Home Blog Page 425

पीएम ने वोट डालकर रोड शो निकाला, कांग्रेस का आरोप यह आचार संहिता का उल्लंघन है

अहमदाबाद में दूसरे चरण के चुनाव में वोट डालने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘रोड शो’ करने पर देश की विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने सख्त ऐतराज जताया है। कांग्रेस ने पीएम पर आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने कहा कि वह यह मामला कानूनी तौर पर उठाएगी।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि वोट डालने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोड शो कर आचार संहिता का उल्लंघन किया है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा – ‘पीएम मोदी वोट देने के लिए निकलते हैं तो ढाई घंटे का रोड शो करते हैं। मीडिया तो मजबूरी में दिखाता है, पर चुनाव आयोग की क्या मजबूरी है?’

खेड़ा ने कहा कि जिन चैनलों ने पीएम का रोड शो लाइव दिखाया, उन्हें अपने विज्ञापन दर के हिसाब से भाजपा को बिल भेजना चाहिए। उन्होंने कहा – ‘हम ऐसी कोशिश करेंगे कि ये चुनाव खर्चे में जोड़ा जाए। चुनाव आयोग इसपर कोई संज्ञान क्यों नहीं लेता है। चुनाव आयोग शिकायत नहीं सुनता, क्योंकि वो डरा हुआ है। हम इसे जल्द ही कानूनी तौर पर उठाएंगे।’

उधर इसी मसले पर कांग्रेस नेता जगदीश ठाकुर ने कहा – ‘पीएम मोदी अभी भी प्रचार कर रहे हैं। वह मीडिया में घंटों तक छाए रहना चाहते हैं। गुजरात में भाजपा  की सत्ता जा रही है तो वह वोट की जगह अब प्रचार में जुट गए हैं। राज्य में मतदान को देखते हुए आचार संहिता लगी है। ऐसे में इस तरह से सड़कों पर उतरना आचार संहिता का उल्लंघन है।”

कांग्रेस के आरोप के बाद भाजपा ने सफाई दी है। पार्टी ने कहा – ‘जितना प्रचार उन्हें (पीएम) करना था वह कर चुके हैं।’ गुजरात भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल ने कहा – ‘ये सभी का अधिकार है कि लोगों को वोट देने के लिए जागरूक किया जाए। मोदी ने किसी से भाजपा को वोट देने के लिए नहीं कहा। उन्होंने लोगों से वोट डालने के लिए कहा। कांग्रेस को आरोप लगाने से बचना चाहिए।’

मैनपुरी लोकसभा सीट पर उपचुनाव में वोटिंग में हो रही धांधली, डीएम नहीं उठा रहे फोन- डिंपल यादव

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट पर उपचुनाव में वोटिंग में धांधली के आरोप लगाए हैं। और कहा है कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी के वोट रोकने का आरोप लगाया है।

सपा प्रत्याशी डिंपल यादव ट्वीट करके बताया कि, डीएम मैनपुरी चुनाव में धांधली की शिकायत को लेकर सपा कार्यकर्ताओं का फोन न रिसीव करने की शिकायत की हैं।

डिंपल यादव ने ट्वीट कर कहा कि, “डीएम मैनपुरी चुनाव में हो रही धांधली की शिकायत को लेकर सपा कार्यकर्ताओं के फोन को नहीं रिसीव कर रहे। संज्ञान ले चुनाव आयुक्त। ”

आपको बता दें, उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट और रामपुर, खतौली विधानसभा सीट पर मतदान डाले जा रहे हैं। वहीं इन चुनावों को लेकर ऐसा माना जा रहा है कि वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के सेमीफाइनल की तरह ही देखा जा रहा हैं और मैनपुरी सीट का रिजल्ट देश की राजनीति में सपा प्रमुख अखिलेश यादव का राजनीतिक कद तय करेगा।

गुजरात चुनाव में दूसरे चरण का मतदान जारी, 11 बजे तक पड़े 19 फीसदी वोट

पहले चरण में ज्यादा उत्साहजनक मतदान न होने के बाद गुजरात में आज दूसरे चरण का मतदान चल रहा है। इस चरण में 11 बजे तक 19 फीसदी वोट पड़े हैं। दूसरे चरण में मध्य और उत्तर गुजरात जिलों की 93 सीटों पर मतदान हो रहा है जबकि करीब 833 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस बीच कांग्रेस के एक उम्मीदवार ने आरोप लगाया है कि उनपर भाजपा के लोगों ने हमला किया और उन्हें जंगल में जाकर जान बचानी पड़ी। उधर पीएम मोदी और अमित शाह ने आज अहमदावाद में वोट डाला है।

गुजरात में दूसरे चरण के लिए वोट पड़ने जारी हैं। सुबह 11 बजे तक 19 फीसदी से कुछ ज्यादा मतदान हुआ था। मतदान से कुछ घंटे पहले बनासकांठा की आरक्षित दांता सीट से कांग्रेस प्रत्याशी कांति खराड़ी, जो विधायक भी हैं, संदिग्ध रूप से लापता हो गए थे। अब खराड़ी करीब ढाई घंटे बाद सुरक्षित मिल गए हैं। खराड़ी ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि उसके लोगों ने उनपर हमला किया।

खराड़ी ने कहा – ‘मैं अपने मतदाताओं के पास जा रहा था, तभी भाजपा उम्मीदवार लाधू पारघी के साथ लालकृष्ण बराड और उनके भाई वदनजी समेत अन्य ने हमला कर दिया। हमलावर अपने साथ तलवार और अन्य हथियार लेकर आए थे। मैंने जंगल में भागकर अपनी जान बचाई। मैंने देखा कि वहां माहौल गर्म था इसलिए मैंने वहां से लौटने का फैसला किया। जब लौट रहे थे तब भी कुछ कारों से हमारा पीछा किया।  भाजपा उम्मीदवार पारघी और दो अन्य लोग हथियारों और तलवारों के साथ आए।  हमने सोचा कि हमें बचना चाहिए, हम 10-15 किमी तक भागे। दो घंटे तक जंगल में रुके रहे।’

गुजरात चुनाव के पहले चरण में कम मतदान हुआ था। इसके लिए चुनाव आयोग ने भी गुजरात के शहरी मतदाताओं की उदासीनता की आलोचना की है। पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद में अपना वोट डाला है। दूसरे चरण में मध्य और उत्तर गुजरात जिलों की 93 सीटों के लिए 833 उम्मीदवार मैदान में हैं।

बेटी की डोनेट की किडनी आज सिंगापुर में लालू प्रसाद यादव को होगी ट्रांसप्लांट

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी नेता लालू प्रसाद यादव का आज सिंगापुर के माउंट एलिजाबेथ अस्पताल में किडनी ट्रांसप्लांट होगा। उन्हें बेटी रोहिणी आचार्य अपनी किडनी डोनेट कर रही हैं।

ऑपरेशन को लेकर रोहिणी आचार्य ने काफी ट्वीट किये हैं जिसमें उन्होंने वहां की तस्वीरें साझा की हैं। इस पर लालू की पार्टी के नेताओं और उन्हें चाहने वालों की शुभकामना सन्देश भी आ रहे हैं।

बता दें सिंगापुर में किडनी ट्रांसप्लांट के लिए पहले रोहिणी का ऑपरेशन होगा। रोहिणी ने एक फोटो ट्वीट की है जिसमें वे अस्पताल में एक बीएड पर दिख रही हैं। उनके चेहरे पर खुशी के भाव हैं। रोहिणी ने पिता के सफल ऑपरेशन के लिए जनता से शुभकामनाओं की अपील की है।

रोहिणी का शुरुआती टेस्ट पहले ही हो चुका है। लालू की दोनों किडनी 28 प्रतिशत तक ही काम कर रही हैं। सफल ट्रांसप्लांट के बाद उनकी किडनी 70 प्रतिशत तक काम कर सकेगी, जिसे संतोषजनक माना जाता है।

लालू के पुत्र और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के अलावा आरजेडी के राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव भी सिंगापुर पहुँच गए हैं जबकि पत्नी राबड़ी देवी और दुसरी बेटी मीसा भारती पहले से ही सिंगापुर में हैं

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के बूथ अध्यक्ष के घर पर हुए विस्फोट में तीन लोगों की मौत, दो गंभीर

पश्चिम बंगाल के ईस्ट मिदनापुर जिले में तृणमूल कांग्रेस नेता के घर पर बम विस्फोट हो गया है। तृणमूल कांग्रेस के बूथ अध्यक्ष राजकुमार मन्ना के घर हुए इस बम विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई और दो लोग गंभीर हैं। अधिकारियों ने बताया कि टीएमसी के बूथ अध्यक्ष के नेरीबिला गांव स्थित घर में शुक्रवार रात करीब 11.15 बजे बम विस्फोट की सूचना प्राप्त हुई थी।

सूत्रों के अनुसार ब्लास्ट तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी के जनसभा स्थल से मात्र 40 किलोमीटर दूरी पर हुआ हैं। हालांकि विस्फोट का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया हैं। बम विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि घर को भी काफी नुकसान हुआ हैं। मरने वालों में राजकुमार मन्ना, उनका भाई देवकुमार मन्ना और विश्वजीत गायेन हैं। हादसे की जांच जारी हैं।

वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तृणमूल कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा है कि तृणमूल कांग्रेस के नेता के घर पर देसी बम तैयार किए जा रहे थे। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि, “राज्य में केवल बम बनाने का उद्योग फल-फूल रहा हैं”

माकपा नेता सुजन चक्रवर्ती ने राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की चुप्पी पर हैरानी जताते हुए कहा कि, ममता की चुप्पी आश्चर्यजनक है कि उन्होंने इस मामले में सीएम के बयान की मांग की।

हालांकि टीएमसी के राज्य महासचिव कुणाल घोष ने कहा है कि बिना किसी सबूत के विपक्ष, सत्तारूढ़ पार्टी को टारगेट कर रहा हैं।

 

राहुल गांधी समेत पार्टी के अन्य नेता संसद के शीतकालीन सत्र से रहेंगे नदारद, भारत जोड़ो यात्रा रखेंगे जारी !

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी की संसद के शीतकालीन सत्र से बाहर रहने की संभावना जताई जा रही हैं उनके साथ-साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश और दिग्विजय सिंह सहित पार्टी के अन्य नेताओं की भी सत्र से बाहर रहने की संभावना हैं।

सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी की नेतृत्व वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के चलते यह फैसला लिया गया हैं। क्योंकि पार्टी नेतृत्व नहीं चाहता कि भारत जोड़ो यात्रा से ध्यान हटे, और इसी के चलते पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को शीतकालीन सत्र छोड़कर यात्रा जारी रखने की उम्मीद जताई जा रही हैं।

कांग्रेस पार्टी की आज शाम 4 बजे एक अहम बैठक होने वाली है जिसकी अध्यक्षता सोनिया गांधी करेंगी। इस बैठक में पार्टी राज्यसभा में विपक्ष के नेता पर फैसला होने की संभावना हैं। मल्लिकार्जुन खड़गे जो कि अब कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं ने पार्टी की एक व्यक्ति एक पद के मद्देनजर पिछले ही महीने कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल करते समय एलओपी के पद से इस्तीफा दे दिया था।

वहीं यह भी कयास लगाए जा रहे है कि कांग्रेस के एक व्यक्ति एक पद की नीति के मामले में खड़गे अपवाद हो सकता है वह राज्यसभा में विपक्ष के नेता के रूप में भी अपनी भूमिका जारी रख सकते हैं। सोनिया गांधी इस मामले पर आज पार्टी के अन्य वरिष्ठ सदस्यों से चर्चा करके अंतिम निर्णय ले सकती हैं। हालांकि राज्यसभी में विपक्ष के नेता के लिए पी चिदंबरम और दिग्विजय सिंह भी कांग्रेस के लिए एक विकल्प हो सकते हैं।

आपको बता दें, संसद का शीतकालीन सत्र बुधवार से शुरू हो रहा हैं। संसद का शीतकालीन सत्र पहले की तरह ही इस बार भी पुराने संसद भवन में ही चलेगा।

यूक्रेन से सेना वापसी नहीं, लेकिन युद्ध को लेकर बातचीत को तैयार : पुतिन ने कहा

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन के बातचीत के प्रस्ताव के एक दिन बाद रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि वे यूक्रेन में युद्ध समाप्ति पर सशर्त बात करने के लिए तैयार हैं। हालांकि, रूस ने अपनी सेना वापस करने की शर्त को स्वीकार करने से मना कर दिया है। रूस के राष्ट्रपति के क्रेमलिन में ऑफिस ने शनिवार को यह बात कही।

पुतिन ने कहा कि वे युद्ध ख़त्म करने के लिए बातचीत को तैयार हैं, हालांकि इसके लिए पश्चिमी देशों को रूस की कुछ मांगें स्वीकार करनी होंगी। रिपोर्ट्स में बताया गया है कि रूस ने यूक्रेन से सेनाओं की वापसी की शर्त को, हालांकि, नामंजूर कर दिया है।  बता दें यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय ने हाल में रूस के साथ युद्ध में 13 हजार यूक्रेनी सैनिकों के जान गंवाने की बात स्वीकार की थी।

रूस ने कहा है कि सेना वापसी की शर्त पर वह बातचीत नहीं करेगा। उसे ऐसी वार्ता मंजूर नहीं। रूस की यह प्रतिक्रिया अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के पुतिन से सीधी वार्ता की इच्छा जताने के बाद आई है। बाइडन ने कहा था कि यूक्रेन युद्ध की समाप्ति के लिए वह राष्ट्रपति पुतिन से वार्ता के लिए तैयार हैं।

अमेरिका के दौरे पर गए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से वार्ता के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने संयुक्त प्रेस कान्फ्रेंस में पुतिन के साथ बातचीत की इच्छा जताई थी। लेकिन यह भी कहा था कि वह बातचीत यूक्रेन में युद्ध समाप्ति के बाद ही संभव है जिसके लिए पुतिन फिलहाल तैयार नहीं लग रहे हैं।

तकनीकी खराबी के बाद दोहा जा रहे इंडिगो के प्लेन को मुंबई उतारा गया

इंडिगो के एक विमान को शुक्रवार देर शाम तकनीकी खराबी के बाद एहतियातन मुंबई एयरपोर्ट पर डायवर्ट कर दिया गया। यह प्लेन केरल के कन्नूर से दोहा जा रहा था।

जानकारी के मुताबिक ऑपरेटिंग क्रू ने प्लेन में तकनीकी समस्या दिखने के बाद आवश्यक रखरखाव के लिए विमान को मुंबई की ओर मोड़ दिया। एयरलाइन प्रवक्ता के मुताबिक एहतियात के तौर पर उड़ान संख्या 6ई-1715 को मुंबई की ओर मोड़ दिया गया।

इंडिगो ने एक बयान में कहा – ‘तकनीकी समस्या दिखने के बाद विमान को मुंबई में उतारा गया। यात्रियों को उनकी आगे की यात्रा के लिए एक वैकल्पिक विमान में समायोजित किया गया।’

उधर डीजीसीए के मुताबिक हाइड्रोलिक रिसाव के कारण विमान को डायवर्ट करना पड़ा। प्लेन को मुम्बई में सुरक्षित उतार लिया गया। उन्हें बाद में दूसरे प्लेन से उनके गंतव्य भेजा गया।

जाखड़, अमरिंदर को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में लिया भाजपा ने, शेरगिल प्रवक्ता बने

पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुनील झाखड़ और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टेन अमरिंदर सिंह को भाजपा ने पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किया है। यह दोनों नेता हाल के महीनों में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। इन दोनों के अलावा कुछ और नेताओं को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सदस्य या विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल किया है।

हाल के महीनों में कांग्रेस से भाजपा में शामिल होने वालों में दो सबसे बड़े नाम कैप्टेन अमरिंदर सिंह और सुनील जाखड़ के रहे हैं। अमरिंदर सिंह ने तो अपनी अलग पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस बना ली थी और भाजपा के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ा था। हालांकि, न तो उनकी पार्टी को कोई सीट मिली न खुद वे अपनी सीट बचा पाए थे।

उधर सुनील जाखड़ ने चुनाव नहीं लड़ा था। कांग्रेस ने चुनाव से कुछ महीने पहले उन्हें हटाकर नवजोत सिंह सिद्धू को पंजाब कांग्रेस की जिम्मेवारी सौंपी थी। जाखड़ चुनाव के बाद भाजपा में शामिल हुए थे।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने शुक्रवार बताया कि अध्यक्ष जेपी नड्डा ने यह नियुक्तियां की हैं। जाखड़ और कैप्टेन के अलावा उत्तर प्रदेश के नेता स्वतंत्रदेव सिंह को बी ही भाजपा ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह दी है।

पार्टी ने पांच अन्य नेताओं मदन कौशिक (उत्तराखंड), विष्णुदेव साय (छत्तीसगढ़), एस राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी (पंजाब), मनोरंजन कालिया (पंजाब) और अमनजोत कौर रामूवालिया (पंजाब) को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित असदस्य बनाया गया है।

भाजपा ने इनके अलावा जयवीर शेरगिल (पंजाब) को पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया है। यह नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हो गयी हैं

एमसीडी चुनाव प्रचार का आज अंतिम दिन, 4 दिसंबर को होगा मतदान

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव 4 दिसंबर को होने वाले है और चुनाव प्रचार का आज अंतिम दिन है। आज शाम पांच बजे के बाद चुनाव प्रचार पर रोक लग जाएगी। एमसीडी के 250 वार्डों के वोटों की गिनती सात दिसंबर को होगी।

वहीं सभी राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी हैं। वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज दिल्ली की योगशाला के योग गुरुओं से मुलाकात का कार्यक्रम है। साथ ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सभा, रोड शो और डोर टू डोर के 210 चुनावी कार्यक्रम हैं और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, हरदीप पुरी, अनुराग ठाकुर समेत उत्तराखंड के सीएम पुष्कर धामी समेत अन्य नेता चुनाव प्रचार में अपनी ताकत झोकेंगे।

बता दें, आम आदमी पार्टी (आप), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (कांग्रेस) ने अपने उम्मीदवार उतारा हैं। आप और भाजपा ने सभी 250 वार्डों और कांग्रेस ने 247 वार्डों में अपने प्रत्याशी उतारे है और चुनाव की लड़ाई लड़ रही हैं।

आपको बता दें, एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की रिपोर्ट के ब्यौरे के अनुसार कुल 1,349 उम्मीदवारों की किस्मत दिल्ली नगर निगम चुनाव में दांव पर लगी हुई हैं। इनमें से 42 प्रतिशत उम्मीदवार करोड़पति हैं व 6 प्रतिशत उम्मीदवार के खिलाफ गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।