Home Blog Page 436

श्रद्धा ने दो साल पहले की थी पुलिस से शिकायत, आफताब उसे टुकड़े-टुकड़े करने की रच रहा था साजिश

श्रद्धा वालकर मर्डर केस में बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। श्रद्धा ने पालघर जिले की तुलिंज पुलिस से लिखित शिकायत में आफताब अमीन पूनावाला के खिलाफ दो साल पहले उसके टुकड़े-टुकड़े कर देने की आशंका जताई थी। श्रद्धा ने पुलिस को एक शिकायती पत्र लिखकर आफताब के करतूत की पूरी जानकारी दी थी।

इस पत्र में आफताब के माता-पिता पर भी सवाल खड़े किए गए हैं कि उन्हें सब कुछ पता था। पत्र में लिखा है कि, “मैं श्रद्धा विकास वालकर आफताब के खिलाफ शिकायत देती हूं कि वो मेरे साथ बदसलूकी करता है, मुझे मारता है। आज उसने मेरी जान लेने की कोशिश की। गला दबाने की कोशिश की, उसने मुझे डराया और ब्लैकमेल किया वो मुझे मार देगा और मुझे टुकड़ो में काट देगा और कही दूर फेंक आएगा। ”

शिकायत में श्रद्धा ने कहा था कि आफताब उसके साथ पिछले 6 महीने से मारपीट कर रहा हैं, लेकिन मेरे में पुलिस के पास जाने की हिम्मत नहीं है, क्योंकि उसने मुझे जान से मारने की धमकी दी है। श्रद्धा ने शिकायत में यह भी लिखा था कि आफताब के माता-पिता को भी पता है कि वो मेरे साथ मारपीट करता है और जान से मारने की कोशिश की है। आफताब के माता-पिता को यह पता है कि हम दोनों साथ में रहते हैं और वे वीकएंड पर आते भी हैं। और वो अभी भी आफताब के साथ रहती हैं।

श्रद्धा ने पत्र में लिखा कि, हम जल्दी ही शादी करने वाले थे और इसके लिए आफताब के माता-पिता भी राजी थे। हालांकि, अब उसके साथ रहने की मेरी कोई इच्छा नहीं है, इसलिए वो किसी भी समय मुझे नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर सकता है। वो मुझे ब्लैकमेल कर रहा है। मैं उसे कहीं भी दिख गयी तो वो मुझे नुकसान पहुंचाने का मौका नहीं छोड़ेगा, वो मुझे मार देगा।“

असम-मेघालय हिंसा: कब तक चलता रहेगा ये अन्याय? – टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी

तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद अभिषेक बनर्जी ने मंगलवार को असम-मेघालय की सीमा पर हुई हिंसा पर दुख जताते हुए कहा कि, यह घटना मेघालय सरकार की “अयोग्यता” को दर्शाती है। वेस्ट कार्बी आंगलोंग जिले में हुई इस हिंसा में एक वनकर्मी समेत छह लोगों की मौत हो गई थी।

अभिषेक बनर्जी ने सीमा पर हुई इस घटना पर अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए ट्वीट कर कहा कि, “मेघालय के मुक्रोह में हुई बेहद दुर्भाग्यपूर्ण गोलीबारी की घटना से मैं स्तब्ध और बेहद दुखी हूं, जिसमें असम के पांच निर्दोष नागरिकों और एक वन रक्षक की जान चली गई। ”

उन्होंने आगे कहा कि, कब तक सीएम @SangmaConrad @himantabiswa को मेघालय को हल्के में लेने देंगे? कब तक मेघालय के लोगों को डर और असुरक्षा में रहना चाहिए। कब तक यह अन्याय चलेगा। आज की घटना एमडी (मेघालय डेमोक्रेटिक एलायंस) सरकार की अक्षमता को उजागर करती है, अपने ही लोगों को विफल कर रही हैं। “

बता दें पार्टी ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि, “तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री मुकुल संगमा ने जोवाई सिविल अस्पताल में मुकरोह गोलीकांड में जीवित बचे लोगों और मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें पूरा समर्थन देने का आश्वासन दिया हैं।“

पार्टी ने ट्वीट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को टैग कर कहा कि, मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा, जिनकी पार्टी भाजपा की सहयोगी है, ने शिकायत की कि असम पुलिस और वन रक्षकों ने मेघालय में प्रवेश किया और अकारण फायरिंग को सहारा लिया।“

आपको बता दें, असम के वन रक्षकों द्वारा कथित तौर पर अवैध रूप से काटी गई लकड़ी से लदे एक ट्रक को रोके जाने के बाद हुई हिंसा में एक वन रक्षक सहित छह लोगों की मौत हो गई थी। मारे गए छह लोगों में पांच मेघालय के निवासी थे और एक असम फॉरेस्ट गार्ड है।

वहीं असम पुलिस के अधिकारियों ने दावा किया है कि ट्रक को वन विभाग की टीम द्वारा राज्य के पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिले में रोका गया था और मेघालय की ओर से एक भीड़ ने बाद में राज्य के वन रक्षकों और पुलिसकर्मियों पर हमला किया जिसके कारण पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी।

आज कल सद्दाम हुसैन की तरह दिखने लगे हैं राहुल गांधी- हिमंत बिस्वा सरमा

अगले माह में होने वाले गुजरात विधानसभा चुनाव में सभी पार्टियां जोर-शोर से प्रचार में जुट गर्इ हैं। सभी पार्टियों के दिग्गज नेता चुनावी मैदान में नज़र आ रहे है। इसी बीच बीते मंगलवार को असम के मुख्यमंत्री और भाजपा के नेता हिमंत बिस्वा सरमा चुनाव प्रचार के लिए एक जनसभा को संबोधित करने कुबेरनगर आए थे।

जनसभा को संबोधित करते समय सरमा ने  राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि, “राहुल गांधी इन दिनों इराक के तानाशाह सद्दाम हुसैन जैसे दिखने लगे हैं। साथ ही उन्होंने सावरकर के ऊपर टिप्पणी को लेकर भी राहुल पर नाराजगी जतार्इ।“

उन्होंने आगे कहा कि, गांधी वंशज की छवि महात्मा गांधी या सरदार पटेल जैसी होनी चाहिए न कि पूर्व इराकी राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन जैसी। अभी मैंने देखा है कि राहुल गांधी का चेहरा भी बदल गया है। वे आजकल इराक के तानाशाह सद्दाम हुसैन की तरह दिखने लगे हैं। चेहरा बदलना कोई बुरी बात नहीं है आपको अगर चेहरा बदलना ही है तो वल्लभ भाई पटेल, जवाहरलाल नेहरू या फिर गांधी जी जैसा कर लो लेकिन आपका चेहरा सद्दाम हुसैन जैसा क्यों होता जा रहा है?”

हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए आगे कहा कि, राहुल गुजरात का दौरा ऐसे करते है कि जैसे वह विजिटिंग प्रोफेसर हो उन्होंने हिमाचल प्रदेश में प्रचार भी नहीं किया। वह केवल उन ही जगहों पर जा रहे हैं जहां चुनाव नहीं हो रहे, शायद इसलिए कि वह हारने से डरते हैं।

असम के मुख्यमंत्री ने दावा किया है कि कांग्रेस के राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अभिनेत्री पूजा भट्ट, अमोल पालेकर, सुशांत सिंह जैसे अभिनेता शामिल हुए है और सरमा ने कहा कि अभिनेताओं को यात्रा में शामिल होने के लिए बॉलीवुड सितारों को पैसे दिए गए है।

आपको बता दें, गुजरात में दो चरणों में वोट डाले जाएंगे और पहले चरण में 89 सीटों पर वोटिंग एक दिसंबर को होगी। वहीं दूसरे चरण की वोटिंग पांच दिसंबर को होगी। मतों की गिनती आठ दिसंबर को होगी।

सीमा पार युद्ध विराम तोड़ने की कोशिश की गयी तो इसका कड़ा जवाब देंगे: ले. जनरल द्विवेदी

यदि सीमा पार से संघर्ष विराम तोड़ा गया तो हम उन्हें करारा जवाब देंगे। यह बात उत्तरी सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने मंगलवार को कही। साथ ही उन्होंने कहा कि हमारी तरफ से सेना हमेशा यह सुनिश्चित करने के लिए तैयार है कि संघर्ष विराम न टूटे क्योंकि यह दोनों देशों के हित में है।

द्विवेदी ने कहा कि अगस्त 2019 में अनुच्छेद 370 के प्रावधान रद्द होने के बाद केंद्र शासित प्रदेश में सुरक्षा स्थिति में एक बड़ा बदलाव आया है और आतंकवादी गतिविधियों पर काफी हद तक नियंत्रण किया गया है। उन्होंने पुंछ लिंक-अप डे की प्लेटिनम जयंती के मौके पर यह सब बातें कहीं। त्रिवेदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में करीब 300 आतंकी मौजूद हैं, लेकिन हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि वे कोई गतिविधि नहीं कर पाएं।

उन्होंने कहा कि हमारे आंकड़ों के अनुसार, 82 पाकिस्तानी आतंकवादी और 53 स्थानीय आतंकवादी भीतरी इलाकों में सक्रिय हैं, जबकि चिंता का विषय उन 170 अन्य आतंकियों की आपराधिक गतिविधियां हैं, जिनकी पहचान नहीं हो सकी है।

घुसपैठ को लेकर लेफ्टिनेंट जनरल ने कहा कि करीब 160 आतंकवादी नियंत्रण रेखा के पार मौजूद हैं – जिनमें पीर पांचाल (कश्मीर घाटी) के उत्तर में 130 और पीर पांचाल के दक्षिण में 30 आतंकवादी शामिल हैं।

त्रिवेदी ने इस मौके पर कहा कि भारतीय सेना पाकिस्तान (पीओके) के कब्जे वाले कश्मीर को वापस लेने जैसे आदेश पूरा करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा – ‘भारतीय सेना पीओके को लेकर सरकार के किसी भी आदेश को पूरा करने के लिए तैयार है।’

ट्रम्प और उनके परिवार सदस्यों के खिलाफ धोखाधड़ी मामले की सुनवाई अगले साल

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, जिन्होंने कुछ दिन पहले ही राष्ट्रपति पद का अगला चुनाव लड़ने की घोषणा की है, के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले में अगले साल अक्टूबर की तारीख तय की गयी है। ट्रम्प के अलावा उनके परिवार के कुछ सदस्यों के खिलाफ भी यह मामला दर्ज है। ट्रंप ने इस मामले को राजनीति से प्रेरित बताया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक न्यूयॉर्क के अटॉर्नी जनरल ने ट्रम्प के साथ साथ उनके परिवार के अन्य सदस्यों पर भी मामला दर्ज किया है। यह धोखाधड़ी का मामला है। अब मैनहट्टन के सुप्रीम कोर्ट के जज आर्थर एंगोरोन ने मामले की सुनवाई की तारीख अगले साल 2 अक्टूबर के लिए तय की है।

इस मामले में ट्रम्प और उनके बच्चों पर आरोप है कि उन्होंने खुद को समृद्ध करने के लिए संपत्ति के मूल्य के बारे में गलत जानकारी दी थी। शीर्ष न्यूयॉर्क अभियोजक लेटिटिया जेम्स ने सितंबर में ट्रम्प, डोनाल्ड ट्रम्प जूनियर, एरिक ट्रम्प, इवांका ट्रम्प और ट्रम्प ऑर्गनाइजेशन पर मुकदमा दायर किया और आरोप लगाया कि उन्होंने ऋणदाताओं और बीमाकर्ताओं से वर्षों तक झूठ बोला।

जेम्स, जो एक डेमोक्रेट हैं, ने अनुरोध किया है कि ट्रम्प दंड में कम से कम 250 मिलियन डॉलर का भुगतान करें। साथ ही उनके परिवार को राज्य में व्यवसाय चलाने से प्रतिबंधित किया जाए। उधर ट्रंप का कहना है कि यह मुकदमा राजनीति से प्रेरित है। उन्होंने बार-बार इसे खारिज करने की कोशिश की है।

नासिक में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर तीव्रता थी 3.6, कोई नुकसान नहीं

भूकंप के झटकों का क्रम जारी है। अब बुधवार सुबह महाराष्ट्र में नासिक के पास भूकंप के झटके महसूस किये गए जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.6 थी। याद रहे इसी महीने दिल्ली में भी भूकंप के झटके भी महसूस किये गए थे।

महाराष्ट्र में भूकंप के झटकों की जानकारी देते हुए नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (एनसीएस) ने बताया कि नासिक से 89 किलोमीटर पश्चिम में सुबह करीब 4 बजे भूकंप के झटके महसूस किये गए जिनकी तीव्रता 3.6 थी।

एनसीएस के मुताबिक पृथ्वी की सतह के नीचे टेक्टोनिक प्लेटों की हलचल महसूस की गई। भूकंप की गहराई जमीन से 5 किलोमीटर नीचे थी। किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है।

याद रहे 9 नवंबर को दिल्‍ली एनसीआर में भी भूकंप के झटके महसूस किए थे। भूकंप की तीव्रता 6.3 दर्ज की गई थी जिसका केंद्र नेपाल में था। इसके बाद हिमाचल में एक हफ्ते पहले भूकंप के झटके महसूस किये गए थे।

आखिरी टी20 मैच बारिश के बाद टाई घोषित, भारत ने न्यूजीलैंड से 1- 0 से जीती सीरीज

न्यूजीलैंड गयी भारत की टीम ने टी-20 की सीरीज 1-0 से जीत ली है। तीसरा और अंतिम मैच बारिश के कारण पूरा न होने के बाद उसे टाई घोषित कर दिया गया जिसके बाद सीरीज पर भारत का कब्ज़ा हो गया।

तीसरे मैच में कप्तान केन विलियमसन के नहीं खेलने के कारण टिम साउदी को न्यूजीलैंड का कप्तान बनाया गया था। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और पूरी पारी 19.4 ओवर में 160 रन पर सिमट गई।

भारतीय टीम 161 रन के लक्ष्य के साथ मैदान में उत्तरी हालांकि, उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही और 4 विकेट जल्दी आउट हो गए। ईशान किशन, ऋषभ पंत, श्रेयस अय्यर और सूर्यकुमार यादव आज नहीं चले।

भारत के जब 4 विकेट पर 75 रन के स्कोर पर था तभी बारिश शुरू हो गयी। बारिश रुकने की संभावना नहीं होने को देखते हुए मैच को ‘टाई’ घोषित कर दिया गया। इस तरह टीम इंडिया सीरीज जीतने में कामयाब रही।

याद रहे भारतीय टीम की कप्तानी हार्दिक पांड्या कर रहे थे क्योंकि ज्यादातर सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया गया था। इनमें विराट कोहली, रोहित शर्मा भी शामिल हैं। अब भारतीय टीम 3 वनडे मैच कीवी टीम के साथ खेलेगी जिसमें भारत की कप्तानी शिखर धवन के हाथ रहेगी।

दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए  ‘आप’ कल से करेगी 1000 नुक्कड़ नाटक व मैजिक शो

दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (आप) बुधवार से दूसरे चरण के प्रचार करेगी। इस प्रचार के दौरान आप मतदाताओं को लुभाने के लिए पार्टी के स्टार प्रचारक दो दिसंबर तक 1000 नुक्कड़ सभाएं, नुक्कड़ नाटक, गिटार शो और मैजिक शो करने जा रही हैं।

आप की दिल्ली इकाई के संयोजक गोपाल राय ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि, पहले चरण में “एमसीडी में भी केजरीवाल” अभियान चलाया जिसमें चुनाव प्रचार में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने महानगर के स्कूलों और अस्पतालों में सुधार के तरीके के बारे में बताया।

उन्होंने आगे कहा कि, जबकि दूसरे चरण में “केजरीवाल की सरकार, केजरीवाल का पार्षद” अभियान की शुरूआत की जाएगी। और एमसीडी में आप के आने के बाद काम का स्तर समान होगा, उसमें किसी भी प्रकार की कमी नहीं होगी।

आपको बता दें, एमसीडी के चुनाव के लिए मतदान चार दिसंबर को होगा और मतगणना सात दिसंबर को की जाएगी।

सुप्रीम कोर्ट का केंद्र से सवाल, 2007 के बाद सीईसी के कार्यकाल में कटौती क्यों हो रही?

सर्वोच्च न्यायालय ने मंगलवार को केंद्र सरकार से पूछा है कि 2007 के बाद मुख्य चुनाव आयुक्तों (सीईसी) के कार्यकाल में कटौती क्यों की गई है ? सर्वोच्च अदालत ने कहा कि हमने ये चीज यूपीए सरकार के तहत और वर्तमान सरकार के तहत भी देखी है।

चुनाव आयोग के कामकाज में पारदर्शिता को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान सर्वोच्च न्यायालय की पांच जजों की संविधान पीठ ने याचिका को लेकर केंद्र से और भी काफी सवाल किये। अदालत ने कहा कि भारतीय निर्वाचन आयोग के सदस्यों की नियुक्ति में संसद को सुधार लाने की जरूरत है। ये चुनाव आयोग के कामकाज और मुख्य चुनाव आयुक्त की स्वतंत्रता को भी प्रभावित करता है।

बेंच ने सरकार से जानना चाहा कि साल 2007 के बाद से सभी मुख्य चुनाव आयुक्तों के कार्यकाल में कटौती क्यों की गई है जबकि 1991 के अधिनियम के तहत पद धारण करने वाले अधिकारी का कार्यकाल छह साल का है। इसके परिणामस्वरूप कई मुख्य चुनाव आयुक्त अपने सोचे गए कार्यों को पूरा करने में असमर्थ हैं।

न्यायमूर्ति केएम जोसेफ, अजय रस्तोगी, अनिरुद्ध बोस, हृषिकेश रॉय और सीटी रविकुमार की 5 जजों की संविधान पीठ ने सरकार से सुनवाई के दौरान कई सवाल पूछे। अदालत ने यह भी जानना चाहा कि सरकार अदालत को बताए कि क्या उसने कभी इस संबंध में किसी कानून पर विचार किया है या नहीं ?

असम-मेघालय सीमा पर 5 लोगों की गोली मारकर हत्या, 7 जिलों में इंटरनेट बंद

असम-मेघालय बॉर्डर पर मंगलवार सुबह पुलिस ने लकड़ी की तस्करी कर रहे एक ट्रक को रोका गया जिसके बाद झड़प हुई और इस झड़प में एक फॉरेस्ट गॉर्ड समेत छह लोगों की मौत हो गर्इ। इस घटना के बाद से मेघालय  सरकार ने 7 जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवा अगले 48 घंटे के लिए बंद कर दी हैं।

बता दें जिन जिलों में इंटरनेट सेवा बंद की गई उसमे वेस्ट जैंतिया हिल्स, ईस्ट जैंतिया हिल्स, ईस्ट खासी हिल्स, रीभोई, ईस्टर्न वेस्ट खासी हिल्स, वेस्ट खासी हिल्स और साउथ वेस्ट खासी हिल्स शामिल हैं।

मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने कहा है कि इस घटना में मेघालय के पांच और असम के एक वन रक्षक सहित कुल छह लोगों की मौत हो गई है घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि मेघालय पुलिस की ओर से प्राथमिकी दर्ज कर जांच की गई और घटना की मजिस्ट्रियल जांच शुरू की जाएगी। मैंने असम के सीएम से इस घटना के बारे में बात की है उन्होंने सहयोग का आश्वासन दिया है।