ट कराने को भी मंजूरी दे दी है।

बता दें आफताब पूनावाला और श्रद्धा दोनों लिव-इन पार्टनर थे। आफताब ने कोर्ट में बोला, “मैंने जो भी किया, गुस्से में किया…”

आपको बता दें, श्रद्धा मुंबई की रहने वाली थी और लिव-इन-रिलेशनशिप में आफताब के साथ मुंबई में ही रहती थी लेकिन बाद में दोनों दिल्ली शिफ्ट हो गए थे। पुलिस के अनुसार आफताब ने इसी वर्ष मई के महीने में दिल्ली के महरौली में श्रद्धा की गला घोटकर हत्या की और फिर उसके शरीर के 35 टुकड़े कर दिए थे।

मई में श्रद्धा की हत्या करने के बाद आफताब उसकी बॉडी को रखने के लिए अगले ही दिन 300 लीटर का फ्रिज खरीद कर लाया था। और लगातार 18 दिन तक प्रत्येक रात करीब दो बजे श्रद्धा के शरीर के हिस्सों को ठिकाने लगाने के लिए अलग-अलग स्थानों पर जाता था।

इंडोनेशिया में भूकंप में बड़े पैमाने पर नुकसान, 50 से ज्यादा लोगों की मौत

इंडोनेशिया में सोमवार को आये भूकंप में बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। शुरुआती ख़बरों में 50 से ज्यादा लोगों की मौत हो गयी है जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा भूकंप से बड़े पैमाने पर इमारतों और निजी संपत्ति को नुकसान  पहुंचा है। सियानजुर में आये इस भूकंप की तीव्रता 5.6 थी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। भूकंप इंडोनेशिया के मुख्य द्वीप जावा में आया है। पश्चिमी जावा के सियानजुर इलाके के स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों के मुताबिक कई दर्जन लोग मारे गए हैं, हजारों घर तबाह हो गए हैं।

इंडोनेशिया के इस भूकंप के मीडिया प्लैटफॉर्म्स पर आये वीडियो देखने से जाहिर होता है कि वहां बड़े स्तर पर तबाही हुई है। इनमें इंडोनेशिया के सियानजुर में 5.6 की तीव्रता से आए भूकंप के बाद नुकसान को दिखाया जा रहा है। अस्पतालों में घायलों का इलाज चल रहा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक ग्रामीण इलाके में भूकंप ने ज्यादा तबाही मचाई है। कई जगह  घर और दुकानें तबाह हो गयी हैं और लोग बेघर हो गए हैं। कई जगह सड़कों में दरारें आ गयी हैं।